Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

नहीं रहे महासमुन्द जिले के कद्दावर नेता अग्नि चंद्राकर, कल गृहग्राम लभराकला में होगी अंत्येष्टि

आनंदराम पत्रकारश्री

रायपुर/महासमुन्द। पूर्व विधायक व महासमुन्द जिले के कांग्रेस के कद्दावर नेता अग्नि चंद्राकर का आज अपरान्ह रायपुर के एक निजी अस्पताल में देहावसान हो गया। वे 71 वर्ष के थे। भूपेश बघेल शासनकाल में श्री चंद्राकर बीज निगम के अध्यक्ष (कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त) रहे। यह उनका अंतिम राजनीतिक पद था। शांत, सहज, सरल और मृदुभाषी व्यक्तित्व के धनी अग्नि चंद्राकर जैसे नेतृत्व की क्षेत्र में पूर्ति हो पाना मुश्किल ही नहीं नामुमकिन है।

स्व. अग्नि चंद्राकर

जनता कभी नहीं भूल पाएगी

अग्नि चंद्राकर के राजनीति में उस योगदान को क्षेत्र की जनता कभी नहीं भूल पाएगी, जब 1998 में महासमुन्द जिला नहीं बनाने से नाराज होकर उन्होंने मध्यप्रदेश के तत्कालीन दिग्विजय सिंह सरकार में विधायक पद से इस्तीफा दे दिया था। सत्तारूढ़ दल के विधायक के इस्तीफे से हड़कंप मच गया था और दिग्विजय सिंह को महासमुन्द जिला बनाने की घोषणा करनी पड़ी थी।

15 साल तक रहे विधायक

उन्होंने महासमुंद विधानसभा क्षेत्र का वर्ष 1993 से 2013 के बीच तीन बार नेतृत्व किया। 1993, 1998 और 2008 में चुनाव जीतकर विधायक बने। 15 साल विधायक रहे, लेकिन बेदाग और बेबाक कार्यप्रणाली के लिए जनता के दिलों में राज किया। विवादों से हमेशा दूर रहे। उनके एक नालायक नातेदार की वजह से जब श्री चंद्राकर के घर ईडी का छापा पड़ा तो साफ छवि के नेता को गहरा आघात लगा। फिर उनका स्वास्थ्य खराब रहने लगा। एक निजी भेंटवार्ता में उन्होंने कहा था कि उनकी बेदाग छवि अमिट रहेगी। और यह सच भी साबित हुआ।

मुख्यमंत्री साय ने शोक व्यक्त किया 

महासमुंद के पूर्व विधायक और वरिष्ठ नेता अग्नि चन्द्राकर के निधन पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शोक जताया है। मुख्यमंत्री ने स्वर्गीय श्री चन्द्राकर की आत्मा की शांति की प्रार्थना के साथ ही पीड़ित परिवारजनों के प्रति संवेदना भी व्यक्त की है।

भूपेश ने दी श्रद्धांजलि

कांग्रेस के वरिष्ठ और कद्दावर नेता अग्नि चंद्राकर के देहावसान पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने एक्स पर लिखा है कि- "वरिष्ठ कांग्रेस नेता,पूर्व विधायक श्री अग्नि चंद्राकर जी के निधन का समाचार दुखद है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति एवं परिजनों को संबल दे। ॐ शांति: "

कल गृहग्राम में अंतिम संस्कार

कल सोमवार 24 जून को सुबह 10 बजे उनका पार्थिव शरीर महासमुंद लाया जाएगा। स्टेशन रोड स्थित उनके निज निवास और कांग्रेस भवन में आमजनों के दर्शनार्थ रखा जाएगा। नगर भ्रमण पश्चात उनका पार्थिव शरीर उनके गृहग्राम लभराकला ले जाएगा, जहां दोपहर 1 बजे उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.