Media24Media.com: नक्सलियों के युद्धविराम पत्र पर सख्त रुख: गृहमंत्री विजय शर्मा बोले - आत्मसमर्पण ही विकल्प

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

नक्सलियों के युद्धविराम पत्र पर सख्त रुख: गृहमंत्री विजय शर्मा बोले - आत्मसमर्पण ही विकल्प

Document Thumbnail

 रायपुर। नक्सलियों द्वारा जारी युद्धविराम पत्र पर केंद्र और राज्य सरकार दोनों ने कड़ा रुख अपनाया है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने इसे भ्रामक बताते हुए साफ किया कि सीजफायर नहीं, केवल आत्मसमर्पण ही स्वीकार्य है। इसी क्रम में छत्तीसगढ़ के गृहमंत्री विजय शर्मा ने भी बड़ा बयान देते हुए कहा कि सरकार किसी भी तरह के युद्धविराम को मान्यता नहीं देगी।


“लाल कार्पेट बिछाकर करेंगे स्वागत”

गृहमंत्री शर्मा ने कहा कि पत्र लिखने वाले नक्सलियों में खून-खराबा बंद करने का भाव दिख रहा है। यदि वे हिंसा छोड़कर आत्मसमर्पण करते हैं तो सरकार “लाल कार्पेट बिछाकर उनका स्वागत करेगी।” लेकिन हिंसा जारी रखते हुए सीजफायर की बात किसी हाल में स्वीकार नहीं होगी।

शहरी नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई

शर्मा ने बताया कि रायपुर और कोरबा समेत कई शहरों में नक्सलियों का शहरी नेटवर्क सक्रिय था। स्टेट इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (SIA) ने इस नेटवर्क की प्रोफाइलिंग कर उसे ध्वस्त करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। हाल ही में गिरफ्तार नक्सली पिछले दो साल से नए बेस बनाने और सक्रियता बढ़ाने की कोशिश कर रहे थे।

उन्होंने जनता से अपील की कि किराएदारों की जानकारी पुलिस को जरूर दें। इसके लिए एक मोबाइल ऐप भी बनाया गया है, जिस पर किराएदारों का आसान रजिस्ट्रेशन किया जा सकता है।

80 प्रतिशत घटा नक्सलियों का फंड

गृहमंत्री ने बताया कि नक्सलियों के फंडिंग नेटवर्क पर लगातार कार्रवाई हो रही है। उनकी फंडिंग करीब 80 प्रतिशत तक कम हुई है, हालांकि अभी भी उनके पास कुछ संसाधन मौजूद हैं।

अमित शाह का छत्तीसगढ़ दौरा

उन्होंने जानकारी दी कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 4 अक्टूबर को बस्तर दौरे पर आएंगे। इस दौरान वे विश्व प्रसिद्ध बस्तर दशहरा, मुरिया दरबार और स्वदेशी मेले के कार्यक्रमों में शामिल होंगे।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.