Media24Media.com: बिरनपुर

Responsive Ad Slot


 

Showing posts with label बिरनपुर. Show all posts
Showing posts with label बिरनपुर. Show all posts

बेमेतरा : प्रशासन अलर्ट मोड पर, पुलिस की पुख्ता व्यवस्था, बिरनपुर में लौट रहा अमन चैन

No comments Document Thumbnail

बेमेतरा जिले के बिरनपुर गांव में अमन चैन फिर से लौट रहा है। शांति समिति की बैठक में समाज प्रमुखों और ग्रामीणों की पहल कामयाब होते दिख रही है। गौरतलब है कि जिला प्रशासन द्वारा आयोजित इस बैठक में सभी समाज प्रमुखों और ग्रामीणों ने सर्व सम्मति से निर्णय लिया गया था कि सभी मिलजुलकर शांति से रहेंगे गांव में पहले की तरह अमन-चैन कायम रखेंगे। बैठक का सकारात्मक असर गाँव में दिख रहा है। गांव में माहौल तेजी से शांति की ओर है।
                   

आज ग्रामीणों ने चर्चा में बताया कि कल प्रमुख प्रशासनिक अधिकारियों ने हम ग्रामीणों की बैठक ली, जिसमें हमने विस्तार से अपने पक्षों को प्रशासन को अवगत कराया था। सब लोग इस बात पर सहमत हुए कि गांव की अच्छी छवि के लिए और सुरक्षा के बेहतर माहौल के लिए शांति बहुत जरूरी है और जो आपसी समस्याएं हैं उसे बैठकर शांतिपूर्ण वातावरण में ही हल करेंगे। ग्रामीणों ने कहा कि गांव में हमेशा से सभी लोग प्रेमभाव से रहते आए हैं। गाँव के बड़े बुजुर्गों ने कहा कि हम सब लोग त्यौहार वगैरह भी साथ मनाते हैं। कभी ऐसा नहीं हुआ था। जो प्रकरण हुआ, वो बहुत दुखद है। अधिकारी दोषियों पर कार्रवाई कर रहे हैं।

कलेक्टर पदुम सिंह एल्मा सहित अन्य अधिकारी भी आज पूरे समय बिरनपुर गांव में मौजूद रहे। 12 अप्रैल को प्रशासनिक अधिकारियों ने विस्तार से मामले की बारीकियों पर ग्रामीणों से चर्चा की थी। 12 अप्रैल को बिरनपुर गांव में ही हुई बैठक में प्रशासन ने विशेष तौर पर उन बातों को रेखांकित किया जिसकी वजह से पूरे प्रकरण के बारे में आपसी समझ बढ़ी। साथ ही लोगों को बताया गया कि शांति कितनी जरूरी है। आज ग्रामीणों ने भी कहा कि प्रशासन पूरी तरह से सुरक्षा में लगा है। साथ ही जरूरी सुविधाओं को भी उपलब्ध करा रहा है।

गाँव में लोगों को राशन मिलता रहे, इसके लिए जिला प्रशासन द्वारा पूरी व्यवस्था की गई और घर-घर राशन पहुंचाया गया। साग-सब्जी भी लोगों को मिल पाए, इस बात की भी व्यवस्था की गई है। स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए मोबाइल मेडिकल यूनिट और मेडिकल स्टाफ पूरी समय मौजूद हैं। 12 अप्रैल को गांव में एक लड़की की तबियत खराब हो गई। जानकारी मिलते ही स्वास्थ्य की टीम घर पर पहुंच गई और इलाज किया। गांव में पशुधन काफी है और इसके लिए भी पशुधन विभाग ने वेटरनरी डॉक्टर की व्यवस्था की है।

पुलिस की लगातार नजर- पुलिस गांव की हालात पर निरंतर नजर रखे हुए हैं। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए है। इसके चलते गांव में लोग सुरक्षित महसूस कर रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि कल की बैठक के बाद हम काफी आश्वस्त हैं। बैठक में गांव की परिस्थिति के बारे में भी बारीकी से अवगत कराया गया। अभी फसल भी खेत में है जिसे उठाना है। हम सबने निर्णय लिया है कि जल्द से जल्द माहौल शांत करने के लिए काम करेंगे।

सरपंच ने बताया, प्रशासन की समझाइश का हुआ अच्छा असर- बिरनपुर गांव के सरपंच जेठूराम साहू ने बताया कि कल शांति समिति की बैठक में सबने अपनी बात रखी। खुलकर रखी बात से गांव का माहौल अच्छा बना। अधिकारियों ने भी बताया कि किस तरह शांति से रहने से गांव में अच्छा माहौल बनेगा। उनकी समझाइश का असर हुआ है और लोग यह कह रहे हैं कि अब शांति के लिए पूरा कार्य करेंगे।

समाज प्रमुख एवं ग्रामीणों ने बिरनपुर घटना की कड़ी निंदा की

No comments Document Thumbnail

रायपुर। बेमेतरा जिले में ग्राम बिरनपुर की घटना के मद्देनजर जिला प्रशासन, पुलिस के आला अफसरों और सर्व समाज प्रमुखों एवं ग्रामीणों के साथ शांति समिति की बैठक ग्राम बिरनपुर में हुई। कलेक्टर पी.एस. एल्मा और दुर्ग संभाग के आईजी आनंद छाबड़ा की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक में सर्व समाज प्रमुखों ने बिरनपुर में हुई घटना की कड़ी निंदा की। प्रतिनिधियों ने गांव में शांति व्यवस्था बनाये रखने की सहमति जताई।

शांति समिति की बैठक में कलेक्टर पी.एस. एल्मा ने सामाजिक सद्भावना-आपसी भाईचारे के साथ शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। उन्होंने समाज प्रमुखों से कहा कि बिरनपुर की घटना में शांति भंग करने में जो भी व्यक्ति शामिल हैं, उन सभी व्यक्तियों के विरूद्ध कानूनी कार्रवाही की जाएगी। बैठक में सर्व समाज के प्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने कहा कि हम गांव में लंबे समय से साथ रह रहे हैं। पर्व त्यौहार भी साथ में मनाते रहे हैं। मतभेदों को साथ में बैठकर सुलझाएंगे और यह प्रयास करेंगे कि भविष्य में ऐसी परिस्थिति उत्पन्न ना हो।

   कलेक्टर ने की अमन चैन और शांति बनाएं रखने की अपील

कलेक्टर ने शांति समिति की बैठक में कहा कि बिरनपुर गांव में सभी समाज के लोग सदियों से साथ रहते आये हैं। कुछ घटनाओं के कारण मतभेद हुए हैं, आपस में बैठकर मतभेद सुलझाये। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन द्वारा हर संभव मदद दी जाएगी। सभी लोग अमन चैन और शांति बनाए रखने में सहयोग करें, प्रशासन आपके साथ है। उन्होंने कहा गांव में राशन, बिजली, पानी सहित सभी जरूरी व्यवस्थाओं के संबंध में मदद दी जाएगी। गांव में एक स्वास्थ्य की टीम तैनात की गई है जो इलाज के साथ दवाईयां आदि उपलब्ध कराने में मदद करेगी। बैठक में पुलिस महानिरीक्षक संजीव शुक्ला, पुलिस अधीक्षक आई कल्याण एलेसेला सहित सर्व समाज के पदाधिकारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।

अफवाहों से रहे दूर: पुलिस अधीक्षक एलेसेला

शांति समिति की बैठक में पुलिस अधीक्षक ऐलसेला ने ग्रामीणों को समझाईश देते हुए कहा कि आप अपने बच्चों के भविष्य के बारे में सोचिए, उन्हें अच्छी शिक्षा दीजिये ताकि बच्चे अपना कैरियर बना सके। उन्होंने कहा कि हम सब को मिलकर समस्या के समाधान की दिशा में कार्य करना होगा। पुलिस अधीक्षक एलेसेला ने शांति व्यवस्था बनाये रखने के लिए जिलेवासियों से अपील करते हुए धारा-144 का पालन करने, किसी भी असामाजिक तत्वों के बहकावे में ना आने कहा।

उन्होंने अफवाहों से बचने, फेक वीडियो, फेक फोटो, या किसी भी तरह के भड़काऊ पोस्ट जिससे किसी भी धार्मिक आस्था या व्यक्ति की छवि धूमिल हो सोशल मीडिया पर ऐसे पोस्ट करने से बचने की समझाईश दी। उन्होंने कहा कि जिले के किसी भी स्थान में भीड़ इकट्ठा ना करें। शांति व्यवस्था बनाए रखने ड्यूटी पर तैनात पुलिस के अधिकारी जवानों का सहयोग करने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि पुलिस से मदद की आवश्यकता है तो पुलिस से मदद लीजिये।


बिरनपुर में दिवंगत 22 वर्षीय युवक के परिवार के सदस्य को दी जाएगी सरकारी नौकरी : सीएम भूपेश बघेल

No comments Document Thumbnail

रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बिरनपुर में दिवंगत 22 वर्षीय युवक के परिवार के सदस्य को सरकारी नौकरी देने और परिवार को 10 लाख रूपए सहायता राशि प्रदान करने को कहा है। उन्होंने आज मुख्यमंत्री निवास में छत्तीसगढ़ प्रदेश साहू संघ के पदाधिकारियों से मुलाक़ात के बाद यह घोषणा की। मुख्यमंत्री ने बेमेतरा की घटना की कमिश्नर के नेतृत्व में उच्च स्तरीय प्रशासकीय जाँच के निर्देश दिए हैं। साथ ही एक सप्ताह में जाँच कर रिपोर्ट देने को कहा है। मुख्यमंत्री बघेल ने प्रदेश वासियों से शांति और सद्भावना बनाए रखने की अपील की है।

मुख्यमंत्री ने कहा है कि बिरनपुर की घटना बेहद दुर्भाग्यजनक है। इस घटना में दिवंगत भुनेश्वर साहू के परिवार की पीड़ा हम सबकी साझा पीड़ा है। भुनेश्वर की अनुपस्थिति में उसके परिवार का संरक्षण हम सबकी साझी जिम्मेदारी है। आज छत्तीसगढ़ प्रदेश साहू संघ के पदाधिकारियों से मुलाक़ात के बाद हमने निर्णय लिया है कि भुनेश्वर के परिवार के सदस्य को सरकारी नौकरी और 10 लाख रुपए की सहायता राशि प्रदान की जाएगी। साथ ही मैंने कमिश्नर के नेतृत्व में उच्च स्तरीय प्रशासकीय जाँच के निर्देश दिए हैं और एक सप्ताह में जाँच कर रिपोर्ट देने को कहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रभु राम का ननिहाल, माता कौशल्या का घर हमारा छत्तीसगढ़ प्रदेश शांति, सद्भावना का गढ़ रहा है। हम सबको असामाजिक ताकतों से लड़ते हुए शांति और सद्भावना बनाकर रखनी है। यह हर नागरिक की जिम्मेदारी है। कानून से बढ़कर कोई नहीं है। साहू समाज के प्रदेश अध्यक्ष टहल सिंह साहू एवं अन्य पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री से मुलाक़ात की। इस अवसर पर कृषि मंत्री रविन्द्र चौबे, गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू, विधायक बेमेतरा आशीष छाबड़ा, छत्तीसगढ़ तेलघानी बोर्ड के अध्यक्ष संदीप साहू भी उपस्थित थे।

कलेक्टर ने ग्राम बिरनपुर में दण्ड प्रक्रिया संहिता की धारा-144 लागू किया

No comments Document Thumbnail

बेमेतरा। कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी पदुम सिंह एल्मा ने जिले के ग्राम बीरनपुर में 8 अप्रैल 2023 को दो पक्षों में विवाद होने के कारण आस पास शांति, विधि व्यवस्था एवं सुरक्षा बनाए रखने के लिए ग्राम पंचायत बिरनपुर के ग्राम बिरनपुर में दण्ड प्रक्रिया संहिता की धारा-144 लागू किया है।

जारी आदेश में कहा गया है कि लोक शांति बनाए रखने के लिए इस क्षेत्र में जुलूस, धरना आम सभा व प्रदर्शन के लिए प्रतिबंधित किया जाना आवश्यक है। पर्याप्त साक्ष्यों के आधार पर स्थिति की गंभीरता को देखते हुए इस आदेश से प्रभावित होने वाले व्यक्तियों को सूचना की तामिली एवं सुने जाने के लिए पर्याप्त समय न होने के कारण एक पक्षीय रूप से यह आदेश पारित किया जा रहा है।

कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी एल्मा ने धारा 144 दण्ड प्रक्रिया संहिता में प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए जिला बेमेतरा के तहसील साजा अंतर्गत ग्राम पंचायत बिरनपुर के ग्राम बिरनपुर में जूलूस धरना, आम सभा एवं प्रदर्शन पर प्रतिबंधित क्षेत्र घोषित किया है। जारी आदेशानुसार ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मी, सुरक्षा कर्मी को छोड़कर कोई भी व्यक्ति अथवा व्यक्तियों के समूह द्वारा भले ही ये अनुज्ञप्ति धारी हो किसी प्रकार का विस्फोटक पदार्थ अस्त्र शस्त्र धारदार घातक हथियार लेकर नहीं चलेगा।

पांच या पांच से अधिक व्यक्तियों के एकत्र होने पर प्रतिबंध रहेगा और न ही एक साथ चलेंगे। कोई भी व्यक्ति, संस्था गृह मंत्रालय भारत सरकार एवं राज्य सरकार द्वारा कोविड 19 के संबंध में जारी दिशा निर्देशों का उल्लंघन नहीं करेगा। कोई भी व्यक्ति या समूह यातायात जाम नहीं करेगा और न ही बाधित करेगा। किसी भी सरकारी अथवा गैर सरकारी कर्मचारी को ड्यूटी पर जाने से नहीं रोकेगा। कोई भी व्यक्ति मौखिक अथवा लिखित रूप से (पोस्टर, पॉप्लेट पर्चे सोशल मिडिया आदि) अथवा ध्वनि विस्तारक यंत्र से किसी भी प्रकार से कोई नारेबाजी अथवा भ्रमक प्रचार नहीं करेगा।

जिससे किसी वर्ग विशेष अथवा जाति संबंधी किसी भी प्रकार से तनाव उत्पन्न होने की संभावना हो। यह आदेश सभी प्रकार के दलों संगठनों संघों तथा आम जनता पर लागू होगा तथा दिनांक 08 अप्रैल 2023 से अगामी आदेश तक प्रभावशील रहेगा। आदेश का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों के विरूध्द धारा 188 भा.द.वि. के अंतर्गत अभियोजन की कार्यवाही की जाएगी। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.