Media24Media.com: Violence in Delhi

Responsive Ad Slot


 

Showing posts with label Violence in Delhi. Show all posts
Showing posts with label Violence in Delhi. Show all posts

हिंसा: हनुमान जन्मोत्सव की शोभायात्रा पर पथराव, अब तक 15 गिरफ्तार

No comments Document Thumbnail

दिल्ली के जहांगीरपुरी में शनिवार को हनुमान जन्मोत्सव की शोभायात्रा पर पथराव हुआ। साथ ही फायरिंग भी हुई। फिलहाल पुलिस ने फायरिंग करने वाले आरोपी अंसार को गिरफ्तार कर लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। वहीं पूरे इलाके में RAF की तैनाती की गई है। DCP नॉर्थ वेस्ट ऊषा रंगनानी ने बताया कि हिंसा में 8 पुलिस कर्मी और एक नागरिक घायल हुए हैं। एक सब इंस्पेक्टर को उपद्रवियों की गोली लगी है। वे अस्पताल में भर्ती हैं और उनकी हालत में सुधार है।

उन्होंने कहा कि उपद्रवियों ने इलाके में आगजनी भी की। तलवार और गोलियां भी चलीं। इस मामले में पुलिस ने 15 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पहले 9 लोग पकड़े गए, फिर 5 लोगों को अरेस्ट किया गया। पुलिस के मुताबिक इलाके में तनाव है, लेकिन हालात पर काबू पा लिया गया है। इलाके में RAF की दो कंपनियां तैनात की गई हैं। दिल्ली के तमाम संवेदनशील इलाकों में पुलिस तैनात है और हाई अलर्ट है।

दिल्ली में हिंसाग्रस्त इलाकों में पुलिस जवानों की तैनाती की गई है। पुलिस कमिश्नर ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें। इलाके में नाइट विजन ड्रोन से निगरानी की गई। स्पेशल पुलिस कमिश्नर दीपेंद्र पाठक ने शनिवार देर रात बताया कि FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पाठक ने कहा कि स्थिति पूरी तरह कंट्रोल में है। माहौल अब शांतिपूर्ण है। हम लोगों के साथ लगातार संपर्क में हैं और शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील कर रहे हैं। सुरक्षा के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस अधिकारी मौजूद हैं।

पुलिस की टीम ने इलाके के कई वीडियो फुटेज हासिल कर लिए हैं। इनमें कुछ लोगों की पहचान भी हो चुकी है। अफसरों का कहना है कि दोषियों से सख्ती से निपटा जाएगा। दिल्ली पुलिस ने उपद्रव की जांच के लिए 10 टीमें गठित की है। मामले की जांच क्राइम ब्रांच को सौंपी गई है। जहांगीरपुरी में हनुमान जन्मोत्सव के जुलूस में हुई हिंसा के मामले में पुलिस ने FIR दर्ज कर ली है। इसके मुताबिक जामा मस्जिद के पास हुई मामूली बहस ने हिंसा का रूप धारण कर लिया था। कुछ ही देर में पथराव शुरू हो गया और शोभा यात्रा में भगदड़ मच गई।  

गृह मंत्री अमित शाह ने ली घटना की जानकारी

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली पुलिस कमिश्नर राकेश अस्थाना से स्थिति की जानकारी ली। उन्हें लॉ एंड ऑर्डर बनाए रखने के लिए सभी जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए। घटना के बाद जवाहर लाल नेहरू यूनिवर्सिटी की भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। यहां रामनवमी के दिन पूजा को लेकर छात्रों के दो गुटों में मारपीट हुई थी। जहांगीरपुरी के कुशल सिनेमा के पास शाम करीब 5:30 बजे शोभायात्रा पर अचानक पथराव हुआ। इसके बाद दो गुटों में झड़प हो गई। कई गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई। कुछ वाहनों में आग भी लगा दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम भी इसकी चपेट में आ गई।

दिल्ली पुलिस के PRO अन्येश राय ने बताया कि ये एक पारंपरिक शोभायात्रा थी, जो हर साल निकलती है। यात्रा के साथ चल रहे पुलिसकर्मियों ने स्थिति संभाली। घटना के बाद कई थानों से एडिशनल पुलिस फोर्स बुलाई गई है। रैपिड एक्शन फोर्स ने इलाके में मार्च किया है। हंगामे के दौरान उपद्रवियों ने कई वाहनों में तोड़फोड़ की। हिंसा रोकने के दौरान पथराव में कई पुलिसकर्मी भी घायल हुए।

रिपोर्ट्स के मुताबिक दिल्ली में हुई घटना के बाद उत्तर प्रदेश सरकार ने भी राज्य में पुलिस प्रशासन को कड़ी ​​​​​​सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। दिल्ली से सटे नोएडा में भी शनिवार रात पुलिस ने फ्लैग मार्च किया। ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर लव कुमार भी इसमें शामिल रहे। उन्होंने बताया कि दिल्ली में घटना के बाद लोगों के मन में सुरक्षा का माहौल पैदा करने के लिए मार्च किया गया। विश्व हिंदू परिषद के प्रवक्ता विनोद बंसल ने शनिवार को ट्वीट कर बताया कि हनुमान जयंती शोभायात्रा पर इस्लामिक चरमपंथियों ने हमला किया। हमले में गोली चलने और पथराव की भी खबर है, जिसमें पुलिसकर्मी समेत कई घायल हैं। 

बंसल ने लिखा कि 'दिल्ली के जहांगीरपुरी में #हनुमान जन्मोत्सव शोभायात्रा पर इस्लामिक जिहादियों ने की पत्थर, तलवार और गोलियों की बौछार।' दिल्ली के उपराज्यपाल अनिल बैजल ने जहांगीरपुरी में हुई घटना की निंदा की है। एलजी ने कहा है कि हिंसा करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। हिंसा करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा। BJP नेता मनोज तिवारी ने कहा कि हनुमान जन्मोत्सव पर जहांगीरपुरी दिल्ली में पथराव की घटना हुई। ये राजधानी दिल्ली में एक बड़ी साजिश के तहत हो रहा है। इसकी तत्काल जांच कर दोषियों को सख्त से सख्त सजा मिले। उन्होंने सबसे शांति बनाए रखने की अपील की।

सबूत की जरूरत नहीं: BJP नेता कपिल  

BJP नेता कपिल मिश्रा ने कहा कि जहांगीरपुरी में बड़ी तादाद में बांग्लादेशी घुसपैठिए रहते हैं। दिल्ली के दंगों के दौरान भी यही हुआ था। छतों पर पत्थर कैसे पहुंचे हैं। अब किसी सबूत की जरूरत नहीं है। करौली के बाद खरगोन में भी यही हुआ था। रामनवमी और हनुमान जयंती पर क्या ये हमले संयोग हैं या प्रयोग। यह सीधेतौर पर आतंकी हमला है। अब किसी सबूत की जरूरत नहीं है।

दोषियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए: CM केजरीवाल

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली की सुरक्षा की जिम्मेदारी केंद्र सरकार की है। दिल्ली के जहांगीर पुरी में शोभायात्रा में पथराव की घटना बेहद निंदनीय है। जो भी दोषी हों उन पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। सभी लोगों से अपील है कि एक दूसरे का हाथ पकड़कर शांति बनाए रखें। आप नेता सौरभ भारद्वाज ने कहा कि यह बहुत सुंदर अ‌वसर था। हनुमान जयंती थी। दोनों समुदायों में कुछ लोग ऐसे हैं, जो हिंसा फैलाने का मौका नहीं छोड़ते। हम चाहते हैं कि यह मैसेज दिया जाए कि पुलिस मूकदर्शक नहीं है।

 

कांग्रेस ने विपक्षी नेताओं के साथ शुरू की मुहिम

कांग्रेस ने देशभर में हो रहे सांप्रदायिक दंगे के बीच इंडिया अगेंस्ट हेट मुहिम शुरू की है। पार्टी ने ट्विटर प्रोफाइल चेंज करते हुए एक नंबर भी जारी किया है। शनिवार को सोनिया गांधी समेत 13 विपक्षी नेताओं ने साझा बयान जारी किया था। बयान में कार्यकर्ताओं से ग्राउंड पर जाकर शांति स्थापित करने की अपील भी की गई थी।

आंध्र प्रदेश में 2 गुटों के बीच विवाद के बाद पथराव 

वहीं आंध्र प्रदेश में कुरनूल जिले के अलूर में दो समुदायों के लोगों के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों ओर से जमकर पथराव हो गया। पथराव में दोनों ओर के लोग घायल हुए हैं। मौके पर पुलिस तैनात है। पुलिस का कहना है कि स्थिति नियंत्रण में है और FIR दर्ज की जा रही है।

2 साल पहले हुए थे ऐसे ही दंगे

CAA और NRC को लेकर आंदोलन के दौरान 23 फरवरी 2020 की रात को दिल्ली में दंगे भड़क गए थे। 23 से 26 को हुए दंगे में उत्तर-पूर्वी दिल्ली के कई इलाकों में जो तांडव हुआ, उसके निशान अब तक मौजूद हैं। उत्तर पूर्वी दिल्ली के चांद बाग, खजूरी खास, बाबरपुर, जाफराबाद, सीलमपुर, मुख्य वजीराबाद रोड, करावल नगर, शिव विहार और ब्रह्मपुरी चपेट में आए थे। इन दंगों में 42 लोग मारे गए थे और 250 घायल हुए थे। मामले की जांच के लिए दो SIT बनाई गईं थीं। बता दें कि देश में साम्प्रदायिक तनाव दिन पर दिन बढ़ते दिख रहा है। बीते दिनों रामनवमी के मौके पर जुलूस और शोभायात्रा पर पथराव-आगजनी जैसी घटनाएं सामने आई थी।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.