Media24Media.com: पचहत्तरवें

Responsive Ad Slot


 

Showing posts with label पचहत्तरवें. Show all posts
Showing posts with label पचहत्तरवें. Show all posts

आज से पंद्रह अगस्त तक ‘‘हर घर तिरंगा’’ अभियान

No comments Document Thumbnail

रायपुर। आजादी के पचहत्तरवें वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में केन्द्र सरकार आज से पंद्रह अगस्त तक ‘‘हर घर तिरंगा’’ अभियान मना रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज से पंद्रह अगस्त तक अपने घर पर तिरंगा फहराकर सभी देशवासियों से हर घर तिरंगा अभियान में शामिल होने का आग्रह किया है। प्रधानमंत्री ने देशभर में हर घर तिरंगा अभियान के लिए देशवासियों के उत्साह पर प्रसन्नता व्यक्त की है। मोदी ने ट्वीट संदेश में कहा कि देश के जल, थल और नभ में तिरंगा लहराता देख भारत का प्रत्येक व्यक्ति उत्साहित है। प्रधानमंत्री ने तिरंगे के प्रति इस भावना के लिए देशवासियों को धन्यवाद दिया।



 ’हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय ने हर घर तिरंगा गीत जारी किया है। संस्कृति मंत्रालय ने अपने ट्विटर हैंडल पर यह गीत साझा किया है।

छत्तीसगढ़ में भी हर घर तिरंगा अभियान को लेकर लोगों में काफी उत्साह देखा जा रहा है। अभियान के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में बिलासपुर के भरनी में केंद्रीय सुरक्षा पुलिस बल के जवानों ने मोटरसाइकिल रैली निकाली। यह रैली कैम्प से प्रारंभ होकर विभिन्न मार्गों से होते हुए नेहरू चौक पहुंची। इस दौरान जवानों ने लोगों को अपने-अपने घरों में तिरंगा फहराने के लिए प्रोत्साहित किया।

वहीं, सरगुजा जिले के ग्राम केपी में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की बासठवीं बटालियन द्वारा अपने स्थापना दिवस पर आज तिरंगा रैली निकालकर लोगों को आजादी के महत्व के बारे में बताया गया। इस मौके पर जवानों ने शहीदों को नमन किया। इसी तरह, कोरिया कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने स्वतंत्रता सप्ताह के अंतर्गत अपने निवास में तिरंगा फहराया और लोगों से इस अभियान में सहभागी बनकर अपने-अपने घरों में तिरंगा फहराने की अपील की।

 बेमेतरा जिले में तिरंगा यात्रा निकाली

बेमेतरा जिले में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं सहित स्कूली बच्चों और आम लोगों ने तिरंगा यात्रा निकाली। यह यात्रा सरस्वती शिशु मंदिर से शुरू हुई, जो विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी। वहीं, रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के खमतराई और गुढ़ियारी इलाके में विधायक विकास उपाध्याय की अगुवाई में गौरव यात्रा का आयोजन किया गया। उपाध्याय ने बताया कि इस यात्रा के माध्यम से स्वतंत्रता सेनानियों और वीर जवानों की गाथा को जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है।

इस बीच, रायपुर कलेक्टर डॉक्टर सर्वेश्वर नरेन्द्र भूरे ने जिलेवासियों से अपने-अपने घरों में तिरंगा झण्डा लगाकर इस अभियान को सफल बनाने की अपील की है। उधर, नारायणपुर जिले में सीमा सुरक्षा बल की एक सौ बासठवीं बटालियन द्वारा ग्राम बैहासालेभाट में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान जवानों द्वारा ग्रामीणों और स्कूली बच्चों को हर घर तिरंगा और आजादी के अमृत महोत्सव के बारे में जानकारी दी गई। वहीं, आजादी के अमृत महोत्सव के तहत जगदलपुर में स्कूली छात्र-छात्राओं ने सीआरपीएफ के जवानों को रक्षासूत्र बांधा।

इधर, सूरजपुर जिले के विभिन्न स्कूलों में भी ‘‘हमर तिरंगा’’ अभियान के अंतर्गत अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उधर, कोंडागांव जिले में स्व-सहायता समूह की महिलाएं राष्ट्रीय ध्वज तैयार करने में जुटी हुई हैं। महिला समूहों द्वारा अब तक दस हजार झंडों की बिक्री जा चुकी है।

वहीं, दुर्ग के हेमचंद यादव विश्वविद्यालय में एक सितंबर से पहला सर्टिफिकेट कोर्स प्रारंभ होगा। इस सर्टिफिकेट कोर्स का शीर्षक ‘‘ भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के अज्ञात नायक’’ रखा गया है। विश्वविद्यालय की कुलपति डॉक्टर अरूणा पल्टा स्वतंत्रता दिवस पर इस पाठ्यक्रम के संचालन की विधिवत् घोषणा करेंगी। क्षेत्रीय कौशल विकास और उद्यमिता निदेशालय द्वारा देश के विभाजन भयावह स्मरण दिवस पर विभाजन प्रभावित लोगों की पीड़ा को प्रदर्शित करने के लिए नवा रायपुर स्थित केंद्रीय सचिवालय भवन में दस से चौदह अगस्त तक प्रदर्शनी आयोजित की गई है। इस बीच, हमर तिरंगा अभियान के तहत कोरिया जिला प्रशासन द्वारा झुमका बोट क्लब में कल सुबह ग्यारह बजे आयोजित कार्यक्रम में बोट के जरिये तिरंगा लहराया जाएगा।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.