Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

आरंग में कोई गुरु-बाबा आ जाएं, जीतेगी तो कांग्रेस ही- बैज

 आरंग । छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने राजीव भवन आरंग में आयोजित संकल्प शिविर को संबोधित करते हुए कहा कि आरंग में कोई भी गुरु या बाबा आ जाएं, जीतेगी तो कांग्रेस ही। उन्होंने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए "अबकी बार-75 पार" का नारा बुलंद किया। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थितजनों को संकल्प दिलाया कि नफरत और जाति-धर्म के नाम पर राजनीति करने वालों का जमकर और मिलजुलकर मुकाबला करेंगे।


उन्होंने कहा कि इस बार कार्यकर्ता कमर कसकर काम करेंगे तो अगले 25 साल तक छत्तीसगढ़ में हम राज करेंगे। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ को लेकर भाजपा भयभीत है। इसलिए उनके बड़े नेता बार-बार छत्तीसगढ़ आकर यहां नफरत फैलाने की कोशिश कर रहे हैं।


बैज ने आरंग क्षेत्र को माता कौशल्या की धरती कहकर प्रणाम करते हुए अपने उदबोधन की शुरुआत की। उन्होंने डॉ शिव डहरिया की ओर इशारा करते हुए कहा कि ये हम आदिवासियों के देवता बूढ़ा देव 'शिव' हैं। बैज ने 15 साल (भाजपा) बनाम 5 साल (कांग्रेस) सरकार की तुलना करते हुए कहा कि पहले भय-भूख-भ्रष्टाचार की सरकार थी, अब अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ सीधा पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि हमारे कार्यकर्ता जनता से आशीर्वाद मांगने जाएंगे तो उनका सिर कहीं नहीं झुकेगा। उन्होंने कहा कि भूपेश सरकार में हर हाथ को काम मिला। दंतेवाड़ा में कपड़ा बनाने का 6 फैक्ट्री खुला।

बस्तर अब बदल रहा है, बस्तर शांति की ओर लौट रहा है। छत्तीसगढ़ में बदलाव का सपना अभी अधूरा है। इसे पूरा करने एक बार फिर से कांग्रेस की सरकार बनाना है। उन्होंने कहा कि नफरत फैलाने वालों से हमारी लड़ाई है। छत्तीसगढ़ की अस्मिता, संस्कृति रक्षा की लड़ाई है। इसे हम सबको मिलजुलकर लड़ना होगा। छत्तीसगढ़ की जनता स्वाभिमानी हैं, छत्तीसगढ़ को बचाना हमारा कर्तव्य है। कांग्रेस का कार्यकर्ता न कभी डरा है, न डरेगा। उन्होंने आह्वान किया कि कांग्रेस का 5 साल के विकास और 15 साल के भाजपा की वादा खिलाफी को जनता तक लेकर जाना है।

संकल्प शिविर को संबोधित करते हुए मंत्री डॉ शिवकुमार डहरिया ने कहा कि सबसे ज्यादा विकास किसी राज्य में हुआ है तो वह छत्तीसगढ़ी राज है। भूपेश बघेल के नेतृत्व में हमारी सरकार ने सबको समाज की मुख्यधारा में लाने का काम किया है।
भाजपा राज में भ्रष्टाचार, कमीशनखोरी के अलावा कोई काम नहीं हुआ। हमने संस्कृति -परंपरा को सुरक्षित रखने का काम किया। कांग्रेस देश की आजादी के लिए लड़ने वाली पार्टी है। देश का नवनिर्माण कांग्रेस पार्टी ने किया। जाति-धर्म की राजनीति करने वालों से सावधान रहें। वे फूट डालो-राज करो की नीति अपना रहे हैं, उनसे सतर्क रहना है। हमने रामराज्य की परिकल्पना को साकार किया है। उन्होंने कहा कि संकल्प लेकर जाएं, अपने स्तर पर जुट जाएं। छत्तीसगढ़ महतारी के लिए समर्पित होकर सभी काम करें।

मुख्यमंत्री के प्रमुख सलाहकार विनोद वर्मा, राजेश तिवारी, कृषक कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष सुरेंद्र शर्मा सहित अनेक वक्ताओं ने सभा को संबोधित किया। अस्वस्थता की वजह से मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के संकल्प शिविर में नहीं पहुंच पाने के लिए संगठन के नेताओं ने खेद व्यक्त किया और मुख्यमंत्री के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना। इस अवसर पर रायपुर जिला प्रभारी राजेंद्र साहू, उधो राम वर्मा, नपा अध्यक्ष चंद्रशेखर चंद्राकर, जनपद अध्यक्ष खिलेश देवांगन, केके चंद्राकर, देवनाथ साहू, भारती देवांगन आदि प्रमुख रूप से मंचस्थ थे। संचालन- द्वारिका साहू, आभार ज्ञापन कोमल साहू ने किया। बूथ, सेक्टर, जोन से कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.