Media24Media.com: डायरिया से बचाव

Responsive Ad Slot


 

Showing posts with label डायरिया से बचाव. Show all posts
Showing posts with label डायरिया से बचाव. Show all posts

गर्मियों में दस्त से बचाव के लिए सावधानी जरूरी, डायरिया का बढ़ जाता है खतरा

No comments Document Thumbnail

गर्मियों में बढ़ते तापमान के साथ बच्चों से लेकर बुजुर्गों में दस्त यानी डायरिया का खतरा बढ़ जाता है। डायरिया के लिए आमतौर पर लू और दूषित खानपान मुख्य कारण है। दूषित खाद्य या पेय पदार्थों में मौजूद वायरस, बैक्टीरिया या प्रोटोजोआ के कारण ही विभिन्न आयु के लोगों में डायरिया होता है। दस्त का इलाज अगर शुरुआत में नहीं किया जाए तो कई आपातकालीन स्थितियां बन सकती है और यह जानलेवा भी हो सकता है। 

गर्मियों में दस्त से बचाव के लिए सभी आयु वर्ग के लोगों को अपने खान-पान में विशेष सावधानी बरतने की जरूरत होती है। तीव्र डायरिया में दस्त के कारण शरीर में पानी और इलेक्ट्रोलाइट्स यानि सोडियम और पोटेशियम की मात्रा बहुत तेजी से कम होने लगती है जिससे शरीर में ऐंठन, बेहोशी जैसे लक्षण मिलते हैं। इन लक्षणों से पीड़ित को त्वरित उपचार नहीं मिलने पर डिहाइड्रेशन के कारण मौत भी हो सकती है ।

डॉक्टर संजय शुक्ला ने दी जानकारी

शासकीय आयुर्वेद कॉलेज रायपुर के सह-प्राध्यापक डॉक्टर संजय शुक्ला ने बताया कि डायरिया के घातक होने की संभावनाओं के मद्देनजर आम लोगों को अपने खान-पान की गुणवत्ता और आदतों पर सावधानी बरतने की जरूरत है। गर्मियों में भोजन और अन्य खाद्य पदार्थ अत्यधिक तापमान के कारण बड़ी जल्दी खराब हो जाते हैं। इसलिए बासी और खुले भोजन से बचना चाहिए और ताजा भोजन ही लेना चाहिए। इन दिनों बाजार में बिकने वाले खाद्य पदार्थों और शीतल पेय जैसे लस्सी, गन्ने और अन्य फलों के रस के सेवन में सावधानी बरतना चाहिए क्योंकि इनके संक्रमित या दूषित होने से दस्त सहित पेट से संबंधित अनेक रोगों की होने की संभावना ज्यादा होती है। 

परामर्श पर जिंक का टेबलेट देना चाहिए

गर्मियों में पाचन तंत्र कमजोर होता है और शारीरिक सक्रियता कम रहती है। इसलिए लोगों को तले-भुने, मसालेदार गरिष्ठ भोजन, फास्ट फूड, स्ट्रीट फूड, मांसाहार और शराब सेवन का परहेज करना चाहिए। दस्त होने पर भोजन में चावल या खिचड़ी, दही, केला, अनार को शामिल करना चाहिए। शिशुओं को मां का दूध, दाल या चावल का पानी यानी माढ़ और चिकित्सक के परामर्श पर जिंक का टेबलेट देना चाहिए ।

इन चीजों का करें सेवन

डॉक्टर संजय शुक्ला ने बताया कि आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति में डायरिया यानी अतिसार का मुख्य कारण त्रिदोष वात, पित्त और कफ का असंतुलन और पाचक अग्नि यानि जठराग्नि का मंद होना है। इसलिए इस पद्धति में अतिसार से बचने के लिए गर्मियों में भरपेट भोजन के बजाय थोड़ी-थोड़ी मात्रा में कई बार ताजा और सुपाच्य भोजन ग्रहण करने का निर्देश है। इस मौसम में बाजार में मिलने वाले कोल्ड ड्रिंक्स की जगह जीरा मिलाकर मठा यानी छाछ, नारियल पानी, नींबू पानी, बेल का शरबत, आम का पना आदि का सेवन करना चाहिए। 

विशेष सावधानी बरतने की जरूरत

गर्मियों में पेयजल की शुद्धता पर भी ध्यान देना आवश्यक है। घर में कटे फल और भोज्य पदार्थों को ढंक कर रखना चाहिए। इसके अलावा लोगों को व्यक्तिगत स्वच्छता पर भी ध्यान देना चाहिए। शौच के बाद और भोजन के पहले साबुन से अपने हाथों को अच्छी तरह से धोना चाहिए। उपयोग से पहले फलों और सब्जियों को अच्छी तरह से पानी से धो लेना चाहिए ताकि संक्रमण की संभावना न हो। डायरिया से पीड़ित रोगियों के उपचार में विशेष सावधानी बरतने की जरूरत होती है। 

डायरिया होने पर करें ये उपाय

अत्यधिक दस्त के कारण डिहाइड्रेशन की संभावना रहती है। इसलिए शुरूआत में ही रोगी को जीवन रक्षक घोल यानी ORS या घर में बने नमक-शक्कर का घोल, दाल या चावल का पानी पिलाते रहना चाहिए। रोगी को प्राथमिक उपचार देने के बाद अतिशीघ्र नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र ले जाएं या चिकित्सा विशेषज्ञ का परामर्श लें, ताकि आपातकालीन स्थिति न बने।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.