Media24Media.com: वन खेलकूद

Responsive Ad Slot


 

Showing posts with label वन खेलकूद. Show all posts
Showing posts with label वन खेलकूद. Show all posts

27वीं अखिल भारतीय वन खेलकूद के महाकुंभ : छत्तीसगढ़ राज्य 108 पदक जीत कर पहले स्थान पर

No comments Document Thumbnail

रायपुर। छत्तीसगढ़ में चल रहे 27वीं अखिल भारतीय वन खेलकूद प्रतियोगिता का समापन समारोह 20 अक्टूबर को स्वामी विवेकानंद स्टेडियम, कोटा, रायपुर में किया जा रहा है। इस वन खेलकूद प्रतियोगिता में विगत वर्ष की तरह इस वर्ष भी छत्तीसगढ़ राज्य वन विभाग ने सबसे अधिक पदक प्राप्त कर अपना प्रथम स्थान पर बने रहे। रिपोर्ट लिखे जाने तक छत्तीसगढ़ 57 गोल्ड, 28 सिल्वर, 23 कांस्य पदक लेकर कुल 108 पदक और 435 पॉइंट के साथ शीर्ष पर बना हुआ है। वहीं पदक तालिका में दूसरे और तीसरे स्थान पर क्रमशः केरल और मध्यप्रदेश की टीम ने अपना स्थान बनाया हुआ है।

गौरतलब है कि इस प्रतियोगिता में 29 राज्य, 08 केन्द्र शासित प्रदेश, 06 वानिकी संस्थानों एवं पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के अधिकारी-कर्मचारियों के लगभग 3000 खिलाड़ियों जिसमें लगभग 584 महिला एवं 2320 पुरूष खिलाड़ी भाग लिया था। प्रतिभागियों के बीच 23 खेलों की 300 विधाओं जैसे एथलेटिक्स, बैडमिंटन, लॉन टेनिस, वेटलिफटिंग, कैरम, स्वीमिंग, तीरंदाजी, कबड्डी, क्रिकेट, फुटबॉल, बॉलीबाल जैसे खेलों के व्यक्तिगत एवं समूह खेलों का आयोजन किया गया। देशभर से आए वन विभाग के प्रतिभागियों के बीच प्रतिस्पर्धा हुआ। प्रतिस्पर्धा प्रत्येक प्रतिभागी द्वारा अपने प्रतिद्वंदी को कड़ी चुनौती दी गई। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को क्रमशः स्वर्ण, रजत एवं कांस्य के कुल 1200 पदक प्रदाय किए जाएंगे।

27वीं अखिल भारतीय वन खेलकूद प्रतियोगिता खिलाड़ियों द्वारा अपने खेल कौशल को निखारे तथा विभिन्न संस्कृतियों, विचारों और भावनाओं के प्रति भी एक-दूसरे का सम्मान किये। यह आयोजन न केवल प्रतिस्पर्धा का पर्व रहा, बल्कि भाईचारे, मेहनत और सामूहिक एकता का उत्सव भी दिखा। इस समापन समारोह में खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन तथा खेल के प्रति जागरूकता लाने के लिए ऑलंपिक पदक विजेता सुश्री मनु भाकर, निशानेबाज विशेष रूप से उपस्थित रहेंगी।

खेल महाकुंभ के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, कार्यक्रम की अध्यक्षता वनमंत्री केदार कश्यप एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में असम राज्य के वन मंत्री चंद्र मोहन पटवारी, उत्तराखंड राज्य के वन मंत्री सुबोध उनियाल, रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, रायपुर पश्चिम के विधायक राजेश मूणत, रायपुर उत्तर के विधायक पुरन्दर मिश्रा, रायपुर ग्रामीण के विधायक मोती लाल साहू के साथ ही वन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारीगण इस समापन समारोह में उपस्थित रहेंगे।

छत्तीसगढ़ की सरकार खेल और खिलाड़ियों के विकास के लिए प्रतिबद्ध : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

No comments Document Thumbnail

रायपुर।  राजधानी रायपुर के स्वामी विवेकानंद एथलेटिक स्टेडियम कोटा में छत्तीसगढ़ की मेजबानी में आयोजित अखिल भारतीय वन खेलकूद प्रतियोगिता का आगाज पारंपरिक वेशभूषा एवं परिधानों के साथ विभिन्न राज्यों से आए खिलाड़ियों ने मार्च पार्स्ट से किया। प्रतियोगिता का शुभारंभ अवसर पर केंद्रीय वन मंत्री भूपेंद्र यादव ने अपने वर्चुअल शुभकामना संदेश में कहा कि वनों के संरक्षण में वनकर्मियों की अहम भूमिका होती है। अखिल भारतीय वन खेलकूद प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में वनबल के कर्मचारी हिस्सा लेते है।  इसके लिए वन कर्मियों का शारीरिक रूप से चुस्त-दूरूस्त रहना जरूरी है। वनकर्मियों के लिए खेल का विशेष महत्व है, खेल से एकाग्रता, साहस और टीम भावना से कार्य करने में मदद मिलती है। मैं उम्मीद करता हूं इस प्रतियोगिता में सभी खिलाड़ी खेल भावना से खेलते हुए अपना उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे। इस अवसर पर उन्होंने सभी खिलाड़ियों को शुभकामना एवं बधाई दी। 

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने माता कौशल्या की धरती में देश के विभिन्न राज्यों से आए खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए कहा कि इस आयोजन के लिए वन विभाग की मेहनत काबिले तारीफ है। अखिल भारतीय वन खेलकूद प्रतियोगिता की शुरूआत वर्ष 1992 में हुई थी। धीरे-धीरे इसकी लोकप्रियता बढ़ती गई। इस खेल में कश्मीर से कन्याकुमारी ही नहीं अपितु केंद्र शासित प्रदेश के खिलाड़ी प्रतियोगिता में शामिल हो रहे हैं। 

हमारा भारत देश विविधताओं का देश है, राजधानी रायपुर का यह स्टेडियम लघु भारत के रूप में नजर आ रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश मे खेल और खिलाड़ियों के विकास के लिए अनेक कदम उठाये हैं। छत्तीसगढ़ की सरकार खेल और खिलाड़ियों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों से छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ा है। वनरक्षक से लेकर विभाग के अधिकारी भी शामिल हो रहे खिलाड़ी का वन और वन्य प्राणियों के संरक्षण के लिए अहम भूमिका होगी।

बिहार के वन मंत्री डॉ. प्रेमकुमार ने कहा कि वनों एवं वन्य प्राणियों के संरक्षण एवं जागरूकता लाने के लिए हमे आगे आना होगा। अखिल भारतीय वन खेलकूद प्रतियोगिता की शुरूआत आंध्रप्रदेश के हैदराबाद से हुई थी। इस बार यह आयोजन प्राकृतिक खनिज संपदा से भरपूर छत्तीसगढ़ में हो रहा है। डॉ. कुमार ने सभी खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकानाएं दी।

छत्तीसगढ़ के वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि वर्ष 2023 में हरियाणा में आयोजित अखिल भारतीय वन खेलकूद प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ ने प्रथम स्थान प्राप्त किया था। छत्तीसगढ़ की सरकार खेल प्रातिभाओं का बढ़ाने के साथ-साथ उनका सम्मान भी कर रही है। छत्तीसगढ़ में 44 प्रतिशत वन है, जो पूरे भारत में तीसरा स्थान रखता है। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पांच दिन तक चलने वाला यह आयोजन वनों के संरक्षण पर आधारित है। अखिल भारतीय वन खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन छत्तीसगढ़ में तीसरी बार हो रहा है। उन्होंने स्टेडियम में उपस्थित खिलाड़ियों के साथ-साथ उपस्थित जनसमुदाय को पेड़ और वन्यप्राणी के सरंक्षण के लिए प्रेरित किया। आने वाली पीढ़ी को जागरूक करने का कार्य न केवल सरकार का है अपितु सभी की नैतिक जवाबदारी है।

अंतर्राष्ट्रीय टी-20 के भारतीय कप्तान सूर्य कुमार यादव ने जय जोहर के उद्बोधन से अपनी बात रखी। उन्होंने छत्तीसगढ़ में वनों के संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की और कहा कि छत्तीसगढ़ में चारों ओर हरियाली है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों के कैरियर में अनुशासन महत्वपूर्ण है। उन्होंने आने वाली पीढ़ी के लिए वनों को हराभरा रखने और खेल को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार की सराहना करते हुए इस आयोजन के लिए बधाई दी।

उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ की मेजबानी में चार साल बाद 27वीं ऑल इंडिया फॉरेस्ट स्पोर्ट्स मीट में 26 खेल की 300 विधाओं में प्रतियोगिताएं होगी। यह प्रतियोगिता 16 से 20 अक्टूबर तक राजधानी के 16 अलग-अलग खेले मैदानों में होगा। इसमें देशभर से 2920 खिलाड़ी भाग लेंगे। जिसमें 2331 पुरुष और 585 महिला खिलाड़ी शामिल हैं। मेजबान छत्तीसगढ़ के 268 खिलाड़ी 12वीं बार ओवरऑल चैम्पियनशिप के लिए अपनी दावेदारी पेश करेंगे। हमारी टीम अब तक 11 बार ओवरऑल चैम्पियनशिप का खिताब जीत चुकी है। प्रतियोगिता प्रारंभ के पूर्व विभिन्न राज्यों से आए खिलाड़ियों द्वारा किए गए मार्च पार्स्ट में छत्तीसगढ़ प्रथम, हिमाचल प्रदेश द्वितीय और तृतीय स्थान पर तमिलनाडु तथा असम और गुजरात के दल को सांत्वना पुरस्कार से पुरस्कृत किया गया।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री द्वय अरूण साव और विजय शर्मा, खाद्य मंत्री दयालदास बघेल, उद्योग एवं श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि रामप्रसाद, विधायकगण राजेश मूणत, मोतीलाल साहू, पद्मश्री अनुज शर्मा, सचिव (वन) भारत सरकार की श्रीमती लीना नंदन, वन महानिदेशक भारत सरकार जितेन्द्र कुमार, अतिरिक्त मुख्य सचिव (वन) श्रीमती ऋचा शर्मा, प्रधान मुख्य वनसंरक्षक एवं वन बल प्रमुख व्ही. श्रीनिवास राव, मुख्य वन संरक्षक एवं प्रतियोगिता के नोडल अधिकारी श्रीमती शालिनी रैना सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी और आम लोग उपस्थित थे।

अखिल भारतीय वन खेलकूद प्रतियोगिता : पंचकूला में छत्तीसगढ़ ने लहराया परचम

No comments Document Thumbnail

रायपुर। वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री मोहम्मद अकबर ने आज 26वीं अखिल भारतीय वन खेलकूद प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के समस्त विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया। गौरतलब है कि हरियाणा राज्य के पंचकूला में सम्पन्न हुई 26वीं अखिल भारतीय वन खेलकूद प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ 12वीं बार ओवर ऑल चैम्पियन बना है। छत्तीसगढ़ ने कुल 129 मेडल जीतकर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कर्नाटक को पछाड़ते हुए पुनः अपना प्रथम स्थान कायम रखा।

वन मंत्री मोहम्मद अकबर ने छत्तीसगढ़ राज्य की अखिल भारतीय वन खेलकूद प्रतियोगिता में इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए वन विभाग को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इनके बेहतर प्रदर्शन से वन विभाग की टीम सहित पूरा छत्तीसगढ़ राज्य गौरवान्वित हुआ है। साथ ही विभागीय काम-काज में भी वन विभाग का बेहतर प्रदर्शन रहा है। इसके परिणाम स्वरूप वन विभाग को अपने विभागीय गतिविधियों के बेहतर संचालन के लिए राष्ट्रीय स्तर पर 9 विभिन्न पुरस्कार भी प्राप्त हुए है।

कार्यक्रम को प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख व्ही. श्रीनिवास राव तथा नोडल अधिकारी एपीसीसीएफ सुनील मिश्रा ने भी संबोधित किया और प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के वन विभाग की टीम की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की। अखिल भारतीय वन खेलकूद प्रतियोगिता में टेनिस, टेबल टेनिस, बैडमिन्टन, तैराकी, कैरम, चेस, वेटलिफ्टिंग, पावर लिफ्टिंग, कबड्डी जैसे इंडोर गेम के साथ-साथ क्रिकेट, फुटबॉल, बॉस्केट बॉल, हॉकी, गोल्फ, एथलेटिक्स के विभिन्न इवेंट होते है। इस प्रतियोगिता में वन विभाग के उच्चतम अधिकारी पीसीसीएफ से लेकर गॉर्ड तक खेल स्पर्धाओं में भाग लेते है।

छत्तीसगढ़ के वन विभाग टीम ने क्रिकेट में जम्मू कश्मीर को हराकर सातवीं बार  गोल्ड मेडल प्राप्त किया। इसी तरह फुटबॉल में हरियाणा के टीम को हराकर छत्तीसगढ़ ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। हरियाणा की टीम में कई नेशनल खिलाड़ी शामिल थे। छत्तीसगढ़ की बॉस्केट बॉल टीम ने कर्नाटक की टीम को हराकर गोल्ड मेडल हासिल किया। वेटलिफ्टिंग पॉवरलिफ्टिंग में कुल 19 स्वर्ण, टेनिस में 12 स्वर्ण, बैडमिन्टन में 04 स्वर्ण, तैराकी में 06 स्वर्ण, एथलेटिक्स मेें 18 स्वर्ण, 10 रजत, 08 कांस्य पदक जीते हैं। इसी प्रकार टेनिस में 09 स्वर्ण और 02 रजत पदक प्राप्त किया है।

इस तरह इस वर्ष की 26 वीं अखिल भारतीय वन खेलकूद प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ ने कुल 129 मेडल जीतकर कुल 509 अंक प्राप्त किए और अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कर्नाटक को कड़ी प्रतिस्पर्धा में पछाड़ते हुए पुनः अपना प्रथम स्थान कायम रखा। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री तथा वन मंत्री सहित वन विभाग के प्रमुख सचिव मनोज पिंगुआ, प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख व्ही. श्रीनिवास राव के कुशल मार्गदर्शन में नोडल अधिकारी एपीसीसीएफ सुनील मिश्रा और सीसीएफ राजू आगाशमणि एवं दिलराज प्रभाकर, डीएफओ विश्वेष कुमार, आलोक तिवारी, सुश्री संगीता राजगोपालन के अथक प्रयास तथा खिलाड़ियों के सतत अभ्यास एवं लगन से छत्तीसगढ़ को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ। इससे छत्तीसगढ़ गौरवान्वित हुआ है।

 


Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.