रायपुर : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर दुःख व्यक्त करते हुए कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री, प्रख्यात अर्थशास्त्री डॉ. मनमोहन सिंह जी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। उन्होंने कहा कि मनमोहन सिंह जी अर्थशास्त्र के उन दिग्गजों में से एक थे, जो देश के वित्त मंत्री, रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया के गवर्नर और योजना आयोग के प्रमुख जैसे महत्वपूर्ण पदों पर रहे। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिजनों और शुभचिंतकों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।
लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने भी डॉ मनमोहन सिंह के निधन पर शोक जताया। 'देश के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह जी का निधन अत्यंत दुःखद है। एक प्रख्यात अर्थशास्त्री और प्रबुद्ध राजनेता होने के साथ ही उन्हें उनके सौम्य और सरल व्यवहार के लिए भी सदैव याद किया जाएगा। एक कुशल प्रशासक, वित्त मंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने दशकों तक देश की सेवा की।'
बता दे पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का 92 साल की उम्र में उनका दिल्ली एम्स में निधन हो गया। उन्हें उम्र संबंधी दिक्कतों की वजह से गुरुवार रात 8:06 बजे एम्स में भर्ती कराया गया था। रात 9:51 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। मनमोहन सिंह प्रखर अर्थशास्त्री थे। 1991 में देश में शुरू किए गए आर्थिक उदारीकरण के वे शिल्पकार रहे। 2004 से 2014 तक वे प्रधानमंत्री रहे। उनके निधन से देशभर में शोक की लहर है।
शनिवार को होगा मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार
पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार शनिवार को होगा, जिसके लिए शुक्रवार को आधिकारिक घोषणा होने की उम्मीद है। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने गुरुवार देर रात दिल्ली में पत्रकारों से कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार परसों होगा। हम आधिकारिक तौर पर घोषणा करेंगे। उन्होंने मनमोहन सिंह के निधन को देश के लिए दुखद क्षति बताते हुए कहा कि मनमोहन सिंह कांग्रेस और देश के असली प्रतीक थे।
मनमोहन सिंह के निधन पर केरल में 7 दिनों का राजकीय शोक
पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के सम्मान में केरल सरकार ने 26 दिसंबर से 1 जनवरी तक पूरे भारत में 7 दिनों का राजकीय शोक मनाने का निर्णय लिया है।