Media24Media.com: निर्वाचन पदाधिकारी

Responsive Ad Slot


 

Showing posts with label निर्वाचन पदाधिकारी. Show all posts
Showing posts with label निर्वाचन पदाधिकारी. Show all posts

निर्वाचन प्रक्रिया का अंतिम पड़ाव है मतगणना, प्रेक्षकों की भूमिका महत्वपूर्ण - रीना बाबासाहेब कंगाले

No comments Document Thumbnail

रायपुर। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्रीमती रीना बाबासाहेब कंगाले ने रायपुर के नवीन विश्राम गृह में आयोजित मतगणना प्रेक्षकों के प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि मतगणना प्रेक्षक (काउंटिंग ऑब्जर्वर) की भूमिका मतगणना के दौरान अत्यधिक महत्वपूर्ण होती है। मतगणना संपूर्ण निर्वाचन प्रक्रिया का अंतिम पड़ाव है। इसलिए सभी की नजर मतगणना की प्रक्रिया पर केंद्रित होती है। ऐसे में मतगणना प्रेक्षक की भूमिका सबसे अहम हो जाती है।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्रीमती कंगाले ने मतगणना प्रेक्षकों के प्रशिक्षण में कहा कि मतगणना के दौरान मतगणना प्रेक्षक की भूमिका निभाने वाले अधिकारियों को मतगणना के सभी पहलुओं की बारीक जानकारी होनी चाहिए। मतगणना केंद्र पर पारदर्शी ढंग से मतगणना की प्रक्रिया पूर्ण हो, इसके लिए मतगणना प्रेक्षक को निष्पक्ष और सभी प्रक्रियाओं से संबंधित जानकारी से परिपूर्ण होना चाहिए।

भारत निर्वाचन आयोग द्वारा लोकसभा आम निर्वाचन-2024 के अंतर्गत आगामी 4 जून को होने वाली मतगणना के लिए छत्तीसगढ़ के 56 अधिकारियों को देश के विभिन्न निर्वाचन क्षेत्रों में मतगणना प्रेक्षक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इनमें भारतीय प्रशासनिक सेवा के 20 और राज्य प्रशासनिक सेवा के 36 अधिकारी शामिल हैं।

प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनर यू.एस. अग्रवाल, विनय अग्रवाल और रुपेश कुमार वर्मा ने मतगणना स्थल पर प्रेक्षक की भूमिका, ईटीपीबीएस एवं डाक मतपत्रों की गणना एवं ईवीएम से मतगणना संबंधी सभी बिंदुओं पर विस्तार से जानकारी दी। मास्टर ट्रेनर्स ने मतगणना हॉल में कितने टेबल लगाए जाने हैं, टेबल किस प्रकार लगाए जाने हैं, प्रत्याशी, उनके अधिकृत प्रतिनिधि और मतगणना अभिकर्ता कितने होंगे तथा किन स्थानों पर बैठेंगे, वीवीपैट की गणना के लिए कौन सा टेबल निर्धारित किया जाए, डाक मतपत्रों की गणना कहाँ हो, कौन सी सावधानियां बरतने की जरूरत है जैसे कई महत्वपूर्ण विषयों पर भी जानकारी साझा की।

भारत निर्वाचन आयोग द्वारा मतगणना प्रेक्षक के रूप में नियुक्त राज्य के अधिकारियों के व्यावहारिक प्रशिक्षण के लिए प्रशिक्षण स्थल पर मास्टर ट्रेनर रुपेश कुमार वर्मा ने प्रायोगिक तौर पर ईवीएम का संचालन भी अधिकारियों के समक्ष किया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी निलेशकुमार महादेव क्षीरसागर और मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित थे।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी रीना बाबासाहेब कंगाले ने कवर्धा जिले में मतगणना स्थल का किया निरीक्षण

No comments Document Thumbnail

रायपुर। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी रीना बाबासाहेब कंगाले ने आज कबीरधाम कलेक्टर एव जिला निर्वाचन अधिकारी जनमेजय महोबे और पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक पल्लव के साथ कवर्धा के कृषि उपज मंडी परिसर स्थित मतगणना स्थल का निरीक्षण किया।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कंगाले ने जिले के विधानसभा क्षेत्र 71-पंडरिया और 72-कवर्धा के लिए होने वाली मतगणना के लिए की जा रही तैयारियों का अवलोकन किया। उन्होंने स्ट्रांगरूम की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने मतगणना स्थल पर सीसीटीव्ही कैमरे तथा तैनात सुरक्षा बल, मतगणना तथा डाक मतपत्रों की गणना की तैयारियों के संबंध में विस्तार से जानकारी ली। 

उन्होंने मतगणना तिथि को मतगणना कार्य में लगे अधिकारियों सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं में लगे सभी कर्मचारियों को भी पास जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने मतगणना कक्ष में राजनीतिक दलों के एजेंटो के लिए समुचित बैठक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी रीना बाबासाहेब कंगाले ने उम्मीदवारों व उनके निर्वाचन अभिकर्ताओं को निर्वाचन आयोग से प्राप्त मतगणना संबंधी दिशा निर्देशों की जानकारी अनिवार्य रूप से देने कहा।

उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, मीडिया सेंटर में आवश्यक सुविधाएं, गणना के लिए मतगणना सामग्री, डाक मतपत्रों की गणना, ईवीएम में दर्ज मतों की गणना, वीवीपीएटी स्लीप गणना, मतगणना की समाप्ति के बाद ईवीएम और निर्वाचन सामग्री को मुहरबंद करने और परिणाम की घोषणा के संबंध में आवश्यक दिशानिर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान संबंधित विधानसभा क्षेत्रों के रिटर्निंग अधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।


छत्तीसगढ़ विधानसभा निर्वाचन-2023 : प्रथम चरण की बीस विधानसभा क्षेत्रों के लिए कुल 223 अभ्यर्थी होंगे चुनाव मैदान में

No comments Document Thumbnail

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा निर्वाचन-2023 अंतर्गत  प्रथम चरण के 20 विधानसभा क्षेत्रों में नाम वापसी के बाद अब 223 अभ्यर्थी ही निर्वाचन के लिए मतदाताओं के बीच जाएंगे। द्वितीय चरण के लिए आज नाम वापसी के अंतिम दिन कुल 30 अभ्यर्थियों ने अपना नाम वापस ले लिया।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार राजनांदगांव विधानसभा क्षेत्र से सबसे अधिक 6 अभ्यर्थियों ने नाम वापसी की। उल्लेखनीय है कि प्रथम चरण के विधानसभा क्षेत्रों में नामांकन पत्रों की संवीक्षा के बाद कुल 253 अभ्यर्थियों के नामांकन विधिमान्य पाए गए थे, जबकि प्रथम चरण में नामांकन के अंतिम दिन 20 अक्टूबर तक कुल 294 अभ्यर्थियों ने नामांकन दाखिल किया था।

विधानसभा निर्वाचन 2023 अंतर्गत प्रथम चरण में अंतागढ़ विधानसभा क्षेत्र में 13, भानुप्रतापपुर में 14, कांकेर में 9, केशकाल में 10, कोंडागांव में 8, नारायणपुर में 9, बस्तर में 8, जगदलपुर में 11, चित्रकोट में 7, दंतेवाड़ा में 7, बीजापुर में 8, कोंटा में 8, खैरागढ़ में 11, डोंगरगढ़ में 10, राजनांदगांव में 29, डोंगरगांव में 12, खुज्जी में 10, मोहला-मानपुर में 9, कवर्धा में 16 तथा पंडरिया में 14 अभ्यर्थी शेष बचे हैं।

प्रथम चरण के 20 विधानसभा क्षेत्रों में मतदाताओं की कुल संख्या 40 लाख 78 हजार 681 है जिसमें 19 लाख 93 हजार 937 पुरुष, 20 लाख 84 हजार 675 महिलाएं तथा 69 तृतीय लिंग के मतदाता शामिल हैं। इन विधानसभा क्षेत्रों के लिए कुल 5 हजार 304 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। प्रथम चरण के विधानसभा क्षेत्रों के लिए मतदान तिथि 7 नवंबर और मतगणना तिथि 3 दिसंबर 2023 है।

 



मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्रीमती रीना बाबासाहेब कंगाले ने ‘शक्ति’ पुस्तिका का किया विमोचन

No comments Document Thumbnail

रायपुर। छत्तीसगढ़ की मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्रीमती रीना बाबासाहेब कंगाले ने आज मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय द्वारा तैयार पुस्तिका "शक्ति - कम्प्रेहेन्सीव स्वीप प्लान टू इम्प्रूव फीमेल वोटर टर्न आउट" का विमोचन किया। यह पुस्तिका राज्य के सभी जिलों में महिला मतदाताओं की लोकतंत्र में अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करते हुए मतदान के लिए प्रेरित करने आयोजित की जा रही स्वीप गतिविधियों जो विशेष रूप से नवविवाहिता वधू के सम्मान समारोह पर केन्द्रित है, को समावेशित करते हुए प्रकाशित की गई है। संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी निलेश क्षीरसागर और सहायक मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्रीमती शारदा अग्रवाल भी पुस्तिका के विमोचन के दौरान उपस्थित थीं। 

इस पुस्तिका में विधानसभा आम निर्वाचन-2023 के दृष्टिगत मतदान से अक्सर वंचित रह जाने वाली नवविवाहिताओं का मतदाता सूची में नाम जुड़वाने या मायके से ससुराल स्थित मतदान केंद्र में नाम स्थानांतरित किए जाने की प्रक्रिया को प्रोत्साहित करने के लिए प्रत्येक जिले में आयोजित नवविवाहिता वधू सम्मान समारोह का विशेष उल्लेख है। इसमें विगत निर्वाचन के बाद राज्य की निर्वाचक नामावाली में लिंगानुपात बढ़ाने आयोजित स्वीप गतिविधियों की भी जानकारी है। भारत निर्वाचन आयोग ने छत्तीसगढ़ की स्वीप गतिविधि नवविवाहिता वधू सम्मान समारोह की काफी  प्रशंसा की है।

जिला निर्वाचन अधिकारियों, उप जिला निर्वाचन अधिकारियों एवं एफएलसी सुपरवाइजर्स को ईवीएम/वीवीपीएटी की एफएलसी के संबंध में दिया गया प्रशिक्षण

No comments Document Thumbnail

रायपुर। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय, छत्तीसगढ़ द्वारा आज रायपुर के नवीन विश्राम भवन में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यशाला में सभी जिलों के जिला निर्वाचन अधिकारियों, उप जिला निर्वाचन अधिकारियों और एफएलसी सुपरवाइजर्स को ईवीएम/वीवीपीएटी की एफएलसी (First Level Checking) के संबंध में प्रशिक्षण दिया गया। कार्यशाला में उन्हें कंट्रोल यूनिट, बैलेट यूनिट और वीवीपीएटी से संबंधित प्रशासनिक एवं तकनीकी प्रकियाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली और ईसीआईएल, हैदराबाद के अधिकारियों ने ईवीएम/वीवीपीएटी की एफएलसी के साथ ही ईवीएम की हैंडलिंग और जरूरी प्रक्रियाओं के बारे में बताया।

जिला निर्वाचन अधिकारियों, उप जिला निर्वाचन अधिकारियों और एफएलसी सुपरवाइजर्स को ईवीएम व वीवीपीएटी के साथ इनका व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया। भारत निर्वाचन आयोग के सचिव बी.सी. पात्रा के मार्गदर्शन में उत्तराखंड के सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी एवं ईवीएम नोडल अधिकारी मस्तु दास तथा भारत निर्वाचन आयोग के अनुभाग अधिकारी  विभोर अग्रवाल ने ईवीएम एवं वीवीपैट के तकनीकी एवं प्रशासनिक प्रक्रियाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। ईसीआईएल (Electronics Corporation of India Limited) के उप वरिष्ठ निदेशक पी.सी. मंडल ने ईवीएम के तकनीकी पहलुओं पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने एफएलसी के लिए उपयोग में आने वाले जरूरी उपकरणों और कनेक्टर्स (Connectors) के बारे में भी बताया।

छत्तीसगढ़ की मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्रीमती रीना बाबा साहेब कंगाले ने कार्यशाला में बताया कि राज्य में उपलब्ध कुल एक लाख 27 हजार 444 ईवीएम एवं वीवीपीएटी की प्रथम स्तरीय जांच का कार्य प्रत्येक जिला मुख्यालय में आगामी 10 जून से 27 जून तक किया जाएगा। आज हुई कार्यशाला में सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों, उप जिला निर्वाचन अधिकारियों एवं एफएलसी पर्यवेक्षकों को एफएलसी की प्रक्रिया के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई है, ताकि वे अपना कार्य जिला स्तर पर उत्कृष्ट तरीके से संपादित कर सकें।

छत्तीसगढ़ की अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्रीमती शिखा राजपूत तिवारी, संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी बिपिन माझी और डॉ. के.आर.आर सिंह, उप मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी विनय अग्रवाल तथा सहायक मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी रूपेश वर्मा और श्रीमती शारदा अग्रवाल भी कार्यशाला में उपस्थित थीं। केरल के संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनीस टी., बिहार के उप मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी धीरज कुमार और झारखंड की विशेष कार्य पदाधिकारी श्रीमती गीता चौबे ने भी कार्यशाला में हिस्सा लिया।

10 जून से 27 जून तक राज्य के सभी 33 जिलों में होगी ईवीएम/वीवीपीएटी के एफएलसी

 छत्तीसगढ़ के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय द्वारा राज्य के सभी जिलों में ईवीएम/वीवीपीएटी की प्रथम स्तरीय जांच के लिए कार्यक्रम जारी किया गया है। इसके लिए इंजीनियरों के 26 दलों का गठन किया गया है। ये दल निर्धारित तिथियों में संबंधित जिलों का भ्रमण कर जिला निर्वाचन अधिकारी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी और एफएलसी सुपरवाइजर्स के सहयोग से एफएलसी की प्रक्रिया पूर्ण करेंगी। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार बालोद, बलौदाबाजार-भाटापारा, बलरामपुर-रामनुजगंज, बस्तर, बेमेतरा, बिलासपुर, धमतरी, दुर्ग, 
                                  

गरियाबंद, जशपुर, कबीरधाम, कोंडागांव, कोरबा, रायगढ़, रायपुर, राजनांदगांव, सूरजपुर, सरगुजा, कांकेर, जांजगीर-चांपा और महासमुंद जिले में 10 जून से 27 जून के बीच ईवीएम/वीवीपीएटी की एफएलसी की जाएगी। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में 10 जून से 15 जून, मुंगेली में 16 जून से 23 जून, सक्ती में 10 जून से 17 जून, सांरगढ़-बिलाईगढ़ में 18 जून से 24 जून, कोरिया में 10 जून से 14 जून, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में 15 जून से 23 जून, नारायणपुर में 10 जून से 13 जून, सुकमा में 14 जून से 17 जून, दंतेवाड़ा में 18 जून से 22 जून, बीजापुर में 23 जून से 26 जून, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में 10 जून से 17 जून तथा मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में 18 जून से 23 जून तक एफएलसी की प्रकिया संपादित की जाएगी।

विधानसभा चुनाव संबंधी बैठक में शामिल हुई कलेक्टर डॉ सिद्दीकी

No comments Document Thumbnail

सारंगढ़ बिलाईगढ़। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी रीना बाबा साहेब कंगाले और अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी शिखा राजपूत तिवारी द्वारा आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंस की बैठक में कलेक्टर डॉ फरिहा आलम सिद्दीकी शामिल हुई। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी कलेक्टरों को कहा कि जिले से कोई समस्या हो उसकी और विधानसभा चुनाव 2023 की आपके जिले से संबंधित क्या तैयारी हुई है इसकी जानकारी दें।

बैठक में कहा गया कि कोई परिवार न छूटे एक मकान में कितने मतदाता है, उसका भौतिक सत्यापन किया जाना है। मतदाता सूची तैयार किया जाना है। दावा आपत्ति के लिए 7 दिन का समय निर्धारित किया गया है। 18 वर्ष आयु के मतदाताओं को मतदाता सूची में नाम जुड़वाना चाहिए। जिन मतदाताओं का नाम हटवाना चाहते हो उनको भी निर्धारित प्रपत्र में जानकारी  निर्वाचन कार्यालय में जमा करना चाहिए ताकि उनके द्वारा अन्यत्र मतदाता सूची में नाम जुड़वाया जा सकता है। इस प्रकार मतदाता, अपने मतदाता सूची में नाम जुड़वा सकता है और हटवा भी सकता है। बैठक में कहा गया कि एक परिसर में कितने मतदान केंद्र संचालित है, मतदान केंद्र भवन किसका है, (निजी, शासकीय, सार्वजनिक, धार्मिक) इसका भौतिक सत्यापन किया जाना है।

जिन अधिकारियों कर्मचारियों की ड्यूटी निर्वाचन कार्य में है, वह अब तक किए गए चुनावी प्रक्रिया की मॉनिटरिंग और आवश्यक कार्य का निष्पादन करेंगे। किसी भी मतदाता का नाम जोड़ना और हटाना नियमानुसार ही किया जाना है। प्रभारी अधिकारी इस कार्य का प्रतिदिन निगरानी रखेंगे। चुनावी प्रक्रिया, कानून, दिशा निर्देश, नवीनतम अपडेट आदि की जानकारी सभी अधिकारियों कर्मचारियों को होनी चाहिए। बैठक में कहा गया कि मतदाता सूची और चुनाव के सभी कार्यों को प्राथमिकता, विशेष निगरानी एवं त्रुटि रहित कार्य करना है। किसी प्रकार की लापरवाही के लिए अधिकारी कर्मचारी स्वयं जिम्मेदार होंगे। बैठक में अपर कलेक्टर निष्ठा पाण्डेय तिवारी, एसडीएम मोनिका वर्मा, स्निग्धा तिवारी, डिप्टी कलेक्टर टी आर माहेश्वरी और निर्वाचन से जुड़े अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.