Media24Media.com: छत्तीसगढ़ में और बढ़ेगी गर्मी, रायपुर और बिलासपुर संभाग में लू चलने का अलर्ट

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

छत्तीसगढ़ में और बढ़ेगी गर्मी, रायपुर और बिलासपुर संभाग में लू चलने का अलर्ट

Document Thumbnail

छत्तीसगढ़ में गर्मी तेजी से बढ़ रही है। घर से बाहर निकलते ही चिलचिलाती धूप और गर्म हवाओं से लोग परेशान है। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में लू, गर्म हवा थोड़ा और परेशान कर सकती है। हालांकि हवा की दिशा में आ रहे बदलाव की वजह से 7 अप्रैल तक तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट दर्ज की जा सकती है।

मौसम विभाग ने रायपुर और बिलासपुर संभाग को लेकर चेतावनी जारी की है। मौसम वैज्ञानिकों ने दोनों संभागों में लू चलने की संभावना जताई है। आने वाले 2 दिनों तक पूरे प्रदेश में मौसम सूखा ही रहेगा। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर को लेकर कहा गया है कि यहां अधिकतम और न्यूनतम तापमान 42 और 24 डिग्री के आसपास रहेगा। मौसम वैज्ञानिक HP चंद्रा ने कहा है कि प्रदेश में हवा की दिशा में परिवर्तन होने जा रहा है, जिसकी वजह से प्रदेश में अधिकतम तापमान कुछ खास नहीं बदलेगा। आने वाले चार-पांच दिनों में 2 से 3 डिग्री के तापमान में गिरावट होने की आशंका जताई जा रही है।

आने वाले दिनों में क्या रह सकता है तापमान 

रायपुर में 2 अप्रैल को अधिकतम तापमान 42 और न्यूनतम 24, 3 अप्रैल को अधिकतम तापमान 43 न्यूनतम 25, 4 अप्रैल को अधिकतम तापमान 42 न्यूनतम 25, 5 अप्रैल को अधिकतम तापमान 42 न्यूनतम 25, 6 अप्रैल को अधिकतम तापमान 42 न्यूनतम 25, 7 अप्रैल को इस तापमान में दो से तीन डिग्री की गिरावट आ सकती है। 24 घंटे में छत्तीसगढ़ में सबसे न्यूनतम तापमान 17.0 डिग्री सेल्सियस डूमरबहार और सबसे अधिक तापमान मुंगेली में दर्ज किया गया है।

लू से इस तरह करें बचाव 

कुछ सामान्य उपाय अपनाकर लू से बचा जा सकता है। गर्मियों में पानी और अन्य तरल पदार्थों का ज्यादा से ज्यादा सेवन करें। सफेद या हल्के रंग का सूती कपड़ा पहनें। धूप के चश्मे, टोपी या छाते का प्रयोग करें। धूप में बाहर निकलने से बचें। अगर धूप में निकलना जरूरी हो तो खाली पेट घर से बाहर न निकलें। गर्मी के दिनों में जल्द पचने वाला भोजन करना चाहिए और दिन में बार-बार पानी का सेवन करते रहना चाहिए। 

लक्षण दिखने पर तुरंत जाएं अस्पताल

नाक और कान को ढंककर या लपेटकर निकलें। धूप के चश्मे, टोपी और छाता का इस्तेमाल करें। मौसमी फलों जैसे तरबूज, अंगूर, खरबूजे का सेवन भी लू से बचाव में लाभदायक रहता है। लू के लक्षण होने पर तुरंत अपने नजदीकी शासकीय स्वास्थ्य केंद्र जाएं या मितानिन से संपर्क करें।

Advertisement Sushasan Divas Advertisement Mohan Chandrakar Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.