Media24Media.com: हवाई यात्रा

Responsive Ad Slot


 

Showing posts with label हवाई यात्रा. Show all posts
Showing posts with label हवाई यात्रा. Show all posts

CG NEWS : हवाई यात्रा कर रायपुर पहुंचे बीजापुर के मेधावी विद्यार्थियों में आसमान छूने का हौसला

No comments Document Thumbnail

 रायपुर : राजधानी रायपुर के अध्ययन भ्रमण पर पहली बार हवाई यात्रा कर रायपुर आए बीजापुर के मेधावी छात्र-छात्राओं में अपने सपनों को पूरा करने के लिए आसमान छूने का हौसला है। ये बच्चे आईएएस, आईपीएस, डॉक्टर, इंजीनियर, शिक्षक बनना चाहते हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल पर बीजापुर के नवमी, दसवीं एवं ग्यारहवीं कक्षा के सौ छात्र-छात्राएं फ्लाईट से यात्रा कर पहली बार रायपुर आए हैं। इन छात्रों ने जगदलपुर से रायपुर तक हवाई जहाज में यात्रा की। आज स्वतंत्रता दिवस पर छू लो आसमां एजुकेशन सिटी बीजापुर में पढ़ाई कर रहे इन छात्र-छात्राओं ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से उनके निवास पर मुलाकात कर अपने अनुभव साझा किए।


कक्षा 11वीं की छात्रा डिम्पल ठाकुर ने मुख्यमंत्री को बताया कि पहली बार हवाई जहाज में चढ़ने का अनुभव बहुत रोमांचक रहा। पहले रायपुर आने का सोचा था, लेकिन पढ़ाई-लिखाई में मेहनत कर हवाई जहाज में इस तरह आउंगी नहीं सोचा था। डिम्पल ने कहा कि हम अपने सपनों को आसमान की ऊंचाईयों पर ले जाएंगे और मेहनत कर उनको पूरा करेंगे। मुख्यमंत्री साय ने बच्चों को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आप जीवन में खूब ऊंचाईयों को प्राप्त करें और लक्ष्य प्राप्त करने में सफल हो। रायपुर भ्रमण के दौरान इन बच्चों ने मुक्तांगन, जंगल सफारी, राम मंदिर का भ्रमण किया और रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित स्वतंत्रता दिवस के राज्य स्तरीय समारोह में शामिल हुए।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि आप सभी को मेहनत और लगन के साथ पढ़ाई करना है। मुख्यमंत्री के पूछे जाने पर बच्चों ने बताया कि वे आईएएस, आईपीएस, डॉक्टर, इंजीनियर और बिजनेसमैन बनना चाहते हैं। मुख्यमंत्री ने बच्चों को नई शिक्षा नीति 2020 के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि इस नीति में शिक्षा के साथ रोजगार को भी जोड़ा है। आप लोगों को व्यवसाय के साथ खेती-बाड़ी, पशुपालन जैसे क्षेत्रों में भी आगे बढ़ना चाहिए। मेरी जानकारी में ऐसे कुछ पढ़े लिखे आईएएस हैं, जो आज खेती-बाड़ी भी कर रहे हैं। होर्टिकल्चर, फ्लोरीकल्चर में अच्छी आमदनी के साथ सम्मान भी है। कुछ बच्चों ने कहा कि वे शिक्षक बनना चाहते हैं। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षक सबसे बड़े राष्ट्र निर्माता होते हैं, जो आईएएस, आईपीएस बनाते हैं। मुख्यमंत्री श्री साय ने बच्चों से कहा कि आप सभी सपने देखें, खूब मेहनत करिये और सफलता की ओर आगे बढ़ते हुए माता-पिता के अरमानों को पूरा कीजिए।

मुख्यमंत्री साय ने बच्चों से गोंड़ी भाषा के शब्द ‘‘नियद नेल्लानार‘‘ शब्द का अर्थ पूछा जिसपर एक छात्रा ने बताया ‘‘तुम्हारा प्यारा गांव‘‘। मुख्यमंत्री ने बताया कि बीजापुर, सुकमा, दंतेवाड़ा, कांकेर जैसे दूरस्थ क्षेत्रों को विकास के मुख्य धारा से जोड़ने के लिए हमने नियद नेल्लानार योजना शुरू की है। जिसके अंतर्गत 17 विभागों के अंतर्गत 58 व्यक्तिमूलक और 28 सार्वजनिक योजनाओं को शामिल किया गया है, जिसमें सुरक्षा कैम्पों की परिधि के पांच किलोमीटर के गांवों में लोगों को सड़क, बिजली, पानी, राशनकार्ड, आयुष्मान कार्ड, आधार कार्ड जैसी मूलभूत सुविधाएं लोगों को मुहैया कराई जा रही हैं।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि माओवाद आतंक से प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा कैम्प स्थापित कर रहे हैं। अब तक 32 कैम्प की स्थापना की गई है। जिसके अंतर्गत 91 गांव शामिल हैं और 29 नये कैम्पों की स्थापना की जा रही है। बस्तर अंचल पर्यटकों के लिए स्वर्ग के समान है। यहां सुन्दर वन हैं, चित्रकोट, तीरथगढ़, कुटुम्बसर गुफा और बारसूर गणेश जैसे मनोरम पर्यटन स्थल हैं। यहां पर्यटन के क्षेत्र में अपार सम्भावनाएं हैं। आप सभी की जिम्मेदारी है कि आप अच्छे से पढ़ाई करें और छत्तीसगढ़ का नाम रौशन करें। मुख्यमंत्री श्री साय ने इन छात्र-छात्राओं को उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि हमारी बेटियां अब सभी क्षेत्रों में आगे बढ़ रही हैं। शैक्षणिक क्षेत्र में टॉप 10 में ज्यादातर लड़कियां ही दिखाई पड़ती है।

मुख्यमंत्री ने छात्रावास में रहने वाले बच्चों से छात्रावास के भवन, भोजन व्यवस्था, साफ-सफाई की जानकारी ली। बच्चों ने बताया कि सभी व्यवस्थाएं अच्छी हैं। मुख्यमंत्री ने बच्चों को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्वच्छ भारत मिशन की जानकारी देते हुए अपने आसपास स्वच्छ वातावरण रखने की समझाईश दी। सेजेस के कक्षा 11वीं के छात्र अखिलेश मिश्रा ने मुख्यमंत्री को उनके स्कूल आने का आमंत्रण दिया। कक्षा 10वीं की छात्रा निशा यादव ने बच्चों के लिए हवाई यात्रा का वायदा पूरा करने पर मुख्यमंत्री साय के प्रति आभार प्रकट किया।

प्रधानमंत्री मोदी का संकल्प है, हवाई चप्पल पहनने वाले भी हवाई यात्रा कर सकें : मुख्यमंत्री साय

No comments Document Thumbnail

 रायपुर : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज अपने निवास कार्यालय रायपुर से वर्चुअली हरी झंडी दिखाकर बिलासा देवी केंवट विमानतल, बिलासपुर से बिलासपुर-दिल्ली और बिलासपुर-कोलकाता सीधी हवाई सेवा का शुभारंभ किया। उप मुख्यमंत्री अरुण साव सहित अनेक जनप्रतिनिधि बिलासा देवी केंवट विमानतल पर तथा मुख्यमंत्री निवास पर लोकसभा सांसद सुनील सोनी उपस्थित थे।


मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस अवसर पर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि हमारे प्रधानमंत्री जी का संकल्प है कि हवाई चप्पल पहनने वाले भी हवाई यात्रा कर सकें। इस उद्देश्य से पूरे देश में हवाई सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज न्यायधानी बिलासपुरवासियों की लंबे समय से चली आ रही एक बड़ी मांग पूरी हो रही है। बिलासपुर से कोलकाता और बिलासपुर से नई दिल्ली के लिए सीधी हवाई सेवा प्रारंभ हो रही है। मेरी ओर से इसके लिए बिलासपुर वासियों को बहुत-बहुत बधाई और शुभकामनाएं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह छत्तीसगढ़ के लिए खुशी की बात है। इस हवाई सेवा का लाभ बिलासपुर सहित पूरे छत्तीसगढ़ को मिलेगा। मुख्यमंत्री ने नई हवाई सेवा प्रारंभ करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को छत्तीसगढ़ की जनता की ओर से बधाई देते हुए उनके प्रति आभार प्रकट किया।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि आज जगदलपुर के लिए भी बड़ी खुश खबरी है, आज जगदलपुर से जबलपुर के लिए भी हवाई सेवा प्रारंभ हो रही है। इस हवाई सेवा का लाभ बस्तर क्षेत्र के लोगों को मिलेगा। यहां व्यापार और पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग आदि क्षेत्रों में नई संभावनाओं के द्वार खुलेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिलासपुर हवाई अड्डे को अपग्रेड करने का काम चल रहा है। जल्द ही यहां नाइट लैंडिंग की सुविधा उपलब्ध हो जाएगी।

बिलासा देवी केंवट विमानतल चकरभाटा बिलासपुर को 3सीव्हीएफआर लायसेंस प्राप्त हुआ है। यहां 72 सीटर प्लेन का संचालन होगा। विमानन विभाग द्वारा इस हवाई अड्डे पर नाईट लैंडिंग की सुविधा के लिए 3सीआईएफआर के लिए आवेदन किया गया है। यह सुविधा भी बिलासपुर विमानतल पर जल्द प्रारंभ होगी। एलायंस एयर द्वारा आज छत्तीसगढ़ में तीन हवाई सेवाएं प्रारंभ की जा रही हैं। इनमें से बिलासपुर से दो हवाई सेवाएं-दिल्ली-बिलासपुर-दिल्ली और कोलकाता-बिलासपुर-कोलकाता तथा जबलपुर-जगदलपुर-जबलपुर।

आज कोलकाता से पहली सीधी उड़ान 8.55 बजे बिलासपुर आकर 9.40 बजे कोलकाता के लिए रवाना हुई। इसी तरह दिल्ली से दूसरी उड़ान 9.30 बजे बिलासपुर आकर 10.10 बजे दिल्ली के लिए रवाना हुई।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने बिलासा देवी केंवट एयरपोर्ट चकरभाटा में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कहा कि बिलासपुर से एक साथ नई दिल्ली और कोलकाता के लिए नियमित विमान सेवा शुरू होना बिलासपुर के विकास के लिए एक बड़ा पड़ाव है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रयासों से बिलासपुर से हवाई सेवा प्रारंभ होने की मांग पूरी हुई। उन्होंने भरोसा दिलाया कि विमान सेवा को नियमित रूप से चलने में राज्य सरकार की ओर से पूरा सहयोग किया जाएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही बिलासपुर से हैदराबाद के लिए भी नियमित विमान सेवा शुरू हो जाएगी।
बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल पर बिलासपुर को एक साथ दो नियमित विमान सेवा की सौगात मिली है। उन्होंने कहा पहले दिन से ही पर्याप्त यात्री टिकट लिए हैं। उन्होंने कहा कि बिलासपुर एयरपोर्ट को जल्द ही नाइट लैंडिंग की सुविधा मिलने पर विमान रद्द अथवा डायवर्ट होने की नौबत नहीं आएगी। नगर के विधायक अमर अग्रवाल ने नियमित विमान सेवा शुरू होने पर खुशी जाहिर करते हुए नागरिकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि बिलासपुर के नागरिकों का वर्षों पुराना सपना आज पूर्ण हो गया। तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह ने उम्मीद जताई कि आज से शुरू हुई विमान सेवा लगातार लोगों की सेवा में कार्यरत रहेगी। बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा की बिलासपुर के जनता की बहुप्रतीक्षित मांग आज पूरी हुई है। उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को बधाई दी। शुक्ल ने कहा बिलासपुर की हवाई सेवा एटीसी मानचित्र में सदैव के लिए अंकित हो गई है। कलेक्टर अवनीश शरण ने स्वागत भाषण दिया।

यात्रियों ने कहा: फ्लाईट पकड़ने कहीं और दूसरे शहर नहीं जाना पड़ेगा

लोरमी से दिल्ली यात्रा में जा रही दिव्या वैष्णव ने अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि विमान सेवा शुरू होने से बिलासपुर संभाग की जनता को बहुत फायदा हुआ है। हमें अब दिल्ली कोलकाता व अन्य जगह जाने के लिए रायपुर जाना नहीं पड़ेगा। इससे हमारे समय और धन दोनों की बचत होगी। उन्होंने नियमित रूप से दिल्ली और कोलकाता विमान सेवा शुरू होने पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उपमुख्यमंत्री अरुण साव को धन्यवाद दिया।
इस अवसर पर कोटा विधायक अटलवास्तव, महापौर बिलासपुर रामशरण यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष बिलासपुर अरुण सिंह चौहान, कमिश्नरमती शिखा राजपूत तिवारी, कलेक्टर अवनीश शरण, एसपी रजनेश सिंह, निगम आयुक्त अमित कुमार, निगम में नेता प्रतिपक्ष राजेश सिंह, जिला अध्यक्ष रामदेव कुमावत सहित बड़ी संख्या में यात्री और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। मुख्यमंत्री निवास में सचिव विमानन दयानंद पी., संचालक विमानन नीलम नामदेव एक्का सहित अनेक अधिकारी उपस्थित थे। 

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.