Media24Media.com: MarriageDispute .#शामली_न्यूज। #प्रेम_प्रसंग। #प्रेमिका_की_बारात। #शादी_का_झांसा

Responsive Ad Slot


 

Showing posts with label MarriageDispute .#शामली_न्यूज। #प्रेम_प्रसंग। #प्रेमिका_की_बारात। #शादी_का_झांसा. Show all posts
Showing posts with label MarriageDispute .#शामली_न्यूज। #प्रेम_प्रसंग। #प्रेमिका_की_बारात। #शादी_का_झांसा. Show all posts

प्रेमी की दूसरी शादी की खबर सुन प्रेमिका ढोल-नगाड़ों के साथ पहुंची घर, वरमाला लेकर बोली- शादी मुझसे करो

No comments Document Thumbnail

 शामली। उत्तर प्रदेश के शामली में प्रेम प्रसंग से जुड़ा एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां देहरादून की एक युवती अपने परिजनों के साथ ढोल-नगाड़े बजवाते हुए प्रेमी के घर बारात लेकर पहुंच गई। हाथों में वरमाला और बैनर लेकर पहुंची युवती ने युवक से शादी करने की मांग की। युवती का आरोप है कि युवक पिछले सात साल से शादी का भरोसा देकर उसके साथ संबंध बनाता रहा, लेकिन अब किसी दूसरी युवती से विवाह करने जा रहा है। युवक के घर पहुंचने के बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। मामला बढ़ने पर पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। बाद में युवती ने कांधला थाने में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की।


सात साल पहले शुरू हुआ था प्रेम संबंध

युवती देहरादून की रहने वाली है। उसके मुताबिक, कई साल पहले उसकी मुलाकात शामली जिले के एलम कस्बे में रहने वाले एक युवक से हुई थी। युवक मर्चेंट नेवी में काम करता है और देहरादून आता-जाता था। इसी दौरान दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और धीरे-धीरे यह रिश्ता प्रेम संबंध में बदल गया।

युवती ने आरोप लगाया कि युवक ने उससे शादी करने का वादा किया था। साल 2019 में वह उसे अपने गांव एलम लेकर आया था। उस समय युवती की उम्र महज 16 साल थी। उसका आरोप है कि युवक ने शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। बालिग होने के बाद जब उसने शादी की बात उठाई तो युवक अलग-अलग बहाने बनाकर उसे टालता रहा।

दूसरी लड़की से शादी तय हुई तो लेकर पहुंच गई बारात

युवती के मुताबिक, हाल ही में उसे जानकारी मिली कि प्रेमी की शादी किसी दूसरी लड़की से तय हो गई है। शादी के कार्ड भी बांटे जा चुके थे। 20 नवंबर को युवक के घर मंढ़े की रस्म और 21 नवंबर को दिल्ली में बारात जाने की तैयारी थी।

यह खबर मिलने के बाद युवती ने अपने परिवार को पूरी बात बताई। इसके बाद वह अपनी मां, बहन और अन्य परिजनों के साथ देहरादून से शामली के एलम कस्बे पहुंच गई। उसके साथ ढोल-नगाड़े और वरमाला भी थी। युवती एक बैनर लेकर पहुंची थी, जिस पर लिखा था- 'दुल्हन लेकर आई बारात'।

युवक के घर पहुंचकर युवती ने उससे शादी करने की मांग की। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। युवती ने युवक के परिजनों पर अभद्र व्यवहार करने का भी आरोप लगाया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति संभालने का प्रयास किया।

रातभर चला हंगामा, अगले दिन थाने पहुंची युवती

गुरुवार देर रात तक दोनों पक्षों के बीच विवाद का समाधान नहीं निकल सका। युवती और उसके परिजन युवक के घर के बाहर मौजूद रहे। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने की कोशिश की, लेकिन शादी को लेकर सहमति नहीं बन पाई।

दूसरी तरफ युवक के घर पर शादी की तैयारियां जारी रहीं और मंढ़े की रस्म भी पूरी हो गई। इसके बाद शुक्रवार को युवती कांधला थाने पहुंची और लिखित शिकायत देकर युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उसने आरोप लगाया कि युवक शादी का भरोसा देकर वर्षों तक उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा और अब विवाह से इनकार कर रहा है।

2021 में भी दर्ज कराया था दुष्कर्म का मुकदमा

मामले में एक पुरानी शिकायत का भी खुलासा हुआ है। पुलिस के मुताबिक, युवती ने वर्ष 2021 में देहरादून में भी युवक के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया था। शामली के एएसपी सुमित शुक्ला ने बताया कि उस पुराने मामले में पुलिस की ओर से फाइनल रिपोर्ट (FR) लगाई जा चुकी है।

वहीं, युवक के भाई ने युवती के आरोपों को निराधार बताया है। उसका कहना है कि युवक ने कोई दुष्कर्म नहीं किया और वह युवती से शादी नहीं करना चाहता।

सोशल मीडिया पर लगाई मदद की गुहार, जान देने की कही बात

शुक्रवार शाम युवती की ओर से सोशल मीडिया पर एक नोट साझा किया गया। इसमें उसने युवक और उसके परिजनों पर उत्पीड़न के आरोप लगाए और पुलिस-प्रशासन से मदद नहीं मिलने की बात कही। युवती ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी न्याय की गुहार लगाई है। सोशल मीडिया पर साझा संदेश में उसने जान देने की चेतावनी भी दी है।

मामले में युवती के आरोपों और युवक पक्ष के दावों के बीच पुलिस की जांच तथा आगे की कानूनी कार्रवाई महत्वपूर्ण होगी।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.