Media24Media.com: भवन निर्माण

Responsive Ad Slot


 

Showing posts with label भवन निर्माण. Show all posts
Showing posts with label भवन निर्माण. Show all posts

धरातल पर दिखना चाहिए निर्माण कार्यों के परिणाम : अरुण साव

No comments Document Thumbnail

 रायपुर : उप मुख्यमंत्री तथा लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने आज विभागीय कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने राजधानी रायपुर के नवीन विश्राम भवन में आयोजित बैठक में प्रदेशभर में चल रहे सड़क, पुल-पुलिया, भवन निर्माण एवं सड़क मरम्मत के कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने विभाग के कार्यों में कसावट लाने के साथ ही निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, समय-सीमा में काम पूरा करने और प्रभावी कार्य पद्धति अपनाने पर जोर दिया।


उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने नए कार्यों के साथ ही सड़कों की मरम्मत की गुणवत्ता पर भी खास ध्यान देने को कहा, ताकि सड़के टिकाऊ हों और बार-बार मरम्मत की जरूरत न पड़े। उन्होंने अधिकारियों को अपने दायित्वों का निर्वहन गंभीरता और सक्रियता से करने के निर्देश देते हुए कहा कि वे किसी भी कार्य या कार्यालय के औचक निरीक्षण के लिए किसी भी दिन पहुंच सकते हैं। विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों के परिणाम धरातल पर दिखने चाहिए। लोक निर्माण विभाग के सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह और प्रमुख अभियंता श्री वी.के. भतपहरी सहित विभाग के सभी मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता तथा कार्यपालन अभियंता समीक्षा बैठक में मौजूद थे।

उप मुख्यमंत्री साव ने लोक निर्माण विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए सभी विभागीय अधिकारियों को निर्माण कार्यों की प्रगति की हर सप्ताह समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों को फील्ड पर उतरकर कार्यों पर कड़ी नजर रखने तथा अच्छी गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में कार्य की पूर्णता सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने ठेकेदारों से निर्धारित समयावधि में सभी तरह के निर्माण कार्यों को पूरा कराने के निर्देश दिए। श्री साव ने विभागीय अभियंताओं को कार्यों के बेहतर, शीघ्र एवं परिणाममूलक क्रियान्वयन के लिए अपनी इंजीनियरिंग और प्रशासनिक कौशल का दक्षता से उपयोग करने के निर्देश दिए। उन्होंने अपनी योग्यता और क्षमता का फील्ड में पूर्ण उपयोग करते हुए अपने कार्यों से प्रदेशवासियों की उम्मीदों और आकांक्षाओं पर खरा उतरने को कहा।

उप मुख्यमंत्री साव ने समीक्षा बैठक में अधिकारियों से कहा कि निर्माण कार्यों को गति देने के लिए अभी अनुकूल समय है। पिछले 14 महीने से विभाग में बहुत सकारात्मक माहौल में कार्य हो रहे हैं। उन्होंने विभाग की कार्यप्रणाली को बेहतर बनाते हुए सुव्यवस्थित और सुनियोजित ढंग से तेजी से निर्माण कार्यों को पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण कार्यों की बेहतर मॉनिटरिंग और मूल्यांकन के लिए ज्यादा से ज्यादा फील्ड विजिट पर जोर दिया। इससे कार्यों का निरीक्षण गंभीरता से होगा और उन्हें समय-सीमा में पूर्ण करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कार्यों की प्रगति पर कड़ी नजर रखने तथा किसी भी स्थिति में कार्यावधि बढ़ाने की स्थिति न बनें, इसका ध्यान रखने को कहा।

साव ने बैठक में बस्तर संभाग में केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं/परियोजनाओं के अंतर्गत निर्माणाधीन सड़कों की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने सुरक्षा बलों और निर्माण एजेंसियों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर इन कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए, जिससे सुदूर वनांचलों के लोगों को भी सुगम यातायात की सुविधा मिल सके। श्री साव ने वरिष्ठ विभागीय अधिकारियों को नई नियुक्तियों तथा भर्ती प्रक्रिया की प्रगति की नियमित समीक्षा करते हुए इसमें तेजी लाने को कहा। उन्होंने न्यायालयीन मामलों के निपटारे के लिए सभी कार्यालयों में अलग से व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए।

लोक निर्माण विभाग के सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह ने अधिकारियों को भवन निर्माण के कार्यों में गुणवत्ता के साथ ही भविष्य में उसके उपयोग के हिसाब से ड्राइंग-डिजाइन एवं कार्य पूर्णता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने नए कार्यों की मंजूरी के लिए शासन को समय पर प्राक्ककलन भेजने को कहा। डॉ. सिंह ने दुर्घटनाओं को रोकने सड़कों से ब्लैक-स्पॉट हटाने और जंक्शन सुधारने के स्वीकृत कार्यों को प्राथमिकता से शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय द्वारा की गई घोषणाओं को पूर्ण करने संबंधित कार्यों का आंकलन (Estimate) प्रमुख अभियंता कार्यालय को प्राथमिकता से भेजने को कहा, ताकि उन्हें बजट में शामिल किया जा सके।

इन कार्यों की भी हुई समीक्षा
उप मुख्यमंत्री साव ने बैठक में चालू वित्तीय वर्ष 2025-26 के बजट में शामिल कार्यों की प्रशासकीय स्वीकृति के लिए प्राथमिकता के निर्धारण के साथ ही 2024-25 के विभागीय बजट में शामिल कार्यों के प्राक्कलन की अद्यतन स्थिति तथा प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने खेल विभाग, नाबार्ड, ए.डी.बी. और सी.आर.आई.एफ. के कार्यों के साथ ही भूअर्जन, वन भूमि व्यपवर्तन, यूटिलिटी शिफ्टिंग एवं अन्य कारणों से बाधित कार्यों, पूर्व के वर्षों में सड़क, भवन एवं पुल के अपूर्ण कार्यों तथा पांच करोड़ रुपए से अधिक की लागत के सड़कों, भवनों एवं पुलों के महत्वपूर्ण कार्यों की प्रगति की समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

छत्तीसगढ़ : के 10 हजार आंगनबाड़ी केन्द्र मॉडल केन्द्र के रूप में हो रहे विकसित

No comments Document Thumbnail

रायपुर। बच्चों तथा महिलाओं के कल्याणकारी योजनाओं में मैदानी स्तर पर सुचारू रूप से संचालन के लिए आंगनबाड़ी केन्द्रों का सक्षम होना जरूरी है। इसे देखते हुए राज्य के 10 हजार आंगनबाड़ी केन्द्रों को मॉडल केन्द्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। इनमें से 1047 आंगनबाड़ी केन्द्रों को आकर्षक रूप देकर बाल सुलभ केन्द्र के रूप में विकसित किया गया है। 

साथ ही प्रदेश के 10 आकांक्षी जिलों एवं 20 विकासखण्ड में आंगनबाड़ी केन्द्र को सक्षम आंगनबाड़ी केन्द्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। आंगनबाड़ी केन्द्रों के माध्यम से दी जाने वाली सेवाओं की गुणवत्ता में वृद्धि के लिए स्वयं का आंगनबाड़ी भवन होना आवश्यक है। जिन स्थानों पर आंगनबाड़ी केन्द्र के लिए भवन नहीं हैं, 

वहां हितग्राहियों की सुविधा के लिए राज्य शासन द्वारा अधिकाधिक संख्या में आंगनबाड़ी भवन निर्माण के कार्य को प्राथमिकता दी जा रही है। राज्य सरकार द्वारा प्रदेश में कुल स्वीकृत 52 हजार 474 आंगनबाड़ी और मिनी आंगनबाड़ी केन्द्रों में से कुल 47 हजार 189 केन्द्रों के लिए स्वयं के भवन स्वीकृत किया गया है। साथ ही वित्तीय वर्ष 2023-24 में 5000 आंगनबाड़ी भवन निर्माण किये जाने लक्ष्य निर्धारित किया गया है। नवीन शिक्षा नीति के अनुरूप स्कूल शिक्षा विभाग के साथ समन्वय करते हुए 5000 से अधिक आंगनबाड़ी केन्द्रों में बालवाड़ियां प्रारंभ की जा रही है।


कोंडागांव में कुश्ती एकेडमी, सुकमा में अगले वर्ष से कृषि महाविद्यालय

No comments Document Thumbnail

रायपुर। बस्तर संभाग के युवाओं के साथ भेंट मुलाकात करने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज जगदलपुर के शासकीय काकतीय पीजी कालेज मैदान धरमपुरा पहुंचे। मुख्यमंत्री बघेल ने युवाओं से चर्चा की, उनकी आकांक्षाएं जानीं और उनके हित में अनेक घोषणाएं मौके पर ही की। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कोंडागांव में कुश्ती एकेडमी के साथ ही अनेक घोषणाएं भी की। सुकमा में अगले वर्ष से कृषि महाविद्यालय आरंभ होगा।

बस्तर संभाग के युवाओं से भेंट मुलाकात में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल  ने युवाओं को दी अनेक सौगात

साथ ही सुकमा के शासकीय महाविद्यालय में अतिरिक्त भवन निर्माण के लिए भी उन्होंने 4 करोड़ रुपए की घोषणा की। भेंट मुलाकात के दौरान नारायणपुर के युवाओं ने आउटडोर स्टेडियम तथा सेंट्रल लाइब्रेरी की माँग की, इसे भी पूरा किया गया। नारायणपुर में पीएमटी गर्ल्स कालेज में सीटों की संख्या 50 से बढ़ाकर 100 किये जाने की घोषणा भी की गई। छात्राओं की सुविधा के लिए जगदलपुर दंतेश्वरी गर्ल्स कालेज में हास्टल को भी स्वीकृति दी गई। बीजापुर जिले के भोपालपट्टनम कालेज में भवन, हास्टल और बाउंड्रीवाल निर्माण की घोषणा भी मुख्यमंत्री ने की।

कांकेर के चारामा में डीसीए और पीजीडीसीए की माँग आ रही थी। साथ ही उन्होंने चारामा में पीजी कालेज खोलने की घोषणा भी की। मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले साल से यह कोर्स आरंभ हो जाएंगे।नारायणपुर से वनीता नेताम ने मेरे सपनों का छत्तीसगढ़ पर अपनी बात रखी और इसमें राज्य सरकार की उपलब्धियों को सराहा। मुख्यमंत्री ने इसकी खूब प्रशंसा की। अन्य युवाओं ने भी गढ़बो छत्तीसगढ़ की अपनी कल्पना मुख्यमंत्री के समक्ष रखी। क्राइस्ट कालेज की छात्रा कुमारी भूमिका ने बादल एकेडमी के लिए मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि इस एकेडमी के माध्यम से बस्तर की कला संस्कृति को सहेजने में बड़ी मदद मिल रही है।

इस मौके पर लोकसभा सांसद दीपक बैज, संसदीय सचिव रेखचंद जैन, विधायक चंदन कश्यप, महापौर जगदलपुर श्रीमती सफीरा साहू, छत्तीसगढ़ अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण के अध्यक्ष मिथलेश स्वर्णकार, इन्द्रावती बेसिन विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष राजीव शर्मा भी मुख्य मंच में उपस्थित रहे। युवा हितों में लिए गये बड़े फैसलों की भी दी जानकारी- मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर युवा हितों में लिये गये बड़े फैसलों की जानकारी भी युवाओं को दी। उन्होंने कहा कि महिलाओं से छेड़छाड़, दुष्कर्म आदि के आरोपियों को शासकीय नौकरी से प्रतिबंधित किया जाएगा। 

शासकीय महाविद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को घर से महाविद्यालय तक आने बस की सुविधा निःशुल्क दी जाएगी। छत्तीसगढ़िया ओलंपिक की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में लंबी कूद, 100 मीटर दौड़ एवं कुश्ती के खेल में 18 से 40 वर्ष के आयु वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को उत्कृष्ट खिलाड़ी घोषित किया जाएगा। यह प्रावधान इसी वर्ष से लागू किये जायेंगे। दूरस्थ क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए इंजीनियरिंग और मेडिकल प्रवेश परीक्षाओं परीक्षाओं की तैयारी आनलाइन विकासखंड मुख्यालयों में हो सकेगी। नेशनल चैंपियन रीना ने किया आग्रह, मुख्यमंत्री ने स्वीकारा, कोंडागांव में स्थापित होगी कुश्ती एकेडमी- भेंट मुलाकात के दौरान कोंडागांव की युवती रीना राजपूत ने मुख्यमंत्री को बताया कि वे राष्ट्रीय स्तर की कुश्ती खिलाड़ी हैं।

10 नेशनल और 35 स्टेट लेवल कांपिटिशन में हिस्सा लिया है। अब मैं यहां कुश्ती के टैलेंटेड लोगों को तैयार कर रही हूँ। जिस तरह यहां स्पोर्ट्स एकेडमी की घोषणा आपने की। उसी तरह से कुश्ती एकेडमी भी बन जाए तो कुश्ती के लिए अच्छा माहौल बनेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल अधोसंरचना को बेहतर बनाने एवं खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करना शासन की प्राथमिकता है। हम यहां कुश्ती एकेडमी बनाएंगे। शहीद महेंद्र कर्मा शासकीय विश्वविद्यालय जगदलपुर की छात्रा कु घृतिका निषाद ने कहा कि हमारे जिले में आर्चरी, क्रीड़ा परिसर, इंडोर स्टेडियम, प्रियदर्शिनी स्टेडियम आदि बनाया गया है। इससे खेलों के लिए बहुत बढ़िया माहौल बना है।

भाजियों को मिड डे मील में शामिल करें - उत्तर बस्तर कांकेर से कुमारी श्रेया वर्मा एमबीबीएस की छात्रा हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ भाजियों के लिए मशहूर है। यहां इतनी तरह की भाजियां हैं और सबमें बहुत से विटामिन हैं। इन्हें मिड डे मील में शामिल किया जाए तो बच्चों के पोषण में बहुत वृद्धि होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि आपका सुझाव बहुत अच्छा है। इस संबंध में हम लोग काम कर रहे हैं। भाजियों के पौष्टिक गुणों के संबंध में वन विभाग के औषधि पादप बोर्ड द्वारा कार्यशाला का आयोजन किया गया था। मैं बस्तर संभाग में भेंट मुलाकात में गया और हर जगह अलग किस्म की स्वादिष्ट भाजियां खाईं जो बहुत शानदार अनुभव रहा। अभी लोग मिड डे मील में मिलेट्स को जोड़ रहे हैं। इसकी शुरुआत कांकेर से की गई है और शीघ्र ही इसे विस्तारित किया जाएगा।

जल्द होगी ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी की भर्ती- भेंट मुलाकात के दौरान कृषि महाविद्यालय जगदलपुर के छात्र निखिल तिवारी ने ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी के पदों पर भर्ती का आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इसकी स्वीकृति वित्त विभाग से हो चुकी है। जल्द ही नियुक्ति प्रक्रिया आरंभ होगी। मुख्यमंत्री ने इस दौरान कहा कि लगभग 41 हजार पदों पर भर्ती हो चुकी है और प्रक्रिया चल रही है। कोण्डागांव की प्रियंका सोरी ने बताया कि वे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही है और एनएसएस की कैडेट भी हैं। ऐसे में कृपया एनएसएस के छात्र-छात्राओं को भर्ती परीक्षाओं में बोनस अंक प्रदान करने की कृपा करें। प्रियंका ने कहा कि हम आपकी योजनाओं को एनएसएस द्वारा गांव स्तर तक पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। हमारे जिले में अब कॉलेज की संख्या 3 से बढ़कर 8 हो गई है। इसके लिए हम आपका धन्यवाद देते हैं। एमएससी बॉटनी और फिज़िक्स हमारे कालेज में नही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन्हें शीघ्र ही संचालित किया जाएगा।

बालोद में गोबर से प्राकृतिक पेंट निर्माण यूनिट की स्थापना का काम शुरू

No comments Document Thumbnail

रायपुर। बालोद जिले के खपराभाट गौठान में गोबर से प्राकृतिक पेंट बनाने की यूनिट स्थापित किए जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। यूनिट के लिए भवन का निर्माण गौठान में कराया जा रहा है। कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने आज आदर्श गौठान खपराभाट पहुंचकर प्राकृतिक पेंट की यूनिट की स्थापना के संबंध में चल रहे भवन निर्माण कार्य का अवलोकन किया और इस कार्य को तेजी से पूरा कराये जाने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

कलेक्टर ने गोबर से पेंट बनाने की इकाई शुरू करने के लिए जरूरी सामग्री और मशीनों के बारे में अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को 10 जनवरी तक गोबर से पेंट बनाने का काम शुरू कराये जाने के लिए भी निर्देश दिए। पशु चिकित्सा विभाग को इस माह के अंत तक गोबर से प्राकृतिक पेंट बनाने की मशीन एवं अन्य आवश्यक उपकरण की व्यवस्था करने भी कहा। कलेक्टर ने इस मौके पर जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को पेंट यूनिट की स्थापना कार्य पर निगरानी रखने के साथ ही यहां तैयार होने वाले पेंट का उपयोग स्कूलों, आंगनबाड़ी आदि के रंग-रोगन में करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने इस यूनिट के माध्यम से सभी रंगों के पेंट का निर्माण किए जाने की बात कही, ताकि इसकी ओपन मार्केटिंग भी की जा सके।

कलेक्टर ने निर्माणधीन प्राकृतिक पेंट इकाई भवन के समीप रिक्त भूमि की भी उपयोगिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने गौठान में स्व-सहायता समूह की महिलाओं से चर्चा कर उनके कामकाज के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने महिलाओं से गौठान में संचालित विभिन्न स्व-रोजगारमूलक कार्यों से होने वाले लाभ के संबंध में जानकारी ली। कलेक्टर ने गौठान की जमीन में महिलाओं द्वारा केला उत्पादन के कार्यों की सराहना की। महिलाओं ने बताया कि इस गौठान से बड़ी संख्या में कच्चा एवं पक्का केला तथा चिप्स की बिक्री की जा रही है। उन्होंने बताया कि गौठान में लगभग 02 एकड़ क्षेत्र में केला का उत्पादन किया जा रहा है। कलेक्टर ने समर्थन मूल्य पर धान खरीदी और भुगतान के संबंध में महिलाओं से जानकारी ली।


Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.