Media24Media.com: राष्ट्रीय स्वास्थ्य

Responsive Ad Slot


 

Showing posts with label राष्ट्रीय स्वास्थ्य. Show all posts
Showing posts with label राष्ट्रीय स्वास्थ्य. Show all posts

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण की राज्य स्तरीय समिति की बैठक सम्पन्न

No comments Document Thumbnail

रायपुर। मुख्य सचिव अमिताभ जैन की अध्यक्षता में आज यहां मंत्रालय महानदी भवन में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत किए जाने वाले कार्यों के संबंध में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की राज्य स्तरीय समिति की बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सम्पन्न हुई। 
                   

बैठक में प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों के भवन विहीन उप स्वास्थ्य एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों के भवन बनाने एवं शहरी क्षेत्रों के हेल्थ एण्ड वेलनेस केन्द्र एवं पाली क्लिनिक के संचालन के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के अंतर्गत विभिन्न अस्पतालों के लिए दवाईयां, उपकरणों इत्यादि क्रय किए जाने प्रस्तावित किया गया। बैठक में अपर मुख्य सचिव लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण श्रीमती रेणु जी पिल्ले भी मौजूद थी।

बैठक में राज्य के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार हेतु स्वास्थ्य केन्द्र जिनके भवन नहीं है उनके भवन बनाना प्रस्तावित किया गया। बैठक में मुख्यमंत्री हाट बाजार क्लिनिक में इलाज वाले समस्त मरीजों का ऑनलाइन डाटा प्रविष्ट किए जाने हेतु आईटी सिस्टम को सुदूढ़ किए जाने और भारत नेट के माध्यम से इंटरनेट की सुविधा सुनिश्चित करने तथा भविष्य में मरीजों का ऑनलाइन डाटा संधारित करने के संबंध में अधिकारियों को निर्देशित किया गया।

इसी प्रकार से प्रदेश के 544 भवन विहीन उप स्वास्थ्य केन्द्र और 20 भवन विहीन प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों हेतु अधोसंरचना निर्माण की कार्योत्तर स्वीकृति प्रदान की गई। इसी तरह से प्रदेश के सभी उप स्वास्थ्य एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों में उपकरणों संबंधी सेवाएं प्रदान करने का कार्य सीजीएमएससी से कराया जाना प्रस्तावित किया गया। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग आयोजित इस बैठक में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के सचिव प्रसन्ना आर., नगरीय प्रशासन विभाग के विशेष सचिव अयाज तम्बोली, मिशन संचालक राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन भोसकर विलास संदिपान सहित राज्य स्तरीय समिति के अन्य सदस्य शामिल हुए।

स्वास्थ्य विभाग और टाटा ट्रस्ट ने मिलकर राज्य के 23 शहरी पीएचसी को बनाया मॉडल हमर अस्पताल

No comments Document Thumbnail

रायपुर। राज्य शासन के स्वास्थ्य विभाग, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन और टाटा ट्रस्ट की सहयोगी संस्था सीआईएनआई (Collectives for Integrated Livelihood Initiatives) ने मिलकर प्रदेश के 23 शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को मॉडल हमर अस्पताल के रूप में विकसित किया है। इन मॉडल हमर अस्पताल से स्थानीय लोगों को उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाएं मिल रही हैं। इन 23 में से 14 शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (NQAS) प्रमाण पत्र से नवाजा जा चुका है।
                   

टाटा ट्रस्ट ने नवा रायपुर के सत्य साईं संजीवनी अस्पताल के साथ मिलकर जन्मजात हृदय रोगों (Congenital Heart Disease) से पीड़ित बच्चों की स्क्रीनिंग एवं इलाज में भी सहयोग प्रदान किया है। ट्रस्ट के सहयोग से एक हजार बच्चों के ऑपरेशन हुए हैं। ट्रस्ट की मदद से चार शहरों जगदलपुर, बिलासपुर, राजनांदगांव और रायपुर में जन्मजात हृदय रोगों के स्क्रीनिंग सेंटर भी संचालित हो रहे हैं। सीआईएनआई द्वारा छत्तीसगढ़ में संचालित मॉडल शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और टाटा ट्रस्ट की सीएचडी परियोजना का समापन कार्यक्रम आज नवा रायपुर स्थित एक निजी होटल में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सभी 23 मॉडल हमर अस्पतालों में कार्यरत स्टॉफ को सम्मानित किया गया। अस्पताल स्टॉफ के लिए ‘वर्कप्लेस हैप्पीनेस (Workplace Happiness)’ पर कार्यशाला के साथ ही ‘शहरी आबादी के बीच प्रायमरी हेल्थ केयर’ विषय पर पैनल डिस्कशन भी इस दौरान आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सीआईएनआई द्वारा तैयार छत्तीसगढ़ में आदर्श हमर अस्पताल परियोजना पर आधारित पुस्तिका का विमोचन भी किया गया।
                 

राज्य शासन के साथ साझेदारी में टाटा ट्रस्ट द्वारा छत्तीसगढ़ हेल्थ सिस्टम्स स्ट्रेंथनिंग इनिशिएटिव्ह (Chhattisgarh Health Systems Strengthening Initiative) के अंतर्गत वर्ष 2019 से मॉडल शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र परियोजना संचालित की जा रही थी। इसके तहत राज्य के 23 शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में बच्चों के अनुकूल मॉडल टीकाकरण कक्ष, रोगी-केंद्रित स्वास्थ्य केंद्र, डिजिटल तकनीकों के उपयोग, फॉर्मेसी सुदृढ़ीकरण, जांच व दवाईयों की संख्या बढ़ाने तथा वहां कार्यरत स्टॉफ की कार्यदक्षता बढ़ाकर मॉडल हमर अस्पताल के रूप में विकसित किया गया है। राज्य के अन्य शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को भी इसी तर्ज पर मॉडल हमर अस्पताल के रूप में विकसित किया जाएगा। टाटा ट्रस्ट ने स्वास्थ्य सुविधाओं को सभी के लिए सुलभ बनाने की अपनी प्रतिबद्धता के तहत जन्मजात हृदय रोगों (सीएचडी) से पीड़ितों की शीघ्र पहचान और उपचार के लिए भी सत्य साईं संजीवनी अस्पताल के साथ मिलकर काम किया है।

                                    
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के संचालक भोसकर विलास संदिपन ने परियोजना के समापन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में हमें अच्छी स्वास्थ्य सुविधाएं देनी हैं। स्वास्थ्य सबकी प्राथमिकता का क्षेत्र है। उन्होंने मॉडल हमर अस्पतालों में उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर रहे स्टॉफ को बधाई देते हुए कहा कि आप लोगों के फीडबैक से अन्य स्वास्थ्य केंद्रों की सेवाओं को भी बेहतर करेंगे। इसके लिए आप लोगों का इनपुट जरूरी है। उन्होंने टाटा ट्रस्ट और सीआईएनआई को प्रदेश में प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती प्रदान करने में सहयोग के लिए धन्यवाद दिया।

टाटा ट्रस्ट के वरिष्ठ स्वास्थ्य सलाहकार डॉ. सीता राम बुदराजू ने कार्यक्रम में कहा कि हम गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं को सुलभ और किफायती बनाने का प्रयास करते हैं, खासकर वंचित समुदायों के लिए। इस उद्देश्य के साथ हम पिछले कुछ वर्षों से छत्तीसगढ़ सरकार के साथ काम कर रहे हैं। राज्य में 23 मॉडल हमर अस्पताल के नेटवर्क, डिजिटलीकरण और गुणवत्ता नियंत्रण के लिए सक्रिय निगरानी जैसे कार्यों ने इस पायलट परियोजना को सफल बनाया है। उम्मीद है हमारी यह पहल फ्रंटलाइन स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं की क्षमता बढ़ाकर सेवा की गुणवत्ता बढ़ाने तथा नई-नई प्रौद्योगिकी के जरिए लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने में मददगार होंगी।

स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त संचालक डॉ. सुरेन्द्र पामभोई और सीआईएनआई के कार्यकारी निदेशक डॉ. गणेश नीलम ने भी परियोजना के समापन कार्यक्रम को संबोधित किया। रायपुर के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश चौधरी, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के राज्य कार्यक्रम प्रबंधक आनंद साहू, शहरी स्वास्थ्य कार्यक्रम प्रबंधक डॉ. प्रदीप टंडन, विश्व स्वास्थ्य संगठन के उरिया नाग और टाटा ट्रस्ट के डॉ. अभिजीत चौधरी सहित राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, टाटा ट्रस्ट तथा सीआईएनआई के कई अधिकारी भी कार्यक्रम में मौजूद थे।

इन अस्पतालों को विकसित किया गया है मॉडल हमर अस्पताल के रूप में

रायपुर के भनपुरी, भाठागांव, लाभांडी, राजातालाब, गुढ़ियारी, आमासिवनी, मठपुरैना, हीरापुर, कांशीराम नगर, देवपुरी, गोगांव शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, चरोदा शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, बूढ़ा महादेव शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कबीरधाम, बिलासपुर के गांधी चौक और राजकिशोर नगर शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, नवापारा शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अंबिकापुर, कोरबा के ढोढ़ीपारा और गोपालपुर शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, राम नगर शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कांकेर, बैकुंठधाम शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, न्यू खुर्सीपार शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, पोटिया कला शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र

केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा इनमें से रायपुर के भनपुरी, भाठागांव, राजातालाब, आमासिवनी, मठपुरैना, हीरापुर शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, चरोदा शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, बूढ़ा महादेव शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कबीरधाम, बिलासपुर के गांधी चौक और राजकिशोर नगर शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, नवापारा शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अंबिकापुर, कोरबा के ढोढ़ीपारा और गोपालपुर शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तथा श्री राम नगर शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कांकेर को राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (NQAS) प्रमाण पत्र प्रदान किया गया है।

राज्य में तंबाकू पर नियंत्रण के लिए सभी विभागों, गैर-सरकारी संस्थाओं और सिविल सोसाइटीज का सहयोग जरूरी – भोसकर विलास संदीपान

No comments Document Thumbnail

रायपुर। तंबाकू नियंत्रण की दिशा में प्रभावी कदम उठाने और नई पीढ़ी को इसके हानिकारक प्रभावों से बचाने के लिए राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के संचालक भोसकर विलास संदीपान ने आज इंद्रावती भवन में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के अधिकारियों,   गैर-शासकीय संस्थाओं के प्रतिनिधियों तथा ‘द यूनियन’ संस्था के साथ बैठक की। उन्होंने बैठक में युवा पीढ़ी को तंबाकू की लत से बचाने के लिए सामाजिक स्तर पर प्रयास करने और इस बारे में लोगों के व्यवहार में परिवर्तन लाने के लिए प्रमुखता से कार्य करने के निर्देश दिए।

राज्य में तंबाकू नियंत्रण के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। राज्य स्तर पर सभी गैर-शासकीय संस्थाओं को आज एक मंच पर लाकर तंबाकू के दुष्प्रभावों की गंभीरता और इसके उपयोग को रोकने विचार-विमर्श किया गया। बैठक में प्रदेश में तंबाकू और इसके उत्पादों के उपयोग को रोकने व्यापक कार्ययोजना तैयार करने का सुझाव भी दिया गया। तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के राज्य नोडल अधिकारी डॉ. कमलेश जैन ने प्रदेश में तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि ग्लोबल एडल्ट सर्वे के अनुसार राज्य की कुल आबादी के 39.1 प्रतिशत लोग किसी न किसी रूप में तंबाकू उत्पादों का उपयोग करते हैं तथा 21.9 प्रतिशत आबादी कार्यस्थल पर तंबाकू का उपयोग करती है जो गंभीर चिंता का विषय है। तंबाकू उत्पादों के निर्माताओं द्वारा कोटपा एक्ट, 2003 के प्रावधानों का शत-प्रतिशत अनुपालन नहीं किया जा रहा है। राज्य में ऐसे बहुत से तंबाकू उत्पाद हैं जो कोटपा एक्ट, 2003 की धारा 7 का अनुपालन नहीं करते हैं। साथ ही विभिन्न माध्यमों से तंबाकू एवं तंबाकू उत्पादों का प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष विज्ञापन कर कोटपा एक्ट की धारा 5 का उल्लंघन भी किया जाता है। इस पर सभी को उचित कार्यवाही किया जाना आवश्यक है।

बैठक में ‘द यूनियन’ के डिप्टी रिजनल डायरेक्टर आशीष पाण्डेय ने देश में प्रभावशील कानूनों एवं नीतियों से अवगत कराते हुये तंबाकू नियंत्रण के लिए भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा प्राप्त निर्देशों की जानकारी दी। ‘द यूनियन’ के वरिष्ठ तकनीकी सलाहकार डॉ. अमित यादव ने कोटपा एक्ट, 2003 के विभिन्न प्रावधानों और ऑनलाइन एमआईएस की जानकारी दी। उन्होंने तंबाकू नियंत्रण के लिए सभी विभागों की भूमिका, उचित निगरानी एवं नियंत्रण के लिए वेंडर लाइसेंसिग के विषय में बताया। डॉ. यादव ने यह भी बताया कि किस तरह से तंबाकू उत्पाद के निर्माताओं द्वारा कोटपा एक्ट, 2003 की धारा 5 एवं 7 के प्रावधानों का उल्लंघन किया जा रहा है। बैठक में चर्चा कर सभी गैर-शासकीय संस्थाओं के प्रतिनिधियों से तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए सुझाव लिए गए। सभी संस्थाओं ने प्रदेश में तंबाकू नियंत्रण पर अपने-अपने स्तर पर आवश्यक सहयोग के लिए सहमति भी प्रदान की।

स्वास्थ्य विभाग में संविदा भर्ती: कौशल परीक्षा उपरांत दस्तावेज सत्यापन 20 दिसंबर को

No comments Document Thumbnail

कोरबा। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन अंतर्गत संविदा पदों में भर्ती के लिए मंगाये गये आवेदनों के स्क्रूटनी पश्चात् कौशल परीक्षा आयोजित की गई थी। परीक्षा परिणाम के आधार पर अभ्यर्थियों की अंतरिम वरियता सूची जारी कर दी गई है। सूची का अवलोकन मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय एवं कोरबा जिले के वेबसाइट में कर सकते हैं।



आवेदकों का दस्तावेज सत्यापन 20 दिसंबर 2022 को सुबह 11 बजे से शाम चार बजे तक कार्यालय मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कोरबा में किया जाएगा। सीएमएचओ डॉ. एस.एन. केसरी ने बताया कि 21 नवंबर को जिला प्रबंधक डाटा, सेक्रेटेरियल असिस्टेंट एनएमएचपी, सेक्रेटेरियल असिस्टेंट एनएचएम, सेक्रेटेरियल असिस्टेंट एनयुएचएम तथा जुनियर सेक्रेटेरियल असिस्टेंट पीएडीए-एनएचएम पदों के लिए कौशल परीक्षा आयोजित किया गया था। परीक्षा पश्चात् इन पदों में भर्ती के लिए दस्तावेज सत्यापन किया जाएगा।

एक साथ-एक समय पर प्रदेश के सभी जिलों में होगी सायकल रैली

No comments Document Thumbnail

रायपुर। आयुष्मान पखवाड़े के अंतर्गत 02 अक्टूबर गांधी जयंती के अवसर पर राज्य के सभी जिलों में प्रातः 10 बजे भव्य सायकल रैली निकाली जाएगी। आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, डॉ. खूबचंद बघेल स्वास्थ्य सहायता योजना व मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना की जानकारी आम जनमानस तक पहुंचाने तथा आयुष्मान कार्ड पंजीयन के लिए लोगों को प्रेरित करने के उद्देश्य से आयोजित इस सायकल रैली में उच्चतर माध्यमिक शालाओं के विद्यार्थी भाग लेंगे।



राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण के निर्देशों के अनुसार देश के सभी राज्यों में आयुष्मान पखवाड़े का आयोजन किया जा रहा है। इसी तारतम्य में छत्तीसगढ़ में 23 सितम्बर से 07 अक्टूबर तक आयुष्मान पखवाड़े के दौरान विविध आयोजन किये जा रहे हैं। 02 अक्टूबर को राज्य के सभी जिलों में योजना की जागरूकता को लेकर सायकल रैली आयोजित है। स्कूली छात्र-छात्राओं की सहभागिता से आयोजित होने वाली सायकल रैली को लेकर सभी जिलों में तैयारियां पूरी हो गई है।

सायकल रैली को लेकर छात्र-छत्राओं में जबरदस्त उत्साह है। जिला प्रशासन भी इस आयोजन में बढ़-चढ़कर अपनी भूमिका निभा रहा है। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल एवं स्वास्थ्य मंत्री टी.एस. सिंहदेव के मार्गदर्शन में राज्य में बीते पौने चार सालों में स्वास्थ्य सुविधाओं का सुदृढ़ करने के साथ ही मुख्यमंत्री हाट बाजार क्लिनिक, दाई-दीदी क्लिनिक, मुख्यमंत्री स्लम स्वास्थ्य जैसी अभिनव योजनाओं के माध्यम से स्वास्थ्य सुविधाओं को आमजन तक सहजता से पहुंचाने को लेकर उल्लेखनीय कार्य हुए है। 

मलेरिया मुक्त बस्तर के बाद मलेरिया मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान के चलते वनांचल में मलेरिया से मौत के आंकड़े में बेहद कमी आयी है। कुपोषण और एनीमिया के चक्र से बच्चों और महिलाओं बाहर निकालने में मदद मिली है। यही वजह है कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ राष्ट्रीय स्तर पर लगातार अपनी मजबूत स्थिति दर्ज करा रहा है। छत्तीसगढ़ राज्य को बीते वर्ष राष्ट्रीय स्तर के चार पुरस्कार एवं अभी हाल ही में 26 सितम्बर 2022 को राष्ट्रीय स्तर के दो पुरस्कार मिले हैं। 

उल्लेखनीय है कि आयुष्मान कार्ड के पंजीयन की महत्ता के बारे में लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से बीते 23 सितंबर को स्वास्थ्य मंत्री टी.एस. सिंहदेव के मार्गदर्शन में अंबिकापुर में स्कूली छात्र-छात्राओं की सायकल रैली का आयोजन किया था। इस दौरान आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना डॉ. खूबचंद बघेल स्वास्थ्य सहायता योजना व मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना से उपचार लाभ लेने के लिये आयुष्मान कार्ड पंजीयन की अनिवार्यता के लिये जागरूकता लाने व उत्साहवर्धन के लिये आयोजन में शामिल हुये।

 आयुष्मान पखवाड़े के परिप्रेक्ष्य में 23 सिंतबर से लेकर 7 अक्टूबर तक सभी जिलों में ब्लॉक स्तरीय हेल्थ कैम्प आयोजित किये जा रहे है। कैम्प में आने वाले लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण करने के साथ ही उनका आयुष्मान कार्ड पंजीयन किया जा रहा है। स्वास्थ्य परीक्षण में किसी तरह की बीमारी सामने आने पर योजना के माध्यम से मरीजों को निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। गंभीर बीमारी होने की स्थिति में उच्च चिकित्सा संस्थानों में मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के माध्यम से भी निःशुल्क उपचार की व्यवस्था की गई है।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.