Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव: भाजपा की परिवर्तन यात्रा, हर दिन 9 सभा करने का है लक्ष्य

रायपुरप्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी आज दंतेवाड़ा से परिवर्तन यात्रा शुरू करेगी। इस यात्रा की शुरूआत केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह करेंगे। वहीं, यात्रा का नेतृत्व पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अरूण साव करेंगे। इसी तरह, जशपुर से सोलह सितंबर को परिवर्तन यात्रा शुरू होगी, जिसका शुभारंभ भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगतप्रकाश नड्डा करेंगे। जबकि नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल यात्रा का नेतृत्व करेंगे। इन दोनों यात्राओं का समापन बिलासपुर में अट्ठाईस सितंबर को होगा।


भाजपा प्रदेश प्रभारी ओम माथुर ने आज रायपुर स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में परिवर्तन यात्रा रथ की विधिवत पूजा-अर्चना कर दंतेवाड़ा के लिए रवाना किया। इस अवसर पर भाजपा क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, संगठन महामंत्री पवन साय सहित वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद थे।

इस बीच, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरूण साव ने परिवर्तन यात्रा को लेकर वीडियो संदेश जारी किया है। उन्होंने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी छत्तीसगढ़ की तरक्की और खुशहाली के लिए परिवर्तन यात्रा निकाल रही है।

गौरतलब है कि यह परिवर्तन यात्रा प्रदेश के विभिन्न मार्गों पर लगभग तीन हजार किलोमीटर की दूरी तय करेगी। दंतेवाड़ा से निकलने वाली परिवर्तन यात्रा तीन संभागों के इंक्यावन विधानसभा क्षेत्रों में पहुंचेगी। वहीं, जशपुर से निकलने वाली यात्रा दो संभागों के उनतालीस विधानसभा क्षेत्रों में पहुंचेगी। इस दौरान हर दिन छह स्वागत सभा और तीन छोटी सभाएं होंगी। इस परिवर्तन यात्रा के तहत विभिन्न स्थानों में केंद्रीय मंत्री और राज्य के वरिष्ठ भाजपा नेता जनसभाओं को संबोधित करेंगे।

भाजपा कार्यकर्ताओं को रिचार्ज करने में जुटे नेता

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री डॉक्टर रमन सिंह ने आज राजनांदगांव में बूथ स्तर के पार्टी पदाधिकारियों की बैठक ली। इस दौरान डॉक्टर सिंह ने कार्यकर्ताओं से प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव के साथ-साथ अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव की तैयारी करने को कहा। उन्होंने ‘मेरा बूथ-सबसे मजबूत’ के संकल्प के साथ राज्य सरकार की नाकामियां को आम जनता तक पहुंचाने और मोदी सरकार की उपलब्धियों से अवगत कराने को कहा।

बैठक में राजनांदगांव सांसद संतोष पांडेय ने राज्य सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनाव में एकजुट होकर कार्य करने को कहा।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.