रायपुर। भाजपा प्रदेश महामंत्री डॉ. नवीन मार्कण्डेय ने जांजगीर के श्याम सुपर मार्केट में डकैती की साजिश के मामले में नकाबपोश अपराधियों की गिरफ्तारी और एनएसयूआई के नगर अध्यक्ष जितेंद्र दिनकर सहित गिरफ्तार आरोपियों के संबंध में प्रदेश में बढ़ते अपराधों को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला।
भाजपा प्रदेश महामंत्री डॉ. नवीन मार्कण्डेय
डॉ. मार्कण्डेय ने कहा कि प्रदेश में घट रहे अधिकांश अपराधों में कांग्रेस पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और नेताओं की संलिप्तता सामने आ रही है। उन्होंने कांग्रेस से सवाल किया कि क्या पार्टी जनता के साथ है या लूटमार करने वाले अपराधियों के साथ।
भाजपा प्रदेश महामंत्री ने पत्रकार वार्ता में कहा कि कांग्रेस और अपराधियों का एक संगठित गिरोह बनता जा रहा है। हाल ही में पकड़े गए हथियार क्षेत्रीय विधायक के घर से बरामद हुए हैं, जो कांग्रेस की सुरक्षा और जनहित की छवि पर सवाल उठाते हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं द्वारा अपराधियों को संरक्षण देकर अपराधियों का राजनीतिकरण और राजनीति का अपराधीकरण किया जा रहा है।
डॉ. मार्कण्डेय ने बलौदाबाजार हिंसा, डकैती, अवैध रेत खनन और फर्जी तरीके से किसानों के पैसे ट्रांसफर करने जैसे मामलों का हवाला देते हुए कहा कि बस्तर से सरगुजा तक कांग्रेस नेताओं की संलिप्तता उजागर हो रही है। उन्होंने एनसीआरबी की रिपोर्ट का उल्लेख करते हुए कहा कि कांग्रेस शासनकाल में बढ़ते अपराध और कानून-व्यवस्था की खराब स्थिति के लिए कांग्रेस के नेतागण जिम्मेदार हैं।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता डॉ. किरण बघेल भी पत्रकार वार्ता के दौरान उपस्थित थीं।
.gif)