Media24Media.com: जादुई कलश का झांसा! 1.94 करोड़ की ठगी, 5 करोड़ मुनाफे का सपना दिखाकर वसूले 70 हजार तक

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

जादुई कलश का झांसा! 1.94 करोड़ की ठगी, 5 करोड़ मुनाफे का सपना दिखाकर वसूले 70 हजार तक

Document Thumbnail

 रायपुर । छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में चमत्कारी “जादुई कलश” के नाम पर करोड़ों की ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। ठगों ने ग्रामीणों को अरबों का मुनाफा दिलाने का सपना दिखाकर लगभग 1.94 करोड़ रुपए हड़प लिए।


कैसे रचा गया ठगी का खेल

पत्थलगांव थाना क्षेत्र में 6 आरोपियों ने साल 2021 में आरपी ग्रुप नाम से फर्जी कंपनी बनाई। आरोपियों ने दावा किया कि कोरबा जिले के मंडवारानी इलाके से उन्हें एक विशेष धातु का चमत्कारी कलश मिला है, जिसकी कीमत विदेशों में अरबों रुपए है।

उन्होंने ग्रामीणों को झांसा दिया कि भारत सरकार इस कलश को बेचेगी और मुनाफे का हिस्सा सभी सदस्यों में बांटा जाएगा। इसी लालच में सैकड़ों ग्रामीणों ने 25 हजार से 70 हजार रुपए तक सदस्यता, सिक्योरिटी मनी और प्रोसेसिंग फीस के नाम पर जमा कर दिए।

शिकायत और खुलासा

ग्राम चिड़ौरा की अमृता बाई ने 7 सितंबर 2025 को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि उसने 25,000 रुपए जमा किए थे, लेकिन तीन साल बाद भी कोई लाभ नहीं मिला। पुलिस जांच में बड़ा ठगी कांड उजागर हुआ।

गिरफ्तारियां और जब्ती

पत्थलगांव पुलिस ने आरोपियों राजेन्द्र कुमार दिव्य, तुरेंद्र कुमार दिव्य उर्फ मनीष, प्रकाश चंद्र धृतलहरे और उपेंद्र कुमार सारथी को गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से कार, मोबाइल और दस्तावेज सहित करीब 13 लाख रुपए का सामान जब्त किया गया।
वहीं, महेंद्र बहादुर सिंह ठाकुर और एक अन्य आरोपी अब भी फरार हैं।

कितनी रकम हड़पी गई?

अब तक की जांच में 1.94 करोड़ रुपए की ठगी सामने आई है, लेकिन पुलिस को शक है कि वास्तविक रकम इससे कहीं ज्यादा हो सकती है। गिरोह ने जशपुर के अलावा सरगुजा, कोरबा, रायगढ़ और बिलासपुर जिलों के ग्रामीणों को भी जाल में फंसाया।

पुलिस का बयान

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि यह एक बड़ा वित्तीय घोटाला है। चार आरोपियों को जेल भेजा गया है और फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।

ग्रामीणों में इस घटना के बाद गहरी नाराजगी है। लोग कह रहे हैं – “लालच में आकर कई परिवार बर्बाद हो गए।”

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.