Media24Media.com: राष्ट्रीय

Responsive Ad Slot


 

Showing posts with label राष्ट्रीय. Show all posts
Showing posts with label राष्ट्रीय. Show all posts

राष्ट्रपति द्वारा स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम स्कूल के प्राचार्य डॉ. बृजेश पाण्डेय राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित

No comments Document Thumbnail

रायपुर। राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु द्वारा आज 5 सितम्बर को शिक्षक दिवस के अवसर पर नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित गरिमामय समारोह में स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम स्कूल ब्रम्हपारा अम्बिकापुर के प्राचार्य डॉ. पाण्डेय को राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान से सम्मानित किया। राष्ट्रपति द्वारा समारोह में 75 चयनित शिक्षकों को वर्ष 2023 के राष्ट्रपति पुरस्कार प्रदान किए गए। सरगुजा जिले के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय के प्राचार्य डॉ. बृजेश पाण्डेय को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने पर यह पुरस्कार प्राप्त हुआ।

राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित प्राचार्य डॉ. बृजेश पाण्डेय ने प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और स्कूल शिक्षा मंत्री श्री रविन्द्र चौबे के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बच्चों को अंग्रेजी माध्यम की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम स्कूलों की स्थापना की गई है। इन विद्यालयों के माध्यम से छत्तीसगढ़ में गरीब परिवारों के बच्चे भी अंग्रेजी माध्यम में शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। छत्तीसगढ़ में स्वामी आत्मानंद स्कूलों की संख्या भी दिनों-दिन बढ़ रही है और अभिभावकों में इन स्कूलों के प्रति विश्वास बढ़ा है। जिसका परिणाम इन स्कूलों में निर्धारित सीट से कई गुना बच्चे प्रवेश पाने के लिए आ रहे हैं।

राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान के लिए चयनित डॉ. बृजेश पाण्डेय ने विज्ञान के प्रति अभिरूचि जगाने के साथ बाल वैज्ञानिकों को आगे बढ़ाने में अहम योगदान दिया। उनके दिशा-निर्देशन में कई बाल वैज्ञानिकों का मॉडल राष्ट्रीय स्तर में प्रदर्शित हो चुका है। डॉ. पाण्डेय वर्ष 2018 में राज्यपाल पुरस्कार से भी सम्मानित हो चुके है। प्राथमिक शिक्षा के बच्चों के लिए एक्टिविटी बुक के निर्धारण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही।

विशेष लेख : मिनीमाता ने छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय क्षितिज पर दी नई पहचान

No comments Document Thumbnail

रायपुर। छत्तीसगढ़ की पहली महिला सांसद मिनीमाता बहुआयामी व्यक्तित्व की धनी थी। अपने प्रखर नेतृत्व क्षमता की बदौलत राष्ट्रीय नेताओं के बीच उनकी अलग पहचान थी। दलित शोषित समाज ही नहीं सभी वर्गो ने उनके नेतृत्व को मान्य किया था। उन्होंने संसद में अस्पृश्यता निवारण अधिनियम पारित कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मिनीमाता समाज हितैषी कार्यो की वजह से लोकप्रियता के शीर्ष पर पहुंची।


मिनीमाता ने समाजसुधार सहित सभी वर्गों की उन्नति और बेहतरी के कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। उन्होंने जन सेवा को ही जीवन का उद्ेश्य मानकर कार्य किया। उन्होंने नारी उत्थान, किसान, मजदूर, छूआ-छूत निवारण कानून, बाल विवाह, दहेज प्रथा, निःशक्त व अनाथों के लिए आश्रम, महिला शिक्षा और जनहित के अनेक फैसलों और समाज हितैषी कार्यों में महत्वपूर्ण योगदान दिया। मिनीमाता की राजनीतिक सक्रियता और समर्पण से पीड़ितों के अधिकार हेतु संसद में अनेक कानून बने।   

मिनीमाता का मूल नाम मीनाक्षी देवी था। उनका जन्म 13 मार्च 1913 को असम राज्य के दौलगांव में हुआ। उन्हें असमिया, अंग्रेजी, बांगला, हिन्दी और छत्तीसगढ़ी भाषा का अच्छा ज्ञान था। वह सत्य, अहिंसा एवं प्रेम की साक्षात् प्रतिमूर्ति थीं। उनका विवाह गुरूबाबा घासीदास जी के चौथे वंशज गुरू अगमदास से हुआ। विवाह के बाद वे छत्तीसगढ़ आई, तब से उन्होंने इस क्षेत्र के विकास के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया। गुरू अगमदास जी की प्रेरणा से स्वाधीनता के आंदोलन, समाजसुधार और मानव उत्थान कार्यों में उन्होंने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। स्वतंत्रता पश्चात लोकसभा का प्रथम चुनाव 1951-52 में सम्पन्न हुआ। मिनीमाता सन् 1951 से 1971 तक सांसद के रूप में लोकसभा की सदस्य रहीं। छत्तीसगढ़ की प्रथम महिला सांसद के रूप में दलितों एवं महिलाओं के उत्थान के लिए किए गए कार्यों के लिए उन्हें सदा याद किया जाएगा। अविभाजित मध्यप्रदेश में बिलासपुर-दुर्ग-रायपुर आरक्षित सीट से लोकसभा की प्रथम महिला सांसद चुनी गईं। इसके बाद परिसीमन में अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित जांजगीर लोकसभा क्षेत्र से चार बार चुनाव जीत कर लोकसभा पहुंची।

मिनीमाता की स्मृति में छत्तीसगढ़ सरकार ने असंगठित क्षेत्रों के कमज़ोर आय वर्ग की श्रमिक महिलाओं को प्रसूति के लिये आर्थिक सहयोग प्रदान करने वाली भगिनी प्रसूति सहायता योजना का नाम बदलकर ‘मिनीमाता महतारी जतन योजना’ कर दिया है। मिनीमाता के योगदान को चिरस्थाई बनाने के लिए तत्कालीन मध्यप्रदेश में हसदेव बांगो बांध को मिनीमाता के नाम पर रखकर किसानों के हित में किए गए उनके कार्यो के प्रति श्रद्धांजलि दी गई। आज बिलासपुर और जांजगीर जिले के हजारों किसानों को सिंचाई की सुविधा मिल रही है। मिनीमाता ने उद्योगों में हमेशा स्थानीय लोगों को रोजगार दिए जाने की वकालत की। वर्ष 2000 में छत्तीसगढ़ के गठन के बाद छत्तीसगढ़ शासन द्वारा मिनीमाता की स्मृति में समाज एवं महिलाओं के उत्थान के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए मिनीमाता सम्मान की स्थापना की गई।

राष्ट्रीय रामायण महोत्सव में ख्याति प्राप्त कलाकारों का बिखरेगा रंग

No comments Document Thumbnail

रायपुर। राष्ट्रीय रामायण महोत्सव का शुभारंभ एक जून को होगा। इस दिन की शुरूआत हनुमान चालीसा के सामूहिक पाठ से होगी। इस मौके पर विदेशी एवं अंतरराज्यीय कलाकारों द्वारा मार्च पास्ट भी किया जाएगा। पहले दिन इंडियन आइडल की राष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त कलाकार शण्मुख प्रिया तथा राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कलाकार शरद शर्मा द्वारा भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। दूसरे दिन राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कलाकार बाबा हंसराज रघुवंशी तथा लखबीर सिंह लक्खा द्वारा भजन संध्या की प्रस्तुति की जाएगी। तीसरे दिन राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कलाकार कुमार विश्वास द्वारा अपने अपने राम म्यूजिक नाइट की प्रस्तुति की जाएगी। साथ ही राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कलाकार मैथिली ठाकुर भी भजन संध्या की प्रस्तुति करेंगी।

पहले दिन होगा यह- समारोह दोपहर तीन बजे से आरंभ होगा। समारोह के मुख्य अतिथि द्वारा औपचारिक आरंभ के पश्चात सामूहिक हनुमान चालीसा की प्रस्तुति होगी। इसके पश्चात आमंत्रित विदेशी एवं अंतरराज्यीय कलाकारों द्वारा मार्च पास्ट किया जाएगा। इसके बाद कंबोडिया के दल की प्रस्तुति होगी। उत्तराखंड, कर्नाटक और छत्तीसगढ़ की रामायण मंडलियों के मध्य अरण्यकांड पर आधारित अंतरराज्यीय प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसके पश्चात शण्मुख प्रिया तथा शरद शर्मा भजनसंध्या की प्रस्तुति देंगे।

दूसरे दिन होगा यह- दूसरे दिन समारोह का आरंभ दोपहर 2 बजे से होगा। दूसरे दिन भी हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ होगा। इसके पश्चात अंतरराज्यीय रामायण मंडलियों के मध्य अरण्यकांड पर आधारित प्रतियोगिता का आयोजन होगा। इसमें झारखंड, महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, असम, ओडिशा, हिमाचल प्रदेश, गोवा और छत्तीसगढ़ की टीम हिस्सा लेगी। इसके पश्चात बाबा हंसराज रघुवंशी और लखबीर सिंह लक्खा भजन संध्या की प्रस्तुति देंगे।

तीसरे दिन समापन समारोह पर होगा यह- तीसरे दिन समारोह दोपहर 2 बजे से आरंभ होगा। अंतरराज्यीय रामायण मंडलियों के मध्य अरण्य कांड पर आधारित प्रतियोगिता होगी। इसमें केरला, उत्तरप्रदेश, पश्चिम बंगाल और छत्तीसगढ़ की टीम हिस्सा लेगी। इसके पश्चात कंबोडिया के दल की प्रस्तुति होगी। इसके पश्चात केलो महाआरती तथा दीपदान का कार्यक्रम होगा। यह दीये स्व-सहायता समूहों द्वारा गोबर से निर्मित किये गये हैं। इसके पश्चात हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ होगा। इसके पश्चात समापन समारोह आयोजित होगा। इसमें अतिथिगण विजेता दलों को पुरस्कृत करेंगे तथा कलाकारों को सम्मानित करेंगे। इसके पश्चात इंडोनिशिया से आये दल की प्रस्तुति होगी। फिर मैथिली ठाकुर भजन संध्या प्रस्तुत करेंगी। इसके पश्चात कुमार विश्वास अपने अपने राम म्यूजिक नाइट प्रस्तुत करेंगे।

 


सर्व कुर्मी समाज महिला जिला अध्यक्ष बनी निधि लोकेश चंद्राकर

No comments Document Thumbnail

महासमुन्द। सर्व कुर्मी क्षत्रिय समाज महिला प्रकोष्ठ महासमुंद की जिला स्तरीय बैठक महासमुंद में  हुई।कार्यक्रम का शुभारंभ जय जय श्री राम के उद्बोधन से किया गया। मुख्य अतिथि राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती लता ऋषि चंद्राकर रहीं। अध्यक्षता छत्तीसगढ़ सर्व कुर्मी समाज महिला प्रकोष्ठ की प्रदेशध्यक्ष श्रीमती तारा चंद्राकर ने की। बैठक में सामाजिक व्यवस्था के सुचारू संचालन , दशा व दिशा तय करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।जनपद सदस्य श्रीमती निधि लोकेश चंद्राकर के द्वारा कोविड के समय समाज क़े प्रति सेवा एवम् राजनीतिक कार्यों में सेवा समर्पण की भावना को देखते हुए प्रबुद्ध जनो की आपसी सर्वसम्मति से महासमुंद की सर्व कुर्मी क्षत्रिय समाज महिला प्रकोष्ठ की जिलाअध्यक्ष मनोनीत किया गया । 


निधि ने अपनी नियुक्ति  पर श्रीफल भेटकर, तिलक लगाकर सभी वरिष्टजनो का आशीर्वाद प्राप्त किया । नव नियुक्त जिला अध्यक्ष निधि लोकेश चंद्राकर ने सामाजिक वरिष्ठजनो को संबोधित करते हुए कहा कि समाज के सर्वांगीण विकास के लिए हम सबको मिलजुलकर समाज हित और जनहित में कार्य करना है। वर्तमान प्रदेशध्यक्ष तारा चंद्राकर ने कहा कि सही नेतृत्व से ही समाज की दिशा व दशा तय होती है।  उन्होंने उम्मीद जताई कि निधि लोकेश चंद्राकर के रूप में सर्व कुर्मी समाज को जिलाअध्यक्ष के रूप में योग्य और मेहनती नेतृत्वकर्ता मिली है। इनके नेतृत्व में समाज सर्वागीण विकास की ओर अग्रसर होगा। राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती लता ऋषि चंद्राकर ने कहा कि संगठन का काम समाज के लोगों को जोड़ना और समाज के कल्याण और विकास के लिए सेवा करना है । उन्होंने  कहा कि मैं करूं, तुम करो, कुछ हो नहीं सकता, हम करें, हम सब मिलकर करें, क्या हो नहीं सकता।


अंत में सभी का आभार व्यक्त किया। 

बैठक में न्याय कमेटी उपाध्यक्ष श्रीमती मीना कोमल चंद्राकर श्रीमती पुष्पा चंद्राकर, मीना गिरिजा चंद्राकर, भारती राजेंद्र चंद्राकर ,प्रतिभा चंद्रिका चंद्राकर,स्मिता चंद्राकर, शकुन चंद्राकर सरपंच श्रीमती कामिनी चंद्राकर ,सुधा चंद्राकर निर्मला चंद्राकर,नमिता चंद्राकर, रिया चंद्राकर, कोमल चंद्राकर कोमखान,   लोकेश चंद्राकर जनपद प्रतिनिधि आदि वरिष्ठजन उपस्थित रहकर सभी ने नई जिम्मेदारी के लिए निधि को बधाई एवं शुभकामनाए दी।

छत्तीसगढ़ के सभी महाविद्यालयों को नैक मूल्यांकन में लाने का प्रयास : उच्च शिक्षा मंत्री उमेश पटेल

No comments Document Thumbnail

रायपुर। उच्च शिक्षा मंत्री उमेश पटेल ने उच्च शिक्षा विभाग को ‘‘प्रोजेक्ट असेसमेंट एंड एक्रेडिटेशन‘‘ में राष्ट्रीय स्तर पर स्कॉच सिल्वर अवार्ड से सम्मानित होने पर प्रसन्नता जाहिर करते हुए कहा है कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के दिशा-निर्देश में उच्च शिक्षा के स्तर को सुधारने के लिए किए गए प्रयासों के कारण छत्तीसगढ़ के उच्च शिक्षा विभाग को राष्ट्रीय स्तर पर यह अवार्ड प्रदान किया गया है। 


उच्च शिक्षा विभाग का यह प्रयास है कि छत्तीसगढ़ के सभी महाविद्यालयों को नैक एक्रेडिटेशन में लाया जाए, इसके लिए मिशन मोड पर कार्य किया जा रहा है। पटेल ने इस उपलब्धि के लिए उच्च शिक्षा विभाग के अधिकारियों को कर्मचारियों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। 

गौरतलब है कि उच्च शिक्षा के स्तर की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए नैक के द्वारा निर्धारित विभिन्न मापदण्डों के अनुरूप शैक्षणिक अधोसंरचना एवं अकादमिक स्तर की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए मिशन मोड पर नैक से संबद्धता प्राप्त करने का अभियान प्रारंभ किया गया है। प्रदेश के कुल 211 अहर्ता प्राप्त शासकीय महाविद्यालयों में से 197 शासकीय महाविद्यालयों का नैक से मूल्यांकन कराकर छत्तीसगढ़ देश में सर्वाेच्च स्थान पर है। जून 2020 में मात्र 32 शासकीय महाविद्यालय नैक से मूल्यांकित थे।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों को लिखा पत्र

No comments Document Thumbnail

रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने एक बड़ी पहल करते हुए विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर छत्तीसगढ़ सरकार की ’’छत्तीसगढ़ कल्चरल कनेक्ट’’ योजना  से अवगत कराया है। मुख्यमंत्री ने पत्र में ’’छत्तीसगढ़ कल्चरल कनेक्ट’’ योजना की जानकारी देते हुए लिखा है कि इन केंद्रों की स्थापना से राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय महत्व के स्थानों में छत्तीसगढ़ के लोगों के निवास और भ्रमण की सुविधा मिलेगी। मुख्यमंत्री ने उक्त केंद्रों की स्थापना हेतु विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री से दो एकड़ शासकीय भूमि आबंटित करने का अनुरोध किया है। मुख्यमंत्री ने विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों को आश्वस्त किया है कि छत्तीसगढ़ में संस्कृति केंद्र खोलने के लिए भूमि आबंटन की उन्हें भी सहर्ष स्वीकृति दी जाएगी।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से ऋषिकेश, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र भाई पटेल से गिरनार एवं सोमनाथ, ओड़िसा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक से पुरी में, आंध्रप्रदेश के मुख्यमंत्री वाय.एस. जगनमोहन रेड्डी से तिरूपति में, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे से शिरडी में, झारखण्ड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से देवघर में, उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदिनाथ से वाराणसी, अयोध्या, प्रयागराज एवं मथुरा में दो एकड़ शासकीय भूमि आबंटित करने का अनुरोध किया है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पत्र में लिखा है कि भारत में विभिन्न भाषाओं, जातियों, धर्मों तथा संस्कृतियों के लोग एक साथ रहते है। 

अनेकता में एकता ही हमारी सबसे बड़ी शक्ति एवं धरोहर है। विभिन्न संस्कृतियों के परस्पर आदान-प्रदान की प्रक्रिया की निरंतरता ने हमारे राष्ट्र को एकजुट रखने एवं शक्तिशाली बनाने में सहायता प्रदान की है। छत्तीसगढ़ की सरकार ने ’’छत्तीसगढ़ कल्चरल कनेक्ट’’ नामक योजना प्रारंभ करने का निर्णय लिया है। देश के विभिन्न भागों में स्थित राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर के सांस्कृतिक महत्व के स्थानों में छत्तीसगढ़ के लोगों के भ्रमण एवं निवास हेतु ’छत्तीसगढ़ संस्कृति केन्द्रों’ की स्थापना की जाये। इन केन्द्रों के माध्यम से राज्य वासियों को न केवल देश की सांस्कृतिक बहुलता की जानकारी प्राप्त होगी बल्कि उन स्थानों पर छत्तीसगढ़ राज्य की संस्कृति, पुरातत्व एवं पर्यटन स्थलों की जानकारी दिये जाने के साथ ही छत्तीसगढ़ के परंपरागत हस्तशिल्प उत्पादों की भी अन्य राज्यों एवं देशों से आने वाले पर्यटकों को जानकारी मिल सकेगी।

मुख्यमंत्री ने विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों को आश्वस्त किया है कि यदि वे अपने राज्य की संस्कृति के प्रति छत्तीसगढ़ के लोगों की रूचि बढ़ाने की दृष्टि से छत्तीसगढ़ में सांस्कृतिक एवं पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थलों पर भूमि आवंटन की मांग करते है तो उस पर सहर्ष स्वीकृति प्रदान की जाएगी।

विश्व वन्यजीव दिवस: कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान में प्रतियोगिता का आयोजन

No comments Document Thumbnail

रायपुर। विश्व वन्यजीव दिवस के अवसर पर द्याकांगेर घाटी राष्ट्रीय उन द्वारा 3 मार्च 2023 को स्कूली विद्यार्थियों के लिए चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। निदेशक कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान धम्मशील गणवीर से प्राप्त जानकारी के अनुसार विद्यार्थियों की प्रविष्टियां दोपहर 3 बजे तक +918770665005 पर व्हाट्सएप्प के माध्यम से भेजे जा सकते हैं।


दोनों प्रतियोगिताओं के विजेताओं को क्रमशः प्रथम पुरस्कार - 5000 रूपए, द्वितीय पुरस्कार - 3000 रूपए, तृतीय पुरस्कार - 2000 रूपए की राशि से पुरस्कृत किए जाएंगे। इनमें चित्रकला प्रतियोगिता अंतर्गत विषय ‘बस्तर के सांस्कृतिक उत्सव में प्रकृति और वन्यजीव का स्थान’ और भाषण प्रतियोगिता अंतर्गत विषय ‘साझेदारी से वन्यजीव संरक्षण’ (3 मिनट का वीडियो रिकॉर्डिंग) निर्धारित है।

फुगड़ी खिलाड़ियों ने सब को किया अचम्भित

No comments Document Thumbnail

रायपुर। छत्तीसगढ़ ने राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय खेलों के साथ ही पारंपरिक खेलों के आयोजनों से अपनी एक नई पहचान बनाई है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की पहल और खेल एवं युवा कल्याण मंत्री उमेश पटेल के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़िया ओलंपिक के आयोजन ने युवा से बुजुर्ग वर्ग तक के आमजनों के अंदर ऊर्जा का संचार कर दिया है।

छत्तीसगढ़िया ओलंपिक के दूसरे दिन सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में फुगड़ी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। फुगडी, व्यक्तिगत खेल है। फुगड़ी खेलने के लिए पंजे के बल बैठ जाते हैं। फुगड़ी खेलते समय दोनों हाथ जमीन से ऊपर रहते हैं। फुगड़ी खेलने की प्रक्रिया इस तरह से होता है पहले दाहिने पैर को आगे तथा बाये पैर को पीछे सरकाते हैं फिर बांये पैर को आगे सरकाने के साथ ही दाहिने पैर को पीछे सरकाते हैं, और ऐसे ही बार-बार किया जाता है। दाहिना पैर आगे होता है तो बांया हाथ आगे एवं बायां पैरआगे होता है तो दाहिना हाथ आगे होता है। उक्त समय ऐसा प्रतीत होता है जैसे प्रतिभागी दौड़ रहा। जो अधिक समय तक फुगड़ी खेलता है वही विजेता होता है।

फुगड़ी एकल प्रतियोगिता में जहां एक ओर पुरूष वर्ग में 18 वर्ष से कम आयु समूह में रायपुर संभाग के एवन पटेल ने प्रथम, बिलासपुर संभाग के मनहरण केंवट ने द्वितीय और सरगुजा संभाग के जयकुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। 18 से 40 वर्ष के पुरुष वर्ग में रायपुर संभाग के आकाश विश्वकर्मा प्रथम, बिलासपुर संभाग के सुनील पटेल द्वितीय और दुर्ग संभाग के दुलेश्वर साहू तृतीय स्थान पर रहे, तो वहीं 40 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में रायपुर संभाग के भुनेश्वर साहू ने प्रथम, दुर्ग संभाग के रामूदास पात्रे ने द्वितीय और तृतीय स्थान पर बिलासपुर संभाग के रविशंकर साहू ने अपना स्थान पक्का किया।

दूसरी ओर महिला वर्ग में 18 वर्ष से कम उम्र की बालिका वर्ग में दुर्ग संभाग की स्नेहा पटेल प्रथम, रायपुर एवं बस्तर संभाग की अंकिता एवं खेमेश्वरी कोडोपी ने संयुक्त रूप से द्वितीय और बिलासपुर संभाग की अंशु साहू ने तृतीय स्थान हासिल किया। 18-40 वर्ष आयु समूह में दुर्ग संभाग की मनीषा ने प्रथम, रायपुर संभाग की रेणुका साहू ने द्वितीय और बिलासपुर संभाग की मानमति ने तृतीय स्थान प्राप्त किया, इसी प्रकार 40 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में रायपुर संभाग की आशो बाई ने पहला, बिलासपुर संभाग की शाहिन बाई ने दूसरा एवं बस्तर संभाग की गंगावती प्रधान ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ के परंपरागत खेलों को बढ़ावा देने के लिए छत्तीसगढ़िया ओलंपिक की शुरूआत की है, जिसका आयोजन अब प्रत्येक वर्ष होगा। छत्तीसगढ़िया ओलंपिक की शुरूआत 06 अक्टूबर 2022 से राजीव गांधी युवा मितान क्लब स्तर से प्रारंभ होकर विभिन्न स्तरों से होते हुए अपने अंतिम पड़ाव राज्य स्तरीय तक पहुंच चुका है, जिसका आयोजन 10 जनवरी 2023 तक होगा।

NQAS सर्टिफिकेट हासिल करने वाला प्रदेश का पहला उपस्वास्थ्य केंद्र बना निषदा

No comments Document Thumbnail

आरंग। निषदा उप स्वास्थ्य केन्द्र को राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक- NQAS सर्टिफिकेट मिलने पर नगर के पीपला ग्रुप ने हर्ष व्यक्त किए हैं। ज्ञात हो कि यह वेलनेस सेंटर के आर एच ओ दीपक चंद्राकर पीपला ग्रुप के सदस्य व समाजसेवी भी हैं। साथ ही दीपक ने पीपला ग्रुप के संयोजन में किसानों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से निर्मित शाट फिल्म खेती अपन सेती में बतौर नायक की भूमिका भी निभाए हैं। वहीं दीपक चंद्राकर ने बताया केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने  आरंग के निसदा हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर का गहन निरीक्षण और मूल्याकंन के बाद NQAS प्रमाण-पत्र जारी किया है।



वही NQAS के मूल्यांकन में हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर निसदा को 93% अंक प्राप्त हुआ हैं।माह जुलाई में वेलनेस सेंटर निसदा का केंद्रीय टीम द्वारा मूल्यांकन किया गया था। जिसमें 12 मानकों के आधार पर  राष्ट्रीय स्तर पर चयन किया जाता है। इसके लिए सेंटर के सेवा प्रदायगी, मरीज संतुष्टि, क्लिनिकल सर्विसेज, इनपुट, संक्रमण नियंत्रण, सपोर्ट सर्विसेज, गुणवत्तापूर्ण प्रबंध, आउटपुट जैसे मानकों की गुणवत्ता का मूल्यांकन किया गया। 



मूल्यांकन में खरा उतरने वाले अस्पतालों को ही केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ऐसा गुणवत्ता प्रमाण पत्र जारी करता है। प्रदेश का पहला उपस्वास्थ्य केंद्र निषदा को NQAS मिलने पर नगर के पीपला ग्रुप के संरक्षक अजय कांकरिया, आनंदराम पत्रकारश्री, अध्यक्ष दूजेराम धीवर, संयोजक महेन्द्र, सक्रिय सदस्य संजय मेश्राम,राजू साहू, शैलेन्द्र चंद्राकर, राकेश जलक्षत्री, अभिमन्यु साहू रमेश देवांगन,अशोक साहू, कोमल लखोटी, भागवत जलक्षत्री, होरीलाल पटेल, बसंत साहू, संतोष साहू,मोहन सोनकर ने दीपक व उनके टीम को बधाई व शुभकामनाएं दिए हैं।


संयुक्त जिला कार्यालय में मेगा कानूनी जागरूकता अभियान

No comments Document Thumbnail

बालोद। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली के तत्वाधान में एवं छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण बिलासपुर के निर्देशानुसार 31 अक्टूबर 2022 से 13 नवम्बर 2022 तक कानूनी जागरूकता और आउटरीच के माध्यम से नागरिकों का सशक्तिकरण अभियान चलाया जा रहा है। जिसके अंतर्गत जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बालोद डॉ प्रज्ञा पचैरी के मार्गदर्शन में नालसा मॉड्यूल मेगा कानूनी जागरूकता शिविर का आयोजन संयुक्त जिला कार्यालय बालोद में आज आयोजित किया गया। उक्त मेगा शिविर में शासन द्वारा संचालित योजनाओं के अंतर्गत हितग्राहियों को इलेक्ट्रिक ऑटो, इलेक्ट्रानिक ट्रायसायकल, मछली जाल, आईस बॉक्स आदि प्रदान किया गया तथा कुछ हितग्राहियों को श्रम विभाग की भगिनी प्रसूति योजना अंतर्गत चेक व खाद्य विभाग की सार्वभौम पीडीएस योजना के तहत् राशन कार्ड प्रदाय की गई एवं स्कूल में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को जाति प्रमाण पत्र वितरण किया गया।



उक्त मेगा शिविर में विशेष न्यायाधीश पाक्सो एक्ट मुकेश कुमार पात्रे, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्रीमती श्यामवती मराबी के द्वारा राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित योजनाओं के संबंध में जानकारी दी गई एवं एडीएम योगेन्द्र श्रीवास राज्य शासन द्वारा संचालित योजनाओं के संबंध में जानकारी दी गई एवं श्रम विभाग के श्रमपदाधिकारी संजय सिंह के द्वारा असंगठित क्षेत्र के मजदूरों के संबंध में जानकारी दी गई। उक्त अवसर पर सुश्री आस्था यादव न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी, सुश्री कोनिका यादव व्यवहार न्यायाधीश तथा हेमंत राज ध्रुव व कुमारी माधुरी मरकाम प्रशिक्षु न्यायाधीश, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बालोद के पैरालिगल वांलिटियर्स रमेश कुमार शर्मा, कमलेश्वर साहू, बृजेश साहू, प्रमेश्वरी एवं एवं हितग्राही बड़ी संख्या में उपस्थित थे।  


विशेष-लेख : संगीत, नृत्य की कोई भाषा नहीं होती

No comments Document Thumbnail

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के अवसर पर आयोजित तीन दिवसीय राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव कल की ढलती हुई शाम के साथ ही समाप्त हो चुका है। इस वर्ष जिन 10 देशों के लोक नर्तक दल इस राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव में अपने नृत्य की छटा बिखेरने आए थे उनमें मोजांबिक, टोगो, इजिप्ट, मंगोलिया, इंडोनेशिया, रूस, न्यूजीलैंड, सर्बिया और मालदीव जैसे देश प्रमुख हैं।



दुनिया के इन 10 देशों से आए हुए लोक नर्तकों ने छत्तीसगढ़ की जनता को अपने लोक नृत्यों से अभिभूत कर दिया। लेकिन यह एकतरफा ही नहीं हुआ वे भी छत्तीसगढ़ वासियों से कम अभिभूत होकर नहीं गए हैं और इसमें भाषा किसी तरह की दीवार या बाधा साबित नहीं हुई। क्योंकि नृत्य, संगीत की कोई भाषा नहीं होती इसे केवल महसूस किया जाता है।


भारत वर्ष एक विशाल और विविधताओं से भरा देश है। यहां हर प्रदेश की अपनी एक अलग लोक संस्कृति है। इन्हीं लोक संस्कृति से एक महान भारतीय संस्कृति बनती है। इस बार राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव और राज्योत्सव में देश के 28 राज्यों के लोक नर्तकों ने अपनी लोक नृत्यों के प्रदर्शन से साइंस कॉलेज मैदान में जो खुशबू बिखेरी है और जो जादू जगाया है उस खुशबू और जादू को हम छत्तीसगढ़वासी बहुत दिनों तक अपने दिलों में महसूस करते रहेंगे।



राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव के समापन की बेला में हमारे छत्तीसगढ़ राज्य के मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने जो कहा है वह भी अपने आप में कोई कम महत्वपूर्ण नहीं है। आदिम संस्कृति सभी को जोड़ने का कार्य करती है। इसे सहेजकर और इसकी खूबसूरती को बड़े फलक पर दिखाने के उद्देश्य से हमने राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव का आयोजन किया है। मुझे इस बात कि खुशी है कि इस आयोजन में बहुत बड़ी संख्या में लोगों ने भागीदारी की है। आगे मुख्यमंत्री ने यह भी कहा है कि इस आयोजन के माध्यम से लोगों ने जाना है कि हमारी आदिवासी संस्कृति कितनी समृद्ध हैं।



इनके नृत्यों के माध्यम से प्रकृति और लोकजीवन को सहेजने के सुंदर मूल्य जो सीखने को मिलते हैं वो सीख हमारे लिए अमूल्य है। इस अवसर पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने जो कहा है वह भी बेहद महत्वपूर्ण है। आदिवासी नृत्य महोत्सव के जरिए यह संदेश देने का भी सफल प्रयास किया गया है कि जब तक सभी वर्गों का विकास नहीं होता तब तक देश का सर्वांगीण विकास नहीं हो सकता।

आज ये सभी नर्तक दल अपने-अपने देशों की ओर उड़ चले हैं। भारत के विभिन्न प्रांतों से आए हुए आदिवासी नर्तक दल भी अपने-अपने प्रदेशों की ओर लौट रहे हैं। ये सारे आदिवासी नर्तक दल अपने नृत्य की सोंधी खुशबू हम सब छत्तीसगढ़वासियों  के दिलों में छोड़ गए हैं जो आने वाले कई दिनों तक हमारे भीतर महकते रहेंगे।

 

मुख्यमंत्री ने कहा : शासकीय विभागों में रोस्टर के पालन के संबंध में जांच के लिए गठित होगा प्रकोष्ठ

No comments Document Thumbnail

रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को राष्ट्रीय गोंडवाना गोंड महासभा की ओर से छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर राज्य शासन के विचार हेतु एक सामाजिक प्रस्ताव सौंपा गया है। इसमें अनुसूचित जनजाति समुदाय के हित संबंधी विभिन्न बिन्दुओं को शामिल किया गया है। मुख्यमंत्री श्री बघेल ने इनकी मांगों पर त्वरित पहल करते हुए कहा कि शासकीय विभागों में रोस्टर के पालन के संबंध में जांच के लिए प्रकोष्ठ गठित होगा। साथ ही सहकारिता विभाग में हर समुदाय के लोगों को उचित प्रतिनिधित्व दिलाने के लिए आवश्यक कार्यवाही किए जाने भी आश्वस्त किया। मुख्यमंत्री ने प्रस्ताव के अन्य बिन्दुओं पर भी सहानुभूतिपूर्वक विचार के लिए आश्वस्त किया। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर मुलाकात के लिए राज्य भर से आदिवासी समाज के प्रमुख 01 नवम्बर को राजधानी रायपुर पहुंचे थे।



इस दौरान राष्ट्रीय गोंडवाना गोंड महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सोनऊराम नेताम द्वारा समाज की ओर से दिए गए इस प्रस्ताव में सहकारिता विभाग में अनुसूचित जनजाति समुदाय के लोगों को अधिनियम के अनुसार प्रतिनिधित्व प्रदान करने और संविधान के अनुच्छेद 16 (4) के तहत प्रदत्त उपबंध अनुसार विभिन्न सेवाओं, पदोन्नति, शिक्षण संस्थानों में प्रवेश के अवसर उपलब्ध कराना शामिल है। इसी तरह छत्तीसगढ़ में रोस्टर प्रणाली को लागू करने एक समिति गठित करने और मंत्रालय में इसके निगरानी के लिए एक प्रकोष्ठ स्थापित करने का प्रस्ताव दिया गया है।

इसके अलावा प्रस्ताव भूमि अधिग्रहण कानून में संशोधन अनुसूचित जनजाति समुदाय के लिए घातक बताते हुए इसमें छत्तीसगढ़ शासन को विचार करने और छत्तीसगढ़ में अनुच्छेद 342 में उल्लेखित अनुसूचित जनजाति समुदाय को आदिवासी, ट्रायबल, इंडिजिनियस प्यूपुल्स समुदाय के रूप में मान्यता देने हेतु पहल शामिल है। राज्य में टीएसपी के तहत आबंटित 21 हजार करोड़ के लक्ष्य को मार्च 2023 तक पूरा करने आदिम जाति विभाग से विशेष अभियान चलाया जाना प्रस्तावित है। खनिज उत्खनन, बांध एवं उद्योग आदि परियोजना से प्रभावित ग्रामवासियों को राहत, पुनर्वास एवं बेरोजगार युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने संबंधी बिन्दु शामिल है।

इस अवसर पर गोंड़ समाज, उरांव, भुईंया, कंवर, मुण्डा, पंडो, मंझवार, नगेसिया, नागवंशी आदि विभिन्न समाजों के प्रतिनिधिमंडल में सर्वश्री रामसाय, भानुप्रताप सिंह मरकाम, रघुनाथ, तुलसीराम, चतुर सिंह तारम, सुश्री तारा मंडावी, श्रीमती महावती कोमरे, शेर सिंह आचला, बाल सिंह, निलकंठ सिंह ठाकुर, पन्नालाल धु्रव, शिवप्रसाद, कौशल ठाकुर, पुनीत राम, मनोज भगत, रविन्द्र पैकरा, शरण सिंह, सोमार साय, सीताराम, बिहारी राम पैकरा, शिवराम पण्डो, बबलू कुमार, राजेश, मलकू राम, रविशंकर तथा रामचन्द्र मुण्डा आदि शामिल थे।

छत्तीसगढ़ में जल्द होगी राष्ट्रीय स्तर के सिकलसेल रिसर्च सेंटर की स्थापना : सीएम भूपेश बघेल

No comments Document Thumbnail

रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा है कि छत्तीसगढ़ में जल्द ही राष्ट्रीय स्तर के सिकलसेल रिसर्च सेंटर की स्थापना की जाएगी। मुख्यमंत्री ने आज यहां अपने निवास कार्यालय में आयोजित वर्चुअल कार्यक्रम में प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों और जिला अस्पतालों में स्थापित नवीन सिकल सेल प्रबंधन केंद्रों का उद्घाटन करते हुए यह घोषणा की। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के 28 जिलों में सिकलसेल प्रबंधन केन्द्र का उद्घाटन किया। इसके साथ ही प्रदेश के 24 जिला अस्पतालों, नौ मेडिकल कॉलेजों तथा राजधानी रायपुर स्थित सिकलसेल संस्थान छत्तीसगढ़ में सिकलसेल की निःशुल्क जांच, उपचार और परामर्श की सुविधा उपलब्ध हो गई है। स्वास्थ्य मंत्री टी.एस.सिंहदेव भी कार्यक्रम में उपस्थित थे।



मुख्यमंत्री बघेल ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि सिकलसेल एक गंभीर अनुवांशिक बीमारी है। इस रोग से भावी पीढ़ियों को बचाने के लिए इस रोग के प्रति जागरूकता सबसे ज्यादा आवश्यक है। सिकलसेल के मरीजों की जल्द पहचान करने के बाद उचित चिकित्सकीय प्रबंधन व दवाओं से इसके शारीरिक दुष्प्रभावों को कम किया जा सकता है और रोगी लम्बी आयु का जीवन जी सकते हैं। इसके लिए आवश्यक है कि रोगियों को उचित उपचार सरलता से उपलब्ध हो। साथ ही सिकलसेल के अनुवांशिक गुण वाले व्यक्तियों की पहचान विवाह से पूर्व कर उन्हें इस पर आवश्यक परामर्श देकर इस रोग के प्रसार को भावी पीढ़ी में कम किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि इस रोग को छुपाना नहीं चाहिए। पहचान होने पर इसका अस्पताल में इलाज कराना चाहिए।


मुख्यमंत्री ने कहा कि सिकलसेल की समस्या का प्रभावी रूप से मुकाबला करने के लिए स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा नवीन सिकल सेल प्रबंधन केंद्र की स्थापना की जा रही है। यह केंद्र प्रदेश के समस्त मेडिकल कॉलेज अस्पतालों एवं सभी जिला चिकित्सालयों में संचालित किए जाएंगे। इन केन्द्रों में सिकलसेल की जांच एवं उपचार के साथ अस्पताल की प्रयोगशाला के माध्यम से साल्युबिटी टेस्ट द्वारा स्क्रीनिंग एवं इलेक्ट्रोफोरेसिस तथा नवीन विधि पॉइंट ऑफ केयर (च्व्ब्) टेस्ट द्वारा पुष्टि हेतु जांच उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने उम्मीद जतायी कि मेडिकल कॉलेजों एवं जिला अस्पतालों में संचालित सिकलसेल प्रबंधन केंद्रों का लाभ प्रदेश के सिकलसेल रोगियों को मिलेगा।


मुख्यमंत्री ने कहा कि सिकलसेल जांच की नवीन विधि पॉइंट ऑफ केयर (
POC) टेस्ट काफी आसान है। मितानिनें भी इस विधि से जांच कर सकती है। इस पद्धति से अभियान चलाकर सिकलसेल मरीजों की पहचान की जा सकती है। मुख्यमंत्री ने इस कार्यक्रम में सिकलसेल से पीड़ित राजेन्द्र नगर रायपुर के सात वर्षीय बालक प्रतिक दास मानिकपुरी और गुढ़ियारी की 17 वर्षीय बालिका ओशिका रामटेके को डिजिटल कार्ड प्रदान कर सिकलसेल से पीड़ित व्यक्तियों को डिजिटल कार्ड वितरण का शुभारंभ किया।


 

मुख्यमंत्री ने रायगढ़ के सिकलसेल प्रबंधन केन्द्र में सिकलसेल पीड़ित निशा चक्रधारी और सूरजपुर के केन्द्र में उपस्थित 12वीं की छात्रा सरगम राजवाड़े से केन्द्रों में उपलब्ध उपचार की सुविधा की जानकारी ली। इस दोनों पीड़ितों ने बताया कि उन्हें बेहतर उपचार मिल रहा है। इससे उन्हें बड़ी राहत मिली है। स्वास्थ्य मंत्री टी.एस.सिंहदेव ने कहा कि सिकलसेल के मरीजों को बेहतर उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल दृढ़ इच्छा शक्ति के साथ कार्य कर रहे हैं। 



राष्ट्रीय स्तर के रिसर्च सेंटर की स्थापना के लिए प्रयास किए जा रहे है। इसका जल्द ही शिलान्यास होगा। उन्होंने कहा कि सिकलसेल प्रबंधन केन्द्रों में निःशुल्क जांच, उपचार और परामर्श सुविधा से पीड़ितों को बड़ी राहत मिलेगी। स्वास्थ्य विभाग के सचिव प्रसन्ना आर. ने कार्यक्रम में सिकलसेल प्रबंधन केन्द्रों की व्यवस्था की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अब तक किए गए सर्वे प्रदेश की दस प्रतिशत आबादी में सिकलसेल वाहक और एक प्रतिशत रोगी पाए गए हैं। 



सिकलसेल प्रबंधन केन्द्रों में विशेष रूप से उपचार प्राप्त कर रहे प्रत्येक सिकलसेल रोगी की इलेक्ट्रानिक एण्ट्री सिकलसेल संस्थान के पोर्टल में कर सूची संधारित की जाएगी एवं उन्हें नियमित फॉलो-अप एवं दवा लेने हेतु संपर्क किया जाएगा। स्वागत भाषण स्वास्थ्य संचालक भीम सिंह ने दिया। कार्यक्रम में पुलिस महानिदेशक अशोक जुनेजा, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के संचालक भोस्कर विलास संदिपान, सीजीएमएससी प्रबंध संचालक अभिजीत सिंह, संचालक चिकित्सा शिक्षा डॉ. विष्णुदत्त सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।

 

 

छत्तीसगढ़ लगातार राष्ट्रीय स्तर पर हो रहा पुरस्कृत

No comments Document Thumbnail

रायपुर। देश में सबसे कम बेरोजगारी दर वाले राज्य का गौरव हासिल करने वाले छत्तीसगढ़ राज्य को राष्ट्रीय स्तर पर आज एक और गौरवपूर्ण सम्मान से नवाजा गया है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ राज्य कौशल विकास प्राधिकरण अंतर्गत संचालित मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना को गुणवत्तायुक्त एवं रोजगार आधारित निःशुल्क कौशल प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए राष्ट्रीय स्तर के स्कॉच सिल्वर अवार्ड-2022 से सम्मानित किया गया है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल एवं उच्च शिक्षा मंत्री तथा कौशल विकास मंत्री उमेश पटेल ने छत्तीसगढ़ राज्य कौशल विकास प्राधिकरण को इस उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए बधाई और शुभकामनाएं दी है। 



कौशल विकास मंत्री उमेश पटेल के कुशल मार्गदर्शन युवाओं को  बेहतर कौशल विकास प्रशिक्षण प्राप्त हो, इसके लिए कौशल विकास प्राधिकरण के द्वारा युवाओं को उनकी रुचि अनुसार गुणवतायुक्त प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण पाकर युवा लगातार सरकारी और गैर सरकारी विभागों में नौकरी पाने के साथ ही स्वरोजगार को अपना रहे हैं। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना के अंतर्गत योजना के तहत अब तक 4 लाख 68 हजार 184 युवाओं को प्रशिक्षित किया गया है, जिनमें से 2 लाख 55 हजार 678 युवाओं को नियोजित किया गया है, वर्तमान में 2726 युवा प्रशिक्षणरत हैं।

Road accident : छत्तीसगढ़ में सड़क हादसों में गई कई जान, वाहनों में टक्कर

No comments Document Thumbnail

रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश के अनेक जिलों में बीते 24 घंटे में दर्जनों लोगों की मौत हो गई। राजनांदगांव जिले में आज हुई एक सड़क दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार जिले के बागनदी थाना क्षेत्र के ग्राम सड़क चिरचारी में एक कार ने मोटर साइकिल को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में मोटर साइकिल सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें मेडिकल कालेज अस्पताल ले जाया गया। इस बीच, एक व्यक्ति ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया, जबकि दो अन्य लोगों की इलाज के दौरान मौत हो गई। 



बताया जाता है कि मोटर साइकिल सवार तीनों लोग सड़क चिरचारी से अपने गांव दिवानटोला लौट रहे थे। वहीं, महासमुंद जिले के कोमाखान थाना क्षेत्र में बीती रात दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक-तीन सौ तिरपन पर कोमाखान चौकड़ी के पास हुई मोटर साइकिल और कार की टक्कर में बाइक सवार दो लोगों की मौत हो गई। वहीं, एक अन्य घटना में मोटर साइकिल सवार युवक खड़े ट्रक से टकरा गया। इस हादसे में घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।

उधर, रायपुर-मुंगेली मुख्य मार्ग पर हुई एक सड़क दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई। जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया है। मिली जानकारी के अनुसार मुंगेली से रायपुर आ रही बस और मोटर साइकिल में भिड़ंत हो गई। इस दुर्घटना में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, जांजगीर-चांपा जिले के जैजेपुर इलाके के सेन्द्री गांव में ट्रैक्टर की टक्कर से तीन साल के बच्चे की मौत हो गई। घटना से नाराज ग्रामीणों ने मुआवजे को लेकर सड़क पर चक्काजाम किया।

राज्य सरकार को घेरने के लिए सालभर की कार्ययोजना तैयार

No comments Document Thumbnail

धमतरी। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की बैठक धमतरी जिले के गंगरेल में आयोजित की गई। इसमें पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री शिवप्रकाश, क्षेत्रीय संगठन मंत्री अरूण जामवाल, प्रदेश अध्यक्ष अरूण साव और सह-प्रभारी नितिन नबीन सहित अनेक वरिष्ठ नेता शामिल हुए। बैठक में यह तय हुआ कि राज्य के वरिष्ठ नेता नवंबर माह में संभाग मुख्यालयों का दौरा कर पार्टी संगठन की समीक्षा करेंगे। बैठक के बाद पार्टी के मुख्य प्रवक्ता अजय चंद्राकर ने बताया कि इस बैठक में राज्य सरकार को घेरने के लिए सालभर की कार्ययोजना तैयार की गई है।


 

 चार दिवसीय बस्तर प्रवास पर पुनिया

उधर, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के छत्तीसगढ़ प्रभारी पी.एल. पुनिया नौ अक्टूबर से चार दिवसीय बस्तर प्रवास पर रहेंगे। पुनिया नौ अक्टूबर को रायपुर पहुंचेंगे। उसके बाद इसी दिन कांकेर के लिए रवाना हो जाएंगे, जहां कांकेर, अंतागढ़ और भानुप्रतापपुर विधानसभा क्षेत्र के पार्टी पदाधिकारियों की बैठक में लेंगे। पुनिया दस अक्टूबर को केशकाल, कोण्डागांव और बस्तर तथा ग्यारह अक्टूबर को दंतेवाड़ा में दंतेवाड़ा और बीजापुर विधानसभा कार्यकर्ताओं की बैठक लेंगे। वहीं, बारह अक्टूबर को जगदलपुर में जगदलपुर, बस्तर और सुकमा विधानसभा के कांग्रेस पदाधिकारियों की बैठक में भाग लेंगे।

छत्तीसगढ़ को स्वच्छ सर्वेक्षण-ग्रामीण में भी चार राष्ट्रीय पुरस्कार

No comments Document Thumbnail

रायपुर। छत्तीसगढ़ ने स्वच्छ सर्वेक्षण-ग्रामीण में भी चार राष्ट्रीय पुरस्कार हासिल किए हैं। टॉप परफॉर्मिंग राज्य के रूप में छत्तीसगढ़ ने ईस्ट जोन में बाजी मारी है। इसके साथ तीन अन्य कैटेगिरी में उसे राष्ट्रीय पुरस्कार मिला है। गांधी जयंती पर नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित ‘स्वच्छ भारत दिवस‘ कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने छत्तीसगढ़ को पुरस्कृत किया।



केन्द्रीय पेयजल और स्वच्छता विभाग, जलशक्ति मंत्रालय द्वारा स्वच्छ भारत मिशन-ग्रामीण सर्वेक्षण में छत्तीसगढ़ के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले जिलों में दुर्ग और बालोद ने दूसरा और तीसरा स्थान प्राप्त किया है। साथ ही ओडीएफ प्लस पर दीवार लेखन प्रतियोगिता में सेंट्रल जोन में छत्तीसगढ़ को तीसरा स्थान प्राप्त हुआ है।

उद्यमों के वार्षिक सर्वेक्षण के लिए क्षेत्रीय प्रशिक्षण सम्मेलन

No comments Document Thumbnail

रायपुर। राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय द्वारा असमाविष्ट क्षेत्र के उद्यमों के वार्षिक सर्वेक्षण के लिए क्षेत्रीय प्रशिक्षण सम्मेलन आज से रायपुर में शुरू हो गया है। राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय के रायपुर में पदस्थ उप महानिदेशक रोशनलाल साहू ने इस तीन दिवसीय प्रशिक्षण सम्मेलन का उद्घाटन किया। इस मौके पर साहू ने कहा कि देश के सकल घरेलू उत्पाद-जी.डी.पी. में असमाविष्ट क्षेत्र के उद्यमों का महत्घ्वपूर्ण योगदान है।



इस क्षेत्र में विश्वसनीय आंकड़ों के संग्रहण के लिए देशव्यापी सर्वेक्षण किया जा रहा है।  इस अवसर पर पत्र सूचना कार्यालय के उप निदेशक सुनील कुमार तिवारी ने कहा कि इस सर्वेक्षण से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर ही केन्द्र और राज्य सरकारों द्वारा विकास से संबंधित नीतियां और कार्यक्रम तैयार किए जाते हैं।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.