Media24Media.com: प्रधानमंत्री मोदी 21 जून को विशाखापत्तनम में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के भव्य आयोजन में करेंगे शिरकत

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

प्रधानमंत्री मोदी 21 जून को विशाखापत्तनम में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के भव्य आयोजन में करेंगे शिरकत

Document Thumbnail

 दुनियाभर में 11वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 21 जून को मनाया जाएगा। इस दिन के लिए तैयारियां जोर पकड़ चुकी हैं और योग दिवस को विभिन्न तरीकों से मनाने के लिए राष्ट्रीय और राज्य स्तर की विभिन्न पहलों पर काम किया जा रहा है। देश में मुख्य राष्ट्रीय समारोह 21 जून को सुबह 6.30 से 7.45 बजे तक आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मुख्य अतिथि होंगे। इसके अलावा,आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री नारा चंद्रबाबू नायडू और उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण सहित अन्य व्यक्ति भी इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। वहीं, संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत राजस्थान के जोधपुर स्थित ऐतिहासिक मेहरानगढ़ किले में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में भाग लेंगे।


कल शनिवार को देशभर में एक लाख से अधिक स्थानों पर एक साथ योग दिवस मनाया जाएगा। इस वर्ष योग दिवस की थीम ‘योगा फॉर वन अर्थ, वन हेल्थ’ है। आयुष मंत्रालय ने बताया कि आंध्रप्रदेश में मुख्य कार्यक्रम ‘योग संगम’ अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान (एआईआईए), गोवा द्वारा म्हापुसा के पेडेम स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित किया जा रहा है। संस्थान ने बताया कि इस कार्यक्रम में पेडेम और म्हापुसा क्षेत्रों से बड़ी संख्या में स्कूल और कॉलेज के छात्र, सरकारी अधिकारी और स्थानीय नागरिक भाग लेंगे।

मंत्रालय के निर्देशों के अनुसार देशभर में सरकारी स्तर पर हरित योग और योग संगम जैसी कई पहल की गई हैं। इसी के तहत अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान ने राज्य के विभिन्न धरोहर स्थलों, पर्यटन स्थलों, प्राचीन मंदिरों, किलों आदि पर हरित योग सत्र सहित कई प्रभावशाली कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित किए। इस विशेष अभियान में 200 से अधिक छात्रों ने भाग लिया। इसके अलावा क्विज़, मेडिकल कैंप और योग सत्र का आयोजन किया गया।

वहीं, योग दिवस समारोह आयोजित करने वाले कुछ प्रतिष्ठित स्थानों में शामिल हैं- यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल जैसे चराइदेव मैदान (असम), रानी की वाव और धोलावीरा (गुजरात), हम्पी और पट्टाडकल (कर्नाटक), खजुराहो स्मारक समूह और सांची स्तूप (मध्य प्रदेश), कोणार्क में सूर्य मंदिर (ओडिशा), एलिफेंटा गुफाएं (महाराष्ट्र), और तंजावुर (तमिलनाडु) में बृहदेश्वर मंदिर।

इसके अलावा, गोलकुंडा किला और सालारजंग संग्रहालय (हैदराबाद), हुमायूं का मकबरा, पुराना किला और सफदरजंग मकबरा (दिल्ली), जलियांवाला बाग (अमृतसर), चित्तौड़गढ़ और कुंभलगढ़ किले (राजस्थान), लेह पैलेस (लद्दाख), परी महल (श्रीनगर), बेकल किला (केरल) तथा हजारद्वारी और कूच बिहार महल (पश्चिम बंगाल) आदि अन्य प्रमुख सांस्कृतिक और ऐतिहासिक स्थलों में भी योग दिवस पर समारोह आयोजित किए जाएंगे।

Advertisement Sushasan Divas Advertisement Mohan Chandrakar Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.