Media24Media.com: पुरस्कार

Responsive Ad Slot


 

Showing posts with label पुरस्कार. Show all posts
Showing posts with label पुरस्कार. Show all posts

दूरस्थ क्षेत्रों और विशेष पिछड़ी जनजातियों को विकास की सबसे ज्यादा जरूरत – विष्णु देव साय

No comments Document Thumbnail

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने संपूर्णता अभियान में निर्धारित लक्ष्यों को हासिल करने में उत्कृष्ट कार्य करने वाले आकांक्षी जिलों और विकासखंडों को पुरस्कृत किया। उन्होंने आज राजधानी रायपुर के नवीन विश्राम भवन में आयोजित कार्यक्रम में जुलाई-2024 से सितम्बर-2024 तक राज्य के आकांक्षी जिलों और आकांक्षी विकासखंडों में तीन महीनों तक संचालित संपूर्णता अभियान में निर्धारित संकेतकों को संतृप्त करने और लक्ष्यों को हासिल करने वाले जिलों और विकासखंडों को पुरस्कार प्रदान किए। 

उन्होंने इन जिलों और विकासखंडों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले विभिन्न विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों को भी पुरस्कृत किया। संपूर्णता अभियान के दौरान सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले आकांक्षी जिलों बस्तर और कोंडागांव तथा आकांक्षी विकासखंडों शंकरगढ़, मैनपुर, माकड़ी, कोयलीबेड़ा, ओरछा और प्रतापपुर को स्वर्ण पदक प्रदान किया गया। उप मुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा, सांसद बृजमोहन अग्रवाल तथा विधायक सर्वश्री सुनील सोनी, मोतीलाल साहू और गुरू खुशवंत साहेब भी सम्मान समारोह में शामिल हुए।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत की संकल्पना में सभी वर्गों का विकास समाहित है। उन्होंने कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वालों और विशेष पिछड़ी जनजातियों (PVTGs) को विकास की सबसे ज्यादा जरूरत है। भारत सरकार ने इसे गहराई से समझकर प्रधानमंत्री जनमन योजना प्रारंभ की है। इस योजना से सुदूर वनांचलों में आवास, पेयजल, बिजली, सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाएं पहुंच रही हैं। धरती आबा ग्राम उत्कर्ष अभियान जैसे कार्यक्रमों से जिसमें छत्तीसगढ़ के भी 6661 गांव शामिल हैं, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की दूरदर्शी सोच के अनुरूप विकास की रोशनी सुदूर गांवों तक पहुंच रही है। उन्होंने कहा कि राज्य में केंद्र सरकार की आकांक्षी जिलों और विकासखंडों में शामिल गांव तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। 

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने अपने संबोधन में कहा कि देश में वर्ष 2018 से आकांक्षी जिलों में काम शुरू हुआ है। विकास की दौड़ में पिछड़े जिलों और विकासखंडों को आगे लाने का काम इसमें हो रहा है। इसके अंतर्गत शामिल गांवों में अलग-अलग सेक्टर में काम कर मानव सूचकांकों को सुधारा जा रहा है। उन्हें संतृप्ति के स्तर पर लाया जा रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि एक-एक व्यक्ति के विकास और कल्याण से विकसित छत्तीसगढ़ और विकसित भारत का मार्ग प्रशस्त होगा। 

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने समारोह में कहा कि आकांक्षी जिलों और विकासखंडों में भौतिक प्रगति से अलग मानव सूचकांकों को बेहतर करने के लिए काम किए जा रहे हैं। लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें संतृप्त करने अहम इंडीकेटर्स पर काम हो रहे हैं जिनकी तरफ सामान्यतः ज्यादा ध्यान नहीं जाता है। राज्य के आकांक्षी जिलों और विकासखंडों में और भी बेहतर काम हो, इसके लिए मैं सभी जिलों व विकासखंडों को शुभकामनाएं देता हूं। मुख्य सचिव अमिताभ जैन और योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग के सचिव अंकित आनंद ने समारोह में संपूर्णता अभियान के दौरान किए गए कार्यों तथा उपलब्धियों की जानकारी दी। नीति आयोग के सदस्य-सचिव आशीष भट्ट, सदस्य के. सुब्रमण्यम और योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग की संचालक श्रीमती रोक्तिमा यादव भी कार्यक्रम में मौजूद थीं। 

छह सूचकांकों पर अच्छा काम करने वाले जिलों और विकासखंडों को किया गया पुरस्कृत

आकांक्षी जिला कार्यक्रम के 49 संकेतकों में से छह और आकांक्षी विकासखंडों के 40 संकेतकों में से छह संकेतकों को चिन्हित कर इन्हें संतृप्त करने संपूर्णता अभियान संचालित किया गया था। इनमें एएनसी पंजीकरण, पूरक पोषण ले रही गर्भवती महिलाओं, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, पूर्ण टीकाकरण वाले बच्चे, बिजली वाले स्कूल, शैक्षणिक सत्र शुरू होने के एक महीने के भीतर पाठ्यपुस्तकें उपलब्ध कराने वाले स्कूल, मधुमेह जांच, उच्च रक्तचाप जांच, परिक्रामी निधि प्राप्त करने वाले स्वसहायता समूहों की संख्या जैसे संकेतक शामिल थे।

संपूर्णता अभियान के दौरान सभी छह संकेतकों में पूर्ण संतृप्ति हासिल करने वाले आकांक्षी जिलों व विकासखंडों को आज स्वर्ण पदक से सम्मानित किया गया। पांच संकेतकों में पूर्ण संतृप्ति हासिल करने वाले जिलों व विकासखंडों को रजत पदक, चार संकेतकों में पूर्ण संतृप्ति हासिल करने वालों को कांस्य पदक तथा तीन संकेतकों में पूर्ण संतृप्ति हासिल करने वाले जिलों और विकासखंडों को ताम्र पदक से सम्मानित किया गया।  

बस्तर और कोंडागांव जिले को स्वर्ण पदक

संपूर्णता अभियान के दौरान सभी छह संकेतकों में पूर्ण संतृप्ति हासिल करने वाले आकांक्षी जिलों बस्तर और कोंडागांव तथा आकांक्षी विकासखंडों शंकरगढ़, मैनपुर, माकड़ी, कोयलीबेड़ा, ओरछा और प्रतापपुर को स्वर्ण पदक प्रदान किया गया। आकांक्षी जिलों दंतेवाड़ा, कोरबा, कांकेर, नारायणपुर तथा आकांक्षी विकासखंडों लखनपुर, बैकुंठपुर, दुर्गकोंदूल, गौरेला-2, कोरबा और पिथौरा को रजत पदक प्रदान किया गया। आकांक्षी जिला बीजापुर और आकांक्षी विकासखंडों गरियाबंद, उसूर, पोड़ी उपरोड़ा, बोड़ला, तोकापाल एवं कुआंकोंडा को कांस्य पदक तथा आकांक्षी जिलों मानपुर-मोहला-अंबागढ़ चौकी, महासमुंद, सुकमा एवं आंकांक्षी विकासखंड अंबागढ़ चौकी को ताम्र पदक से सम्मानित किया गया। संबंधित जिलों के वर्तमान और तत्कालीन कलेक्टरों ने ये पुरस्कार ग्रहण किए।

छत्तीसगढ़ ने राष्ट्रीय मंच पर बिखेरी स्वच्छता की चमक, 20 हजार से कम आबादी वाले शहरों में बिल्हा देश का सबसे स्वच्छ शहर

No comments Document Thumbnail

रायपुर। केन्द्रीय आवास और शहरी कार्य मंत्रालय के स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 में छत्तीसगढ़ के सात शहरों ने अपनी स्वच्छता की चमक बिखेरी है। बिल्हा नगर पंचायत 20 हजार से कम आबादी वाले शहरों में अब देश का सबसे साफ-सुथरा शहर बन गया है। स्वच्छ सर्वेक्षण में 20 हजार से कम आबादी वाले शहरों की श्रेणी में बिल्हा ने देशभर में प्रथम स्थान हासिल किया है। तीन लाख से दस लाख जनसंख्या वाले शहरों में बिलासपुर को पूरे देश में दूसरा और 20 हजार से 50 हजार आबादी वाले शहरों में कुम्हारी को तीसरा स्थान मिला है।

राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने आज नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित भव्य समारोह में इन तीनों नगरीय निकायों के साथ ही स्वच्छ सर्वेक्षण में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले राज्य के कुल सात नगरीय निकायों को पुरस्कृत किया। उप मुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव, संबंधित निकायों के महापौर, अध्यक्षों और अधिकारियों ने ये पुरस्कार ग्रहण किए। केन्द्रीय आवास और शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल और केन्द्रीय आवास और शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू भी पुरस्कार समारोह में शामिल हुए।

भारत सरकार के स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 में अंबिकापुर, पाटन, विश्रामपुर और रायपुर ने भी राष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का मान बढ़ाया है। स्वच्छ सर्वेक्षण में पहली बार शामिल नई श्रेणी 'स्वच्छता सुपर लीग' (एसएसएल) में अंबिकापुर, पाटन और विश्रामपुर ने जगह बनाई है। यह सम्मान उन शहरों को दिया गया, जो पिछले तीन वर्षों में कम से कम एक बार शीर्ष तीन में रहे हैं और वर्तमान वर्ष में शीर्ष 20 शहरों में शामिल हैं। अंबिकापुर ने 50 हजार से तीन लाख जनसंख्या श्रेणी में तथा पाटन और विश्रामपुर ने 20 हजार से कम आबादी वाले शहरों की श्रेणी में एसएसएल में अपना स्थान सुनिश्चित किया है। इनके अतिरिक्त, राजधानी रायपुर को छत्तीसगढ़ का 'प्रॉमिसिंग (Promising) स्वच्छ शहर' का पुरस्कार मिला है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सभी विजेता नगरीय निकायों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि राज्य के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने इन शहरों में स्वच्छता के प्रति नागरिकों, स्थानीय निकायों और प्रशासन के सामूहिक प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ये पुरस्कार राज्य के अन्य शहरों को भी अपने शहर को सुंदर और स्वच्छ बनाने के लिए प्रेरित करेंगे।

उप मुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव ने भी आज पुरस्कृत नगरीय निकायों को बधाई दी और कहा कि यह छत्तीसगढ़ के लिए केवल एक सम्मान ही नहीं, बल्कि स्वच्छता के प्रति निरंतर प्रयासों का प्रमाण है। आने वाले समय में अन्य नगरीय निकायों को भी स्वच्छता के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त होंगे। शहरी सरकारों से लेकर राज्य और केंद्र की सरकार शहरों को स्वच्छ, सुंदर और सुविधापूर्ण बनाने के लिए कई नवाचारों के साथ सतत काम कर रहे हैं।


बस्तर जिले को शिक्षा क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए नीति आयोग द्वारा 3 करोड़ रुपये का पुरस्कार

No comments Document Thumbnail

रायपुर। बस्तर जिले ने शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार, शिक्षण को अधिक रोचक और प्रभावी बनाने, नवीन शैक्षणिक तकनीकों के सफल क्रियान्वयन और शिक्षक-छात्र संबंधों को मजबूत करने में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। इसी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए नीति आयोग ने बस्तर जिले को 3 करोड़ रुपये के पुरस्कार से सम्मानित किया है।

इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बधाई देते हुए कहा कि बस्तर जिले के विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के समर्पण और हमारी सरकार की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व्यवस्था के प्रति प्रतिबद्धता ने जिले को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। यह सम्मान पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणादायक है। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह पुरस्कार आकांक्षी जिलों में बुनियादी शिक्षा के सुदृढ़ीकरण और शिक्षा की समावेशी एवं नवाचारयुक्त नीति को आगे बढ़ाने के लिए राज्य सरकार के प्रयासों की सफलता का प्रमाण है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह उपलब्धि प्रदेश में संपूर्ण शिक्षा तंत्र को और अधिक सशक्त बनाने तथा बस्तर में बौद्धिक और शैक्षणिक विकास को नया आयाम देने के लिए राज्य सरकार को और अधिक प्रेरित करेगी। शिक्षा के क्षेत्र में यह उपलब्धि न केवल बस्तर जिले, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए मील का पत्थर साबित होगी।

 

 

कायाकल्प स्वच्छ अस्पताल योजना - राज्य स्तरीय पुरस्कार वितरण समारोह 21 दिसंबर को

No comments Document Thumbnail

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मुख्य आतिथ्य में शनिवार 21 दिसंबर को शाम 6 बजे पंडित जवाहर लाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय के अटल बिहारी वाजपेयी ऑडिटोरियम में काया कल्प स्वच्छ अस्पताल योजना के अंतर्गत राज्य स्तरीय पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया जा रहा है।

लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि उप मुख्यमंत्री द्वय अरूण साव एवं विजय शर्मा एवं कार्यक्रम की अध्यक्षता स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल करेंगे। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि समारोह में लोक सभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल, रायपुर जिले की प्रभारी मंत्री केदार कश्यप सहित विधायकगण सर्वश्री राजेश मूणत, मोतीलाल साहू, पुरंदर मिश्रा, सुनील सोनी, अनुज शर्मा, गुरू खुशवंत साहेब एवं इंद्रकुमार साहू उपस्थित रहेंगे।

सड़क सुरक्षा अभियान : आप भी बनाकर भेज सकते हैं सड़क सुरक्षा से जुड़ी दो मिनट की फिल्म, मिलेंगे हजारों रुपए पुरस्कार

No comments Document Thumbnail

रायपुर। छत्तीसगढ़ पुलिस की ओर से सड़क सुरक्षा अभियान चलाया जा रहा है। इसके अंतर्गत अब लघु फिल्मों के जरिए भी जन जागरूकता के प्रयास किए जाएंगे। इसके लिए प्रदेश के रचनाधर्मी लोगों को सड़क सुरक्षा पर लघु फिल्म बनाने के लिए प्रेरित करते हुए राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा लघु फिल्म महोत्सव 2023 के अंतर्गत प्रविष्टियां आमंत्रित की गई हैं। इन लघु फिल्मों को अलग-अलग केटेगरी में राज्य सरकार की ओर से पुरस्कृत किया जाएगा।


प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए ऑनलाइन पंजीयन 5 जुलाई से शुरू हो चुका है। अंतिम तिथि 26 जुलाई 2023 निर्धारित है। अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 9040834734, 9479191791 संपर्क किया जा सकता है या लुघ फिल्म प्रविष्टियों के लिए विस्तृत नियम और शर्ते छत्तीसगढ़ पुलिस की वेबसाइट पर देखी जा सकती है। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सड़क सुरक्षा के मुद्दों के बारे में जागरूकता बढ़ाना और सड़क दुर्घटना को कम करने के लिए छत्तीसगढ़ राज्य के साथ-साथ पूरे देश में सड़क सहयोग में वृद्धि को बढ़ावा देना है।

फिल्म इन श्रेणियों में निर्धारित

फिल्म का श्रेणी निर्धारण किया गया है। फिल्म छत्तीसगढ़ी, गोंड़ी, हल्बी, धुर्वा, भतरी, दोरली, संबलपुरी, कुडुख, सादरी बैगानी, कमारी, ओरिया, सरगुजिया, दंतेवाड़ा, गोंडी, भुजिया आदि में हिंदी भाषान्तर, उच्चारण के साथ होना चाहिए। किसी भी राष्ट्रीय भारतीय भाषा में हिंदी भाषान्तर, उच्चारण, सबटाइटल के साथ होना चाहिए।

फिल्म की अवधि

फिल्म की अविधि 2 मिनट निर्धारित की गई है। मूल फिल्म पूर्ण HD(1920*1080) प्रारूप या उससे ऊपर की हो सकती है। गलत/अपर्याप्त अस्पष्ट, अस्पष्ट/अपूर्ण विवरण वाले प्रवेश प्रपों पर विचार नहीं किया जाएगा। एक बार चयन के लिए जमा की गई फिल्म को अंतिम माना जाएगा और जमा करने के बाद किसी भी बदलाव पर विचार नहीं किया जाएगा।

पुरस्कार राशि

सर्वश्रेष्ठ फिल्म के लिए 80,000 रुपए
सर्वश्रेष्ठ कहानी के लिए 25,000 रुपए
सर्वश्रेष्ठ सिनेमॅटोग्राफी के लिए 25,000 रुपए
सर्वश्रेष्ठ अभिनेता/अभिनेत्री के लिए 25,000 रुपए

छत्तीसगढ़ की दो पंचायतों को मिला राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार

No comments Document Thumbnail

रायपुर। छत्तीसगढ़ की दो पंचायतों को राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू की अध्यक्षता में नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में सरगुजा जिले के जनपद पंचायत लुन्ड्रा के ग्राम पंचायत नागम तथा धमतरी जिले के नगरी पंचायत के ग्राम सांकरा को पुरस्कृत किया गया। ग्राम पंचायत नागम को गरीबी उन्मूलन एवं आजीविका संवर्धन श्रेणी में तथा सांकरा को स्वस्थ पंचायत थीम में पुरस्कृत किया गया। इन ग्राम पंचायतों को पुरस्कार के साथ ही 50-50 लाख रूपए की राशि भी प्रदान की गई।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल एवं पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री रविंद्र चौबे ने इस उपलब्धि के लिए प्रसन्नता व्यक्त करते हुए प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। उल्लेखनीय है कि पूरे देश में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्या के लिए 43 ग्राम पंचायतों को पुरस्कार दिये गये। छत्तीसगढ़ उन चुनिंदा राज्यों में शामिल है जिन्हें एक से अधिक पुरस्कार आज प्राप्त हुए। ग्राम पंचायत नागम के सरपंच भंडारी राम पैकरा तथा ग्राम पंचायत सांकरा की सरपंच श्रीमती शशि ध्रुव ने केंद्रीय मंत्री पंचायत एवं ग्रामीण विकास गिरिराज सिंह के हाथों पुरस्कार ग्रहण किया। इस मौके पर केंद्रीय राज्य मंत्री ग्रामीण विकास फग्गन सिंह कुलस्ते और केन्द्रीय राज्य मंत्री पंचायत राज कपिल मोरेश्वर पाटिल भी मौजूद रहे।

उल्लेखनीय है कि ग्राम पंचायत नागम में गरीबी उन्मूलन के लिए ग्रामवासियों को मनरेगा के अंतर्गत अधिकाधिक जाब कार्ड प्रदान करने, शतप्रतिशत पारिश्रमिक प्रदाय करने, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना अंतर्गत शतप्रतिशत हितग्राहियों को लाभ प्रदान करने,  स्वसहायता समूहों की महिलाओं के आय में वृद्धि के लिए तथा ग्रामवासियों को आईटीआई जैसी संस्था के माध्यम से कौशल विकास कराने उत्कृष्ट कार्यों के लिए पुरस्कृत किया गया। इसी तरह ग्राम पंचायत सांकरा में गर्भवती महिलाओं का शतप्रतिशत संस्थागत प्रसव, बच्चों को पौष्टिक आहार प्रदान करने, ग्राम सभा, महिला सभा एवं बालसभा में बच्चों के टीकाकरण पर चर्चा करने के लिए , बीमारी जैसे टायफाइड, मलेरिया, टीबी आदि  बीमारियों से बचाव हेतु प्रचार, प्रसार करने एवं टेलीमेडिसीन के माध्यम से अच्छा कार्य करने पुरस्कृत किया गया।

यह पुरस्कार इसलिए भी काफी मायने रखता है क्योंकि देश भर की ढाई लाख से अधिक ग्राम पंचायतों ने इस पुरस्कार के लिए नामांकन भरा था। इसमें छत्तीसगढ़ की 11658 ग्राम पंचायतें शामिल थीं। इनमें से 43 ग्राम पंचायतों को पुरस्कार के लिए देश भर से चुना गया। इस पुरस्कार के लिए 9 श्रेणियों में थीम रखी गई थी। कार्यक्रम में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के संयुक्त सचिव श्री गौरव सिंह, सीईओ जिला पंचायत रायपुर आकाश चिकारा, सीईओ सरगुजा विश्वदीप यादव, उप संचालक दिनेश अग्रवाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

जिला चिकित्सालय मुंगेली सहित जिले के पांच स्वास्थ्य संस्थाओं को मिला कायाकल्प पुरस्कार

No comments Document Thumbnail

मुंगेली। कायाकल्प योजना 2022-23 के तहत जिला चिकित्सालय मुंगेली सहित जिले के पांच स्वास्थ्य संस्थाओं को कायाकल्प पुरस्कार प्राप्त हुआ है। इनमें जिला चिकित्सालय मुंगेली के अलावा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र लोरमी, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र जरहागांव, शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र मुंगेली तथा उप स्वास्थ्य केन्द्र चन्दखुरी शामिल है। 

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल एवं स्वास्थ्य मंत्री टी.एस.सिंहदेव ने विगत् दिवस रायपुर में आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में जिले के स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारियों की टीम को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। बता दें कि स्वास्थ्य सुविधाओं को राज्य सरकार लगातार बेहतर बनाने का प्रयास कर रही है। इसके लिए शासन द्वारा बेहतर प्रदर्शन करने वाले स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों को प्रोत्साहित करने के लिए कायाकल्प योजना का क्रियान्वयन किया जा रहा है। इस योजना के अंतर्गत विभिन्न मानकों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शासकीय अस्पतालों को पुरस्कृत किया जाता है।

कायाकल्प योजना 2022-23 के अंतर्गत जिला चिकित्सालय मुंगेली को द्वितीय श्रेणी प्राप्त करने पर 20 लाख रूपए तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र लोरमी को 10 लाख रूपए से पुरस्कृत किया गया है। इसी तरह प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र जरहागांव, शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र मुंगेली तथा उप स्वास्थ्य केन्द्र चन्दखुरी को भी अलग-अलग श्रेणी के आधार पर पुरस्कृत किया गया है। कलेक्टर राहुल देव ने इसे जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार और मरीजों को ईलाज के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में सकारात्मक परिणाम बताया है और जिले के सभी स्वास्थ्य अमले को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।

कायाकल्प अभियान के अंतर्गत प्रदेश में संचालित स्वास्थ्य संस्थाओं में सफाई प्रबंधन, रोग संक्रमण नियंत्रण, भवन एवं परिसर, सौंदर्यीकरण, रुग्ण सेवा में सुधार के लिए समयबद्ध कार्यक्रम घोषित किया गया था, जिसके अंतर्गत आंतरिक मूल्यांकन, सहकर्मी मूल्यांकन एवं बाह्य मूल्यांकन की प्रक्रिया की जाती है, जिसके आधार पर प्रदेश स्तरीय पुरस्कार प्रदान किए जाते हैं। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ. देवेन्द्र पैकरा, डाॅ. सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डाॅ. एम. के. राय, डीपीएम गिरीश कुर्रे सहित चिकित्सकीय टीम उपस्थित थे।

’फरार आरोपियों की सूचना देने वाले को मिलेगा पुरस्कार’

No comments Document Thumbnail

बिलासपुर। पुलिस अधीक्षक बिलासपुर द्वारा घोषणा की गई है कि थाना सकरी बिलासपुर में दर्ज अपराध एवं आर्म्स एक्ट के प्रकरण में फरार आरोपी दानिश अंसारी, उम्र 32 वर्ष, बनारस (उ.प्र.), एजाज अंसारी उर्फ एैज अंसारी, उम्र लगभग 35 वर्ष, बनारस (उ.प्र.), विनय द्विवेदी उर्फ गुरूजी उर्फ वासू, उम्र करीब 23 वर्ष, मानिकपुर, चित्रकुट (उ.प्र.), पप्पू दाढ़ी, उम्र 38 वर्ष, बनारस (उ.प्र.), ताबीज अंसारी उर्फ इरफान अहमद, उम्र लगभग 28 वर्ष, गाजीपुर (उ.प्र.) की सूचना देने वाले को 5 हजार रूपये के पुरस्कार से पुरस्कृत किया जायेगा।

सूचना देने वाले का नाम गोपनीय रखा जायेगा तथा पुरस्कार वितरण के संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर का निर्णय अंतिम होगा। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक, बिलासपुर 07752-223330, मो.नं. 9479193001, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, शहर 07752-222191, मो.नं. 94791-93002, पुलिस नियंत्रण कक्ष, बिलासपुर 07752-228504, मो.नं.  94791-93099 पर संपर्क किया जा सकता है।

‘निकलर एप’ व्दारा पढ़ाई कराने के लिये छत्तीसगढ़ के स्कूल शिक्षा विभाग को प्रतिष्ठित उत्कृष्टता पुरस्कार

No comments Document Thumbnail

रायपुर। छत्तीसगढ़ में स्कूल शिक्षा के क्षेत्र में ‘निकलर एप्प’ व्दारा पढ़ाई कराने के लिये सी.एस.आई. ने छत्तीगसढ़ के स्कूल शिक्षा विभाग को प्रतिष्ठित उत्कृष्टता पुरस्कार से नवाज़ा है। छत्तीसगढ़ को यह अवार्ड 25 मार्च को नेताजी सुभाष प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, नई दिल्ली में आयोजित होने वाले ई-गवर्नेस  कार्यक्रम में प्रदान किया जाएगा।


छत्तीसगढ़ के स्कूल शिक्षा विभाग को परियोजना श्रेणी के तहत् 20वें सीएसआई एसआईजी ई-गवर्नेस अवार्ड 2022 के लिए प्रस्तुत ‘इनेवेेटिव असेसमेंट टूल-एनआईसीलर’ (पीआरजे 22008) का नामांकन उत्कृष्टता पुरस्कार के लिए चुना गया है।मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम ने शिक्षा के क्षेत्र में इस उपलब्धि के लिए प्रमुख सचिव स्कूल शिक्षा डॉ. आलोक शुक्ला, सचिव स्कूल शिक्षा डॉ. एस. भारतीदासन, संचालक लोक शिक्षण सुनील जैन, महाप्रबंधक समग्र शिक्षा नरेन्द्र दुग्गा, एन.आई.सी. रायपुर के वैज्ञानिक सोमशेखर और स्कूल शिक्षा विभाग की पूरी टीम को बधाई दी है।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा 14 नवंबर 2022 को लांच किए गए सुघ्घर पढ़वैया कार्यक्रम में भी स्कूलों का आंकलन निकलर एप्प के माध्यम से बहुत कम समय में किया जा सकेगा। इसके लिए भी शिक्षकों को तैयार किया जा रहा है।निकलर एप्प  कक्षा में सीखने-सिखाने की प्रक्रिया में बच्चे सीख रहे हैं अथवा नहीं, यह देखने के लिए आंकलन एक महत्वपूर्ण प्रक्रिया है, पर हमारी कक्षाओं में बच्चों के कार्यों का आंकलन बहुत समय लेने वाली प्रक्रिया है। कभी शिक्षक को अपने कक्षा में एक एक बच्चे को बुला कर उनके कार्यों को ध्यान से देखना पड़ता है। कभी बच्चों की कापी एकत्र कर स्कूल में या फिर घर में समय निकलकर कॉपी जांचनी पड़ती है। आजकल पालक जागरूक हैं इसलिए कॉपी जांचते समय काफी सावधानी बरतनी पड़ती है।

इस टेक्नोलॉजी का उपयोग शिक्षकों के कार्यों को आसान करने हेतु किया जाता है। छत्तीसगढ़ में स्कूल शिक्षा विभाग और एन आई सी ने भी शिक्षकों के आंकलन संबंधी कार्य को आसान करने के लिए लंबी रिसर्च करते हुए निकलर एप्प का निर्माण किया है।

एप्प के उपयोग के लिए सबसे पहले हमें गूगल प्ले स्टोर में जाकर निकलर एप्प को डाउनलोड करना होता है। स्कूल के यू-डाइस के आधार पर पोर्टल से विद्यार्थियों के लिए क्यू आर कोड वाले कार्ड डाउनलोड कर उसे एक पुठ्ठे में चिपकाना पड़ता है। प्रत्येक विद्यार्थी के लिए इस प्रकार से एक यूनिक कार्ड उनके नाम से देना होता है। इसे आपस में बदलना नहीं चाहिए। यह उस बच्चे के नाम से उसके पास पूरे सत्र में रहना चाहिए।

किसी टॉपिक को पढ़ाने के बाद प्रश्न पूछना हो तो आप निकलर एप्प में उस पाठ से संबंधित उपलब्ध प्रश्न निकालकर पूछ सकते हैं या फिर स्वयं अपने प्रश्न दे सकते हैं। पूछे जाने वाले प्रश्न के चार विकल्प होने चाहिए। बच्चों को सही विकल्प के आधार पर कैसे कार्ड को पकड़ना है यह सिखाना होगा।

निकलर एप्प का उपयोग कर बच्चों की उपस्थिति भी ली जा सकती है। इस एप्प के माध्यम से पूछे जाने वाले विभिन्न प्रश्नों के ऑडियो भी बनाकर प्रश्न पूछ सकते हैं। एप्प के उपयोग में कुछ भी दिक्कत आई है तो शिक्षकों के बीच से ही तकनीकी रूप से विशेषज्ञ शिक्षक साथियों ने उनके हेल्प वीडियो बनाकर हमारी सहायता करते हैं। जिससे कक्षा में इसका क्रियान्वित करना आसान हो गया है।

समग्र शिक्षा की ओर से इस एप्प के उपयोग हेतु निरन्तर आवश्यक सहयोग प्रदान किया जा रहा है। इस वर्ष सभी स्कूलों को इंटरनेट के लिए बजट भी उपलब्ध करवाया गया है। शिक्षकों को निकलर एप्प के उपयोग के लिए प्रशिक्षित भी किया गया है।

साहित्यकार, इतिहासकार और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी संजय अलंग को वर्ष 2023 का सरस्वती साहित्य सम्मान

No comments Document Thumbnail

बिलासपुर। यह पुरस्कार उनके द्वारा छत्तीसगढ़ की इतिहास और संस्कृति पर किए विशिष्ट शोधों और शोधात्मक इतिहास लेखन को रेखांकित करते हुए दिया जा रहा है। चयन समिति ने एक मत से संजय अलंग का पुरस्कार हेतु चयन किया। पुरस्कार घोषणा के साथ यह कहा गया है कि, डॉ. अलंग के शोधों ने छत्तीसगढ़ से संबंधित कई भ्रांतियों का खंडन कर नए तथ्यों को संदर्भ और प्रमाण के साथ सामने लाने का महत्वपूर्ण कार्य किया और शोध के लिए नए आयाम खोले।

इतिहास को लिखने और देखने की शोध दृष्टि विकसित कर नए शोधार्थियों को प्रेरित भी किया। उनके द्वारा छत्तीसगढ़ पर किया गया काम अत्यधिक महत्वपूर्ण और विशिष्ट है। इस हेतु उन्हें केन्द्र के मानव संसाधन और शिक्षा मंत्रालय से सर्वश्रेष्ठ शोध शिक्षा लेखन का सर्वोच्च राष्ट्रीय पुरस्कार भी मिल चुका है। डॉ. संजय अलंग की छत्तीसगढ़ पर 10 से अधिक पुस्तकें प्रकाशित हैं। डॉ. संजय अलंग की इन पुस्तकों में - छत्तीसगढ़: इतिहास और संस्कृति, छत्तीसगढ़ की रियासतें और ज़मींदारियां, छत्तीसगढ़ की जनजातियाँ और जातियाँ, छत्तीसगढ़ के हस्तशिल्प, छत्तीसगढ़ का भूगोल, छत्तीसगढ़ की संस्कृति, छत्तीसगढ़ के त्योहार और उत्सव आदि सम्मिलित हैं ।

संजय अलंग के 3 कविता संग्रह भी प्रकाशित हैं। यह हैं - शव, पगडंडी छिप गई थी और नदी उसी तरह सुन्दर थी जैसे कोई बाघ। डॉ. संजय अलंग को यह सम्मान पं. बबन प्रसाद मिश्र स्मृति समारोह के दौरान प्रदान किया जाएगा और इस अवसर पर उनका एक शोध आधारित व्याख्यान होगा, जिसका विषय है - छत्तीसगढ़ में छत्तीस और गढ़ क्या और कैसे?  ज्ञातव्य हो को कि, हाल ही में संजय अलंग को उनके नवीन कविता संग्रह - नदी उसी तरह सुन्दर थी जैसे कोई बाघ- पर प्रतिष्ठित सूत्र सम्मान दिए जाने की भी घोषणा हुई थी।

बेटियों को वीरता के क्षेत्र में दिया जाएगा माता बहादुर कलारिन पुरस्कार- मुख्यमंत्री बघेल

No comments Document Thumbnail

रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि माता बहादुर कलारिन पर कलार समाज ही नहीं, बल्कि समूचे छत्तीसगढ़ को गर्व है। उनकी अदम्य वीरता पर हम सबको नाज है उनके नाम पर वीरता के क्षेत्र पुरस्कार दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि कलार (सिन्हा) समाज मेहनतकश समाज है। छत्तीसगढ़ के विकास में इस समाज का गौरवपूर्ण भागीदारी है। बघेल आज बालोद जिले के कलंगपुर में कलार समाज के प्रांतीय महोत्सव को सम्बोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि महुआ बोर्ड के गठन के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं। इस बोर्ड का अध्यक्ष कलार समाज से बनाया जाएगा। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को मकर संक्रांति पर्व की बधाई एवं शुभकामनाएं दी। कार्यक्रम में उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करने वाले कलार समाज के प्रतिभावान लोगों को सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने पूर्व माध्यमिक शाला ग्राम परसही को हाई स्कूल मे उन्नयन, ग्राम सिकोसा में नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की स्थापना, ग्राम कलंगपुर में सामुदायिक भवन के लिए 20 लाख रुपये, सीसी रोड निर्माण हेतु 10 लाख रुपए और सोलर हाई मास्क लाईट के लिए 10 लाख रुपए की घोषणा की। इस मौके पर कार्यक्रम की अध्यक्षता राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग की सदस्य एवं कलार समाज के महिला मंच के प्रांताध्यक्ष श्रीमती किरण सिन्हा ने की।

मुख्यमंत्री बघेल ने कार्यक्रम में आगे कहा कि प्रत्येक समाज का रीति-रिवाज, परम्परा एवं संविधान होता है। उन्होंने कहा कि समाज की परम्परायें जो वर्तमान में सामयिक एवं उचित नही है। उन्हें समाप्त करने का कार्य भी समाज को ही करना होगा। बघेल ने कहा कि मेरे और बालोद जिलेवासियों के बीच अटूट रिश्ता एवं असीम अनुराग है, जिसके फलस्वरूप बहुत ही कम अंतराल में लगातार बालोद जिले में मेरा आगमन हो रहा है। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा चलाई जा रही अनेक लोककल्याणकारी कार्यक्रमों का उल्लेख करते हुए कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के साथ-साथ गरीबों की जीवन में परिवर्तन लाने के लिए सुराजी गांव योजना, गोधन न्याय योजना, राजीव गांधी किसान न्याय योजना, राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना का संचालन किया जा रहा है। इन योजनाओं के जरिए बड़ी संख्या में ग्रामीणजन लाभान्वित हो रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर एवं स्वावलंबी बनाने हेतु गौठानों में विभिन्न आजीविकामूलक कार्यों को पूरा करने की जिम्मेदारी उन्हें दी गई है। हमारी माताए, बहनें गौठानों में वर्मी कम्पोस्ट निर्माण, दीया निर्माण, जैविक कीटनाशक निर्माण आदि विभिन्न स्वरोजगारमूलक कार्यों का सम्पादन सफलतापूर्वक कर रहीं है। इसके साथ-साथ अब गौठानों में प्राकृतिक पेंट का भी निर्माण किया जा रहा है। अब स्कूलों एवं सभी शासकीय कार्यालयों की रंगाई-पुताई प्राकृतिक पेंट से की जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के द्वारा प्रत्येक विकासखण्डों में महात्मा गांधी ग्रामीण औद्योगिक पार्क की स्थापना की जा रही है। इसके माध्यम से राज्य के नौजवानों को रोजगार मुहैया कराने के साथ-साथ बैंको से लोन आदि की सुविधा भी प्रदान की जाएगी।

बघेल ने कहा कि राज्य में 65 प्रकार के लघु वनोपजों की समर्थन मूल्य पर खरीदी करने का कार्य भी किया जा रहा है। इन सभी योजनाओं के माध्यम से राज्य के आम लोगों के आय में वृद्धि हो रही है तथा वे आर्थिक रूप से समृद्धि एवं स्वावलंबी बन रहे हैं। इसके साथ-साथ हमारी सरकार के द्वारा छत्तीसगढ़ की परम्परा, संस्कृति, भाषा, रीति-रिवाज के भी संरक्षण एवं संवर्धन हेतु ठोस कार्ययोजना बनाई गई है। इसके अंतर्गत राम वनगमन परिपथ, बाबा गुरू घासीदास तपोस्थलि जैसे सामाजिक-सांस्कृतिक केन्द्रों को नई पहचान दिलाने का कार्य किया जा रहा है।

कार्यक्रम को राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग की सदस्य श्रीमती किरण सिन्हा, संजारी बालोद की विधायक श्रीमती संगीता सिन्हा, कलार समाज के प्रांत अध्यक्ष दीपक सिन्हा एवं युवा मंच के अध्यक्ष गोविंद सिन्हा ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में राज्य खनिज विकास निगम के अध्यक्ष गिरीश देवांगन, संसदीय सचिव एवं क्षेत्रीय विधायक कुंवर सिंह निषाद, विधायक संजारी बालोद श्रीमती संगीता सिन्हा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सोनादेवी देशलहरा सहित अनेक जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में समाजिक बंधु उपस्थित थे। 

छत्तीसगढ़ सरकार की योजनाओं को राष्ट्रीय स्तर पर लगातार मिल रहा पुरस्कार

No comments Document Thumbnail

रायपुर। छत्तीसगढ़ में नरवा विकास कार्यक्रम के तहत कैम्पा मद अंतर्गत वनांचल स्थित नालों में काफी तादाद मे भू-जल संरक्षण संबंधी कार्याे का तेजी से क्रियान्वयन जारी हैं। राज्य में इसके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग को ’स्कॉच अवार्ड’ के पर्यावरण श्रेणी के लिए स्वर्ण पुरस्कार हेतु चयन किया गया है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और वन तथा जलवायु परिवर्तन मंत्री मोहम्मद अकबर ने स्कॉच अवार्ड में चयन होने पर विभाग को बधाई एवं शुभकामनाएं दी है।




गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ में गत चार वर्षों के दौरान राज्य सरकार द्वारा चलाए जा रहे महत्वाकांक्षी ‘नरवा विकास‘ योजना के तहत वनांचल स्थित 6 हजार 395 नालों के लगभग 23 लाख हेक्टेयर जल ग्रहण क्षेत्रों को उपचारित करते हुए विभिन्न जल संरचनाओं का निर्माण तेजी से किया जा रहा है। इसके तहत एक करोड़ 61 लाख से अधिक भू-जल संरक्षण संबंधी संरचनाओं का निर्माण शामिल हैं। यह राष्ट्रीय अवार्ड देश में जनसामान्य की प्रगति की दिशा में कराए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों के लिए नई दिल्ली की स्कॉच संस्था द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न राज्यों तथा संस्थाओं के प्रस्तुतिकरण के आधार पर दिया जाता है।

 मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की विशेष पहल और वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री मोहम्मद अकबर के मार्गदर्शन में राज्य के वन क्षेत्रों में भू-जल संरक्षण तथा संवर्धन के लिए बड़े तालाब में जल स्त्रोतों, नदी-नालों और तालाबों को पुनर्जीवित करने का कार्य लिया गया है। इनमें वर्ष 2019-20 में 863 नालों का चयन कर लगभग 5 लाख हेक्टेयर भूमि को उपचारित करने के लिए 12 लाख से अधिक संरचनाओं का निर्माण  शामिल है। इसी तरह वर्ष 2020-21 में 2 हजार से अधिक नालों का चयन कर 6 लाख हेक्टेयर भूमि के उपचार के लिए 46 लाख से अधिक संरचनाओं का निर्माण तथा वर्ष 2021-22 में एक हजार 974 नालों का चयन कर 5 लाख 70 हजार हेक्टेयर भूमि के उपचार के लिए 73 लाख से अधिक भू-जल संरक्षण संबंधी संरचनाओं का निर्माण शामिल हैं।

इसके अलावा वर्ष 2022-23 में एक हजार 503 नालों का चयन कर 6 लाख हेक्टेयर से अधिक भूमि के उपचार के लिए 29 लाख से अधिक संरचनाओं का निर्माण जारी है। उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ में नरवा विकास योजना के तहत भू-जल संरक्षण संबंधी कार्यों के कुशल क्रियान्वयन में वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के साथ-साथ मुख्यमंत्री के सलाहकार प्रदीप शर्मा का भी विशेष योगदान रहा है।

स्वच्छ भारत मिशन-ग्रामीण में उत्कृष्ट कार्यों के लिए छत्तीसगढ़ को चार राष्ट्रीय पुरस्कार

No comments Document Thumbnail

रायपुर। स्वच्छ भारत मिशन-ग्रामीण में उत्कृष्ट कार्यों के लिए छत्तीसगढ़ को चार राष्ट्रीय पुरस्कार दिए जाएंगे। यह पुरस्कार राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु दो अक्टूबर को नई दिल्ली में आयोजित समारोह में प्रदान करेंगी। केन्द्रीय पेयजल और स्वच्छता मंत्रालय के स्वच्छ सर्वेक्षण-ग्रामीण में ईस्ट जोन में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले राज्यों में छत्तीसगढ़ को पहला स्थान मिला है। 



वहीं सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले जिलों में ईस्ट जोन में दुर्ग दूसरे और बालोद तीसरे स्थान पर है। ओडीएफ प्लस पर दीवार लेखन प्रतियोगिता में सेंट्रल जोन में छत्तीसगढ़ को तीसरा स्थान मिला है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इन पुरस्कारों के लिए स्वच्छ भारत मिशन-ग्रामीण की राज्य टीम को बधाई दी है।

जनसम्पर्क विभाग द्वारा दिये जाने वाले राज्य सम्मान 2022 हेतु प्रविष्टियां आमंत्रित

No comments Document Thumbnail

रायपुर। जनसम्पर्क विभाग छत्तीसगढ़ शासन, द्वारा प्रख्यात पत्रकार स्वर्गीय चन्दूलाल चन्द्राकर और स्वर्गीय मधुकर खेर की स्मृति में दिए जाने वाले राज्य अलंकरण पुरस्कार के लिए प्रविष्टि 23 सितम्बर 2022 तक आमंत्रित की गई है। राज्य की संस्कृति, समृद्धि और विकास के संबंध में रचनात्मक लेखन के लिए पत्रकारों को प्रोत्साहित करने और उत्कृष्ट रिपोर्टिंग के लिए उन्हें सम्मानित करने के लिए चन्दूलाल चन्द्राकर स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार और मधुकर खेर स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार की स्थापना की गयी है। ये पुरस्कार क्रमशः दो-दो पत्रकारों को दिए जाएंगे। इनमें से दो प्रिंट मीडिया से और दो इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से होंगे।




पुरस्कार के लिए प्रविष्टि 23 सितम्बर 2022 तक संचालक, जनसम्पर्क संचालनालय, भूतल, इन्द्रावती भवन, नवा रायपुर अटल नगर, जिला-रायपुर (छत्तीसगढ़) 492002 के पते पर निर्धारित प्रारूप में सीलबंद लिफाफे में पंजीकृत डाक द्वारा भेजे जा सकते हैं। प्रविष्टि से संबंधित सीलबंद लिफाफे के ऊपर चन्दूलाल चन्द्राकर स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार 2022 अथवा मधुकर खेर स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार 2022 स्पष्ट रूप से लिखा होना चाहिए। निर्धारित समय सीमा के बाद प्राप्त प्रविष्टियों पर विचार नहीं किया जाएगा। इन पुरस्कारों से संबंधित नियम और आवेदन प्रारूप जनसम्पर्क विभाग की वेबसाइट www.dprcg.gov.in से डाउनलोड किये जा सकते हैं।

चन्दूलाल चन्द्राकर स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार:- इस पुरस्कार के अंतर्गत दो चयनित पत्रकारों को रूपए 50 हजार- 50 हजार रूपए (रूपए पचास-पचास हजार) की सम्मान राशि दी जाएगी। इनमें से एक पुरस्कार प्रिंट मीडिया के लिए तथा दूसरा पुरस्कार इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के लिए होगा। पुरस्कार हिंदी या छत्तीसगढ़ी में प्रिंट मीडिया में प्रकाशित राष्ट्रीय या प्रादेशिक स्तर की उत्कृष्ट रिपोर्टिंग अथवा आलेख एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से प्रसारित राष्ट्रीय या राज्य स्तर के हिंदी या छत्तीसगढ़ी कार्यक्रम, जो छत्तीसगढ़ राज्य से संबंधित हों, के लिए होंगे।

मधुकर खेर स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार:- इस पुरस्कार के अंतर्गत दो चयनित पत्रकारों को 50 हजार 50 हजार रूपए (रूपए पचास-पचास हजार) की सम्मान राशि दी जाएगी। इनमें से एक पुरस्कार प्रिंट मीडिया के लिए और दूसरा पुरस्कार इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के लिए होगा। पुरस्कार अंग्रेजी भाषा में प्रिंट मीडिया में प्रकाशित राष्ट्रीय या प्रादेशिक स्तर की उत्कृष्ट रिपोर्टिंग अथवा आलेख एवं अंग्रेजी भाषा में ही इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से प्रसारित राष्ट्रीय या राज्य स्तर के अंग्रेजी कार्यक्रम जो छत्तीसगढ़ राज्य से संबंधित हों, के लिए होंगे।

पुरस्कार के लिए व्यक्ति स्वयं प्रविष्टि दे सकेगा अथवा किसी उपयुक्त व्यक्ति के लिए किसी भी पंजीकृत समाचार पत्र-पत्रिका या इलेक्ट्रॉनिक मीडिया या संपादकीय प्रमुख अथवा छत्तीसगढ़ या भारत का कोई भी अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार प्रस्तावक हो सकेगा। प्रविष्टियां पुरस्कार वर्ष के सितंबर माह के पूर्व वर्ष के 31 अगस्त से एक वर्ष के बीच किए गए रचनात्मक लेखन अथवा रिपोर्टिंग से संबंधित होने चाहिए। पुरस्कार हेतु विचारार्थ प्रविष्टि किसी एक प्रकाशित या प्रसारित सामग्री की सत्यापित कतरन या सीडी या डीवीडी के रूप में छह प्रतियों में आवेदन के साथ संलग्न करना होगा। आवेदक अथवा प्रस्तावक द्वारा प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा कि पुरस्कार के लिए बताए गए तथ्य वास्तविक हैं।

छियालीस शिक्षकों को मिलेगा राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार, राष्ट्रपति करेंगी सम्मानित

No comments Document Thumbnail

रायपुर। पांच सितंबर को शिक्षक दिवस है। इस मौके पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले छियालीस शिक्षकों को राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित करेंगी। यह समारोह नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित किया जाएगा। पुरस्कार पाने वालों में छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के शासकीय प्राथमिक स्कूल पंडित सखाराम दुबे की सहायक शिक्षिका ममता अहार भी शामिल हैं। सुश्री अहार पिछले बीस वर्षों से लोक संगीत के माध्यम से विद्यार्थियों को पढ़ा रही हैं।



राजभवन में होगा आयोजन

वहीं, कल ही राजभवन में राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। राज्यपाल अनुसुईया उइके समारोह में प्रदेश के साठ शिक्षकों को सम्मानित करेंगी। इनमें से छप्पन शिक्षकों को राज्य शिक्षक सम्मान और चार शिक्षकों को प्रदेश के महान साहित्यकारों के नाम पर स्मृति पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। समारोह में राज्य शिक्षक पुरस्कार के लिए चयनित शिक्षिकों को इक्कीस-इक्कीस हजार रूपए और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। 

साथ ही प्रदेश की महान विभूतियों की स्मृति में दिए जाने वाले पुरस्कार से सम्मानित होने वाले शिक्षकों को पचास-पचास हजार रूपए और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे। समारोह की अध्यक्षता मुख्यमंत्री भूपेश बघेल करेंगे। वहीं, विशिष्ट अतिथि स्कूल शिक्षा मंत्री डॉक्टर प्रेमसाय सिंह टेकाम और संसदीय सचिव द्वारिकाधीश यादव होंगे। राज्यपाल अनुसुईया उइके, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और स्कूल शिक्षा मंत्री डॉक्टर प्रेमसाय सिंह टेकाम ने शिक्षक दिवस के अवसर पर सभी गुरूजनों और प्रदेशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।

प्रधानमंत्री करेंगे शिक्षकों से बातचीत

इस बीच, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शिक्षक दिवस के अवसर पर कल नई दिल्ली में अपने आवास पर राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार विजेताओं से बातचीत करेंगे। शिक्षकों को राष्ट्रीय पुरस्कार का उद्देश्य देश के उन बेहतरीन शिक्षकों के अद्वितीय योगदान की प्रशंसा और उनका सम्मान करना है, जिन्होंने अपनी प्रतिबद्धता और कड़ी मेहनत से न केवल स्कूली शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार किया है बल्कि अपने विद्यार्थियों के जीवन को भी बेहतर बनाया है। इस वर्ष, देश भर से छियालीस शिक्षकों को, तीन चरण की पारदर्शी ऑनलाइन प्रक्रिया के माध्यम से इस पुरस्कार के लिए चुना गया है।

पारंपरिक खेलों में विजयी प्रतिभागियों को संसदीय सचिव ने किया पुरस्कृत

No comments Document Thumbnail

महासमुंद। संसदीय सचिव व विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर ने खेल मड़ई के तहत ग्राम खट्टी में आयोजित जिला स्तरीय पारंपरिक खेल प्रतियोगिता में विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों को शिक्षा के साथ ही खेल में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने जोर दिया। ग्राम खट्टी में खेल मड़ई के तहत जिला स्तरीय पारंपरिक खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। आज रविवार को खेल प्रतियोगिता का समापन के साथ ही पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संसदीय सचिव व विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर थे।



अध्यक्षता जनपद अध्यक्ष यतेंद्र साहू ने की। विशेष अतिथि के रूप में कृषि उपज मंडी अध्यक्ष हीरा बंजारे, सरपंच संघ के अध्यक्ष वीरेंद्र चंद्राकर, जनपद सदस्य कुणाल चंद्राकर, हेमंत डडसेना, सचिन गायकवाड़, रहीम चौहान मौजूद थे। कार्यक्रम में पहुंचने पर संसदीय सचिव चंद्राकर का आत्मीय स्वागत किया गया। बाद इसके उन्होंने गेड़ी का लुत्फ उठाया। अपने संबोधन में संसदीय सचिव चंद्राकर ने कहा कि प्रदेश सरकार खेलों के प्रति रूझान बढ़ाने हरसंभव प्रयास कर रही है। विभिन्न खेलों के विकास व सुविधाओं की बढ़ोत्तरी के लिए छग खेल विकास प्राधिकरण का गठन किया गया है। भूपेश सरकार द्वारा छत्तीसगढ़ के पारंपरिक खेलों को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।



इसी तारतम्य में आज यहां पारंपरिक खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया है। प्रदेश सरकार की पहल से बच्चों व युवाओं में खेलों के प्रति झुकाव हो रहा है। उन्होंने बच्चों को शिक्षा के साथ ही खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन करने का आव्हान किया। बाद इसके उन्होंने प्रतियोगिता के विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया। इसके पूर्व कार्यक्रम की शुरूआत में खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अधिकारी मनोज धृतलहरे ने स्वागत भाषण देते हुए बताया कि प्रतियोगिता में जिलेभर से बच्चों ने भाग लिया। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से शशि कुमार साहू, राधेलाल कमार, अश्वनी मंडावी, रेवाराम साहू, तोरण कन्नौजे, पवन साहू, मोहन साहू, सोहन साहू, महेंद्र टंडन, रामचरण पटेल सहित शिक्षकगण मौजूद थे।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.