Media24Media.com: international flights

Responsive Ad Slot


 

Showing posts with label international flights. Show all posts
Showing posts with label international flights. Show all posts

कोरोना के बीच अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर लगा प्रतिबंध 31 अगस्त तक बढ़ा, DGCA ने लिया फैसला

No comments Document Thumbnail

कोरोना के चलते DGCA ने इंटरनेशनल फ्लाइट्स पर लगे प्रतिबंध को अब 31 अगस्त 2021 तक के लिए बढ़ा दिया है। शुक्रवार को जारी एक सर्कुलर में कहा गया है कि यह प्रतिबंध अंतरराष्ट्रीय सभी कार्गो संचालन और खासतौर से DGCA द्वारा अप्रूव्ड फ्लाइट्स पर लागू नहीं होगा। DGCA ने कहा कि यह प्रतिबंध 31 अगस्त को रात 11 बजकर 59 मिनट तक लागू रहेगा। भारत से आने और जाने वाली इंटरनेशनल कॉमर्शियल फ्लाइट पर लगे प्रतिबंध की अवधि 31 जुलाई को समाप्त हो रही थी। 

बता दें कि इससे पहले DGCA ने कोरोना के प्रसार को रोकने के लिए इंटरनेशनल फ्लाइट्स पर लगाई गई रोक को 31 जुलाई तक बढ़ाया था। DGCA की ओर से जारी नए सर्कुलर में कहा गया है कि अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर प्रतिबंध बढ़ाने के फैसले का असर कार्गो विमानों पर नहीं पड़ेगा। इसके साथ ही इस प्रतिबंध से उन उड़ानों को भी छूट होगी जिन्हें खासतौर पर DGCA ने मंजूरी दी है। 

कोरोना  के चलते भारत में 23 मार्च 2020 से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को निलंबित कर दिया गया था, हालांकि मई 2020 से वंदे भारत अभियान और जुलाई 2020 से चयनित देशों के बीच द्विपक्षीय ‘एयर बबल’ व्यवस्था के तहत विशेष अंतरराष्ट्रीय विमान उड़ान भर रहे हैं। भारत का अमेरिका, ब्रिटेन, संयुक्त अरब अमीरात, केन्या, भूटान और फ्रांस समेत कई देशों के साथ ‘एयर बबल’ करार है। इसके तहत 2 देशों के बीच एयर बबल समझौते से विमानों का परिचालन एयरलाइन कंपनियां कर सकती है। भारत में कोरोना की तीसरी लहर की आशंका के मद्देनजर अंतरराष्ट्रीय यात्री विमानों पर निलंबन बढ़ाने का फैसला किया गया है।

44 हजार 230 नए कोरोना मामले 


देश में शुक्रवार को कोरोना संक्रमण के 44 हजार 230 नए मामले सामने आए, जिसके बाद देश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 3 करोड़ 15 लाख 72 हजार 344 हो गई। वहीं 555 और लोगों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 4 लाख 23 हजार 217 हो गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से शुक्रवार को जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक देश में लगातार तीसरे दिन एक्टिव मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। देश में अभी 4 लाख 05 हजार 155 लोगों का कोरोना का इलाज चल रहा है, जो कुल मामलों का 1.28 प्रतिशत है। बीते 24 घंटे में एक्टिव मरीजों की संख्या में 1 हजार 315 बढ़ोतरी दर्ज की गई। मरीजों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर 97.38 प्रतिशत है।
Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.