नई दिल्ली। भारत-यूरोपीय संघ व्यापार समझौते की घोषणा के दौरान एक खुशनुमा और भावुक पल उस वक्त देखने को मिला, जब यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो लुइस सैंटोस दा कोस्टा ने मंच पर अपनी जेब से ओवरसीज सिटिजन ऑफ इंडिया (OCI) कार्ड निकालकर दिखाया। यह देखकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ठहाके मारकर हँस पड़े और पूरा माहौल हल्का-फुल्का हो गया।
यूरोपीय संघ की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन की मौजूदगी में संयुक्त ब्रीफिंग को संबोधित करते हुए कोस्टा ने भारत से अपने गहरे पारिवारिक जुड़ाव का जिक्र किया। उन्होंने कहा, “मैं यूरोपीय परिषद का अध्यक्ष हूं, लेकिन मैं एक ओवरसीज भारतीय नागरिक भी हूं।” यह सुनते ही प्रधानमंत्री मोदी मुस्कुरा उठे और सभा में मौजूद लोग भी चौंक गए।
कोस्टा ने बताया कि उनके पिता का जन्म और पालन-पोषण गोवा में हुआ था, जो उस समय पुर्तगाल का उपनिवेश था। गोवा की मुक्ति के बाद उनके पिता 18 वर्ष की आयु में पुर्तगाल चले गए। बचपन में कोस्टा को कोंकणी भाषा में प्यार से ‘बाबुश’ कहा जाता था। उन्होंने कहा कि गोवा में उनकी जड़ें होना उनके लिए गर्व की बात है और भारत-यूरोप संबंध उनके लिए सिर्फ कूटनीति नहीं, बल्कि व्यक्तिगत जुड़ाव का विषय है।
भावुक होते हुए कोस्टा ने कहा कि दुनिया के दो सबसे बड़े लोकतंत्र होने के नाते भारत और यूरोप मिलकर अपने नागरिकों को ठोस लाभ देने, शांति, स्थिरता, आर्थिक विकास और सतत विकास को मजबूत करने वाली वैश्विक व्यवस्था बनाने के लिए काम कर रहे हैं।
गोवा से क्या है एंटोनियो कोस्टा का नाता
एंटोनियो कोस्टा का जन्म 1961 में लिस्बन में हुआ था, लेकिन उनकी पारिवारिक जड़ें गोवा से जुड़ी हैं। उनके दादा का जन्म मारगांव में हुआ था और उन्होंने जीवन का बड़ा हिस्सा वहीं बिताया। कोस्टा के पिता ऑरलैंडो कोस्टा एक प्रख्यात कवि और उपन्यासकार थे, जिनकी रचनाओं में गोवा की संस्कृति और परिवेश की गहरी छाप दिखाई देती है।
कोस्टा आखिरी बार 2017 में पुर्तगाल के प्रधानमंत्री के रूप में भारत आए थे। उस दौरान उन्होंने अपने पिता के नाटक के अंग्रेजी अनुवाद का विमोचन किया था। तब उन्होंने कहा था, “मेरे पिता लिस्बन चले गए थे, लेकिन उन्होंने गोवा कभी नहीं छोड़ा। गोवा हमेशा उनकी रचनाओं में जीवित रहा।”

.gif)