Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

दिल्ली में इमारत गिरने से 4 की मौत, कई अब भी मलबे में फंसे

 Delhi Mustafabad Building Collapse : दिल्ली के मुस्तफाबाद इलाके में आज शनिवार तड़के एक इमारत गिरने से चार लोगों की मौत हो गई और कई के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने बताया कि यह घटना सुबह करीब 3 बजे हुई।


दिल्ली पुलिस ने बताया कि आज सुबह दिल्ली के मुस्तफाबाद इलाके में एक इमारत गिरने से चार लोगों की मौत हो गई। उत्तर पूर्वी जिले के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त संदीप लांबा ने बताया कि 14 लोगों को बचा लिया गया है। लांबा ने कहा कि 14 लोगों को बचा लिया गया, लेकिन उनमें से चार की मौत हो गई। यह चार मंजिला इमारत थी, बचाव अभियान जारी है। अभी भी आठ से दस लोगों के फंसे होने की आशंका है।

राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ), पुलिस और डॉग स्क्वायड की टीमें मौके पर मौजूद हैं और राहत-बचाव का कार्य किया जा रहा है।

चार मंजिला इमारत में 20 से 25 लोग रह रहे थे। अब तक 8 लोगों को बचा लिया गया है और उन्हें इलाज के लिए जीटीबी अस्पताल ले जाया गया है। इमारत ढहने का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं है।

डिवीजनल फायर ऑफिसर राजेंद्र अटवाल ने बताया कि अग्निशमन विभाग को सुबह करीब 2:50 बजे एक कॉल मिली। उन्होंने कहा, ” हमें सुबह करीब 2:50 बजे एक घर ढहने की सूचना मिली। हम मौके पर पहुंचे और पाया कि पूरी इमारत ढह गई है और लोग मलबे में फंसे हुए हैं। एनडीआरएफ, दिल्ली फायर सर्विस लोगों को बचाने के लिए काम कर रही है।”

शुक्रवार रात राजधानी दिल्ली के मौसम में अचानक आए बदलाव के कुछ ही घंटों बाद घर ढहने की घटना हुई।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताई पूरी कहानी

घटना के बाद मौके पर पीड़ितों के रिश्तेदारों और पड़ोसियों की भीड़ जमा हो गई। एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि इमारत में दो पुरुष, उनकी पत्नियां और कई बच्चे रहते थे। उन्होंने दुखी मन से कहा, “अभी हमें कुछ पता नहीं कि वे कहां हैं।” शहजाद अहमद नाम के एक रिश्तेदार ने बताया, “मेरे दो भतीजों की मौत हो गई। मेरी बहन, जीजा और भतीजी घायल हैं और जीटीबी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है।”

यह हादसा दिल्ली में हाल के दिनों में दूसरी ऐसी घटना है। इससे पहले 11 अप्रैल को मधु विहार में एक निर्माणाधीन इमारत की दीवार गिरने से एक व्यक्ति की मौत हुई थी। इन घटनाओं ने दिल्ली में इमारतों की सुरक्षा और निर्माण गुणवत्ता पर सवाल खड़े किए हैं। बचाव कार्य अभी भी जारी है और प्रशासन फंसे हुए लोगों को सुरक्षित निकालने की पूरी कोशिश कर रहा है।

 

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.