Media24Media.com: सहायक शिक्षक

Responsive Ad Slot


 

Showing posts with label सहायक शिक्षक. Show all posts
Showing posts with label सहायक शिक्षक. Show all posts

उच्च अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना और स्वेच्छाचारिता पड़े भारी, शिक्षक निलंबित

No comments Document Thumbnail

रायपुर। जशपुर जिले के पत्थलगांव विकासखंड अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला तेन्दूपारा में पदस्थ सहायक शिक्षक (एल.बी.) संजय नायक को उच्चाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना एवं स्वेच्छाचारिता बरतने के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के नियम 03 के उल्लंघन तथा कदाचरण की श्रेणी में पाए जाने पर छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के नियम 9 के तहत की गई है।

जिला शिक्षा अधिकारी जशपुर द्वारा जारी आदेश में उल्लेख किया गया है कि 4 जून 2025 को शासकीय प्राथमिक शाला तेन्दूपारा संकुल लुड़ेग में श्रीमती शालेन कुजूर की पदस्थापना की गई थी। इसके बावजूद सहायक शिक्षक संजय नायक द्वारा उन्हें विद्यालय में कार्यभार ग्रहण नहीं कराया गया।

इस विषय में विकासखंड शिक्षा अधिकारी पत्थलगांव द्वारा 11 जून 2025 को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था, जिसका जवाब संजय नायक द्वारा प्रस्तुत नहीं किया गया। 10 जुलाई 2025 को प्रस्तुत प्रतिवेदन के अनुसार, शिक्षक संजय नायक के इस व्यवहार से यह स्पष्ट होता है कि उन्होंने जानबूझकर आदेशों का पालन नहीं किया और प्रशासनिक कार्यों में बाधा उत्पन्न की।

उक्त कृत्य शासन के सेवा आचरण नियमों के सर्वथा विपरीत पाए जाने पर उन्हें निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, बगीचा नियत किया गया है तथा वे नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते के पात्र होंगे।


सहायक शिक्षक (विज्ञान प्रयोगशाला) पद पर समायोजन हेतु ओपन काउंसिलिंग का सातवां दिन सम्पन्न, 295 अभ्यर्थी रहे उपस्थित

No comments Document Thumbnail

रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार सीधी भर्ती 2023 में चयनित एवं बी.एड. अर्हता के आधार पर सेवा से हटाए गए सहायक शिक्षकों का सहायक शिक्षक विज्ञान (प्रयोगशाला) के पद पर समायोजन की प्रक्रिया जारी है। समायोजन हेतु ओपन काउंसिलिंग का आयोजन शासकीय शिक्षा महाविद्यालय, शंकर नगर, रायपुर में किया जा रहा है।

आज 23 जून 2025 को काउंसिलिंग के सातवें दिवस पर 300 अभ्यर्थियों को आमंत्रित किया गया था, जिनमें से 295 अभ्यर्थी उपस्थित रहे तथा 5 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। 24 जून 2025 को काउंसिलिंग के आठवें दिन के लिए भी 300 अभ्यर्थियों को आमंत्रण भेजा गया है। अभ्यर्थी रिक्त पदों की जानकारी विभाग की वेबसाइट https://eduportal.cg.nic.in/ पर देख सकते हैं।

यह भी उल्लेखनीय है कि काउंसिलिंग की यह प्रक्रिया दिनांक 26 जून 2025 तक प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से आयोजित हो रही है। जो अभ्यर्थी किसी कारणवश अपने नियत दिवस पर उपस्थित नहीं हो सके हैं, वे आगामी दिवसों में भी काउंसिलिंग में शामिल हो सकते हैं।

महासमुंद : ड्यूटी में लापरवाही के कारण सहायक शिक्षक निलंबित

No comments Document Thumbnail

महासमुंद। विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी सरायपाली से प्राप्त जांच प्रतिवेदन के अनुसार शासकीय प्राथमिक शाला, गहनाखार में पदस्थ सहायक शिक्षक (एल.बी.) राहुल बैपारी के विरुद्ध लगे आरोप जांच में सही पाए गए हैं।

बैपारी पर विद्यालय समय पर उपस्थित नहीं रहने, शाला में अनियमित रूप से आने तथा अपने कर्तव्यों के प्रति लापरवाही बरतने के आरोप थे। जांच में यह पुष्टि हुई कि शिक्षक की कार्यप्रणाली छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के नियम-3 के विरुद्ध है। इस संबंध में विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी द्वारा उन्हें पूर्व में स्पष्टीकरण हेतु नोटिस भी जारी किया गया था, परंतु इसके बावजूद उनकी कार्यशैली में कोई सुधार नहीं देखा गया।

जिला शिक्षा अधिकारी महासमुंद विजय कुमार लहरे ने प्राप्त तथ्यों के आधार पर छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के नियम 9 के अंतर्गत राहुल बैपारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय कार्यालय विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी, सरायपाली निर्धारित किया गया है। नियमों के तहत निलंबन अवधि में उन्हें जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा।

 

 

सहायक शिक्षक पद हेतु अभ्यर्थियों की ऑनलाईन काउंसिलिंग अब 7 सितंबर तक

No comments Document Thumbnail

रायपुर। शिक्षक भर्ती परीक्षा-2023 में सहायक शिक्षक पद के लिए अभ्यर्थियों की ऑनलाईन काउंसिलिंग अब 7 सितंबर को शाम 5 बजे तक होगी।

संचालक लोक शिक्षण सुनील कुमार जैन ने इस संबंध में बताया कि सहायक शिक्षक पद के लिए ऑनलाईन काउंसिलिंग 30 अगस्त तक निर्धारित थी, जिसे अब बढ़ाकर 7 सितंबर को शाम 5 बजे तक कर दिया गया है।


सहायक शिक्षक एवं शिक्षक पद के लिये बी.एड. योग्यता के संबंध में

No comments Document Thumbnail

रायपुर। युवाओं को रोजगार देने का वादा पूरा करने के लिये स्कूल शिक्षा विभाग ने कुल 12489 पद वितिापित किये थे. व्याख्याता के 432 पदों पर भर्ती लगभग पूरी हो चुकी है. शिक्षक के 5772 पदों पर काउंसिलिंग एवं दस्तावेज सत्यापन का कार्य लगातार चल रहा है और लगभग 10 दिन में पूरा हो जायेगा. इन पदों पर बी.एड. योग्यता वाले अभ्यर्थी पात्र है तथा उनकी भर्ती लगातार की जा रही है.

सहायक शिक्षक के 6285 पदों पर नियुक्ति के लिये काउंसिलिंग प्रारंभ जा चुकी है. छत्तीसगढ शासन व्दारा जारी विज्ञापन में सहायक शिक्षक के पदों पर भी बी.एड. को पात्र माना गया था, और उन्हें व्यापाम की परीक्षा में बैठने का अवसर भी दिया गया, परन्तु इसी बीच अचानक दिनांक 11 अगस्त को राजस्थान राज्य से संबंधित सिविल अपील क्र. 5068/2023 में माननीय सर्वोच्च न्यायालय ने बी.एड. को सहायक शिक्षक पद पर नियुक्ति के लिये अपात्र घोषित कर दिया.

इसके तत्काल बाद माननीय उच्च न्यायालय बिलासपुर ने याचिका क्र. डब्ल्यू.पी.एस. 5788/2023 में दिनांक 21 अगस्त को सहायक शिक्षक पद हेतु बी.एड. योग्यता वाले अभ्यर्थियों के लिए काउंसलिंग की कार्यवाही स्थगित रखने का आदेश दिया, परन्तु डी.एड. एवं डी.एल.एड. की काउंसलिंग पर कोई रोक नही लगाई. माननीय न्यायालय के इस आदेश में पालन में डी.एड. एवं डी.एल.एड. योग्यता वाले अभ्यर्थियों की काउंसिलिंग जारी रखी गयी है, जिससे राज्य के युवाओं को शीघ्रता से रोजागार दिया जा सके. बी.एड. योग्यता वाले अभ्यर्थियों के लिए उपलब्ध विधिक उपचारों के बारे में महाधिवक्ता महोदय से मार्गदर्शन मांगा गया है.

शिक्षक सीधी भर्ती : ऑनलाईन काउंसलिंग प्रक्रिया से

No comments Document Thumbnail

रायपुर। स्कूल शिक्षा विभाग के अंतर्गत बस्तर एवं सरगुजा संभाग में रिक्त सहायक शिक्षक, शिक्षक एवं व्याख्याता के 12 हजार 489 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया के अंतर्गत ऑनलाईन काउंसलिंग के माध्यम से अभ्यर्थियों को उनकी चयन की प्राथमिकता के अनुसार शालाओं का आबंटन करने का प्रावधान किया गया है। ऑनलाईन काउंसलिंग प्रारंभ होने की सूचना स्कूल शिक्षा विभाग की वेबसाइट https://eduportal.cg.nic.in पर तथा समाचार पत्रों के माध्यम से दी जाएगी। 
               

इसके साथ ही ऑनलाईन काउंसलिंग के लिए व्यापम की मेरिट अनुसार सूची भी स्कूल शिक्षा विभाग की वेबसाइट पर जारी की जाएगी। चिप्स द्वारा (व्यापम फार्म अनुसार) संबंधित के मोबाइल नंबर पर एसएमएस के माध्यम से सूचना दी जाएगी।ऑनलाईन काउंसलिंग में भाग लेने के लिए काउंसलिंग के पूर्व सभी अभ्यर्थियों को व्यापम पोर्टल पर बनाए गए अपने प्रोफाइल का आधार वेरिफिकेशन कराना अनिवार्य होगा। अभ्यर्थी व्यापम पोर्टल पर बनाए गए अपने आईडी, पासवर्ड से लोक शिक्षण संचालनालय के ऑनलाईन काउंसलिंग पोर्टल पर लॉगिन कर सकेंगे। लॉगिन करने पर स्क्रीन पर डेस बोर्ड दिखेगा, जिसमें अभ्यर्थी द्वारा दिए गए भर्ती परीक्षाओं सहायक शिक्षक, शिक्षक, व्याख्याता की जानकारी होगी।

ऑनलाईन काउंसलिंग की सूचना मिलेगी स्कूल शिक्षा विभाग की वेबसाइट पर

सर्वप्रथम व्याख्याता पद की ऑनलाईन काउंसलिंग प्रारंभ की जाएगी। केवल प्रारंभिक रूप से चयनित अभ्यर्थी ही ऑनलाईन काउंसलिंग में भाग ले पाएंगे। अभ्यर्थी द्वारा पोर्टल पर साइन इन करने पर दस्तावेज सत्यापन का राउण्ड, प्रीफेंस फिलिंग विडों, प्रीफेंस स्टेटस, एक्शन प्रदर्शित होगा। राउण्ड का आशय दस्तावेज सत्यापन का चरण, प्रीफेंस फिलिंग विडों में ऑनलाईन काउंसलिंग खुले रहने की अवधि, प्रीफेंस स्टेटस में अभ्यर्थी द्वारा अब तक चयन किए गए शालाओं की सूची होगी तथा एक्शन में जाकर अभ्यर्थी अपने पसंद की शालाओं का चयन कर सकेंगे।

अभ्यर्थियों को व्यापम पोर्टल पर बनाए गए प्रोफाइल का आधार वेरिफिकेशन कराना अनिवार्य

एक्शन में फिल प्रीफ में इंटर करने पर अभ्यर्थी के स्क्रीन पर दूसरा विंडो खुलेगा जिसमें अभ्यर्थी का फोटो, प्रोफाइल आईडी, रजिस्ट्रेशन नंबर, नाम, प्राप्तांक आदि की जानकारी प्रदर्शित होगी। इसके नीचे दिए गए दो बॉक्स में से प्रथम बॉक्स में सेलेक्ट योर प्रायोरिटी के अंतर्गत जिला एवं ब्लॉक का नाम तथा पदांकन हेतु उपलब्ध विद्यालयों की सूची उपलब्ध होगी। इस सूची से अभ्यर्थी अपनी पसंद की शालाओं का चयन करेंगे, जो द्वितीय बॉक्स में योर सेलेक्टेड प्रायोरिटी के अंतर्गत प्रदर्शित होगी। अभ्यर्थी इसमें सूचीबद्ध शालाओं की सूची में शालाओं का क्रम अपनी पसंद अनुसार ऊपर-नीचे कर सकते हैं। अभ्यर्थियों से अपेक्षा की गई है कि वह सेलेक्ट योर प्रायोरिटी में दी गई शालाओं की सूची से अधिकतम या समस्त शालाओं को चयनित करें।

काउंसलिंग के अंतिम दिवस के पूर्व अभ्यर्थी चयनित विकल्पों में बदलाव कर सकेंगे

यदि अभ्यर्थी द्वारा कुछ विद्यालयों का चयन नहीं किया जाता है तो, अभ्यर्थियों द्वारा चयनित विद्यालयों के अगले क्रम पर चयन से शेष रह गये स्कूलों को सॉफ्टवेयर द्वारा पोर्टल में दर्शित सूची अनुसार क्रमशः स्वतः क्रम आबंटित कर दिया जाएगा। अगले विंडो पर अभ्यर्थी का विवरण सहित उसके द्वारा चयनित शालाओं की सूची प्रदर्शित होगी, जिसमें प्रायोरिटी अपडेटेड ऑन अंकित होगा। अभ्यर्थी अपने चयनित शाला का प्रिंट आउट भी ले सकते हैं। काउंसलिंग के अंतिम दिवस के पूर्व अभ्यर्थी अपने चयनित विकल्पों में बदलाव कर सकते हैं, अंतिम दिवस पोर्टल स्वतः लॉक हो जाएगा। यदि कोई अभ्यर्थी स्कूल शिक्षा विभाग के पोर्टल पर लागिन नहीं करता है तथा अपने चयन हेतु शालाओं को प्राथमिकता क्रम प्रदान नहीं करता है, तो ऐसी स्थिति में सॉफ्टवेयर द्वारा उसे स्वतः रेन्डमली स्कूल आबंटित कर दिया जाएगा।

काउंसलिंग के प्रथम चरण पूर्ण होने पर अभ्यर्थी के लॉगिन पर विद्यालय का आबंटन प्रदर्शित होगा, जिसमें उसे आबंटित स्कूल का नाम, यूडाइस कोड, जिला एवं ब्लॉक का नाम अंकित होगा। अभ्यर्थी को इस आबंटन को स्वीकार करना अनिवार्य होगा, अन्यथा वह चयन प्रक्रिया से बाहर हो जाएगा। आबंटन स्वीकार करने पर दस्तावेज सत्यापन के लिए आमंत्रण पत्र प्रदर्शित होगा, जिसका अभ्यर्थी प्रिंटआउट ले सकेंगे। इस पत्र में दस्तावेज सत्यापन हेतु अंतिम तिथि तथा स्थल जहां उपस्थित होना है, उसका विवरण दर्ज रहेगा। दस्तावेज सत्यापन का कार्यालयीन समय एवं दिवस में किया जाएगा।

व्याख्याता पद के लिए नियुक्तिकर्ता प्राधिकारी- संचालक लोक शिक्षण संचालनालय, शिक्षक पद के लिए नियुक्तिकर्ता प्राधिकारी-संबंधित संयुक्त संचालक एवं सहायक शिक्षक पद के लिए नियुक्तिकर्ता प्राधिकारी-संबंधित जिला शिक्षा अधिकारी हैं। अभ्यर्थी निर्धारित समयावधि में नियुक्तिकर्ता प्राधिकारी के कार्यालय में उपस्थित होकर दस्तावेज सत्यापन कराएंगे। पात्र-अपात्र की जानकारी सत्यापनकर्ता प्राधिकारी द्वारा भरकर अपलोड की जाएगी, जिसे अभ्यर्थी अपने लॉगिन पर देख सकेंगे, जो अभ्यर्थी अपात्र होंगे उनका अपात्रता संबंधी पत्र सत्यापनकर्ता अधिकारी के हस्ताक्षर सहित प्रिंट होगा, जिसमें अपात्र होने का कारण दर्शाया जाएगा। अपात्र अभ्यर्थी अपात्र होने के 7 दिवस के भीतर दावा आपत्ति संचालक लोक शिक्षण को प्रस्तुत कर सकेंगे। जो अभ्यर्थी पात्र होंगे उन्हें पत्र दिया जाएगा, जिसमें उल्लेखित होगा कि दस्तावेज सत्यापित कर लिया गया है।

छत्तीसगढ़ : व्यापम ने जारी किए शिक्षक भर्ती परीक्षा के परिणाम

No comments Document Thumbnail

रायपुर। व्यावसायिक परीक्षा मण्डल द्वारा शिक्षक, सहायक शिक्षक एवं व्याख्याता के लिए आयोजित भर्ती परीक्षा के परिणाम जारी कर दिए गए हैं।

अभ्यर्थी व्यापम की वेबसाइट https://vypam.cgstate.gov.in में अपनी प्रोफाईल में लॉगिन कर परिणाम देख सकते हैं। व्यापम द्वारा ली लिखित परीक्षा में प्राप्त कुल अंकों में अतिथि शिक्षकों के बोनस अंक जोड़कर परीक्षा परिणाम घोषित किए गए हैं।

छत्तीसगढ़ : सहायक शिक्षक, शिक्षक एवं व्याख्याता भर्ती में अतिथि शिक्षकों को बोनस अंक

No comments Document Thumbnail

रायपुर। छत्तीसगढ़ में शिक्षक भर्ती 2023 के अंतर्गत सहायक शिक्षक, शिक्षक एवं व्याख्याता की भर्ती प्रक्रियाधीन है। इस संबंध में 4 मई 2023 को विज्ञापन जारी किया गया था। इस भर्ती में राज्य शासन ने अतिथि शिक्षकों को बोनस अंक दिए जाने का निर्णय लिया है। निकट भविष्य में इन पदों पर भर्ती की प्रक्रिया प्रारंभ होने वाली है। लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा इस संबंध में सभी अतिथि शिक्षकों को सूचित किया है कि वे 20 जून 2023 तक कार्यालयीन समय में बोनस अंक हेतु अपना प्रमाण पत्र प्रस्तुत कर सकेंगे। निर्धारित तिथि एवं समय के पश्चात प्रस्तुत प्रमाण पत्र पर किसी भी प्रकार से विचार नहीं किया जाएगा और बोनस अंक दिया जाना संभव नहीं हो पाएगा। उल्लेखनीय है कि राज्य शासन के आदेशानुसार प्रदेश में शिक्षकों के 12 हजार 489 पदों पर भर्ती की जा रही है।

लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा इस संबंध में 12 मई 2023 को पत्र जारी कर बोनस अंक दिए जाने की विस्तृत प्रक्रिया निर्धारित की गई थी। इस संबंध में सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश भी दिए थे। जिसमें शिक्षा विभाग के स्कूलों में कार्यरत अतिथि शिक्षक को प्रत्येक वर्ष के लिए 2 बोनस अंक तथा अधिकतम 10 अंक संचालक लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा प्रमाण पत्र जारी किए जाने पर दिए जाने के निर्देश दिए गए हैं। लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा इस संबंध में अतिथि शिक्षकों को प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया निर्धारित करते हुए जिला शिक्षा अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही करने कहा है। यह भी  स्पष्ट किया गया है कि किसी भी शैक्षणिक सत्र में एक वर्ष से कम अवधि के अध्यापन के लिए शून्य अंक देय होगा। एक पूर्ण शैक्षणिक सत्र के अध्यापन के लिए 2 अंक देय होगा।

Government Jobs : व्याख्याता, शिक्षक और सहायक शिक्षक के 12489 पद के लिए ऑनलाइन आवेदन 23 मई तक आमंत्रित

No comments Document Thumbnail

सारंगढ़ बिलाईगढ़ : छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल नवा रायपुर के द्वारा लोक शिक्षण संचालनालय के व्याख्याता (वाणिज्य, गणित, भौतिक), शिक्षक और सहायक शिक्षक (ई एवं टी संवर्ग) के 12489 पद के लिए ऑनलाइन आवेदन 23 मई 2023 तक आमंत्रित किया गया है। आवेदन  06 मई 2023 से प्रारंभ हो चुकी है। त्रुटि सुधार 24 मई से 26 मई 2023 तक किया जा सकता है।


परीक्षा केन्द्र छत्तीसगढ़ के 30 जिला मुख्यालय है। प्रवेश पत्र जारी करने की तिथि 02 जून 2023 है। शिक्षक पद के लिए परीक्षा की संभावित तिथि 10 जून 2023 को पूर्वान्ह और सहायक शिक्षक पद के लिए परीक्षा की संभावित तिथि 10 जून 2023 को ही अपरान्ह में है। व्यापमं की वेबसाईट https://vyapam.cgstate.gov.in/  है।

संभाग के सहायक शिक्षक एल.बी से शिक्षक पद पर पदोन्नति के लिए काउंसलिंग 17 से 21 मई तक जे. एन. पाण्डेय स्कूल में

No comments Document Thumbnail

रायपुर। रायपुर संभाग के सहायक शिक्षक एल.बी से शिक्षक पद पर पदोन्नति के लिए काउंसलिंग 17 मई से 21 मई तक होगी। यह काउंसलिंग शासकीय प्रोफेसर जे.एन. पाण्डेय (उत्कृष्ट हिन्दी माध्यम ) बहुउद्देशीय उच्चतर माध्यमिक शाला रायपुर में दो पाली प्रथम पाली सुबह 10.30 बजे से दोपहर 1.00 बजे तक और द्वितीय पाली दोपहर 2.00 बजे से शाम 5.30 बजे तक होगी। काउंसलिंग में वरिष्ठता के आधार पर शिक्षकों का पदांकन किया जाएगा।

संभागीय संयुक्त संचालक लोक शिक्षक रायपुर ने काउंसलिंग में समस्त शिक्षकों से कहा है कि वे निर्धारित तिथि अनुसार काउंसलिंग प्रारंभ होने के 45 मिनट पूर्व स्थल पर उपस्थित होना सुनिश्चित करें। शिक्षक पद के रिक्त विद्यालयों की सूची काउंसलिंग स्थल पर प्रदर्शित तथा काउंसलिंग स्थल पर बाहर चस्पा की जाएगी।

संभागीय संयुक्त संचालक लोक शिक्षक रायपुर से प्राप्त जानकारी के अनुसार काउंसलिंग के लिए निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ई-संवर्ग में 17 और 18 मई को विषय-अंग्रेजी, 19 मई को गणित, 20 मई को विज्ञान, हिन्दी और उर्दू विषय की काउंसलिंग की जाएगी। इसी प्रकार टी-संवर्ग में  21 मई को अंग्रेजी, गणित, कला, हिन्दी और विज्ञान विषय की काउंसलिंग होगी।

स्कूल शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार संभाग स्तरीय सहायक शिक्षक एल.बी से शिक्षक के पद पर पदोन्नत शिक्षकों को ओपन काउंसलिंग के माध्यम से स्कूलों में पदांकित किया जाएगा। काउंसलिंग में सर्वप्रथम महिला दिव्यांग शिक्षकों को प्राथमिकता दी जाएगी उसके बाद पुरूष दिव्यांग शिक्षकों को प्राथमिकता मिलेगी। गंभीर बीमारी सेे पीड़ित महिला-पुरूष को प्राथमिकता दी जाएगी। बीमारी के संबंध में प्रमाण पत्र एवं मेडिकल से संबंधित दस्तावेज की प्रति अनिवार्य रूप से लाना होगा।

शिक्षा ही एक ऐसा माध्यम है, जो जीवन में परिवर्तन लाता है : मुख्यमंत्री भूपेश बघेल

No comments Document Thumbnail

रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज यहां अपने निवास कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में जशपुर जिले की विशेष पिछड़ी जनजाति ’पहाड़ी कोरवा’ और ’बिरहोर’ जनजाति के 142 युवाओं को सहायक शिक्षक के पद पर नियुक्ति पत्र का वर्चुअल रूप से वितरण किया। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बगीचा में भेंट-मुलाकात के दौरान विशेष पिछड़ी जनजातियों के युवाओं को सीधी भर्ती के पदों पर नियुक्ति दिलाने की घोषणा की थी। जिस पर अमल करते हुए आज 142 युवाओं को नियुक्ति पत्रों का वितरण किया गया।

गौरतलब है कि इससे पहले भी जशपुर जिले के विभिन्न शासकीय विभागों में पहाड़ी कोरवा जनजाति के अभ्यर्थियों को उनकी पात्रता के अनुसार 57 पदों पर नियुक्तियां दी गई हैं। प्रदेश में अब तक विशेष पिछड़ी जनजाति के 708 युवाओं को शासकीय नौकरी दी जा चुकी है। मुख्यमंत्री निवास में इस अवसर पर आदिम जाति विकास मंत्री डॉ. प्रेम साय सिंह टेकाम, उद्योग मंत्री कवासी लखमा और आदिम जाति विकास विभाग की संचालक श्रीमती शम्मी आबिदी भी उपस्थित थीं। संसदीय सचिव यू.डी. मिंज और विधायक  विनय भगत कार्यक्रम स्थल से वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े।

मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंस से इन युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा ही एक ऐसा माध्यम है, जो जीवन में परिवर्तन लाता है। शिक्षा ही आगे बढ़ने मार्ग प्रशस्त करती है। बघेल ने कहा कि आप लोगों ने विपरीत परिस्थितियों में पढ़ाई लिखाई की। आपके माता-पिता का आशीर्वाद भी आप के साथ रहा। आप शिक्षक बने हैं, मन लगाकर बच्चों को पढ़ाएं ताकि बच्चों का भविष्य अच्छा हो। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य शासन द्वारा विशेष पिछड़ी जनजातियों के उत्थान और विकास के लिए अनेक योजनाएं बनाई गई हैं। इनका अधिक से अधिक अपने समाज में प्रचार-प्रसार करे ताकि विशेष पिछड़ी जनजातियों के अधिक से अधिक लोग इनका लाभ उठा सकें।

उन्होंने युवाओं को उज्ज्वल भविष्य के लिए बधाई और शुभकामनाएं दी। मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि जनजातीय समाज परंपरागत रूप से विकास की दौड़ में पिछड़ा हुआ समाज है। इस समाज में कुछ समुदाय बहुत ज्यादा पीछे रह गए हैं। इन समुदायों को हम विशेष पिछड़ी जनजातीय के रूप में जानते हैं। राज्य की विशेष पिछड़ी जनजातियों के उत्थान के लिए राज्य शासन द्वारा बहुआयामी प्रयास किए जा रहे हैं। इन समुदायों के पढ़े-लिखे नौजवानों को शासकीय सेवाओं में उनकी पात्रता के अनुसार सीधी नियुक्ति दी जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आदिवासियों के उत्थान के लिए जल-जंगल-जमीन के अधिकारों को सुनिश्चित करने के लिए हमने पेसा कानून के सबसे बेहतर नियम लागू किए हैं। 65 प्रकार की वनोपजों की समर्थन मूल्य पर खरीदी और उनके प्रसंस्करण से वनवासियों को रोजगार और आय के अच्छे साधन मिल रहे हैं। कोदो-कुटकी-रागी का समर्थन मूल्य तय करके उनकी खरीदी की व्यवस्था की गई है। इन फसलों के लिए भी राजीव गांधी किसान न्याय योजना के अंतर्गत इनपुट सब्सिडी दी जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा की इन युवाओं ने बहुत विषम परिस्थितियों में अपनी पढ़ाई की है। सहायक शिक्षक के रूप में नियुक्ति मिलने से इन समुदाय में पढ़ाई के लिए उत्साह बढ़ेगा।

आदिम जाति विकास मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार आदिवासी समुदाय के उत्थान और विकास के लिए अनेक योजनाएं संचालित कर रही है। उन्होंने युवाओं से कहा कि एक शिक्षक के रूप में आने वाली पीढ़ी को शिक्षित करें और बच्चों को पढ़ाई के लिए प्रेरित करें। संसदीय सचिव श्री यू.डी. मिंज और विधायक श्री विनय भगत ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि पहाड़ी कोरवा और बिरहोर समुदाय के लोगों को मुख्य धारा से जोड़ने के लिए राज्य शासन द्वारा इन जनजातियों के 142 युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया है। उन्होंने इसके लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार प्रकट किया।

आदिम जाति कल्याण विभाग की आयुक्त श्रीमती शम्मी आबिदी ने बताया कि जशपुर जिले में विशेष पिछड़ी जनजातियों के सर्वाधिक 199 युवाओं को शासकीय नौकरी दी गई है। इसी तरह बलरामपुर जिले में 95 तथा कबीरधाम जिले में इन जनजातियों के 80 युवाओं को नौकरी दी गई है। कलेक्टर जशपुर डॉ. रवि मित्तल ने बताया कि विशेष पिछड़ी जनजातियों के जिन युवाओं को आज नौकरी दी गई, उनमें हायर सेकंडरी सर्टिफिकेट परीक्षा उतीर्ण 124, स्नातक उत्तीर्ण 11 एवं स्नातकोत्तर उत्तीर्ण 06 पहाड़ी कोरवा शामिल है। बिरहोर समुदाय के भी 01 अभ्यर्थी को भी नियुक्ति दी गई है। जो हायर सेकंडरी सर्टिफिकेट परीक्षा उत्तीर्ण है।

नियुक्ति मिलने पर युवाओं ने जताया मुख्यमंत्री के प्रति आभार

जशपुर जिले के विशेष पिछड़ी जनजाति पहाड़ी कोरवा और बिरहोर समुदाय के युवा शासकीय नौकरी पाकर बहुत खुश है। उन्होंने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से ऑनलाईन नियुक्ति पत्र मिलने पर खुशी जताते हुए आभार प्रकट किया। मुख्यमंत्री ने भी इन युवाओं के साथ आत्मीयतापूर्वक चर्चा की और उनके खुशहाल जीवन के लिए अपनी बधाई और शुभकामनाएं दी। विकासखंड बगीचा के ग्राम कुरहाटिपना की सहायक शिक्षक के पद पर नियुक्ति प्राप्त सुश्री असीमा बाई ने मुख्यमंत्री को बताया कि उनके पिताजी ने मजदूरी कर उन्हें स्नातक तक की शिक्षा दिलवाई। 

2019-20 में अतिथि शिक्षक के रूप में उनका चयन हुआ जिससे उनके परिवार की आर्थिक स्थिति में कुछ सुधार हुआ और आज शासकीय सेवा में नियुक्ति मिलने पर अब वे अपने परिवार एवं समाज के उत्थान में सहयोग दे पाएंगी। उन्होंने कहा कि वे भविष्य में यूपीएससी की परीक्षा उत्तीर्ण कर समाज एवं प्रदेश का नाम गौरवान्वित करेंगी। सहायक शिक्षक के पद पर नियुक्त बगीचा विकासखंड के ग्राम कलिया के ब्रजकिशोर राम ने मुख्यमंत्री बघेल को बताया कि उनके माता-पिता ने कृषि मजदूरी कर उनकी स्नातक तक शिक्षा दिलाई। उन्हें पूर्व में खनिज न्यास निधि के माध्यम से अतिथि शिक्षक के रूप में नियुक्ति मिली थी।

बगीचा विकासखंड के ग्राम नवरंगपुर निवासी तथा सहायक ग्रेड 3 के पद पर नियुक्त विजय कुमार ने बताया कि वे आर्थिक तंगी की वजह से अपनी इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी नहीं कर पाए, उनके माता-पिता ने कृषि मजदूरी एवं मनरेगा के तहत काम कर उनकी स्नातक की पढ़ाई पूरी करवाई। उन्हें पूर्व में अतिथि शिक्षक के रुप में नियुक्ति मिली थी। मुझे जशपुर जिले में आदिम जाति कल्याण विभाग में सहायक ग्रेड-3 के पद पर नियुक्ति मिली।

चतुर्थ श्रेणी के पद पर स्वच्छता परिचारक के पद पर नियुक्त सराईटोली, सन्ना की श्रीमती शामबती पहाड़िया ने बताया कि उनके माता-पिता ने कृषि मजदूरी एवं उधार लेकर उन्हें शिक्षा दिलवाई है। नियुक्ति प्राप्त इन युवाओं ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार प्रकट किया। राजपुर, बगीचा के संकल्प शिक्षण संस्थान मे कक्षा 10 वीं में अध्ययनरत ग्राम राजपुर के छात्र शंशु राम ने मुख्यमंत्री बघेल से फर्राटेदार अंग्रेजी में बात की। मुख्यमंत्री द्वारा पूछे जाने पर शंशु राम ने बताया कि वे भविष्य में इंजीनियरिंग की पढ़ाई के लिए आईआईटी मुंबई जाना चाहते हैं। मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि खूब बढ़िया सपना आपने देखा है और इसे पूरा करने के लिए कड़ी मेहनत की जरूरत है। अनुशासन, कड़ी मेहनत और सच्ची लगन से पढ़ाई करेंगे तो निश्चित ही आपका सपना साकार होगा। मनोरा विकासखंड के पहाड़ी कोरवा समाज की संरक्षक श्रीमती पंडरी ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया।

सहायक शिक्षकों की वेतन विसंगति के संबंध में शासन सहानुभूतिपूर्वक विचार करेगा - संचालक लोक शिक्षण

No comments Document Thumbnail

रायपुर। छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक एवं समग्र शिक्षक फेडरेशन के पदाधिकारियों ने आज संचालक लोक शिक्षण सुनील कुमार जैन से लोक शिक्षण कार्यालय में सहायक शिक्षकों के वेतन विसंगतियों के संबंध में मुलाकात की। संचालक जैन ने फेडरेशन के पदाधिकारियों से उनकी मांगों के संबंध में विस्तार से चर्चा की। संचालक ने शिक्षकों से कहा कि शासन ने सदा शिक्षकों के हित में निर्णय लिये हैं। नयी सरकार के आते ही समस्त शिक्षा कर्मियों का संविलयन किया गया है। जैन ने यह भी कहा कि सहायक शिक्षकों की मांगों पर शासन विचार करेगा। जैन ने प्रतिनिधिमंडल से आने वाली परीक्षा एवं छात्र हित को देखते हुए 6 फरवरी से होने वाली हड़ताल को स्थगित करने का आग्रह किया और उम्मीद जताई कि शिक्षक हड़ताल जैसा कोई कदम छात्रहित को दृष्टि में रखते हुये नही उठायेंगे


बैठक में छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक एवं समग्र शिक्षक फेडरेशन के प्रदेश अध्यक्षश्री मनीष मिश्रा, कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष द्वय कौशल अवस्थी और बंसत कुमार कौशिक, उपाध्यक्ष द्वय रंजीत बेनर्जी और आदित्य गौरव, महासचिव द्वय सिराज बक्स और शेषनाग पाण्डेय, प्रदेश सचिव ईश्वर प्रसाद चन्द्राकर, प्रवक्ता अलोक त्रिवेदी, मीडिया प्रभारी राजू टंडन, जिला अध्यक्ष रायपुर हेमकुमार साहू, जिला अध्यक्ष बेमेतरा अशोक धु्रव, ब्लॉक अध्यक्ष बागबाहरा प्रकाश बघेल उपस्थित थे।

प्रधान पाठक पदोन्नति हेतु काउंसलिंग 26 से 30 नवम्बर तक

No comments Document Thumbnail

गरियाबंद। जिला स्तर के रिक्त पद के अनुपात में सहायक शिक्षक (एलबी) से प्रधान पाठक प्राथमिक शाला के पदोन्नति हेतु  काउंसलिंग तिथि घोषित की गई है। जिला शिक्षा अधिकारी करमन खटकर से प्राप्त जानकारी अनुसार देवभोग विकासखंड के लिए 26 नवम्बर 2022, 



फिंगेश्वर के लिए 27 नवम्बर, मैनपुर के लिए 28 नवम्बर, छुरा के लिए 29 नवम्बर तथा गरियाबंद विकासखंड के लिए 30 नवम्बर 2022 निर्धारित की गई है। उक्त काउंसलिंग स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम स्कूल शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गरियाबंद में प्रातः 10 बजे से होगी।

सहायक शिक्षक से प्रधान पाठक प्राथमिक शाला पद पर पदोन्नति उपरांत पदांकन के संबंध में जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश

No comments Document Thumbnail

रायपुर। राज्य शासन द्वारा सहायक शिक्षक से प्रधान पाठक प्राथमिक शाला पद पर पदोन्नति उपरांत पदांकन के संबंध में सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी किए गए है। निर्देश में कहा गया है कि पदांकन सर्वप्रथम शिक्षक विहीन शालाओं में और उसके बाद एकल शिक्षकीय शालाओं में प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। उल्लेखनीय है कि शासन के ध्यान में यह तथ्य आया है कि वर्तमान में सहायक शिक्षक से प्राधान पाठक प्राथमिक शाला के पद पर पदोन्नति के बाद पदांकन में विधिवत प्रक्रिया का पालन नहीं किया जा रहा है।



इन तथ्यों को ध्यान रखते हुए राज्य शासन द्वारा सहायक शिक्षक से प्रधान पाठक प्राथमिक शाला के पद पर पदोन्नति के बाद पदांकन के संबंध में निर्देश प्रसारित किए है। स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि जिन जिलों में आज दिनांक तक पदांकन आदेश जारी नहीं किए गए हैं, उन जिलों में पदाकंन की कार्यवाही काउन्सिलिंग के माध्यम से ही की जाए। इसके लिए सर्वप्रथम शिक्षक विहीन शालाओं में पदांकन किया जाए। शिक्षक विहीन शालाओं में पदांकन पूर्ण होने पर एकल शिक्षक की शालाओं में प्राथमिकता के आधार पर पदांकन किया जाए। 

इन दोनो श्रेणियों में रिक्तियां भरे जाने के बाद अन्य आवश्यकता के अनुसार प्राथमिकता के आधार पर स्कूलों में पदांकन किया जाए। जो शिक्षक वर्तमान पदांकन से संतुष्ट नहीं है, उनके द्वारा 10 दिवस के भीतर जिला शिक्षा अधिकारियों के समक्ष अभ्यावेदन किया जा सकता है। जिला शिक्षा अधिकारी संबंधित के अभ्यावेदन का निराकरण विधिवत काउन्सिलिंग के माध्यम से 7 दिवस के भीतर करें और की गई कार्यवाही से संचालक लोक शिक्षण को अवगत करायें।

चयनित अभ्यर्थियों के मूल दस्तावेजों का सत्यापन 11 नवम्बर तक

No comments Document Thumbnail

उत्तर बस्तर कांकेर। उत्कृष्ट विद्यालय संचालन एवं प्रबंधन समिति कांकेर द्वारा रिक्त पदों की पूर्ति हेतु दस्तावेज सत्यापन एवं साक्षात्कार का आयोजन उपरान्त चयनित अभ्यार्थियों की प्रतीक्षा सूची से शिक्षक गणित, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान सहायक शिक्षक (अंग्रेजी माध्यम) के पदों पर नियुक्ति आदेश जारी किया गया है। साथ ही पूर्व में स्वीकृत पदों पर नियुक्ति उपरांत अभ्यार्थियों द्वारा त्यागपत्र देने के कारण पद रिक्त होने पर प्रतीक्षा सूची से व्याख्याता अंग्रेजी, रसायन, गणित, सहायक शिक्षक प्रयोगशाला (जीव विज्ञान) के पदों पर नियुक्ति आदेश भी जारी किये गये हैं।



चयनित अभ्यर्थियों को पदवार अपने सभी मूल दस्तावेजों सहित नोडल अधिकारी भर्ती सेल उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नरहरदेव कांकेर में उपस्थिति देनी होगी। अभ्यर्थियों को 50 रुपये के नोटरी शपथ पत्र के साथ उपस्थित होने निर्देशित किया गया है। ज्वाइनिंग सेंटर में अपने सभी मूल प्रमाण पत्रों की स्व प्रमाणित प्रतियों का एक सेट भी जमा करना होगा। नोडल सेंटर में जांच सत्यापन के उपरांत पदस्थ विद्यालय के लिए अनुमति पत्र जारी किये जायेंगे। कार्य पर उपस्थित होने की अंतिम तिथि 11 नवम्बर निर्धारित की गई है। उक्त चयन सूची का अवलोकन जिले की वेबसाईट www.kanker.gov.in पर अवलोकन किया जा सकता है।

एलबी संवर्ग के सहायक शिक्षकों की वरिष्ठता सूची जारी

No comments Document Thumbnail

कोण्डागांव। जिले के अंतर्गत 28 सितम्बर 2022 को जारी सहायक शिक्षक एलबी से प्रधान पाठक प्राथमिक शाला के पद पर पदोन्नति आदेश को त्रुटि परिलक्षित होने तथा लोक शिक्षण संचालनालय के दिशा-निर्देशों का परिपालन नहीं करने के कारण निरस्त किया गया है। अब पुनः पदोन्नति आदेश जारी करने हेतु 01 अप्रैल 2022 की स्थिति में सहायक शिक्षक एलबी संवर्ग की वरिष्ठता सूची जारी कर संबंधित शिक्षकों से 04 नवम्बर 2022 तक दावा-आपत्ति आमंत्रित किया गया है।



उक्त वरिष्ठता सूची अवलोकन हेतु जिले वेबसाइट ूूूणवदकंहंवदण्हवअण्पद पर अपलोड कर दी गयी है। जिला शिक्षा अधिकारी अशोक पटेल से मिली जानकारी के अनुसार इस वरिष्ठता सूची के बारे में एलबी संवर्ग के सहायक शिक्षक अपना दावा-आपत्ति आगामी 04 नवम्बर 2022 तक संबंधित खण्ड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में प्रस्तुत कर सकते हैं, ताकि पदोन्नति सूची को अंतिम रूप प्रदान किया जा सके।  

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.