Media24Media.com

Responsive Ad Slot


 

छत्तीसगढ़ के सैनिक स्कूल में एडमिशन शुरू, अभ्यर्थी 2 दिसंबर तक करें आवेदन

No comments Document Thumbnail

 रायपुर : शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए सैनिक स्कूल अंबिकापुर सहित देशभर के सैनिक स्कूलों एवं नवीन सैनिक स्कूलों में कक्षा छठवीं और नौवीं में प्रवेश की प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा अखिल भारतीय सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा (AISSEE-2027) का आयोजन 31 जनवरी 2027 को किया जाएगा। इच्छुक एवं पात्र विद्यार्थी 2 दिसंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।


ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि 2 दिसंबर 2026

छत्तीसगढ़ के सैनिक स्कूल अंबिकापुर के प्राचार्य द्वारा जारी सूचना के अनुसार, रक्षा मंत्रालय के अधीन संचालित सैनिक स्कूल अंबिकापुर में कक्षा छठवीं एवं नौवीं में प्रवेश के लिए विद्यार्थियों का चयन अखिल भारतीय सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा के माध्यम से किया जाएगा। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 3 नवंबर 2026 से प्रारंभ हो चुकी है। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार ऑनलाइन आवेदन एवं परीक्षा शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 2 दिसंबर 2026, रात्रि 11.50 बजे तक निर्धारित की गई है। निर्धारित तिथि तक आवेदन नहीं कर पाने वाले अभ्यर्थी विलंब शुल्क के साथ (500 रुपये अतिरिक्त राशि के साथ) 3 से 6 दिसंबर 2026 तक आवेदन कर सकेंगे। आवेदन पत्र में त्रुटि सुधार के लिए 7 से 9 दिसंबर 2026 तक अवसर प्रदान किया जाएगा।

31 जनवरी को होगी प्रवेश परीक्षा

       अखिल भारतीय सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा 31 जनवरी 2027 को आयोजित की जाएगी। परीक्षा केंद्र के शहर की जानकारी 11 जनवरी 2027 को जारी की जाएगी, जबकि प्रवेश पत्र 25 जनवरी 2027 से एनटीए की वेबसाइट पर उपलब्ध होंगे।प्रवेश परीक्षा बहुविकल्पीय प्रश्नों पर आधारित होगी तथा पेन-पेपर मोड में ओएमआर शीट के माध्यम से आयोजित की जाएगी। कक्षा छठवीं में प्रवेश के लिए परीक्षा की अवधि 2.30 घण्टा (150 मिनट) की होगी तथा परीक्षा 13 माध्यमों में आयोजित की जाएगी। वहीं कक्षा नौवीं के लिए परीक्षा की अवधि 180 मिनट होगी और परीक्षा अंग्रेजी माध्यम में आयोजित की जाएगी।

एनटीए की वेबसाइट पर उपलब्ध है विस्तृत जानकारी

      इच्छुक अभ्यर्थी राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी की आधिकारिक वेबसाइटhttps://exams.nta.nic.in/sainik-school-society/अथवाhttps://nta.ac.in/पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। प्रवेश के लिए पात्रता, आयु सीमा, आरक्षण, परीक्षा पाठ्यक्रम, परीक्षा शुल्क एवं अन्य आवश्यक दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी सूचना पुस्तिका में उपलब्ध है। अभ्यर्थी एवं अभिभावक परीक्षा संबंधी किसी भी जानकारी या समस्या के समाधान के लिए एनटीए हेल्पडेस्क के दूरभाष नंबर 011-40759000 अथवा 011-69227700 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त ई-मेल aissee@nta.ac.in के माध्यम से भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

AI विवाद के बाद अब होटल मामले में घिरे दीपक टंडन, पत्नी पर भी पुलिस ने दर्ज किया केस

No comments Document Thumbnail

 रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में होटल कारोबारी दीपक टंडन और उनकी पत्नी बरखा टंडन की मुश्किलें बढ़ गई हैं। होटल की संपत्ति पर कथित रूप से जबरन कब्जा करने, नगर निगम की सरकारी सील तोड़ने और धमकी देने के आरोप में दोनों के खिलाफ तेलीबांधा थाने में FIR दर्ज की गई है। आर्ट ऑफ लिविंग की छत्तीसगढ़ प्रमुख सरिता बाजपेयी की शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की आठ धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


शिकायत में आरोप लगाया गया है कि होटल परिसर में जबरन प्रवेश किया गया, मेन गेट और अंदर के ताले तोड़े गए। इसके अलावा अश्लील हरकत करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप भी लगाए गए हैं।

2021 में होटल संचालन के लिए लीज पर दी गई थी संपत्ति

पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक, सरिता बाजपेयी ने वर्ष 2021 में अपनी संपत्ति होटल और बैंक्वेट हॉल के संचालन के लिए लीज पर दी थी। इस परिसर में 'होटल बेलाकासा श्री' के नाम से कारोबार संचालित किया जा रहा था। लीज की शुरुआती अवधि वर्ष 2024 में समाप्त हो गई थी। इसके बाद दोनों पक्षों की सहमति से दो बार 11-11 महीने के लिए लीज बढ़ाई गई। इसकी अंतिम अवधि 7 अप्रैल 2026 को समाप्त हो गई।

शिकायतकर्ता का कहना है कि होटल का किराया भी करीब एक साल से नियमित रूप से नहीं दिया जा रहा था। वहीं, प्रॉपर्टी टैक्स बकाया होने के चलते नगर निगम ने 18 अगस्त 2026 को होटल परिसर को सील कर दिया था।

नगर निगम की सील तोड़कर होटल में घुसने का आरोप

सरिता बाजपेयी के मुताबिक, 23 अगस्त को जब वह संपत्ति का कब्जा लेने पहुंचीं, तब दीपक टंडन, बरखा टंडन और उनके कर्मचारी नगर निगम की सील तोड़कर होटल के भीतर मौजूद थे। इस संबंध में नगर निगम में शिकायत की गई, जिसके बाद अधिकारियों ने परिसर को दोबारा सील कर दिया।

इसके बाद 30 सितंबर को होटल की चाबी सौंपने को लेकर दोनों पक्षों के बीच बातचीत हुई। वहीं, 26 अक्टूबर को नगर निगम के जोन-10 के कर्मचारियों ने पुलिस की मौजूदगी में होटल की सील खोली और पंचनामा तैयार किया।

अगले ही दिन मेन गेट और अंदर के ताले तोड़ने का आरोप

FIR के अनुसार, 27 अक्टूबर को जब सरिता बाजपेयी अपने एक साथी के साथ होटल पहुंचीं, तो वहां दीपक टंडन, बरखा टंडन और उनके कुछ साथी मौजूद थे। आरोप है कि इस दौरान मेन गेट और अंदर के ताले तोड़कर परिसर में प्रवेश किया गया। शिकायतकर्ता ने विरोध करने पर अश्लील हरकत करने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है।

BNS की इन 8 धाराओं में दर्ज हुआ मामला

तेलीबांधा पुलिस ने शिकायत के आधार पर दीपक टंडन और बरखा टंडन के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 126(2), 296, 3(5), 324(4), 329(4), 331(2), 331(5) और 351(2) के तहत अपराध दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

AI से तस्वीरों से छेड़छाड़ के मामले में भी हुई थी गिरफ्तारी

गौरतलब है कि दीपक टंडन इससे पहले भी एक अन्य मामले को लेकर चर्चा में आए थे। 6 नवंबर 2026 को बिलासपुर की सिरगिट्टी पुलिस ने उन्हें रायपुर के न्यू राजेंद्र नगर स्थित रजत प्राइम अपार्टमेंट से गिरफ्तार किया था। यह कार्रवाई बिलासपुर निवासी मणिशंकर पांडे की शिकायत के आधार पर की गई थी।

शिकायत में आरोप लगाया गया था कि AI तकनीक का इस्तेमाल कर उनकी तस्वीरों के साथ छेड़छाड़ की गई और आपत्तिजनक सामग्री तैयार की गई। इसके बाद न्यूज पोर्टल और सोशल मीडिया पर कथित रूप से भ्रामक खबरें प्रसारित कर उनकी छवि खराब करने और ब्लैकमेलिंग की कोशिश की गई। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने दो मोबाइल फोन जब्त किए थे। डिजिटल साक्ष्यों की जांच भी की जा रही है।

रायपुर और बिलासपुर में दर्ज हैं अलग-अलग मामले

दीपक टंडन के खिलाफ दोनों शहरों में दर्ज मामले अलग-अलग आरोपों से जुड़े हैं। बिलासपुर का मामला AI तकनीक के जरिए तस्वीरों से कथित छेड़छाड़ और ब्लैकमेलिंग से संबंधित है, जबकि रायपुर की FIR होटल संपत्ति पर कब्जे, नगर निगम की सील तोड़ने और जबरन प्रवेश के आरोपों को लेकर दर्ज की गई है। दोनों मामलों में पुलिस की जांच जारी है।

महासमुंद में धान खरीदी की तैयारियों को लेकर कलेक्टर सख्त, केंद्रों में व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश

No comments Document Thumbnail

 महासमुंद : कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने आज सुबह 10ः30 बजे जिला कार्यालय के सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक लेकर विभिन्न विभागों के कार्यों एवं शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण करने तथा जनहित से जुड़े कार्यों में तत्परता और गंभीरता बरतने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री अनुपमा आनंद, अपर कलेक्टर जगन्नाथ वर्मा, सभी एसडीएम एवं जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे। वहीं विकासखंड स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।


बैठक में सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि शिकायतों का निराकरण निर्धारित समय-सीमा में प्राथमिकता से किया जाए। विशेष रूप से स्पेशल क्लोजर से संबंधित प्रकरणों में निर्धारित प्रक्रिया एवं समय-सीमा का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने अधिकारियों को लंबित शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग कर गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने बताया कि जिले के प्रभारी मंत्री दयालदास बघेल 12 नवंबर को महासमुंद जिले के प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वे विभिन्न विभागों की बैठक लेकर विभागीय योजनाओं एवं विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को अपने-अपने विभाग की अद्यतन जानकारी, प्रगति प्रतिवेदन एवं आवश्यक दस्तावेजों के साथ पूरी तैयारी रखने के निर्देश दिए।

आगामी धान खरीदी की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने बारदाने की एंट्री में तेजी लाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि जिला स्तरीय नोडल अधिकारी धान खरीदी की अवधि में प्रत्येक सप्ताह कम से कम एक बार अपने आबंटित खरीदी केंद्रों का निरीक्षण एवं पर्यवेक्षण करेंगे तथा धान खरीदी केंद्रों में आवश्यक व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करने तथा किसी भी प्रकार की समस्या सामने आने पर उसका समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। मौसम की स्थिति को देखते हुए उपार्जन केंद्रों में पर्याप्त तारपोलिन, ड्रेनेज एवं पानी निकासी की समुचित व्यवस्था अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए, ताकि धान को बारिश एवं नमी से सुरक्षित रखा जा सके।

उन्होंने धान खरीदी से संबंधित सभी तैयारियां समय रहते पूर्ण करने पर जोर दिया। इसके अलावा समस्त अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को अपने-अपने अनुविभाग में आवश्यकतानुसार चेक पोस्ट स्थापित करने कहा गया है, जहां से अवैध धान की आवाजाही होती है। कलेक्टर ने सभी अनुविभागीय अधिकारियों को स्वयं फील्ड में जाकर अवलोकन करने के निर्देश दिए हैं।

कलेक्टर ने 13 नवंबर को आयोजित होने वाले जिला युवा कार्यक्रम तथा 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के आयोजन की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ आयोजन की सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने पहल कार्यक्रम के तहत विभागों को नवाचार आधारित कार्यों एवं योजनाओं के प्रस्ताव प्रस्तुत करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि यदि कोई विभाग जनहित में उपयोगी एवं प्रभावी नवाचार से संबंधित प्रस्ताव देना चाहता है, तो वह अपना प्रस्ताव प्रस्तुत कर सकता है।

बैठक में वीबी-जी रामजी, प्रधानमंत्री आवास योजना, अपार आईडी कार्ड, राजस्व विभाग सहित अन्य विभागों की योजनाओं एवं समय-सीमा में पूर्ण किए जाने वाले कार्यों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने तथा लंबित कार्यों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बेटे की हरकतों से परेशान पिता ने उठाया खौफनाक कदम, टंगिया से हत्या कर खुद पहुंचा थाने

No comments Document Thumbnail

 जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में पारिवारिक विवाद के दौरान हत्या की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। मुलमुला थाना क्षेत्र के डिघोरा गांव में एक पिता ने अपने ही बेटे की टंगिया से हमला कर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि बेटा शराब के नशे में घर पहुंचा था और किसी बात को लेकर विवाद करने लगा। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में पिता ने उस पर जानलेवा हमला कर दिया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी खुद मुलमुला थाने पहुंचा और पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया।


शराब के नशे में घर पहुंचा था बेटा

पुलिस से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान डिघोरा निवासी रावेन्द्र मरावी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रावेन्द्र को शराब पीने की लत थी। नशे की हालत में घर पहुंचने के बाद वह अक्सर परिजनों के साथ विवाद और मारपीट करता था।

घटना वाले दिन भी वह शराब के नशे में घर पहुंचा था। इसी दौरान परिवार में किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। गुस्से में आकर पिता ने टंगिया से बेटे पर हमला कर दिया।

आंगन में खून से लथपथ मिला शव

पिता के हमले में रावेन्द्र गंभीर रूप से घायल हो गया और घर के आंगन में खून से लथपथ होकर गिर पड़ा। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

हत्या के बाद खुद थाने पहुंचा आरोपी पिता

वारदात के बाद आरोपी पिता ने भागने की कोशिश नहीं की, बल्कि सीधे मुलमुला थाना पहुंच गया। वहां उसने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के आधार पर पारिवारिक विवाद को हत्या की वजह माना जा रहा है।

पुलिस जुटा रही साक्ष्य, जांच जारी

घटना की सूचना मिलने पर मुलमुला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। फिलहाल हत्या के पीछे की वास्तविक वजह और घटना से जुड़ी परिस्थितियों की जांच की जा रही है। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

स्टील प्लांट में भीषण विस्फोट के बाद लगी आग, 16 लोगों की मौत, 13 घायल

No comments Document Thumbnail

 इजमिर। तुर्किये के इजमिर प्रांत में सोमवार को एक इस्पात संयंत्र में हुए भीषण विस्फोट ने बड़ा हादसा खड़ा कर दिया। अलीआगा स्थित हाबास स्टील प्लांट में विस्फोट के बाद भीषण आग लग गई, जिसकी चपेट में आने से 16 लोगों की मौत हो गई, जबकि 13 अन्य घायल हो गए। घायलों में दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के समय प्लांट में करीब 200 कर्मचारी मौजूद थे।


तुर्किये के राष्ट्रपति रजब तैयब एर्दोआन ने मंत्रिमंडल की बैठक के बाद टेलीविजन पर प्रसारित संबोधन में घटना की पुष्टि की। उन्होंने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि मामले की न्यायिक और प्रशासनिक जांच शुरू कर दी गई है। जांच के जरिए विस्फोट के कारणों का पता लगाने के साथ यह भी निर्धारित किया जाएगा कि घटना में किसकी लापरवाही रही और इसके लिए कौन जिम्मेदार है।

क्रेन भट्ठी में गिरने से हुआ विस्फोट

प्रांतीय गवर्नर सुलेमान एल्बान के मुताबिक, प्लांट में बॉयलर बदलने का काम चल रहा था। इसी दौरान एक क्रेन भट्ठी में गिर गई, जिसके बाद जोरदार विस्फोट हुआ और आग लग गई। बॉयलर बदलने की वजह से संयंत्र में उत्पादन पहले से बंद था। यही कारण था कि हादसे के समय वहां सामान्य दिनों के मुकाबले कम कर्मचारी मौजूद थे। आमतौर पर घटनास्थल के आसपास करीब 300 कर्मचारी काम करते हैं, लेकिन सोमवार को यह संख्या लगभग 200 थी।

1987 में स्थापित हुआ था हाबास प्लांट

कंपनी की वेबसाइट के अनुसार, हाबास इस्पात संयंत्र की स्थापना वर्ष 1987 में हुई थी। इस प्लांट की सालाना इस्पात उत्पादन क्षमता करीब 45 लाख टन बताई गई है। हादसे के बाद संयंत्र में सुरक्षा व्यवस्था और औद्योगिक मानकों को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

औद्योगिक सुरक्षा पर उठे सवाल, जांच शुरू

इस भीषण हादसे के बाद अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि बॉयलर बदलने के दौरान निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं। इसके अलावा क्रेन भट्ठी में कैसे गिरी और विस्फोट किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी भी जांच की जा रही है।

राष्ट्रपति एर्दोआन ने स्पष्ट किया है कि घटना के सभी पहलुओं की जांच होगी और यदि किसी की लापरवाही सामने आती है तो उसकी जिम्मेदारी तय की जाएगी। हादसे ने एक बार फिर औद्योगिक संयंत्रों में कर्मचारियों की सुरक्षा और कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

CG Murder: शराब के नशे में बेटे ने मां को पीट-पीटकर मार डाला, बचाने आई बहन पर भी किया हमला

No comments Document Thumbnail

 जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक दर्दनाक वारदात सामने आई है। यहां शराब के नशे में धुत एक युवक ने मामूली विवाद के बाद अपनी ही मां की बेरहमी से पिटाई कर दी। आरोपी ने चूल्हे के पास रखे अधजले लकड़ी के डंडे से मां पर ताबड़तोड़ वार किए। बीच-बचाव करने पहुंची बहन को भी उसने नहीं बख्शा और उस पर भी हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल मां ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।


घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटे रोशन मिंज उर्फ जिंदल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल लकड़ी का डंडा भी जब्त कर लिया है।

खाना नहीं मिलने पर शुरू हुआ विवाद, मां पर बरसाए डंडे

पूरा मामला जशपुर सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के गढ़ाटोली इलाके का है। मृतका की पहचान वेनेदिक्ता कुजूर के रूप में हुई है। आरोपी रोशन मिंज शासकीय नवीन महाविद्यालय मनोरा में बीकॉम प्रथम वर्ष का छात्र है और हॉस्टल में रहकर पढ़ाई करता है।

पुलिस के मुताबिक, 7 नवंबर की रात आरोपी अपने दोस्तों के साथ शराब पीने के बाद घर पहुंचा था। घर आते ही उसने मां से खाना मांगा। खाना नहीं मिलने की बात पर मां और बेटे के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने आपा खो दिया।

अधजले लकड़ी के डंडे से मां पर किया जानलेवा हमला

गुस्से में आरोपी ने घर के चूल्हे के पास रखा अधजला लकड़ी का डंडा उठा लिया और अपनी मां पर हमला कर दिया। उसने महिला के हाथ, पैर और पीठ पर कई वार किए। हमले में वेनेदिक्ता कुजूर गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ीं।

इस दौरान घर में मौजूद आरोपी की बहन मां की चीख-पुकार सुनकर जाग गई। वह मां को बचाने के लिए बीच में पहुंची, लेकिन आरोपी ने उस पर भी डंडे से हमला कर दिया। इसके बाद आरोपी अपने छोटे भाई के पास पहुंचा और खाना नहीं बचाने की बात को लेकर उसे भी धमकाया।

वारदात के बाद फरार हुआ आरोपी, अस्पताल में तोड़ा दम

मां और बहन पर हमला करने के बाद आरोपी मौके से फरार होकर जुरगुम की ओर चला गया। घर में मौजूद बच्चों ने एंबुलेंस की मदद से गंभीर रूप से घायल महिला को जिला अस्पताल जशपुर पहुंचाया, जहां उनका इलाज शुरू किया गया।

अगले दिन 8 नवंबर की सुबह करीब 7 बजे मृतका के पति सुरेंद्र मिंज को एक परिचित के माध्यम से घटना की जानकारी मिली। वह तत्काल अस्पताल पहुंचे। पत्नी से बातचीत के दौरान उन्हें पूरी घटना का पता चला। इसके बाद वह अपनी बेटी की दवाई लेने घर चले गए।

जब वह दोबारा अस्पताल लौटे तो उन्हें पता चला कि उनकी पत्नी वेनेदिक्ता कुजूर की उपचार के दौरान मौत हो चुकी है। इस खबर से परिवार में मातम पसर गया।

पुलिस ने 24 घंटे के भीतर आरोपी बेटे को दबोचा

घटना के बाद मृतका के पति की शिकायत पर सिटी कोतवाली जशपुर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की और 9 नवंबर को उसे गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने शराब पीकर घर आने और खाना नहीं मिलने की बात पर मां से विवाद होने की बात स्वीकार की। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल अधजला लकड़ी का डंडा गवाहों की मौजूदगी में जब्त कर लिया है।

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। मृतका के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया। आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

खाटूश्याम जाने वाले भक्त ध्यान दें! 19 घंटे बंद रहेंगे मंदिर के पट, जानें कब होंगे दर्शन

No comments Document Thumbnail

 सीकर। राजस्थान के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल खाटूश्यामजी मंदिर जाने की योजना बना रहे श्रद्धालुओं के लिए जरूरी खबर है। बाबा श्याम के विशेष तिलक और भव्य श्रृंगार के चलते मंदिर में दर्शन व्यवस्था अस्थायी रूप से बंद रखी जाएगी। श्रीश्याम मंदिर कमेटी की ओर से जारी सूचना के अनुसार, 11 नवंबर की रात 10 बजे से 12 नवंबर 2026 की शाम 5 बजे तक मंदिर के पट बंद रहेंगे। इस दौरान करीब 19 घंटे तक श्रद्धालु बाबा श्याम के दर्शन नहीं कर सकेंगे।


मंदिर प्रबंधन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे दर्शन के लिए आने से पहले निर्धारित समय का ध्यान रखें और अपनी यात्रा उसी के अनुसार तय करें। खासकर दूसरे शहरों और राज्यों से खाटूधाम पहुंचने वाले भक्तों को इस बदलाव की जानकारी होना जरूरी है।

12 नवंबर को होगा बाबा श्याम का विशेष तिलक और श्रृंगार

खाटूश्यामजी मंदिर में 12 नवंबर, गुरुवार को बाबा श्याम की विशेष सेवा-पूजा और तिलक श्रृंगार का धार्मिक आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर पारंपरिक विधि-विधान के साथ बाबा का विशेष तिलक किया जाएगा और भव्य श्रृंगार किया जाएगा।

इसी धार्मिक अनुष्ठान की तैयारियों और सेवा-पूजा को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए आम श्रद्धालुओं के दर्शन पर अस्थायी रोक लगाने का निर्णय लिया गया है। मंदिर कमेटी ने इस संबंध में आधिकारिक सूचना जारी कर भक्तों को पहले से जानकारी दे दी है।

कब से कब तक बंद रहेंगे मंदिर के पट?

श्रीश्याम मंदिर कमेटी द्वारा जारी सूचना के अनुसार दर्शन बंद रहने का निर्धारित समय इस प्रकार है:

  • दर्शन बंद: 11 नवंबर 2026, रात 10 बजे

  • विशेष आयोजन: बाबा श्याम का तिलक एवं भव्य श्रृंगार

  • दर्शन दोबारा शुरू: 12 नवंबर 2026, शाम 5 बजे

  • कुल अवधि: लगभग 19 घंटे

शाम 5 बजे के बाद कर सकेंगे बाबा श्याम के दर्शन

मंदिर कमेटी के अनुसार, 12 नवंबर को शाम 5 बजे मंदिर के पट श्रद्धालुओं के लिए फिर से खोल दिए जाएंगे। इसके बाद भक्त पहले की तरह बाबा श्याम के दर्शन कर सकेंगे।

ऐसे में जो श्रद्धालु 11 और 12 नवंबर को खाटूधाम जाने की तैयारी कर रहे हैं, उन्हें इस समय-सारिणी का विशेष ध्यान रखना चाहिए। मंदिर के पट बंद रहने की अवधि में पहुंचने पर उन्हें दर्शन के लिए इंतजार करना पड़ सकता है।

खाटूधाम जाने से पहले जरूर जान लें यह जरूरी जानकारी

खाटूश्यामजी मंदिर में देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। विशेष अवसरों और धार्मिक आयोजनों के दौरान दर्शन व्यवस्था में बदलाव किया जाता है। इसलिए भक्तों को सलाह दी गई है कि वे यात्रा शुरू करने से पहले मंदिर कमेटी की ओर से जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी जरूर प्राप्त करें।

बाबा श्याम के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालु 12 नवंबर को शाम 5 बजे के बाद का समय निर्धारित कर अपनी यात्रा की योजना बनाएं, ताकि उन्हें किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

Road Accident in Mahasamund: सड़क दुर्घटना में दो युवकों की मौत

No comments Document Thumbnail

महासमुंद- राष्ट्रीय राजमार्ग-353 पर खरोरा गाँव के पास बीती रात करीब साढ़े 7 बजे एक तेज रफ्तार स्कार्पियो के बिजली के खम्बे से टकरा कर सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा जाने से दो युवकों की मौत हो गई। तीन लोग घायल हैं, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई गई है।

 पुलिस के अनुसार स्कार्पियो वाहन में बैठकर 5 लड़के घूम रहे थे। त्रिमूर्ति कॉलोनी राजू गैरेज के पास अनियंत्रित वाहन बिजली खम्बे से टकरा कर सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। इससे यथार्थ दुबे (18) पिता मयंक दुबे, निवासी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, शिवा ठाकुर (19) पिता स्व. अशोक ठाकुर वार्ड नं 30, नया रावणभाठा महासमुंद की मौत हो गई। 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्कार्पियो में 5 लोग सवार थे। पीछे बैठे दो युवकों की मौत हो गई। सामने का एयरबेग खुलने से सामने बैठे युवक सुरक्षित हैं। 

बहरहाल पुलिस मर्ग कायम कर विवेचना कर रही है।

बुझ गया दो घरों का चिराग

दोनों ही परिवारों में एक-एक पुत्र थे। शिवा के पिता पहले दिवंगत हो चुके हैं। 


गोवर्धन पूजा पर सीएम साय ने प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएं, किसानों की समृद्धि के लिए की प्रार्थना

No comments Document Thumbnail

 रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गोवर्धन पूजा और छत्तीसगढ़ के पारंपरिक लोकपर्व गौरा-गौरी के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण और गौरा-गौरी से छत्तीसगढ़ की सुख-समृद्धि, खुशहाली और निरंतर विकास की कामना की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि गोवर्धन पूजा और गौरा-गौरी जैसे पर्व हमारी धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक एकता के प्रतीक हैं।


मुख्यमंत्री साय ने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि गोवर्धन पूजा सनातन संस्कृति का महत्वपूर्ण पर्व है। यह प्रकृति, पर्यावरण और गौवंश के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता प्रकट करने का अवसर प्रदान करता है। भगवान श्रीकृष्ण की गोवर्धन लीला हमें प्रकृति और जीव-जंतुओं के संरक्षण के साथ मिल-जुलकर रहने तथा सामूहिक सहयोग की प्रेरणा देती है।

गौरा-गौरी पर्व छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान: मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ का पारंपरिक लोकपर्व गौरा-गौरी प्रदेश की समृद्ध लोकसंस्कृति, आस्था और सामाजिक समरसता का जीवंत उदाहरण है। यह पर्व प्रदेश की मिट्टी से जुड़ी परंपराओं, ग्रामीण जीवन और लोकविश्वास को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि ऐसे पारंपरिक त्योहार हमारी सांस्कृतिक विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का काम करते हैं। साथ ही समाज में प्रेम, भाईचारे, सद्भाव और एकजुटता की भावना को मजबूत बनाते हैं।

किसानों और प्रदेशवासियों की खुशहाली के लिए की कामना

मुख्यमंत्री साय ने कामना की कि भगवान श्रीकृष्ण और गौरा-गौरी के आशीर्वाद से छत्तीसगढ़ के खेत-खलिहान हमेशा धन-धान्य से भरे रहें। प्रदेश के अन्नदाताओं के जीवन में सुख और समृद्धि आए तथा हर परिवार में शांति, खुशहाली और सकारात्मकता बनी रहे।

उन्होंने प्रदेशवासियों से अपनी धार्मिक आस्था और पारंपरिक संस्कृति को सहेजते हुए आपसी प्रेम और सद्भाव के साथ त्योहार मनाने का संदेश भी दिया।

गोवर्धन पूजा में गाय के गोबर से ही क्यों बनाते हैं पर्वत? जानें इसके पीछे की धार्मिक वजह

No comments Document Thumbnail

Govardhan Puja 2026 :  दीपावली के अगले दिन मनाई जाने वाली गोवर्धन पूजा का हिंदू धर्म में विशेष महत्व है। इस दिन भगवान श्रीकृष्ण और गोवर्धन पर्वत की पूजा-अर्चना की जाती है। घरों के आंगन में गाय के गोबर से गोवर्धन पर्वत की आकृति बनाकर उसे फूलों, पत्तियों और रंगोली से सजाया जाता है। इसके बाद विधि-विधान से पूजा कर भगवान श्रीकृष्ण को अन्नकूट का भोग लगाया जाता है। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि गोवर्धन पूजा पर पर्वत की आकृति बनाने के लिए गाय के गोबर का ही इस्तेमाल क्यों किया जाता है? इसके पीछे सदियों पुरानी धार्मिक मान्यता और प्रकृति से जुड़ी परंपरा है।


दरअसल, हिंदू धर्म में गाय को माता का दर्जा दिया गया है और उसके गोबर को भी पवित्र माना जाता है। यही वजह है कि गोवर्धन पूजा के दिन गोबर से पर्वत की आकृति बनाकर उसकी पूजा करने की परंपरा चली आ रही है। इसे भगवान श्रीकृष्ण, गौ माता और प्रकृति के प्रति सम्मान तथा कृतज्ञता व्यक्त करने का प्रतीक माना जाता है।

गोवर्धन पूजा में गोबर से पर्वत बनाने की क्या है मान्यता?

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, गाय का गोबर पवित्रता और समृद्धि का प्रतीक माना जाता है। प्राचीन समय से ही भारतीय परंपरा में घरों और पूजा स्थलों की शुद्धि के लिए गोबर का उपयोग किया जाता रहा है। गोवर्धन पूजा पर इसी परंपरा के तहत गाय के गोबर से पर्वत की आकृति बनाई जाती है।

कई घरों में गोबर से गोवर्धन पर्वत बनाने के बाद उसके आसपास गाय, बछड़े, पेड़-पौधों और ग्वाल-बालों की छोटी-छोटी आकृतियां भी तैयार की जाती हैं। इसके बाद फूल, रोली, अक्षत और दीपक से पूजा की जाती है। यह परंपरा मनुष्य, पशुधन और प्रकृति के आपसी संबंध को दर्शाती है।

भगवान श्रीकृष्ण से जुड़ी है गोवर्धन पूजा की पौराणिक कथा

गोवर्धन पूजा की परंपरा भगवान श्रीकृष्ण से जुड़ी एक प्रसिद्ध पौराणिक कथा पर आधारित है। मान्यता के अनुसार, द्वापर युग में गोकुल के लोग देवराज इंद्र को प्रसन्न करने के लिए उनकी पूजा की तैयारी कर रहे थे। तब भगवान श्रीकृष्ण ने उन्हें समझाया कि इंद्र की पूजा के बजाय गोवर्धन पर्वत की आराधना करनी चाहिए, क्योंकि यह पर्वत ब्रजवासियों और उनके पशुओं को भोजन, चारा और आश्रय प्रदान करता है।

श्रीकृष्ण की बात मानकर ब्रजवासियों ने गोवर्धन पर्वत की पूजा की। इससे देवराज इंद्र क्रोधित हो गए और उन्होंने पूरे ब्रज में मूसलाधार बारिश शुरू कर दी। लगातार बारिश के कारण लोगों के सामने संकट खड़ा हो गया। तब भगवान श्रीकृष्ण ने अपनी छोटी अंगुली पर गोवर्धन पर्वत उठा लिया और सभी ब्रजवासियों तथा उनके पशुओं को उसके नीचे सुरक्षित आश्रय दिया।

सात दिनों तक भगवान श्रीकृष्ण ने पर्वत को धारण किए रखा। आखिरकार देवराज इंद्र को अपनी भूल का एहसास हुआ और उन्होंने वर्षा रोक दी। इसी घटना की याद में हर साल कार्तिक शुक्ल प्रतिपदा को गोवर्धन पूजा का पर्व मनाया जाता है।

गोवर्धन पूजा में गाय और प्रकृति की आराधना का महत्व

गोवर्धन पूजा केवल भगवान श्रीकृष्ण की उपासना का पर्व नहीं है, बल्कि यह प्रकृति और पशुधन के महत्व को भी समझाता है। इस दिन गौ माता की पूजा करने, उन्हें स्नान कराने और हरा चारा, गुड़ तथा रोटी खिलाने की परंपरा है।

धार्मिक मान्यता है कि गौ सेवा करने से भगवान श्रीकृष्ण प्रसन्न होते हैं और परिवार पर उनकी कृपा बनी रहती है। वहीं गोवर्धन पर्वत की पूजा प्रकृति से मिलने वाले संसाधनों के प्रति आभार व्यक्त करने का संदेश देती है।

गोवर्धन पूजा पर अन्नकूट का भोग लगाने की परंपरा

इस पर्व पर भगवान श्रीकृष्ण को अन्नकूट का भोग लगाने का विशेष विधान है। अन्नकूट में विभिन्न प्रकार के अनाज, मौसमी सब्जियां, मिठाइयां और पकवान शामिल किए जाते हैं। कई मंदिरों में इस अवसर पर छप्पन भोग भी तैयार किया जाता है।

पूजा के बाद अन्नकूट का प्रसाद श्रद्धालुओं और जरूरतमंदों में वितरित किया जाता है। मान्यता है कि इससे घर में अन्न-धन की कमी नहीं होती और परिवार में सुख-समृद्धि बनी रहती है।

आस्था के साथ प्रकृति संरक्षण का संदेश देता है यह पर्व

गोवर्धन पूजा की परंपरा हमें प्रकृति, पशुओं और पर्यावरण के महत्व का एहसास कराती है। गाय, गोबर, अन्न और गोवर्धन पर्वत को पूजा में शामिल करना इस बात का प्रतीक है कि मानव जीवन प्रकृति पर निर्भर है। यही कारण है कि यह पर्व धार्मिक आस्था के साथ-साथ प्रकृति के प्रति सम्मान, संरक्षण और कृतज्ञता का संदेश भी देता है।

आज का समाचार बुलेटिन | 10 नवंबर 2026 | छत्तीसगढ़ सहित देश-दुनिया की प्रमुख खबरें

No comments Document Thumbnail

नमस्कार! प्रस्तुत है आज सुबह का विशेष समाचार बुलेटिन। इसमें छत्तीसगढ़, देश-दुनिया, राजनीति, अर्थव्यवस्था, शेयर बाजार, रक्षा, तकनीक, शिक्षा, कृषि, मौसम, खेल और मनोरंजन की प्रमुख खबरें शामिल हैं।

छत्तीसगढ़ की बड़ी खबरें

रायपुर के डूमरतराई अनाज बाजार में भीषण आग

आग से तीन दुकानों को नुकसान पहुंचा। करीब 10 दमकल वाहनों ने आग बुझाने का प्रयास किया। नुकसान करोड़ों में होने की आशंका।

15 नवंबर से धान खरीदी की तैयारी

राज्य में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 की धान खरीदी 15 नवंबर से शुरू करने का निर्णय। घोषित दर ₹3,100 प्रति क्विंटल और अधिकतम 21 क्विंटल प्रति एकड़ की सीमा बताई गई है।

रायपुर-चेन्नई इंडिगो फ्लाइट डायवर्ट

दिवाली के पटाखों के धुएं से रनवे की दृश्यता प्रभावित होने के कारण 8 नवंबर की उड़ान को बेंगलुरु डायवर्ट किया गया।

गरियाबंद में दर्दनाक सड़क हादसा

महानदी में कार गिरने से पत्रकार सहित एक ही परिवार के चार लोगों की मौत की खबर।

जगदलपुर में ₹1.74 करोड़ के सोने की चोरी

ग्राहक बनकर पहुंची महिलाओं पर शोरूम से लगभग 1.2 किलो सोने के आभूषण चोरी करने का आरोप। पुलिस CCTV फुटेज की जांच कर रही है।

राष्ट्रीय समाचार

पीएम मोदी का बस्तर में बड़ा बयान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बस्तर में कहा कि सशस्त्र नक्सलवाद को पराजित करने के बाद भी विकास और सुरक्षा की चुनौती समाप्त नहीं हुई है। उन्होंने सुरक्षा बलों के बलिदान और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में हुए विकास कार्यों का उल्लेख किया।

छत्तीसगढ़ के तीन शहरों को स्वच्छता सम्मान

रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा का चयन स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के राष्ट्रीय पुरस्कारों के लिए हुआ है। राष्ट्रपति 11 नवंबर को पुरस्कार प्रदान करेंगी।

आंध्र प्रदेश के डिप्टी सीएम पवन कल्याण चर्चा में

पवन कल्याण और उनकी पत्नी अन्ना लेझनेवा ने अलग होने की घोषणा की है।

अंतरराष्ट्रीय समाचार

अमेरिका-ईरान तनाव में कूटनीतिक हल के संकेत

डोनाल्ड ट्रंप ने कतर के प्रधानमंत्री से मुलाकात के बाद कहा कि ईरान के साथ युद्ध प्रभावी रूप से समाप्त हो चुका है। हालांकि सैन्य कार्रवाई की संभावना को पूरी तरह खारिज नहीं किया है।

तुर्किये में स्टील फैक्ट्री में बड़ा विस्फोट

स्टील प्लांट में हुए विस्फोट में कम से कम 16 लोगों की मौत और कई लोगों के घायल होने की खबर है।

अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट का बॉर्डर वॉल पर फैसला

अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने टेक्सास में सीमा दीवार निर्माण दोबारा शुरू करने की अनुमति दी है।

व्हाइट हाउस में सुरक्षा अलर्ट

पास में कार दुर्घटना के बाद व्हाइट हाउस में कुछ समय के लिए लॉकडाउन लगाया गया। दो लोगों को गिरफ्तार किया गया।

अर्थव्यवस्था एवं कारोबार
  • वैश्विक कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से भारतीय अर्थव्यवस्था को राहत मिलने की उम्मीद।

  • विदेशी निवेशकों ने नवंबर में अब तक भारतीय शेयर बाजार में 4.1 अरब डॉलर से अधिक का निवेश किया है।

  • भारतीय रुपये ने छह दिनों की मजबूती के बाद सोमवार को मामूली गिरावट दर्ज की।

  • RBI की ओर से सरकारी प्रतिभूतियों की नीलामी और बैंकिंग तरलता प्रबंधन से संबंधित गतिविधियां जारी हैं।

शेयर बाजार की खबरें

सोमवार, 9 नवंबर का बाजार, बढ़त के साथ बंद

NIFTY 50- 25,044.65, +0.23%

SENSEX- 81,106.65, +0.13%

आज बाजार बंद

10 नवंबर को दिवाली बलिप्रतिपदा के कारण NSE और BSE में कारोबार नहीं होगा। अगला कारोबारी सत्र 11 नवंबर को होगा।

बैंकिंग एवं वित्त

  • RBI ने 9 नवंबर को चार दिवसीय Variable Rate Repo (VRR) नीलामी का परिणाम जारी किया।

  • RBI के बैंकिंग ऋण और वित्तीय बाजार से संबंधित आंकड़े इस सप्ताह महत्वपूर्ण रहेंगे।

  • 12 नवंबर को भारत की अक्टूबर महीने की खुदरा महंगाई के आंकड़े आने की उम्मीद है।

रक्षा एवं राष्ट्रीय सुरक्षा
  • बस्तर में प्रधानमंत्री ने सुरक्षा बलों के योगदान और नक्सलवाद के खिलाफ अभियान की उपलब्धियों को रेखांकित किया।

  • ईरान और अमेरिका के बीच जारी तनाव के कारण पश्चिम एशिया की सुरक्षा स्थिति पर दुनिया की नजर बनी हुई है।

  • रूस-यूक्रेन संघर्ष को लेकर अबू धाबी में संभावित बातचीत पर भी चर्चा जारी है।

विज्ञान, तकनीक एवं AI

Anthropic के नए AI मॉडल लॉन्च

कंपनी ने Claude Fable 5.2 और Mythos 5.2 मॉडल पेश किए हैं। कंपनी के अनुसार नए मॉडल कोडिंग और जटिल कार्यों में बेहतर गति और कम लागत का दावा करते हैं।

Voyager-1 की ऐतिहासिक उपलब्धि करीब

NASA का Voyager-1 अंतरिक्ष यान 18 नवंबर को पृथ्वी से एक प्रकाश-दिवस की दूरी पार करने वाला है।

कृषि एवं किसान समाचार

छत्तीसगढ़ के किसानों के लिए महत्वपूर्ण अपडेट

  • 15 नवंबर से धान खरीदी प्रस्तावित है।

  • समर्थन मूल्य के तहत ₹3,100 प्रति क्विंटल की दर घोषित की गई है।

  • 3,100 धान खरीदी केंद्र संचालित करने की तैयारी की खबर है।

  • एग्रीस्टैक ID और डिजिटल फसल सर्वे के आधार पर खरीदी प्रक्रिया को सरल बनाने का निर्णय लिया गया है।

मौसम समाचार

छत्तीसगढ़ में मौसम सामान्य रहने का अनुमान

IMD रायपुर की 9 नवंबर की उपलब्ध चेतावनी के अनुसार 15 नवंबर तक राज्य में कोई व्यापक मौसम चेतावनी नहीं है।

  • रायपुर में अधिकतम तापमान लगभग 31°C रहने का अनुमान।

  • उत्तर छत्तीसगढ़ में सुबह अपेक्षाकृत ठंडक रह सकती है।

  • दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार और कुछ अन्य राज्यों में आंधी-बारिश की चेतावनी की खबर है।

खेल समाचार
  • छत्तीसगढ़ रणजी ट्रॉफी के दो मुकाबलों को रायपुर से बाहर स्थानांतरित किए जाने की खबर है।

सिनेमा एवं मनोरंजन

  • तकनीकी जगत में AI मॉडल लॉन्च की खबर भी प्रमुख ट्रेंड में है।

दिवाली पर जुए का खेल खेलने वालों पर पुलिस का शिकंजा, 58 जुआरी गिरफ्तार; 85 हजार से ज्यादा नकदी जब्त

No comments Document Thumbnail

 बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में दिवाली के दौरान जुए के अड्डों पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। 52 पत्ती के खेल में रुपये दांव पर लगाने वाले जुआरियों के खिलाफ जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में अभियान चलाया गया। दो चरणों में हुई कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कुल 58 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 85 हजार 360 रुपये नकद और ताशपत्ती जब्त की गई है।


दो चरणों में पुलिस की दबिश, 58 आरोपी गिरफ्तार

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, 6 नवंबर को भाटापारा ग्रामीण, पलारी, लवन, सिमगा और सुहेला थाना पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की। इस दौरान जुआ खेलते हुए 27 लोगों को पकड़ा गया। आरोपियों के पास से 28 हजार 130 रुपये नकद और 52 पत्ती ताश जब्त की गई।

इसके बाद 7 और 8 नवंबर को पुलिस ने दूसरे चरण में कार्रवाई की। सुहेला, भाटापारा शहर, कसडोल और सिमगा थाना क्षेत्रों में दबिश देकर 31 जुआरियों को गिरफ्तार किया गया। इस कार्रवाई में 57 हजार 230 रुपये नकद और ताशपत्ती बरामद की गई।

जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत दर्ज हुआ मामला

पुलिस ने सभी गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 की धारा 3(2) और 5 सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की है।

पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देश पर जिले में अवैध जुआ, सट्टा और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस तरह की अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

छत्तीसगढ़ में हाथियों का कहर: एक ही रात दो ग्रामीणों की मौत, गांवों में दहशत; खेतों की रखवाली करना भी हुआ मुश्किल

No comments Document Thumbnail

 सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में हाथियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। जिले में एक ही रात हाथियों के हमले की दो अलग-अलग घटनाओं में दो ग्रामीणों की जान चली गई। दोनों घटनाओं के बाद आसपास के गांवों में भय का माहौल है। खेतों में फसलों की रखवाली करने वाले ग्रामीणों में खास तौर पर दहशत बनी हुई है। लगातार हो रहे हाथियों के हमलों ने ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।


सकलपुर में हाथी के हमले से ग्रामीण की मौत

हाथी के हमले की पहली घटना प्रतापपुर क्षेत्र के ग्राम सकलपुर में हुई। यहां कबरा कान वाले हाथी ने एक ग्रामीण पर अचानक हमला कर दिया। हमले में ग्रामीण की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों में हाथियों की आवाजाही को लेकर भय का माहौल है।

सोनपुर में धान की रखवाली कर रहे किसान को कुचला

दूसरी घटना सूरजपुर वन परिक्षेत्र के सलका बीट अंतर्गत ग्राम सोनपुर के पण्डोपारा में सामने आई। यहां 40 वर्षीय मट्टूलाल पिता लालसाय रात के समय अपने घर के पास धान की फसल की रखवाली कर रहा था।

इसी दौरान अचानक एक हाथी वहां पहुंच गया और मट्टूलाल पर हमला कर दिया। हाथी के हमले में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक की लहर फैल गई। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।

एक रात में दो मौतों से ग्रामीणों में भय

एक ही रात में दो ग्रामीणों की मौत की घटनाओं ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। ग्रामीणों को अब खेतों में जाने के साथ-साथ घरों के आसपास भी हाथियों की मौजूदगी का डर सता रहा है। खासकर रात के समय फसल की रखवाली करना ग्रामीणों के लिए जोखिम भरा हो गया है।

लगातार हो रहे हाथी-मानव संघर्ष ने वन विभाग की निगरानी और ग्रामीणों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि वन विभाग हाथियों की गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाएगा और संभावित खतरे वाले गांवों में समय रहते अलर्ट जारी करेगा।

CM विष्णुदेव साय ने परिवार संग मनाई दीपावली, पत्नी कौशल्या साय के साथ जलाए दीप

No comments Document Thumbnail

 रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दीपावली का पर्व अपने परिवार के साथ हर्षोल्लास से मनाया। मुख्यमंत्री निवास में दीपावली के अवसर पर उत्सव और उल्लास का माहौल रहा। मुख्यमंत्री ने अपनी धर्मपत्नी कौशल्या साय और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ दीप प्रज्वलित कर खुशियों का यह त्योहार मनाया। इस दौरान मुख्यमंत्री निवास को आकर्षक रोशनी और दीपों से सजाया गया था।


परिवार के साथ फुलझड़ियां और अनार जलाए

दीपावली के मौके पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने परिवार के सदस्यों के साथ फुलझड़ियां और अनार जलाकर पर्व की खुशियां साझा कीं। परिवार के साथ त्योहार मनाते हुए मुख्यमंत्री के चेहरे पर उत्साह और प्रसन्नता नजर आई। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।


सीएम साय ने प्रदेशवासियों को दी दीपावली की शुभकामनाएं

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दीपावली के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए अपने संदेश में कहा कि प्रकाश का यह महापर्व सभी के जीवन में नई आशाओं, सकारात्मकता और खुशियों का उजाला लेकर आए। उन्होंने विकसित और समृद्ध छत्तीसगढ़ के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि विकास का प्रकाश प्रदेश के हर गांव और हर घर तक पहुंचना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में किसानों की खुशहाली, मातृशक्ति के आत्मनिर्भर बनने, युवाओं को बेहतर अवसर मिलने और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने प्रदेशवासियों से विकसित एवं खुशहाल छत्तीसगढ़ के निर्माण में सहभागी बनने का आह्वान किया। साथ ही मां लक्ष्मी और भगवान श्रीगणेश से सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि बनाए रखने की प्रार्थना की।

पीएम मोदी के बस्तर दौरे को बताया इस साल की दिवाली का खास अवसर

मुख्यमंत्री साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दीपावली के अवसर पर बस्तर दौरे का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि साल 2026 की दीपावली छत्तीसगढ़ और देश के लिए विशेष है। मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में नक्सलवाद और माओवादी आतंक के खिलाफ लड़ाई में मिली सफलता को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि दशकों पुरानी इस चुनौती से देश को मुक्ति मिली है।

उन्होंने इस अवसर को शांति, सुरक्षा और विकास की नई उम्मीदों से जोड़ते हुए कहा कि यह दीपावली प्रदेश के लिए एक नए दौर का प्रतीक है।

दिवाली की खुशियां मातम में बदलीं: नदी में गिरी कार, पत्रकार समेत एक ही परिवार के 4 लोगों की दर्दनाक मौत

No comments Document Thumbnail

 गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में दीपावली की रात एक हृदयविदारक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। राजिम के टीला एनीकट के पास एक कार अनियंत्रित होकर नदी में जा गिरी। इस भीषण दुर्घटना में कार सवार एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गई। मृतकों में पत्रकार शीतल साहू, उनकी पत्नी भारती साहू और दो बच्चे विकास साहू (19) एवं पूर्वा साहू (21) शामिल हैं। हादसे की खबर मिलते ही परिवार के गांव पसौद में शोक की लहर दौड़ गई।


दिवाली मनाने रायपुर से लौट रहा था परिवार

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शीतल साहू अपने परिवार के साथ दीपावली का त्योहार मनाने रायपुर से घर लौट रहे थे। कार में उनकी पत्नी भारती साहू, बेटा विकास और बेटी पूर्वा भी मौजूद थे। परिवार को त्योहार के मौके पर घर पहुंचना था, लेकिन रास्ते में ही काल ने उन्हें घेर लिया।

बताया जा रहा है कि देर रात राजिम के टीला एनीकट के पास अचानक कार चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और कार सीधे नदी में जा गिरी। हादसा इतना गंभीर था कि कार में सवार किसी भी सदस्य की जान नहीं बच सकी। एक ही परिवार के चार लोगों की मौत से गांव में दीपावली की खुशियां मातम में बदल गईं।

पत्रकार थे शीतल साहू, कार पर लिखा था 'मीडिया एग्जीक्यूटिव'

इस हादसे में जान गंवाने वाले शीतल साहू पत्रकार थे। दुर्घटनाग्रस्त कार पर 'मीडिया एग्जीक्यूटिव' लिखा हुआ था। वह अपनी पत्नी और दोनों बच्चों के साथ सफर कर रहे थे। किसी ने कल्पना भी नहीं की थी कि दीपावली मनाने घर लौट रहा यह परिवार कभी अपने घर नहीं पहुंच पाएगा।

पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच

घटना की सूचना मिलते ही चंपारण थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस दुर्घटनाग्रस्त कार के नदी में गिरने की परिस्थितियों का पता लगा रही है। शुरुआती जानकारी में कार के अनियंत्रित होने की बात सामने आई है, लेकिन वाहन चालक का नियंत्रण किन कारणों से छूटा और हादसा कैसे हुआ, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

फिलहाल पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। इस दर्दनाक हादसे ने पसौद गांव सहित पूरे क्षेत्र को गहरे शोक में डुबो दिया है। दीपावली की रात एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत से हर कोई स्तब्ध है।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.