Media24Media.com: CM Bhupesh In Mahasamund : यादव समाज को एक करोड़ से अधिक की सौगात, भव्य स्वागत से गदगद हुए मुख्यमंत्री भूपेश

Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

CM Bhupesh In Mahasamund : यादव समाज को एक करोड़ से अधिक की सौगात, भव्य स्वागत से गदगद हुए मुख्यमंत्री भूपेश

Document Thumbnail

महासमुंद। यादव महासम्मेलन में भव्य स्वागत से गदगद हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल । उन्होंने सामाजिक भवन निर्माण के लिए एक करोड़ रुपये से अधिक राशि सामाजिक भवन निर्माण के लिए देने की घोषणा की है। बिरकोनी में आयोजित यादव समाज के प्रादेशिक सम्मेलन में उन्होंने यह ऐलान किया। इस अवसर परउन्होंने गढ़बो छत्तीसगढ़ का नारा दोहराते हुए कहा कि हमारे पुरखों ने जो सपना देखा  था, वह अब पूरा हो रहा है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज महासमुंद जिले के ग्राम बिरकोनी में आयोजित झेरिया यादव समाज के महासम्मेलन में शामिल हुए। उन्होंने यहां विशाल जनसभा को संबोधित किया। उनके साथ मंत्री रविंद्र चौबे भी पहुंचे थे। उन्होंने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। झेरिया यादव समाज द्वारा आयोजित इस महासम्मेलन में मुख्यमंत्री ने  यादव समाज के पांच  सामाजिक भवन निर्माण नया रायपुर, खल्लारी, शिवरीनारायण, सिरपुर, और मधुबन धाम धमतरी के लिए 20-20 लाख रुपए और बिरकोनी मंदिर परिसर में भवन निर्माण के लिए सवा 6 लाख रुपए पृथक से देने की घोषणा की। 

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल

पारंपरिक वेशभूषा से भव्य स्वागत

मुख्यमंत्री श्री बघेल का सम्मेलन में पहुंचने पर यादव समाज द्वारा पारंपरिक वेशभूषा कौड़ी, पेटी, कुलेता और राउत नाचा वाले सुसज्जित डंडा से भव्य स्वागत किया गया। बड़ा फूलमाला पहनाकर जोशीला स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री ने यादव समाज को गरिमामय कार्यक्रम के आयोजन के लिए बधाई और शुभकामनाएं दी। मुख्यमंत्री बघेल ने जन सभा को संबोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार पशुधन के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए गांव-गांव में गौठान निर्माण करा रही है। इसके साथ ही गोधन न्याय योजना के माध्यम से दो रुपए किलो में गोबर की खरीदी कर रही है। राज्य में गोबर खरीदी के एवज में पशुपालकों, गौपालकों के बैंक खातें में राशि का नियमित भुगतान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिनके पास जमीन नहीं है, मवेशी नहीं है वह भी गोबर बेचकर लाभ प्राप्त कर रहे हैं।



जीवन स्तर में आया बदलाव

 मुख्यमंत्री श्री बघेल ने कहा कि यादव समाज के लोग खेती-किसानी के साथ-साथ गोबर बेचकर अपनी आर्थिक स्थिति सुदृढ़ कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के याजनाओं की तारीफ हो रही है। दूसरे राज्य भी गोबर खरीदने की योजना बना रहे है। मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज के सभी वर्गों के विकास के लिए राज्य सरकार काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 10 हजार गौठानों में लगभग एक लाख 30 हजार एकड़ जमीन सुरक्षित की गई है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य बनने से पहले हमारे पुरखों ने छत्तीसगढ़ में विकास का जो सपना देखा था। वह अब पूरा हो रहा है। छत्तीसगढ़ महतारी के कोख में कई प्रकार की खनिज सम्पदा मौजूद है। यहां के लोग सीमित संसाधन में भी खुश रहा करते थे। पर अब समय बदला है। हमारे पुरखों का सपना अब साकार हो रहा है। 15 साल बाद मौका मिला। यहां के मजदूर, गरीब और किसानों के जीवन में बदलाव आ रहा है। 



सरकार बनते ही किया कर्ज माफ

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार बनते ही किसानों का कर्ज माफ किया और बिजली बिल हाफ किया। करीब तीन साल में 2200 करोड़ का बिजली बिल माफ किया। हर परिवार को 35 किलो चावल मुफ्त दिया जा रहा है। इसके साथ ही राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना के तहत भूमिहीन कृषि मजदूरों के प्रत्येक परिवार को 6 हजार रुपए प्रतिवर्ष की जगह अब 7 हजार रुपए दिया जाएगा। इन मजदूरों के खाते में 31 मार्च तक दूसरी किस्त दी जा रही है। 





संतोषी है यादव समाज : चौबे

कृषि मंत्री रविन्द्र चौबे ने कहा कि यादव समाज संतोषी और अपने कार्य के दम पर आगे बढ़ने वाला समाज है। उन्होंने कहा कि महासमुंद जिला धान उत्पादन करने वाला अग्रणी जिलों में से एक है। छत्तीसगढ़ में किसानों से 2500 रुपए क्विंटल की दर से धान खरीदी की जा रही है। उन्होंने कहा कि गौठानों में उत्पादित लगभग 16 लाख क्विंटल जैविक खाद किसानों के खेतों में पहुंच गई है। जिससे रासायनिक खाद की चिंता नहीं रहेगी। सम्मेलन को  विधायक द्वारिकाधीश यादव और चंद्रपुर विधायक रामकुमार यादव ने संबोधित किया और सामुदायिक भवन सहित अन्य मांग रखी। सम्मेलन मेें विधायक बसना देवेन्द्र बहादुर सिंह, छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम के अध्यक्ष अग्नि चंद्राकर, कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ रश्मि चंद्राकर,  जिला पंचायत अध्यक्ष उषा पटेल, उपाध्यक्ष लक्ष्मण पटेल, जिला पंचायत सदस्य अमर अरुण चंद्राकर, जनपद अध्यक्ष यतेन्द्र साहू सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि मंचस्थ थे। स्वागत भाषण  छत्तीसगढ़ झेरिया यादव समाज के प्रदेश अध्यक्ष जगनीक यादव ने दिया। संचालन जिलाध्यक्ष राजू यादव ने किया। समाज के पदाधिकारीगण, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद थे।

झलकियाँ :-

0 मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भाषण के बीच में चंद्रपुर विधायक रामकुमार यादव को 'छत्तीसगढ़ का लालूप्रसाद यादव' कहा तो सभा में उपस्थित लोगों की हंसी नहीं रूकी।

0 मुख्यमंत्री के भाषण के बीच जिले के कुछ शीर्ष अफसर पेट पूजा में मशगूल नजर आए। उन्हें प्रदेश के मुखिया के उद्गार से कोई सरोकार नहीं था। 

0 प्रशासनिक समन्वय के अभाव में इलेक्ट्रॉनिक मीडिया को मुख्यमंत्री संबोधित (बाईट) नहीं कर पाए। मंच से वे सीधे भोजन कक्ष में पहुंच गए। इसे लेकर मीडियाकर्मियों में नाराजगी दिखी।

0 कार्यक्रम स्थल पर खचाखच भीड़ से अव्यवस्था रही। भीड़ को नियंत्रित करने में पुलिस का पसीना छूट गया। 



Advertisement Sushasan Divas Advertisement Mohan Chandrakar Chhattisgarh Tourism Chhattisgarh Tourism
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.