Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

रबी फसल के लिए गोबर से बना जैविक खाद की बढ़ी मांग

छत्तीसगढ़ शासन द्वारा प्रदेश में जैविक खेती को बढ़ावा देने की लिए शुरू की गई गौधन न्याय योजना का सफल क्रियान्वन कबीरधाम जिले में देखने को मिल रहा है। जिले के किसान जैविक खेती में खासा रूचि ले रहे है। इसके परिणाम मूलक इस योजना से तैयार हो रही जैविक खाद वर्मी कंपोस्ट और सुपर कम्पोस्ट की मांग बढ़ रही है। इस साल खरीफ फसल में किसानों द्वारा जैविक खेती करने के लिए 37 हजार 973 क्विंटल खाद का उठाव किया गया था।

कवर्धा जिले में चालू सीजन में रबी फसल के लिए अब फिर से किसानों द्वारा गोबर से निर्मित जैविक वर्मी कंपोस्ट और सुपर कम्पोस्ट की मांग की जा रही हैं। जिले के गन्ना,उद्यानिकी और चना उत्पादक किसानों द्वारा जैविक खाद की मांग की जाती है। रबी फसल के लिए अब तक 14 सौ क्विंटल जैविक खाद् का उठाव किया जा चुका है। कृषि विभाग के उपसंचालक एमडी डड़सेना ने बताया कि चुकि कबीरधाम जिले में गन्ना की बोवाई 15 फरवरी तक की जाती है। इस हिसाब से रबी फसल के लिए आठ हजार क्विंटल जैविक खाद उठाव होने उम्मीद है। पिछले रबी फसल के लिए जिले किसानों द्वारा 54 सौ क्विंटल जैविक खाद का उठाव किया गया था।

किसानों को और जागरूक करने की जरूरत: कलेक्टर

कलेक्टर रमेश कुमार शर्मा ने आज समय सीमा की बैठक में गौधन योजना की समीक्षा करते हुए कहा कि जिले के किसानों को जैविक खेती से जोड़ने और उन्हें प्रोत्साहित करने की और आवश्यकता है। कृषि विभाग के मैदान अमला किसानों से भेंट कर जैविक खेती के फायदे बताएं। कलेक्टर ने कृषि विभाग के अधिकारी को समय-समय पर जैविक खाद को बढ़ावा देने के लिए कार्यशाला आयोजित करने और ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों के माध्यम से किसानों को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया है।

309 समूहों द्वारा तैयार की जा रही जैविक खाद

उपसंचालक डड़सेना ने बताया कि कलेक्टर रमेश कुमार शर्मा के मार्गदर्शन में कवर्धा जिले में गौधन न्याय योजना का सफल क्रियान्वयन किया जा रहा है। इस योजना के तहत जिले के 295 गोठानों में पंजीकृत 6082 गौपालकों द्वारा गोबर की खरीदी की जा रही है।  योजना के शुरू से लेकर अब तक जिले में दो लाख 5 हजार 747 क्विंटल गोबर की खरीदी की जा चुकी है। जिले में 309 सक्रिय समूह है, जिनके द्वारा जैविक खाद बनाई जा रही है। अब तक जिले में 52 हजार कि्ंवटल वर्मी  और सुपर कंपोस्ट खाद का उत्पादन किया जा चुका है।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.