Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

आज मनाया जा रहा है धनतेरस का त्यौहार, जानें पूजन का मुहूर्त, खरीदारी का समय

 Dhanteras 2024: आज धनतेरस का त्यौहार मनाया जा रहा है। धनतेरस से दीपों का पांच दिवसीय उत्सव दीपावली पर्व का आरंभ हो जाता है। इसके बाद नरक चतुर्दशी, दीपावली, गोवर्धन पूजा फिर भैया दूज का त्यौहार मनाया जाता है। पूरे साल में धनतेरस का दिन खरीददारी करने के लिए सबसे ज्यादा उत्तम माना जाता है।


मान्यता है कि धनतेरस के दिन कुछ भी शुभ चीजें खरीदने से धन-संपत्ति में 14 गुना अधिक बढ़ोतरी होती है। दरअसल, धनतेरस को धनत्रयोदशी भी कहा जाता है। धनतेरस या धनत्रयोदशी दो शब्दों से मिलकर बना है पहला 'धन' यानि धन-संपत्ति और दूसरा 'तेरस या त्रयोदशी' जिसका अर्थ होता है-तेरह। ऐसे में धनतेरस के दिन सोना, चांदी, वाहन, घर, जमीन, बर्तन इत्यादि चीजें लोग खूब खरीदते हैं।

धनतेरस के दिन इन सभी चीजों के अलावा झाड़ू, नमक, धनिया और भगवान गणेश, माता लक्ष्मी की मूर्ति खरीदने का भी विधान है। धनतेरस के दिन बप्पा और मां लक्ष्मी को घर लाना सबसे अधिक शुभ माना गया है। बहुत से लोग सोना या चांदी के सिक्के पर बने लक्ष्मी-गणेश जी की मूर्ति घर लाते हैं। अगर आपके लिए ऐसा संभव नहीं है तो आप मिट्टी से बनी मूर्ति भी खरीद सकते हैं। बस मां लक्ष्मी और गणेश जी की मूर्ति खरीदते समय इन जरूर बातों का ध्यान अवश्य रखें अन्यथा आपको उचित फल की प्राप्ति नहीं होगी।

धनतेरस पूजा मुहूर्त 2024
कार्तिक माह के कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी का आरंभ- 29 अक्टूबर 2024 को सुबह 10 बजकर 31 मिनट तक
कार्तिक माह के कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी समापन- 30 अक्टूबर 2024 को दोपहर 1 बजकर 15 मिनट पर
प्रदोष काल का समय- 29 अक्टूबर को शाम 5 बजकर 38 मिनट से रात 8 बजकर 13 मिनट तक
वृषभ काल- 29 अक्टूबर को शाम 6 बजकर 31 मिनट से रात 8 बजकर 27 मिनट तक
धनतेरस पूजा मुहूर्त 2024- 29 अक्टूबर को शाम 6 बजकर 31 मिनट से रात 8 बजकर 13 मिनट तक

सोना-चांदी और वाहन खरीदने के लिए शुभ मुहूर्त
धनतेरस के दिन खरीददारी करने के लिए शुभ मुहूर्त 29 अक्टूबर को सुबह 10 बजकर 31 मिनट से शुरू हो जाएगी, जो समाप्त 30 अक्टूबर को सुबह 6 बजकर 32 मिनट पर होगा। ऐसे में आप इसी मुहूर्त में सोना-चांदी और वाहन की खरीददारी कर सकते हैं। बाकी धनतेरस के दिन सोना-चांदी, वाहन और अन्य चीजों की खरीददारी के लिए 3 मुहूर्त सबसे उत्तम रहेगी।

पहला मुहूर्त- 29 अक्टूबर को सुबह 6 बजकर 31 मिनट से 30 अक्तूबर को सुबह 10 बजकर 31 मिनट तक
दूसरा मुहूर्त (अभिजीत मुहूर्त)- सुबह 11 बजकर 42 मिनट से दोपहर 12 बजकर 27 मिनट तक
तीसरा मुहूर्त- शाम 6 बजकर 36 मिनट से रात 8 बजकर 32 मिनट तक

धनतेरस के दिन खरीददारी करने का महत्व
कहते हैं धनतेरस के दिन जो कुछ भी खरीदा जाये, उससे घर की सुख-समृद्धि में चार चांद लग जाते हैं। धनतेरस के दिन घर में किसी चीज का आगमन पूरे साल भर की खुशियों के आगमन के समान है। बता दें कि धनतेरस के दिन जो कुछ भी खरीदा जाये, चाहें वो सोने-चांदी का सिक्का हो या कोई बर्तन या अन्य कोई चीज, उसका दिवाली के दिन तक इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। दिवाली पूजा के समय उसे देवी मां के सामने रखकर, उसकी पूजा करनी चाहिए और बाद में उसे उपयोग में लेना चाहिए।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.