Chhattisgarh Rain : छत्तीसगढ़ में गर्मी से परेशान लोगों के लिए राहत की खबर है। शनिवार सुबह से ही रायपुर और दुर्ग में बादलों की गर्जना के साथ रुक-रुक कर बारिश हो रही है। लोगों को उमस और तपन से कुछ सुकून मिला है। मौसम विभाग ने पूरे प्रदेश में अगले 7 दिनों तक यलो अलर्ट जारी कर दिया है।
राजधानी रायपुर में सुबह से ही बूंदाबांदी जारी है। आसमान में काले बादलों का डेरा है और ठंडी हवाएं चल रही हैं। सड़कों पर गाड़ियों की रफ्तार भी धीमी हो गई है। मौसम विभाग ने बिजली गिरने की चेतावनी दी है, जिससे लोग सतर्क नजर आ रहे हैं।
दुर्ग और भिलाई में भी शनिवार को बारिश के साथ सुबह की शुरुआत हुई। लगातार बादल छाए रहने से तापमान में गिरावट आई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि गर्मी से मिली यह राहत किसी वरदान से कम नहीं।
बारिश के कारण प्रदेश के तापमान में औसतन 2-4 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई है। शुक्रवार को रायगढ़ में अधिकतम तापमान 35.1°C रहा, जबकि दुर्ग और जगदलपुर में सबसे कम 22.6°C दर्ज किया गया।