Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

छत्तीसगढ़ मर्डर केस: पत्नी की हत्या कर 2 महीने तक पानी की टंकी में रखे लाश के टुकड़े

बिलासपुर। बिलासपुर में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। नकली नोट के अवैध कारोबार में लगे एक युवक के घर पर जब पुलिस ने छापा मारा तो नकली नोट, नोट छापने वाली मशीन के साथ ही वहां एक टंकी में महिला की 6 टुकड़ों में की गई लाश मिली। यह लाश पानी की टंकी में रखी हुई थी। आरोपी ने बताया, दो महीने पहले उसने अपनी पत्नी की हत्या करके लाश को काटकर छिपा दिया था। उसने हत्या करने की वजह पत्नी के चरित्र पर संदेह होना बताया।


दरअसल नकली नोट की तलाशी में जब पुलिस आरोपी के घर पहुंची तो उसके घर की स्थिति चौंकाने वाली थी। पुलिस को घर से बदबू आ रही थी। इस बीच जैसे ही पुलिस ने सिंटेक्स की टंकी का ढक्कन खोला तो टुकड़ों में कटी लाश मिली, आरोपी पवन ने बताया, लाश उसकी पत्नी सती साहू की है। फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार करके पूछताछ की जा रही है।

सकरी टीआई सागर पाठक के मुताबिक, उन्हें जानकारी मिली कि उसलापुर रेलवे स्टेशन के पीछे रहने वाला पवन सिंह ठाकुर नकली नोटों का अवैध कारोबार करता है। जिसके बाद पुलिस की टीम ने उसे उसलापुर ओवरब्रिज के पास नकली नोट के साथ दबोच लिया। और फिर जब उसके घर में दबिश दी गई तो 500 और 200 के नकली नोट के बंडल मिले।

पूछताछ में आरोपी पवन सिंह ने पुलिस को बताया, वह पत्नी और दो बच्चों के साथ रहता था। उसकी बड़ी बेटी 5 साल की है और बेटा 3 साल का है। वह यहां एनटीपी कर्मी निर्दोष एक्का के मकान में किराये पर रहता था। और सीसीटीवी कैमरा ऑपरेटिंग और रिपेयरिंग का काम करता है। उसे अपनी पत्नी के चरित्र पर शक हो गया था, कि वह किसी दूसरे लड़के से बात करती है। जिसके चलते उसने पिछले 5 जनवरी को पत्नी की हत्या कर दिया था।

आरोपी पवन ने पत्नी सती साहू की हत्या करने से पहले ही दोनों बच्चों को तखतपुर क्षेत्र के पड़रिया गांव में छोड़ आया था। जहां उसके माता-पिता रहते हैं। इसके बाद वहां से लौटकर इस घटना को अंजाम दिया।

पुलिस की पूछताछ में ये भी पता चला है कि, आरोपी पवन सिंह ठाकुर की पत्नी सती साहू मुंगेली के दाऊपारा की रहने वाली थी। करीब 10 साल पहले उनकी दोस्ती हुई थी। इसके बाद दोनों ने लव मैरिज कर लिया था। शादी के बाद से दोनों उसलापुर में किराए के मकान में रहते थे।

नकली नोटों के जरिए लाश तक पहुंची पुलिस

जितनी हैरान करने वाली ये वारदात है, उतने ही हैरंत भरे तरीके से हत्या का खुलासा भी हुआ है। दरअसल, पुलिस ने आरोपी पवन ठाकुर को नकली नोटों के साथ पकड़ा था। इसके बाद जब पुलिस आगे की जांच करने आरोपी के घर पर तलाशी के लिए गई तो छत पर पानी के टंकी से बदबू आ रही थी। जब पुलिस ने टंकी को खोला तो उसमें लाश के टुकड़े मिले। पुलिस ने बताया कि पानी की टंकी में महिला की लाश टुकड़ों के अलावा आरोपी के घर से नकली नोटों का बंडल और नोट गिनने वाली मशीन भी बरामद की गई है।

 

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.