Media24Media.com: सोसायटी

Responsive Ad Slot


 

Showing posts with label सोसायटी. Show all posts
Showing posts with label सोसायटी. Show all posts

कृषि विश्वविद्यालय में तीन दिवसीय राष्ट्रीय आम महोत्सव 6 से 8 जून तक आयोजित

No comments Document Thumbnail

रायपुर। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, संचालनालय उद्यानिकी एवं प्रक्षेत्र वानिकी, छत्तीसगढ़ शासन तथा प्रकृति की ओर सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में दिनांक 6, 7 एवं 8 जून को कृषि महाविद्यालय परिसर रायपुर में ‘‘फलों के राजा’’ आम के राष्ट्रीय महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। राष्ट्रीय आम महोत्सव में आम की 200 से अधिक किस्मों एवं आम से बने 56 व्यंजनों का प्रदर्शन किया जायेगा। इस कार्यक्रम में आम की विभिन्न किस्मों की प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है जिसमें छत्तीसगढ़ एवं देश के विभिन्न राज्यों के आम उत्पादक शामिल होंगे।

महोत्सव के दौरान आम से बने विभिन्न व्यंजनों की प्रतियोगिताएं भी आयोजित है। आम की सजावट प्रतियोगिता भी आयोजित की जा रही है जिसमें विद्यालयीन एवं महाविद्यालयीन विद्यार्थी, महिलाएं तथा अन्य सामान्यजन भी पंजीयन कर भाग ले सकते है। इस महोत्सव में पंजीयन एवं प्रवेश पूर्णतया निःशुल्क है।राष्ट्रीय आम महोत्सव में संस्थागत एवं व्यक्तिगत प्रतियोगी भी सहभागी हो सकते हैं।

आयोजन के प्रथम दिवस 6 जून को प्रातः 9 बजे से 12 बजे तक प्रविष्टियों का पंजीयन किया जाएगा। इसके पश्चात सामान्यजनों के लिए प्रदर्शनी अवलोकनार्थ तीनों दिन सायः 9 बजे तक खुली रहेगी। प्रदर्शनी में आम की विभिन्न किस्मों के फल, आम के विभिन्न उत्पाद एवं आम के पौधे भी विक्रय के लिए उपलब्ध रहेंगे। द्वितीय दिवस 7 जून को आम उगाने वाले कृषकों एवं जिज्ञासुओं के लिए 12 बजे से 4 बजे तक तकनीकी मार्गदर्शन एवं परिचर्चा का आयोजन किया गया है, जिसमें छत्तीसगढ़ में उच्च गुणवत्ता के आम की विभिन्न किस्मों का उत्पादन, आम के विभिन्न उत्पाद एवं उनके विपणन के साथ ही आम उत्पादन हेतु छत्तीसगढ़ शासन की योजनाओं की भी जानकारी प्रदान की जायेगी, जिससे नयी पीढ़ी के लोग आम उत्पादन की ओर आकृष्ट हो सकंे। आम उत्पादन को पर्यावरण के संरक्षण के साथ एक स्वास्थ्यवर्धक व्यवसाय के रूप में अपनाने की जानकारी आम लोगों को प्रदान की जा जाएगी। तृतीय दिवस 8 जून को आम उत्पादक कृषकों एवं उद्यामियों की सफलता की कहानी उन्हीं की जुबानी 12 से 4 बजे तक आयोजित होगा।

राष्ट्रीय आम महोत्सव के अंतिम दिन प्रदर्शनी के अवलोकन के साथ ही प्रतिभागियों के लिए पुरस्कार वितरण एवं सम्मान समारोह का आयोजन होगा। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रीय फल ‘‘आम’’ जो कि आम जनता का प्रिय फल है उसकी समस्त सामान्य एवं खास किस्मों, विशिष्ट उत्पादों एवं भविष्य में अधिक उत्पादन के लिए रोजगार के साधनों की जानकारी नागरिकों, महिलाआंे, विद्यार्थियों, नव उद्यमियों एवं कृषकों को प्रदान करना है।

स्वामी आत्मानंद हिन्दी माध्यम स्कूलों में 9117 पदों पर होगी भर्ती

No comments Document Thumbnail

रायपुर। स्वामी आत्मानंद हिन्दी माध्यम के 318 स्कूलों में 9117 पदों पर भर्ती की जाएगी। इसको लेकर प्रक्रिया शुरू हो गई है। स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा आत्मानंद स्कूलों में विभिन्न पदों की भर्ती के लिए नियमावली जारी कर दी गई है। सभी पद स्कूल शिक्षा विभाग से प्रतिनियुक्ति पर ही भरे जाएंगे। प्रत्येक स्कूल हेतु कलेक्टर की अध्यक्षता में एक सोसायटी का गठन किया गया है। इन स्कूल के संचालन हेतु गठित सोसायटी को भर्ती एवं स्कूल संचालन के अधिकार हस्तांतरित किए गए हैं।

स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिन्दी स्कूलों में प्राचार्य, उप प्राचार्य, व्याख्याता, प्रधान पाठक (प्राइमरी एवं मीडिल स्कूल), शिक्षक, व्यायाम शिक्षक, कम्प्यूटर शिक्षक, सहायक शिक्षक, सहायक शिक्षक विज्ञान (प्रयोगशाला), ग्रंथपाल, लेखापाल एवं सहायक ग्रेड-02, सहायक ग्रेड-03, भृत्य, चौकीदार एवं अंशकालीन सफाई कर्मी के पद पर भर्ती की जाएगी। इसके लिए राज्य शासन द्वारा सोसायटी को पद अंतरित कर दिए गए हैं। उल्लेखनीय है कि राज्य शासन द्वारा पूर्व में लिए गए निर्णय के अनुसार प्रदेश में शिक्षा सत्र 2022-23 से 32 स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिन्दी माध्यम विद्यालयों का संचालन कलेक्टर की अध्यक्षता में गठित समिति को सौंपा गया था।

स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा स्कूल संचालन के संबंध में सोसायटी की नियमावली तय की गई है, जिसके अनुसार विद्यालय के संचालन के लिए पंजीकृत सोसायटी के राज्य शासन द्वारा अनुदान उपलब्ध कराया जाएगा और सोसायटी अन्य स्त्रोतों से भी धन जुटा सकेगी। विद्यालय के संचालन हेतु आवश्यक पद शासन की अनुमति से समिति द्वारा निर्मित किए जा सकेंगे। राज्य शासन द्वारा सोसायटी को अंतरित किए गए सभी पदों को सोसायटी केवल राज्य शासन के स्कूल शिक्षा विभाग से प्रतिनियुक्ति पर ही भर सकेगी। इन पदों पर सोसायटी द्वारा सीधी भर्ती अथवा संविदा नियुक्ति नहीं की जाएगी। इन स्कूलों में वर्तमान में पदस्थ कर्मचारियों को प्रतिनियुक्ति पर लेना सोसायटी के लिए अनिवार्य नहीं होगा। यदि सोसायटी इन कर्मचारियों को स्कूल के लिए उपयुक्त पाती है और यह कर्मचारी सोसायटी में प्रतिनियुक्ति पर कार्य करना चाहते हैं तो सोसायटी उन्हें प्रतिनियुक्ति पर ले सकेगी, अन्यथा सोसायटी राज्य शासन स्कूल शिक्षा विभाग के अन्य कर्मचारी को प्रतिनियुक्ति पर ले सकेगी।

गौरतलब है कि प्रदेश में सत्र 2022-23 से 32 स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट माध्यम विद्यालयों का संचालन कलेक्टर की अध्यक्षता में गठित समिति को सौंपा गया था। इस योजना की सफलता को देखते हुए राज्य शासन ने निर्णय लिया है कि अब प्रदेश में 318 स्कूलों को स्वामी आत्मानंद हिन्दी माध्यम उत्कृष्ट के रूप में विकसित किया जाएगा। स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा जारी सूची के अनुसार इन 318 स्कूलों में से सबसे अधिक दंतेवाड़ा जिले में 54, बस्तर जिले में 43, कोरबा में 37, कांकेर और रायगढ़ जिले में 30-30, बीजापुर जिले में 22, सुकमा जिले में 18, दुर्ग और बिलासपुर जिले में 13-13 स्कूलों को स्वामी आत्मानंद हिन्दी माध्यम उत्कृष्ट विद्यालय के रूप में विकसित किया जाएगा। इसी प्रकार जिला बालोद में 10, बलौदाबाजार में 8, जांजगीर-चांपा और सांरगढ़-बिलाईगढ़ में 6-6, कोण्डागांव में 5, जशपुर और बलरामपुर में 4-4, सरगुजा और सूरजपुर में 3-3, गरियाबंद, गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही और नारायणपुर में 2-2, धमतरी, कोरिया और कबीरधाम जिले में 1-1 स्कूलों को स्वामी आत्मानंद हिन्दी माध्यम उत्कृष्ट विद्यालय के रूप में विकसित किया जाएगा।

दुनिया के सबसे मंहगे आम ने लोगों को किया आकर्षित

No comments Document Thumbnail

रायपुर। दुनिया के सबसे मंहगे आम को देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ी। जापानी प्रजाति के आम के इस किस्म की कीमत प्रतिकिलो दो लाख 70 हजार रूपए है। जापान की मियाजकी आम की खासियत यह है कि एक ही आम में दो तरह के स्वाद मिलता है। गौरतलब है कि राजधानी रायपुर में लगाए गए आमों की प्रदर्शनी में 200 किस्मों के आम प्रदर्शित किए गए थे। इस प्रदर्शनी का आयोजन 17 से 19 जून तक पंजाब केसरी भवन में उद्यान विभाग और प्रकृति की ओर सोसायटी के संयुक्त तत्वाधान में किया गया।

इस प्रदर्शनी के मुख्य आकर्षण का केंद्र दो किस्म के आम, एक हाथीझूल एवं दूसरा मियाजकी की रही। हाथीझूल आम दुनिया के सबसे बड़े आकार के किस्म के आम होते हैं, जो 2 से 5 किलो तक के वजन के होते हैं। दूसरा आकर्षण का केंद्र ‘मियाजकी आम‘ ने अपने अनोखी किस्म और महंगी कीमत से लोगों को आकर्षित किया। दुनिया के सबसे महंगे आम जो की जापान की एक किस्म है, उसकी कीमत अन्तर्राष्ट्रीय बाजार में एक लाख 82 हजार रूपए प्रति नग है एवं वजन 639 ग्राम है। इस आम का वजन अधिकतम 900 ग्राम तक होता है और 2 लाख 70 हजार रूपए प्रति किलो की कीमत होती है।

‘मियाजकी आम‘ की एक और खासियत है कि पेड़ पर लगे हुए फलन के दौरान जहां पर धूप पड़ती है वहां का स्वाद अलग होता है, दूसरी तरफ से जहां छाया में यह फलता है। इस तरह यह एक आम दो तरह के स्वाद देता है। प्रदर्शनी में कुल 61 किस्म के आम प्रतियोगिता के लिए पंजीकृत हुए। इस प्रदर्शनी में 200 से अधिक किस्म के आम राज्य के 33 जिलों की शासकीय रोपणियों एवं कृषकों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में 700 आम के प्रदर्शों को किस्मवार अवलोकन कर 15 किस्मों के उत्कृष्ट प्रदर्श को प्रथम, 15 को द्वितीय एवं 15 को सांत्वना पुरस्कार प्रदाय किया गया।

जीरो शार्टेज वाली समितियों को दी जाएगी प्रोत्साहन राशि : बैजनाथ चन्द्राकर

No comments Document Thumbnail

रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के मंशानुरूप राज्य में सहकारी समितियों की वित्तीय स्थिति को बेहतर करने का प्रयास किया जा रहा है। राज्य के ऐसी सहकारी समितियां जहां खरीदी विपणन वर्ष 2022-23 में समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन में जीरो शॉर्टेज रहा है, उन्हें प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। यह बाते अपेक्स बैंक के अध्यक्ष बैजनाथ चन्द्राकर ने सहकारी समितियों के नवनियुक्त अध्यक्षों के प्रशिक्षण सत्र को सम्बोधित करते हुए कही।

सहकारी सोसायटी के नवनियुक्त अध्यक्षों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण सत्र पंडरी रायपुर स्थित छत्तीसगढ़ सहकारी प्रशिक्षण संस्थान में 30 मई से 1 जून तक आयोजित हुआ। यहां रायगढ़, पुसौर एवं धरमजयगढ़ से आए 27 प्राथमिक कृषि साख समितियों के अध्यक्षों (प्राधिकारियों) को विषय विशेषज्ञों द्वारा नेतृत्व क्षमता विकास, सोसायटीज बायलॉज, अध्यक्ष की शक्तियां, समिति की पूंजी, निधियां, प्रबंधन, ऋण वितरण व वसूली पर प्रशिक्षण दिया गया।

अपेक्स बैंक के अध्यक्ष बैजनाथ चन्द्राकर प्रशिक्षण सत्र को सम्बोधित करते हुए आगे कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की सरकार द्वारा छत्तीसगढ़ में सहकारी समितियों का पुनर्गठन कर 725 नवीन समितियां बनाई गई। सहकारी समितियों तथा सहकारी बैंकों के माध्यम से राजीव गांधी किसान न्याय योजना तथा गोधन न्याय की राशि का भुगतान किसानों के खाते में  नियमित रूप से अंतरण किया जा रहा है। राजीव गांधी किसान न्याय योजना के तहत राज्य में खरीफ की समस्त फसलों सहित उद्यानिकी फसलों, कोदो-कुटकी, रागी के उत्पादक कृषकों को प्रति एकड़ के मान से कृषि आदान सहायता प्रदान की जा रही हैं।

इन व्यवहारिक नीतियों से छत्तीसगढ़ के गाँव, गरीब और किसान समृद्ध हुए और सोसायटियां मजबूत हुई। गौठानों में विविध प्रकार के रोजगार मूलक कार्य किये जा रहे हैं, इससे ग्रामीण महिलाएं आत्मनिर्भर हो रही है। प्रशिक्षण में अपेक्स बैंक के डीजीएम व प्रशिक्षण संस्थान के निदेशक भूपेश चंद्रवंशी, उप निदेशक ए.के. लहरे, एजीएम व शाखा प्रबंधक पंडरी अजय भगत, प्रशासनिक अधिकारी विमल सिंह तथा लेखा अधिकारी प्रभाकर कांत यादव मौजूद थे।

कटफ्लावर, पिनसुटिया, इंडोर प्लांट सहित बर्ड ऑफ प्राईड, पम्पास जैसे अनेक फूल बिखेरेंगे अपनी छठा

No comments Document Thumbnail

रायपुर। राजधानी में तीन दिनों तक मौसमी तथा विशेष प्रजाति के फूलों, फलों तथा सब्जियों का संगम होगा। गांधी उद्यान में 7 से 9 जनवरी तक तीन दिवसीय विशेष फल, फूल एवं सब्जियों की प्रदर्शनी लगायी जाएगी। इसमें विशेष रूप से कट फ्लावर, पिनसुटिया विशेष रूप से प्रदर्शित किए जाएंगे। साथ ही विशेष इंडोर प्लांट, एरीका पॉम, स्नेक प्लॉन्ट्स का भी शामिल रहेंगे। इस प्रदर्शनी में 5 से 50 वर्ष तक के आयु के बोनसाई आकर्षण के केन्द्र रहेंगे।

यह प्रदर्शनी उद्यानिकी विभाग, इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, नगर निगम रायपुर और निजी संस्था ‘प्रकृति की ओर सोसायटी‘ की संयुक्त तत्वाधान में आयोजित की जाएगी। इस कार्यक्रम में उत्कृष्ट किस्मों के फल, फूल एवं सब्जियों के लिए किसानों को पुरस्कृत भी किए जाएंगे। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल 7 जनवरी को शाम 5 बजे इस तीन दिवसीय प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे तथा खाद्य मंत्री अमरजीत भगत कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि होंगे। प्रदर्शनी का समापन 9 जनवरी को नगरीय प्रशासन मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया के मुख्य आतिथ्य में होगा। प्रदर्शनी में जशपुर में किए गए चाय,

रायगढ़ में काजू, बस्तर और रायगढ़ में ऑयल पॉम की खेती, दुर्ग, राजनांदगांव, रायपुर और महासमुंद की किए जाने वाले ड्रेगन फ्रूट के किसान अपनी फसलों को प्रदर्शित करेंगे। ‘प्रकृति की ओर सोसायटी‘ के सचिव मोहन वार्ल्यानी से दी गई जानकारी के अनुसार इस तीन दिवसीय प्रदर्शनी में प्रदेश के प्रकृति प्रेमियों को विभिन्न प्रकार के विशेष फूल डच गुलाब, गेन्दा, ग्लेेडोलाई, सेंवती, डेहलिया के अतिरिक्त जरबेरा, फ्लाक्स बर्बीना, कारनेशन, एनथोरियम, एलकोनिया, लीली, बर्ड ऑफ प्राइड, पम्पास, बटन बॉमस, इत्यादि किस्मों के मौसमी फूलों की झलक मिलेगी।

प्रदेश के किसानों द्वारा उन्नत किस्मों के फलों और सब्जियों के पौधे एवं बीज विक्रय के लिए उपलब्ध होगी। साथ ही इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय द्वारा गमलों एवं छत पर सब्जी उगाने की विधि एवं जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा रोपण योग्य पौधे न्यूनतम मूल्य पर विक्रय के लिए उपलब्ध होगी। इस प्रदर्शनी में स्टॉलों में औषधीय पौधों का प्रदर्शन एवं उनके औषधीय गुणों की जानकारी के साथ-साथ औषधीय पौधे निःशुल्क प्रदान की जाएगी।यहां स्टॉलों में कृषि उत्पाद, गृह वाटिका के लिए आवश्यक उपकरण, खाद, बीज और पौधे भी खरीद जा सकते है।

प्रदेश में 17 दिसंबर को मनाया जाएगा छत्तीसगढ़ गौरव दिवस

No comments Document Thumbnail

रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में राज्य सरकार के 04 वर्ष का कार्यकाल पूरा होने पर 17 दिसंबर को शासन द्वारा छत्तीसगढ़ गौरव दिवस का आयोजन किया जाएगा। इस दिन राज्य के सभी गौठानों, सहकारी सोसायटी परिसरों, धान खरीदी केंद्रों, तेंदूपत्ता संग्रहण केंद्रों, वनोपज प्रबंधन समितियों के कार्यालय स्थलों, सभी जिलों में संचालित हाट-बाजारों, नगरीय क्षेत्रों के वार्डों में कार्यक्रमों का आयोजन कर लोगों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारियां दी जाएंगी। सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री भूपेश बघेल राज्य की जनता के नाम संदेश भी देंगे।



छत्तीसगढ़ गौरव दिवस के आयोजन की जो रूपरेखा तैयार की गई है, उसके अनुसार राज्य के सभी गौठानों में 17 दिसंबर 2022 को सुबह 11 बजे किसानों,  गौठान समिति के अध्यक्ष एवं सदस्यों, पशुपालकों, भूमिहीन मजदूरों,  जनप्रतिनिधियों, स्थानीय निकायों के सदस्यों,  राजीव युवा मितान क्लब के सदस्यों सहित स्थानीय निवासियों को आमंत्रित किया जाएगा एवं शासन द्वारा विगत 04 वर्षों में विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत हासिल की गई उपलब्धियों की जानकारी दी जाएगी। साथ ही शासन की प्रमुख योजनाओं की जानकारी भी प्रदान की जाएगी।

दोपहर 3 बजे प्राथमिक सहकारी सोसायटी परिसर,  धान खरीदी केन्द्रों पर किसानों को आमंत्रित करके शासन की कृषि संबंधी प्रमुख योजनाओं जैसे कि ब्याज मुक्त ऋण योजना, राजीव गांधी किसान न्याय योजना इत्यादि की जानकारी उन्हें दी जाएगी। प्रदेश के वन क्षेत्रों में इसी दिन सुबह 11 बजे तेंदुपत्ता संग्रहण केन्द्रों एवं वनोपज प्रबंधन समिति के कार्यालय स्थलों पर भी किसानों एवं मजदूरों के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। सभी जिलों में संचालित हाट बाजार स्थलों में भी लोगों  को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारियां दी जाएंगी।

नगरीय क्षेत्रों में वार्ड स्तर पर सुबह 11 बजे से कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इनमें स्थानीय जनप्रतिनिधियों और वार्ड के निवासियों को आमंत्रित करते हुए शासन की 4 वर्षों की उपलब्धियों से उन्हें अवगत कराया जाएगा। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में राज्य सरकार ने 17 दिसंबर 2018 को कामकाज शुरू किया था। सरकार बनने के दो घंटे के भीतर ही ढाई हजार रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदने, किसानों का कर्ज माफ करने, सिंचाई कर माफ करने जैसे वादे शासन ने पूरे कर दिए। सरकार ने उस वर्ष 2500 रुपए क्विंटल की दर से 80.37 लाख मीटरिक टन धान की खरीदी की थी।

इसके बाद राजीव गांधी किसान न्याय योजना की शुरुआत करते हुए किसानों को फसलों पर इनपुट सब्सिडी देने की व्यवस्था की गई। इस योजना के लागू होने के बाद हर साल किसानों की संख्या, खेती के रकबे और धान खरीदी की मात्रा में बढ़ोतरी होती गई। वर्ष 2019-20 में 84 लाख मीटरिक टन, 2020-21 में 92 लाख मीटरिक टन, 2021-22 में 98 लाख मीटरिक टन धान की खरीदी हुई। इस साल 110 लाख क्विंटल धान खरीदी का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। राजीव गांधी किसान न्याय योजना के अंतर्गत चार सालों में अब तक 16,401 करोड़ 45 लाख रुपए की इनपुट सब्सिडी का भुगतान किया जा चुका है। राजीव गांधी किसान न्याय योजना का दायरा बढ़ाते हुए अब इसमें खरीफ की सभी फसलों, उद्यानिकी फसलों, वृक्षारोपण और कोदो-कुटकी-रागी को भी शामिल कर लिया गया है। 

अपने कार्यकाल की शुरुआत करते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व वाली सरकार ने 17 लाख 82 हजार किसानों पर बकाया 9270 करोड़ रुपए का कृषि ऋण माफ कर दिया था। इसी तरह 17 लाख से अधिक किसानों पर वर्षों से बकाया 244 करोड़ 18 लाख रुपए का सिंचाई कर भी दो घंटे के भीतर माफ कर दिया। इसके बाद वर्ष 2018 से जून 2021 तक का 80 करोड़ रुपए का और बकाया सिंचाई कर भी माफ कर दिया गया। इसी तरह सरकार ने अपना एक और वादा पूरा करते हुए बस्तर के लोहंडीगुड़ा में 1707 किसानों की 4200 एकड़ अधिग्रहित भूमि लौटा दी। मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने गढ़बो नवा छत्तीसगढ़ का नारा देते हुए सुराजी गांव योजना की शुरुआत की, इसके अंतर्गत संचालित नरवा, गरवा, घुरवा, बाड़ी कार्यक्रम ग्रामीण अर्थव्यवस्था के सुदृढ़ीकरण का आधार बना।

इस योजना के माध्यम से राज्य सरकार ने महात्मा गांधी के सपनों के अनुरूप ग्राम स्वराज के सपने को साकार करने के लक्ष्य को भी हासिल किया। न्याय योजनाओं की श्रृंखला की शुरुआत करते हुए राज्य में गोधन न्याय योजना, राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना जैसी योजनाएं भी लागू की गईं। गोधन न्याय योजना के अंतर्गत 2 रुपए किलो में गोबर और 4 रुपए लीटर में गौमूत्र की खरीदी करने वाला छत्तीसगढ़ देश का पहला राज्य बना। राज्य में सुराजी गांव योजना के गरवा घटक के तहत निर्मित 9 हजार 619 से अधिक गौठानों में गोधन न्याय योजना के साथ-साथ आजीविका मूलक गतिविधियों की भी शुरुआत की गई,

इससे हजारों की संख्या में महिला स्व सहायता समूहों की सदस्यों को रोजगार मिला। रीपा योजना की शुरुआत करते हुए 300 गौठानों को ग्रामीण औद्योगिक पार्क के रूप में उन्नत किया जा रहा है। वन क्षेत्रों के निवासियों को उनके अधिकार दिलाने के लिए तेंदूपत्ता संग्रहण दर 2500 रुपए मानक बोरा से बढ़ाकर 4000 रुपए मानक बोरा कर दी गई। इसी तरह समर्थन मूल्य पर खरीदे जाने वाले लघु वनोपजों की संख्या 07 से बढ़ाकर 65 कर दी गई। वनक्षेत्रों में लघु वनोपजों के संग्रहण के साथ-साथ उनके वैल्यू एडीशन और प्रसंस्करण के माध्यम से भी सैकड़ों की संख्या में रोजगार के नये अवसरों का निर्माण किया गया।


स्वैच्छिक रक्तदान बचाता लोगों की जान, रक्तदान शिविर में लोगों को किया जागरूक

No comments Document Thumbnail

रायपुर। जरूरतमंद लोगों के लिए रक्त की आवश्यकता को पूरा करने के उद्देश्य से जिला चिकित्सालय पंडरी द्वारा नगर पंचायत मंदिर हसौद के पंचायत भवन में एक दिवसीय स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान लोगों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए जागरूक किया गया ताकि आवश्यकता पड़ने पर जरूरतमंद को रक्त उपलब्ध कराया जा सके। मंदिर हसौद में आयोजित हुए स्वैच्छिक रक्तदान शिविर की जानकारी देते हुए जिला अस्पताल पंडरी के डॉ.नीरज ओझा ने बताया: ‘’मंदिर हसौद नगर पंचायत भवन में एक दिवसीय स्वैच्छिक रक्तदान शिविर के साथ साथ जागरूकता शिविर का आयोजन भी किया गया।



शिविर में स्थानीय लोगों ने बढ़ चढ़कर रक्तदान में भाग लिया। शिविर का उद्घाटन नगर  पंचायत अध्यक्ष ओम प्रकाश यादव ने किया। इस मौके पर  उन्होंने भी रक्तदान किया। जिला अस्पताल पंडरी में स्थापित रक्तदान केंद्र पर स्वैच्छिक रक्तदाता कभी भी आकर रक्तदान कर सकते हैं। रक्तदान का महत्व तब समझ आता है,जब अपना सबसे करीबी व्यक्ति को रक्त की आवश्यकता पड़ती है।“ सिविल सर्जन डॉ.पीके गुप्ता ने बताया, “इस शिविर में ऐसे लोगों को भी स्वेच्छा से रक्तदान करने के लिये प्रोत्साहित किया गया जो केवल अपने मित्रों या रिश्तेदारों को रक्तदान करते हैं। रक्तदान का महत्व तब और बढ़ जाता है जब गंभीर रोगों जैसे: एड्स, हेपेटाइटिस-बी, हेपेटाइटिस-सी, मलेरिया और अन्य बहुत से रोगों से बचाने के लिये रक्त की जरूरत हो जाती है। 

स्वैच्छिक रक्तदाताओं का रक्त सुरक्षित होता है। गंभीर बीमारी, बच्चे के जन्म से संबंधित जटिलताओं, सड़क यातायात दुर्घटनाओं और कई आकस्मिक परिस्थितियों से निकलने के लिए स्वैच्छिक रक्तदान बहुत जरूरी है। रक्तदान के प्रति फैली भ्रांतियों को भी युवा साथियों के बीच दूर करना आवश्यक है और रक्तदान के प्रति अधिक से अधिक लोगों को जागरूक करने के लिए सभी को आगे आना चाहिए। “शिविर को सफल बनाने में वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. एसएन पांडे, श्रीमती प्रार्थना छत्रे, हेमंत साहू, कीर्ति औसर एवं शैलेंद्र सोनी के साथ रेड क्रॉस सोसायटी का विशेष सहयोग रहा।

रक्तदान के है कई फायदे

रक्तदान से हार्ट अटैक की संभावनाएं कम होती हैं। आयरन की मात्रा को बैलेंस करने से लिवर हेल्दी बनता है और रक्तदान का एक फायदा यह भी है कि रक्तदान करते समय 5 तरह के टेस्ट किए जाते हैं। अगर किसी व्यक्ति को कोई बीमारी है तो उसका भी पता चल जाता है।

कौन कर सकता है रक्तदान

रक्तदान करने के लिए रक्तदाता की उम्र 18 से 60 साल के बीच होनी चाहिए जिसका वजन 45 किलोग्राम से अधिक हो। शारीरिक रूप से सेहतमंद होना भी जरूरी है। खून में हीमोग्लोबिन का स्तर 12.5 जी/डीएल या इससे ऊपर होनी चाहिए। रक्तदान करने वाले व्यक्ति को ब्लड प्रेशर, कैंसर, एड्स जैसी बीमारी नहीं होनी चाहिए। सेहतमंद व्यक्ति हर 3 महीने में रक्तदान कर सकता है।

 

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.