Media24Media.com: जनसम्पर्क

Responsive Ad Slot


 

Showing posts with label जनसम्पर्क. Show all posts
Showing posts with label जनसम्पर्क. Show all posts

जनसम्पर्क संचालनालय में हुई आंतरिक परिवाद समिति की बैठक

No comments Document Thumbnail

रायपुर। महिलाओं का कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न के संबंध में इन्द्रावती भवन नवा रायपुर स्थित जनसम्पर्क संचालनालय में गुरूवार को आंतरिक परिवाद समिति की बैठक आयोजित की गई। समिति की अध्यक्ष संयुक्त संचालक श्रीमती हर्षा पौराणिक ने महिलाओं का कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न (निवारण, प्रतिषेध और प्रतितोष) अधिनियम 2013 के प्रावधानों की जानकारी देते हुए बताया कि ऐसे सभी कार्यालय जहां न्यूनतम 10 कर्मचारी हो, आंतरिक परिवाद समिति का गठन किया जा सकता है। परिवाद समिति के गठन के लिए जरूरी नहीं है कि कार्यालय में 10 महिलाएं हों। कार्यालय में काम में नियोजित दैनिक महिला कर्मचारी भी आंतरिक परिवाद समिति में लैंगिक उत्पीड़न की शिकायत कर सकती है।

श्रीमती पौराणिक ने बताया कि लैंगिक उत्पीड़न में अश्लील साहित्य दिखाना, टिप्पणी करना, लैंगिक प्रकृति का अवांछनीय शारीरिक, मौखिक या अमौखिक आचरण भी शामिल है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को जागरूक होने की जरूरत है। बदलते समय के साथ महिलाओं में झिझक और डर कम हुआ है और महिलाएं आगे आकर अपनी बात कहने लगी हैं। उन्होंने बताया कि परिवाद समिति की जानकारी के संबंध में हर कार्यालय के बाहर बोर्ड लगाने का नियम भी लैंगिक उत्पीड़न अधिनियम के प्रावधानों में दिया गया है, जिससे अधिनियम और उसमें दिए गए अधिकारों के बारे में सभी महिलाओं को जानकारी हो सके।

आंतरिक परिवाद समिति की सदस्य और वरिष्ठ महिला पत्रकार सुश्री शगुफ्ता शीरीन ने कहा कि लैंगिक उत्पीड़न के प्रावधानों के संबंध में महिलाओ में जागरूकता की जरूरत है। समिति में की गई शिकायत गोपनीय रहती है। महिलाओं को बिना शर्म और डर के अपनी बात समिति में रखनी चाहिए। साथ ही उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए यह अधिनियम बनाया गया है, उन्हें इसके दुरूपयोग से बचना चाहिए। बैठक में उप संचालक श्रीमती नीलिमा अग्रवाल, सहायक संचालक श्रीमती तौकीर जाहिद, सहायक जनसम्पर्क अधिकारी सुश्री रीनू ठाकुर, डाटा एन्ट्री ऑपरेटर श्रीमती प्रतिभा पांडेय सहित संचालनालय की अन्य महिला कर्मचारीगण उपस्थित थीं।  

212 पदों पर भर्ती हेतु प्लेसमेंट कैम्प का आयोजन 10 जुलाई को

No comments Document Thumbnail

धमतरी। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र धमतरी द्वारा आगामी 10 जुलाई को सुबह 11 से शाम चार बजे तक कम्पोजिट भवन के कमरा नंबर 45 में प्लेसमेंट कैम्प का आयोजन किया जाएगा। इसमें निजी क्षेत्र के नियोजक द्वारा सिक्युरिटी गार्ड, सहायक/सिक्युरिटी सुपरवाइजर, कारपेंटर, मार्केटिंग और जनसम्पर्क अधिकारी के कुल 212 पदों पर भर्तीयां की जाएगी। 

                                          

रोजगार अधिकारी ने बताया कि ऐसे आवेदक जिनकी शैक्षणिक योग्यता आठवीं, दसवीं, बारहवीं और स्नातक हो, वे प्लेसमेंट कैम्प की प्रक्रिया में शामिल हो सकते हैं। आवेदकों को शैक्षणिक, तकनीकी योग्यता, निवास, जाति प्रमाण पत्र, रोजगार कार्यालय का पंजीयन और दो पासपोर्ट साईज फोटो के साथ नियत तिथि एवं समय पर उपस्थित होने कहा गया है।

जनसम्पर्क विभाग द्वारा दिये जाने वाले राज्य सम्मान 2022 हेतु प्रविष्टियां आमंत्रित

No comments Document Thumbnail

रायपुर। जनसम्पर्क विभाग छत्तीसगढ़ शासन, द्वारा प्रख्यात पत्रकार स्वर्गीय चन्दूलाल चन्द्राकर और स्वर्गीय मधुकर खेर की स्मृति में दिए जाने वाले राज्य अलंकरण पुरस्कार के लिए प्रविष्टि 23 सितम्बर 2022 तक आमंत्रित की गई है। राज्य की संस्कृति, समृद्धि और विकास के संबंध में रचनात्मक लेखन के लिए पत्रकारों को प्रोत्साहित करने और उत्कृष्ट रिपोर्टिंग के लिए उन्हें सम्मानित करने के लिए चन्दूलाल चन्द्राकर स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार और मधुकर खेर स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार की स्थापना की गयी है। ये पुरस्कार क्रमशः दो-दो पत्रकारों को दिए जाएंगे। इनमें से दो प्रिंट मीडिया से और दो इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से होंगे।




पुरस्कार के लिए प्रविष्टि 23 सितम्बर 2022 तक संचालक, जनसम्पर्क संचालनालय, भूतल, इन्द्रावती भवन, नवा रायपुर अटल नगर, जिला-रायपुर (छत्तीसगढ़) 492002 के पते पर निर्धारित प्रारूप में सीलबंद लिफाफे में पंजीकृत डाक द्वारा भेजे जा सकते हैं। प्रविष्टि से संबंधित सीलबंद लिफाफे के ऊपर चन्दूलाल चन्द्राकर स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार 2022 अथवा मधुकर खेर स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार 2022 स्पष्ट रूप से लिखा होना चाहिए। निर्धारित समय सीमा के बाद प्राप्त प्रविष्टियों पर विचार नहीं किया जाएगा। इन पुरस्कारों से संबंधित नियम और आवेदन प्रारूप जनसम्पर्क विभाग की वेबसाइट www.dprcg.gov.in से डाउनलोड किये जा सकते हैं।

चन्दूलाल चन्द्राकर स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार:- इस पुरस्कार के अंतर्गत दो चयनित पत्रकारों को रूपए 50 हजार- 50 हजार रूपए (रूपए पचास-पचास हजार) की सम्मान राशि दी जाएगी। इनमें से एक पुरस्कार प्रिंट मीडिया के लिए तथा दूसरा पुरस्कार इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के लिए होगा। पुरस्कार हिंदी या छत्तीसगढ़ी में प्रिंट मीडिया में प्रकाशित राष्ट्रीय या प्रादेशिक स्तर की उत्कृष्ट रिपोर्टिंग अथवा आलेख एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से प्रसारित राष्ट्रीय या राज्य स्तर के हिंदी या छत्तीसगढ़ी कार्यक्रम, जो छत्तीसगढ़ राज्य से संबंधित हों, के लिए होंगे।

मधुकर खेर स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार:- इस पुरस्कार के अंतर्गत दो चयनित पत्रकारों को 50 हजार 50 हजार रूपए (रूपए पचास-पचास हजार) की सम्मान राशि दी जाएगी। इनमें से एक पुरस्कार प्रिंट मीडिया के लिए और दूसरा पुरस्कार इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के लिए होगा। पुरस्कार अंग्रेजी भाषा में प्रिंट मीडिया में प्रकाशित राष्ट्रीय या प्रादेशिक स्तर की उत्कृष्ट रिपोर्टिंग अथवा आलेख एवं अंग्रेजी भाषा में ही इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से प्रसारित राष्ट्रीय या राज्य स्तर के अंग्रेजी कार्यक्रम जो छत्तीसगढ़ राज्य से संबंधित हों, के लिए होंगे।

पुरस्कार के लिए व्यक्ति स्वयं प्रविष्टि दे सकेगा अथवा किसी उपयुक्त व्यक्ति के लिए किसी भी पंजीकृत समाचार पत्र-पत्रिका या इलेक्ट्रॉनिक मीडिया या संपादकीय प्रमुख अथवा छत्तीसगढ़ या भारत का कोई भी अधिमान्यता प्राप्त पत्रकार प्रस्तावक हो सकेगा। प्रविष्टियां पुरस्कार वर्ष के सितंबर माह के पूर्व वर्ष के 31 अगस्त से एक वर्ष के बीच किए गए रचनात्मक लेखन अथवा रिपोर्टिंग से संबंधित होने चाहिए। पुरस्कार हेतु विचारार्थ प्रविष्टि किसी एक प्रकाशित या प्रसारित सामग्री की सत्यापित कतरन या सीडी या डीवीडी के रूप में छह प्रतियों में आवेदन के साथ संलग्न करना होगा। आवेदक अथवा प्रस्तावक द्वारा प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा कि पुरस्कार के लिए बताए गए तथ्य वास्तविक हैं।

कलेक्टर सरगुजा कुंदन कुमार के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित

No comments Document Thumbnail

रायपुर। छत्तीसगढ़ जनसम्पर्क अधिकारी संघ द्वारा सरगुजा कलेक्टर कुंदन कुमार द्वारा दो जनसम्पर्क अधिकारियों से अमर्यादित व्यवहार, अपशब्दों के प्रयोग के मामले पर संघ की बैठक में निंदा प्रस्ताव पारित किया गया। संघ ने मुख्यमंत्री से इस विषय में तत्काल संज्ञान लेकर कलेक्टर सरगुजा के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है। संघ ने यह भी मांग की है कि कलेक्टर सरगुजा अपने अमर्यादित व्यवहार के लिए खेद व्यक्त करें। इसके साथ ही नियम विरूद्ध किए गए जनसम्पर्क अधिकारी का संलग्नीकरण भी तत्काल निरस्त करें। 



जनसम्पर्क अधिकारियों से अमर्यादित व्यवहार और अपशब्दों के प्रयोग का मामला

इस सम्बंध में संघ का प्रतिनिधिमण्डल जल्द ही मुख्यमंत्री से भी मिलेगा। छत्तीसगढ़ जनसम्पर्क अधिकारी संघ की आज हुई कार्यकारिणी की बैठक में कलेक्टर सरगुजा कुंदन कुमार द्वारा सहायक संचालक दर्शन सिंह सिदार एवं सहायक सूचना अधिकारी सुखसागर वारे के साथ किए गए अमर्यादित व्यवहार और धमकी के साथ श्री वारे को अनाधिकृत रूप से अनुविभागीय दण्डाधिकारी कार्यालय सरगुजा में संलग्न करने का कड़ा विरोध व्यक्त करने निर्णय लिया गया है। 

साथ ही संघ द्वारा कलेक्टर के इस अमर्यादित कृत्य के लिए निंदा प्रस्ताव भी पारित किया गया है छत्तीसगढ़ जनसम्पर्क अधिकारी संघ के अध्यक्ष बालमुकुंद तंबोली ने कहा है कि कलेक्टर द्वारा जनसम्पर्क अधिकारियों के साथ अमर्यादित व्यवहार और माननीय मुख्यमंत्री जी के ही प्रचार-प्रसार के औचित्य पर प्रश्न उठाना अत्यंत खेद जनक है। तंबोली ने बताया कि जनसम्पर्क कार्यालय अम्बिकापुर में पदस्थ दोनों ही अधिकारी अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के हैं। ऐसी स्थिति में कलेक्टर सरगुजा द्वारा अधिकारियों से अमर्यादित व्यवहार असंवैधानिक और राज्य सरकार की रीति-नीति के भी विपरीत है।

अध्यक्ष तंबोली ने यह भी कहा है कि माननीय मुख्यमंत्री भूपेश बघेल जनसम्पर्क विभाग के भार साधक मंत्री भी हैं। समस्त शासकीय कार्यों और योजनाओं का प्रचार-प्रसार माननीय मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में ही किया जाता है।  यह प्रतीत होता है कि सरगुजा कलेक्टर कुंदन कुमार व्यक्तिगत प्रचार-प्रसार के आदी हैं। गौरतलब है कि कलेक्टर सरगुजा कुंदन कुमार द्वारा बैठक में शासकीय अधिकारियों को निलंबित करने या कार्यवाही सहित कई प्रकार के निर्देश दिए जाते हैं और जब उनके निर्देश अनुसार जनसम्पर्क अधिकारियों द्वारा समाचार जारी किए जाते हैं 

तो कलेक्टर द्वारा इसे नेगेटिव प्रचार-प्रचार की संज्ञा देकर सहायक संचालक श्री दर्शन सिंह सिदार एवं सहायक सूचना अधिकारी वारे के साथ डांट-फटकार, गाली-गलौच और अमर्यादित व्यवहार किया जाता है। कलेक्टर द्वारा यह कहा जाता है कि जनसम्पर्क अधिकारी केवल मुख्यमंत्री का ही प्रचार-प्रसार करते हैं। आप लोग कलेक्टर का पावर नहीं जानते हो, अगर कलेक्टर को गुस्सा आ गया तो यहां दिखाई नहीं दोगे। अध्यक्ष तंबोली ने यह भी कहा कि जनसम्पर्क अधिकारी सोकर उठते ही सुबह से अपने काम में लग जाते हैं। 

गर्मी, सर्दी, बरसात से लेकर होली, दीपावली, तीज, त्यौहार सभी अवकाश के दिनों में भी पूरी निष्ठा और कर्मठता से शासन के प्रचार-प्रसार का काम करते हैं। कलेक्टर सरगुजा का इस तरह का अशोभनीय और अमर्यादित व्यवहार कर्मठ अधिकारियों के मनोबल को गिराने वाला और उन्हें हतोत्साहित करने वाला है। छत्तीसगढ़ जनसम्पर्क अधिकारी संघ ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल जी से विभाग के भारसाधक मंत्री होने के नाते संरक्षण प्रदान करते हुए मांग की है

 कि कलेक्टर सरगुजा के विरूद्ध तत्काल कार्रवाई की जाए और उन्हें अपने अमर्यादित व्यवहार के लिए खेद व्यक्त करने के निर्देश दिए जाएं। इसके साथ ही एसडीएम कार्यालय सीतापुर में अनाधिकृत रूप से संलग्न किए गए अधिकारी का संलग्नीकरण भी तत्काल प्रभाव से निरस्त किया जाए। बैठक में संघ के संरक्षक उमेश मिश्रा, संजीव तिवारी, उपाध्यक्ष पवन गुप्ता, हीरा देवांगन, सचिव राजेश श्रीवास, कोषाध्यक्ष लक्ष्मीकांत कोसरिया, कार्यकारिणी सदस्य सौरभ शर्मा, सचिन शर्मा, नितिन शर्मा, कमलेश साहू, पाराशर सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.