Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

राज्यपाल अनुसुइया उइके रायपुर नगर पालिक निगम की सामान्य सभा में हुईं शामिल

रायपुर: राज्यपाल अनुसुइया उइके रायपुर नगर पालिक निगम की सामान्य सभा में शामिल हुईं। राज्यपाल ने निगम कार्यालय महात्मा गांधी सदन पहुंचकर राष्ट्रपिता की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इस दौरान विधायक सत्यनारायण शर्मा,  कुलदीप जुनेजा, महापौर एजाज ढेबर, सभापति प्रमोद दुबे, नेता प्रतिपक्ष मीनल चौबे समेत महिला पार्षदों ने राज्यपाल उइके का स्वागत किया। शायद ये पहला मौका है कि जब कोई राज्यपाल नगर निगम की सामान्य सभा में शामिल हुआ हैं। 

नगर निगम की सामान्य सभा को संबोधित करते हुए राज्यपाल उइके ने पार्षदों का आह्वान किया कि जनआकांक्षाओं के अनुरूप कार्य करें और जनता की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहें। उन्होंने कहा कि सभी पार्षद जनता की आवाज हैं। वहीं  आमजनों की मूलभूत जरूरतों को पूरा करना पार्षदों की जिम्मेदारी है। आपके आचार-विचार और संस्कार में अहंकार न हो। सतत रूप से अपने क्षेत्र का भ्रमण कर लोगों से अपने कामों का फीडबैक भी लें, ताकि लोग क्या चाहते हैं, इसकी आपको जानकारी रहे। 

राज्यपाल ने कहा कि नगरीय निकाय और ग्राम पंचायतें लोकतंत्र की प्राथमिक शाला है। यहां निर्वाचित होकर पहुंचे जनप्रतिनिधियों का लोकतंत्र और संसदीय कार्यप्रणाली से पहली बार परिचय होता है। इस सदन में मेरा पहला अनुभव है। लोकसभा, राज्यसभा और विधानसभा की तरह यहां भी पक्ष-विपक्ष के सवाल-जवाब होते हैं। प्रश्नकाल और ध्यानाकर्षण के लिए समय निर्धारित है। निश्चित ही रायपुर को स्वच्छ, सुंदर और स्मार्ट सिटी बनाने में सदन की भूमिका महत्वपूर्ण रही होगी। उन्होंने कहा कि मैं नगरीय निकायों या ग्राम पंचायतों के निर्वाचित पदों पर नहीं रहीं, लेकिन महाविद्यालय की राजनीति से मुझे काफी कुछ सीखने को मिला। आप सब भी इस सदन से निरंतर सीखते होंगे, जो आपके भावी राजनीतिक जीवन में मददगार होगा। 

राज्यपाल उइके ने कहा कि नगरीय निकाय के सदन से निकलकर लोग कई महत्वपूर्ण पदों पर आसीन हैं। झारखंड के राज्यपाल रमेश बैस कभी इस सदन के सदस्य रहे। कई विधायक और सांसदों ने भी अपने सफर की शुरुआत इसी सदन से की है। आप जितना अच्छा काम करेंगे लोगों का स्नेह और सम्मान उतना ही अधिक मिलेगा। साथ ही आप अपने भावी राजनीतिक जीवन में नई ऊंचाईयों पर पहुंचेंगे। राज्यपाल  उइके ने कहा कि मैंने विभिन्न पदों पर रहते हुए देश के कई राज्यों का भ्रमण किया, लेकिन छत्तीसगढ़ में मेरे कार्यकाल के ढाई साल कैसे बीते, ये पता ही नहीं चला। 

महापौर ने राज्यपाल को दिया स्मृति चिन्ह

'मैं प्रदेश भर में जहां भी गई लोगों ने बड़ी ही आत्मीयता के साथ मुझे स्वीकारा और सम्मान दिया। प्रदेशवासी बड़े ही सरल, सहज और मृदुभाषी हैं, जो छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया की सार्थकता सिद्ध करती है।' राज्यपाल उइके ने अपने संबोधन में रायपुर शहर में निगम द्वारा किए गए कार्यों समेत विवेकानंद सरोवर, तेलीबांधा तालाब सौंदर्यीकरण और नालंदा लाइब्रेरी, पिंक टॉयलेट जैसी पहल की सराहना की। इस दौरान महापौर एजाज ढेबर, सभापति प्रमोद दुबे और आयुक्त नगर निगम प्रभात मलिक ने भी सभा को संबोधित किया। इस दौरान राज्यपाल उइके को महापौर एजाज ढेबर ने स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.