Responsive Ad Slot

Latest

latest


 

मुंबई की निर्भया' ने तोड़ा दम, CM उद्धव ने पुलिस को दिए 7 अहम निर्देश

मुंबई की 'निर्भया' जिंदगी से जंग हार गई है। बता दें कि मुंबई के साकीनाका इलाके में 30 साल की युवती के साथ रेप हुआ था। रेप के बाद  पीड़िता के  प्राइवेट पार्ट पर रॉड से हमला किया गया  था, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई है। पीड़िता का इलाज राजावाड़ी अस्पताल में चल रहा  था, जहां उसने दम तोड़ दिया। जानकारी के मुताबिक घटना के बाद पीड़िता का खून ज्यादा बह गया था और खून की कमी के चलते उसकी मौत हो गई। 


मामले में अब तक एक आरोपी की गिरफ्तारी हुई है। बताया जा रहा है कि साकीनाका में एक टेंपो के अंदर इस युवती के साथ पहले रेप किया गया और फिर उस पर हमला किया गया। अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार तड़के पुलिस नियंत्रण कक्ष को फोन आया कि खैरानी रोड पर एक व्यक्ति एक महिला की पिटाई कर रहा है।  अधिकारी ने बताया कि महिला का पता लगाने के लिए पुलिस टीम मौके पर पहुंची। 

आरोपी पर कई धाराओं के तहत केस दर्ज

खून से लथपथ महिला का नगर निगम ​संचालित राजावाड़ी अस्पताल ले जाया गया, जहां शुरुआती जांच में पता चला कि उसके साथ दुष्कर्म किया गया और उसके निजी अंगों में लोहे की छड़ से हमला किया गया। आरोपी पर रेप और हत्या की कोशिश का मामला दर्ज किया गया है। ये घटना सड़क किनारे खड़े एक टेंपो के अंदर हुई। अधिकारी ने बताया कि वाहन के अंदर भी खून के धब्बे मिले हैं। पुलिस के मुताबिक पीड़िता का ऑपरेशन किया गया है, लेकिन उसकी जान नहीं बच पाई। डॉक्टरों ने बताया है कि सरिया डालने के कारण महिला की आंत बाहर आ गई थी।  

 आरोपी का CCTV फुटेज आया सामने

बता दें कि मुंबई में रेप के आरोपी का CCTV फुटेज भी सामने आया है। आरोपी मुंबई के साकीनाका इलाके में दिखा था। ये वीडियो गुरुवार की रात का बताया जा रहा है। पीड़िता रात करीब 8 बजे बहन के घर जाने के लिए निकली थी। पुलिस को सूचना मिली कि साकीनाका के खैरानी रोड पर एक शख्स महिला की बुरी तरह से पिटाई कर रहा है। पुलिस मौके पर पहुंची तो पीड़िता खून से लथपथ पड़ी। पुलिस पीड़िता को नगर निगम संचालित राजावाड़ी अस्पताल लेकर पहुंची। शुरुआती जांच में पता चला कि पीड़िता के प्राइवेट पार्ट में लोहे की रॉड से हमला किया गया है।

महिलाओं की सुरक्षा पर सरकार सख्‍त

वहीं मुंबई के साकीनाका में हुई दुष्कर्म की घटना के बाद मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने शनिवार की शाम को मुंबई पुलिस अधिकारियों की एक अहम बैठक बुलाई। ऐसी घटना दोबारा ना हो, इस बात को ध्यान में रखते हुए सीएम ने कुछ अहम निर्देश दिए। उन्होंने यह साफ कहा कि मुंबई की सुरक्षित शहर होने की छवि पर किसी तरह का कोई दाग ना लगे, इसके लिए पुलिस को पूरी सतर्कता बरतनी होगी। मुख्यमंत्री ने साकीनाका में 34 साल की महिला पर हुए बलात्कार के मामले में एक महीने के अंदर जांच को पूरी कर आरोपपत्र दायर करने को कहा है। 

CM उद्धव  ने पुलिस को दिए 7 निर्देश

इसी तरह दूसरा अहम निर्देश उन्होंने यह दिया कि रविवार को ही इस मामले में विशेष सरकारी अभियोक्ता नियुक्त करके मामला फास्ट ट्रैक में चलाने की व्यवस्था की जाए। तीसरा निर्देश मुख्यमंत्री ने  यह दिया कि जिन ठिकानों में महिलाओं की सक्रियताएं हैं, वहां पुलिस की गश्ती बढ़ाई जाए। जहां पर महिलाओं पर हमले होने की आशंका हो और जहां उन्हें संरक्षण की आवश्यकता लगती हो वहां पुलिस बल की तैनाती बढ़ाई जाए। चौथा निर्देश उन्होंने यह दिया कि हर पुलिस स्टेशन में महिला अधिकारी को शामिल किया जाए और निर्भया टीम तैयार की जाए।

 पुलिस अधिकारियों को सख्ती से पालन करना होगा निर्देश  

 मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों को पांचवा निर्देश यह दिया कि  रास्तों पर बेसहारा और अकेली महिला मिले तो उसे तुरंत सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाएं। इसके लिए स्वयंसेवी संस्थाओं की मदद ली जाए। मुख्यमंत्री ने छठा निर्देश यह दिया कि जिन व्यक्तियों पर महिलाओं के साथ यौन शोषण या अत्याचार का केस दर्ज है या जिन व्यक्तियों की ऐसी पृष्ठभूमि पाई गई है, वैसे लोगों पर लगातार नजरें रखी जानी चाहिए। सीएम उद्धव ठाकरे ने पुलिस अधिकारियों कौ सातवां और बहुत अहम निर्देश यह दिया कि अपराध को रोकने के लिए और अपराधियों का पता लगाने के लिए CCTV फुटेज काफी कारगर है। ऐसे में अहम ठिकानों पर ज्यादा से ज्यादा CCTV कैमरे लगाए जाएं। इस तरह मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों को ये 7 अहम निर्देश पुलिस अधिकारियों को दिए ताकि ऐसी घटनाएं फिर ना दोहराई जा सकें।

साल 2012 में हुआ था निर्भया कांड 

साल 2012 दिल्ली सामूहिक बलात्कार मामला भारत की राजधानी दिल्ली में 16 दिसंबर 2012 को हुई एक बलात्कार और हत्या की घटना थी, जो भारतीय मीडिया के त्वरित हस्तक्षेप के कारण सबके सामने आई थी। 16-17 दिसंबर 2012 की रात दिल्ली में एक चलती बस में 6 लोगों ने 23 वर्षीय फिजियोथेरेपी इंटर्न के साथ बलात्कार किया और फिर उसे सड़क पर फेंक दिया। 29 दिसंबर 2012 को सिंगापुर के माउंट एलिजाबेथ अस्पताल में उसकी मौत हो गई। पीड़िता को निर्भया के नाम से जाना गया। इस मामले में इसी साल छह में से चार दोषियों को मौत की सजा दे दी गई।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.