Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

तिरंगा यात्रा के दौरान आपस में भींड़ गए तुमगांव नगर पंचायत के अध्यक्ष-उपाध्यक्ष, रिपोर्ट दर्ज कर जांच कर रही तुमगांव थाना पुलिस

 महासमुंद नगर पंचायत तुमगांव की उपाध्यक्ष व भाजपा नेत्री सावित्री उत्तम निर्मलकर ने निर्दलीय अध्यक्ष बलरामकांत साहू के खिलाफ गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। नगर पंचायत उपाध्यक्ष की रिपोर्ट पर तुमगांव पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296 और 351(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है।

तुमगांव थाना पुलिस 

पुलिस की FIR के मुताबिक, घटना 17 मई 2025 की है, जब नगर पंचायत कार्यालय में तिरंगा यात्रा निकाली गई थी। इस आयोजन के दौरान अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के बीच विवाद हो गया। उपाध्यक्ष का आरोप है कि शासकीय संपत्ति को बिना नीलामी, सूचना और रसीद के बेचने को लेकर जब उन्होंने आपत्ति जताई, तो अध्यक्ष बलरामकांत साहू ने उनके साथ सार्वजनिक रूप से अभद्र भाषा का प्रयोग किया और जान से मारने की धमकी दी।

सावित्री निर्मलकर ने पुलिस को बताया कि अध्यक्ष ने उनके पति को भी धमकाया और डंडा लेकर दौड़ाया, जिससे उन्हें अपनी जान बचाकर थाने की शरण लेनी पड़ी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इससे पहले भी बलरामकांत साहू ने उनके वाहन को बीच रास्ते में रोककर धमकी दी थी।

सावित्री निर्मलकर के मुताबिक, अध्यक्ष द्वारा किए जा रहे अवैध कार्यों का विरोध करने पर उन्हें लगातार प्रताड़ित किया जा रहा है। इस घटना को लेकर उन्होंने अपने और अपने परिवार की सुरक्षा की मांग की है।

गौरतलब है कि नगर पंचायत अध्यक्ष बलरामकांत साहू एक निर्दलीय जनप्रतिनिधि हैं, जबकि उपाध्यक्ष सावित्री निर्मलकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से जुड़ी हुई हैं। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस मामले में नगर पंचायत अध्यक्ष ने भी थाने में रिपोर्ट लिखाई है। पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर रही है।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.