Media24Media.com: "जो घोटाला करेगा, वो जेल जाएगा": उद्योग मंत्री देवांगन का बड़ा बयान, कांग्रेस की आर्थिक नाकेबंदी पर गरमाई सियासत

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

"जो घोटाला करेगा, वो जेल जाएगा": उद्योग मंत्री देवांगन का बड़ा बयान, कांग्रेस की आर्थिक नाकेबंदी पर गरमाई सियासत

Document Thumbnail

रायपुर : छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की आर्थिक नाकेबंदी और प्रदेशव्यापी चक्काजाम की घोषणा के बाद राजनीतिक पारा चढ़ गया है। कांग्रेस जहां आज 22 जुलाई को प्रदेश के सभी 33 जिलों में राष्ट्रीय राजमार्गों और प्रमुख सड़कों को जाम करने की तैयारी में है, वहीं भाजपा ने इस कदम को "जनता को परेशान करने वाला" करार देते हुए पलटवार किया है।


कोरबा में भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने कांग्रेस और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर तीखा हमला बोलते हुए कहा—

"जो घोटाला करेगा, चाहे वह किसी भी राज्य का मुख्यमंत्री हो – दिल्ली, झारखंड या छत्तीसगढ़ – उसका स्थान जेल में ही होगा।"

ईडी की कार्रवाई पर भाजपा का रुख साफ

मंत्री देवांगन ने कहा कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और सीबीआई जैसी संस्थाएं स्वतंत्र रूप से कार्य करती हैं और भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों में निष्पक्ष जांच कर रही हैं। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में शराब, कोयला और डीएमएफ फंड में बड़े पैमाने पर घोटाले हुए, जिनकी जांच में कई परतें खुल रही हैं।

उन्होंने कहा कि इन्हीं घोटालों में शामिल रहने के आरोप में कवासी लखमा, कई अधिकारी और कारोबारी पहले ही जेल जा चुके हैं, और अब ईडी की जांच पूर्व सीएम भूपेश बघेल के बेटे तक पहुंच चुकी है।

चैतन्य बघेल की गिरफ्तारी के बाद सियासी उबाल

गौरतलब है कि 18 जुलाई को ईडी ने चैतन्य बघेल को शराब घोटाले में गिरफ्तार किया था। इसके बाद से कांग्रेस इस कार्रवाई को राजनीतिक बदले की भावना से प्रेरित बता रही है। कांग्रेस ने इसके खिलाफ 22 जुलाई को चक्काजाम और आर्थिक नाकेबंदी की घोषणा की है, जिसे लेकर भाजपा ने इसे जनता के हितों के खिलाफ बताया।

"पुत्र मोह में कांग्रेस को झोंक रहे हैं बघेल" – देवांगन

उद्योग मंत्री ने सवाल उठाया कि कांग्रेस उस व्यक्ति के लिए आंदोलन कर रही है, जिसका पार्टी में कोई पद नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि—

"भूपेश बघेल ने पुत्र मोह में पूरी कांग्रेस को झोंक दिया है। यह आंदोलन सिर्फ अपने बेटे को बचाने के लिए हो रहा है, न कि किसी सिद्धांत या जनहित के लिए।"

उन्होंने कहा कि कांग्रेस भ्रष्टाचारियों को बचाने की कोशिश कर रही है और इस प्रक्रिया में प्रदेश की जनता को परेशानी में डाल रही है।

कोल ब्लॉक मामले में भी कांग्रेस पर निशाना

मंत्री देवांगन ने कोल ब्लॉक आवंटन को लेकर भी कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि—

"भूपेश बघेल और कांग्रेस पार्टी के झूठ का पर्दाफाश भाजपा ने दस्तावेजों और तथ्यों के आधार पर किया है। कांग्रेस बार-बार चोरी और सीनाजोरी का उदाहरण पेश कर रही है।"

उन्होंने आरोप लगाया कि भूपेश बघेल ने अपने कार्यकाल में छत्तीसगढ़ को 'दस जनपथ' का चारागाह बना दिया था।

Advertisement Sushasan Divas Advertisement Mohan Chandrakar Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.