Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

बाइक रैली में एक समुदाय के लोगों ने किया पथराव, कई दुकानों में लगाई गई आग, 4 पुलिसकर्मियों समेत 42 घायल

राजस्थान के करौली में चैत्र नवरात्र के पहले दिन और हिंदू नववर्ष के मौके पर हिंदू समाज ने सड़कों पर हिंदू भगवा ध्वज के साथ बाइक रैली निकाली। इसी बीच अचानक से एक समुदाय के लोगों ने रैली पर पथराव कर दिया, जिसकी वजह से विवाद बढ़ गया, जो देखते ही देखते इतना बढ़ा कि शहर में इंटरनेट बंद करना पड़ा। राजस्थान का करौली शहर आग की लपटों से जल उठा है। शहर में हालात तनावपूर्ण हो गए हैं। 

जानकारी के मुताबिक नववर्ष के अवसर पर हिंदू समाज के युवा शहर की सड़कों पर भगवा ध्वज रैली निकालते हुए जय श्रीराम के नारे लगा रहे थे। जैसे ही रैली शहर के फूटा कोर्ट और हटवारा रोड की ओर से गुजरी तभी एक समाज के लोगों ने उन पर पथराव कर दिया, जिसके कारण हालात तनावपूर्ण हो गए और शहर की दुकानों में आग लगा दी गई। इस घटना में 4 पुलिसकर्मियों समेत 42 घायल हुए हैं, जिन्हें राजकीय सामान्य चिकित्सालय में भर्ती करवाया गया, जहां गंभीर रूप से घायल युवकों को जयपुर रेफर किया गया है। 

घटना में कोतवाली थानाधिकारी रामेश्वरदयाल मीणा और चार पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। वहीं आक्रोशित युवाओं के द्वारा शहर की दुकानों में तोड़फोड़ करते हुए दो मोटर साइकिल समेत 6 से अधिक दुकानों को आग के हवाले कर दिया, जिसके कारण कई दुकानें आग की भेंट चढ़ गईं। अचानक से आग की लपटों से दुकान जलने की खबर जैसे ही फैली तो चारों तरफ हड़कंप मच गया और लोग डर के कारण अपने घरों में घुस गए।

जिला प्रशासन ने लगाया कर्फ्यू

भगवा रैली पर पथराव के बाद हुए विवाद से शहर में तनावपूर्ण हालात होने और आगजनी की घटना के बाद पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र सिंह इंदौलिया और जिला कलेक्टर राजेंद्र सिंह शेखावत ने घटनास्थल का दौरा किया। वहीं करौली शहर की सड़कों पर गश्त करने के साथ ही कर्फ्यू लगा दिया। पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र सिंह इंदौलिया ने तनावपूर्ण हालात को देखते हुए कर्फ्यू लगाने के साथ भारी संख्या में पुलिस तैनात किया है।

कलेक्टर ने जारी किया आदेश

जिला कलेक्टर राजेंद्र सिंह शेखावत ने 3 अप्रैल रात 12 बजे तक जिले में इंटरनेट सेवाएं बंद करने के आदेश जारी कर दिए। कलेक्टर ने कहा कि SP ने तनाव के बाद सोशल मीडिया पर अफवाह फैलने से माहौल बिगड़ने की आशंका जताई थी। SP शैलेंद्र सिंह इंदौलिया ने बताया कि नव नवसंत्सर के मौके पर हिंदू संगठनों की ओर से बाइक रैली निकाली जा रही थी। रैली शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए जैसे ही हटवाड़ा बाजार में पहुंची, कुछ बदमाशों ने उस पर पथराव कर दिया। इसके बाद दो पक्ष आमने-सामने हो गए। पथराव में 4 पुलिसकर्मियों समेत 42 लोग घायल हो गए। घायलों में एक की हालत गंभीर होने पर जयपुर रेफर किया है। 30 उपद्रवियों को डिटेन किया गया है।

ADG ने की शांति की अपील 

तनाव के बाद कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जयपुर से 50 पुलिस अधिकारियों समेत 600 से अधिक पुलिसकर्मियों को भेजा गया। इसके साथ ही ADG संजीव नार्झरी, IG भरत मीणा, DIG राहुल प्रकाश और करौली के पूर्व SP मृदुल कछवाहा को भेजा गया। IG भरतपुर प्रसन्न कुमार खमेसरा और IG कानून व्यवस्था भरत मीणा भी मौके पर पहुंचे और घटना का जायजा लिया।  ADG कानून-व्यवस्था हवा सिंह घुमरिया ने की शांति की अपील है।

उपद्रवियों से सख्ती से निपटने के निर्देश 

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि करौली में हुई घटना को लेकर DGP एमएन लाठर से बात कर स्थिति की जानकारी ली है। पुलिस को हर उपद्रवी से सख्ती से निपटने के निर्देश दिए है। मैं आमजन से अपील करता हूं कि शांति बनाए रखें और कानून-व्यवस्था बनाने में सहयोग करें। वहीं BJP की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने घटना की निंदा की है।

पूर्व CM ने की निंदा

उन्होंने कहा कि करौली में नव संवत्सर पर निकाली जा रही उत्साह रैली पर विरोधी मानसिकता के लोगों द्वारा किए गए हमले की मैं कड़ी निंदा करती हूं। शांति प्रिय राजस्थान में नफरती मानसिकता को नहीं पनपने दिया जा सकता। प्रशासन को दोषियों पर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। करौली में नव संवत्सर के अवसर पर निकाली जा रही उत्साह रैली से पहले अगर प्रशासन सतर्कता बरतता तो हमले की ये घटना टल सकती थी। प्रशासन की उदासीनता के कारण भी सौहार्द का माहौल खराब हुआ। राज्य सरकार तुरंत एक्शन लें!। 

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.