Media24Media.com: कैरियर

Responsive Ad Slot


 

Showing posts with label कैरियर. Show all posts
Showing posts with label कैरियर. Show all posts

राज्यपाल से मिले हाई स्कूल के विद्यार्थी, डेका ने जीवन में सफलता के लिए दिया मार्गदर्शन

No comments Document Thumbnail

रायपुर। राज्यपाल रमेन डेका से आज राजभवन में रायपुर के निजी स्कूल के विद्यार्थियों ने सौजन्य मुलाकात की। इस अवसर पर डेका ने बच्चों को जीवन और कैरियर में सफलता पाने के लिए मार्गदर्शन दिया और विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया। विद्यार्थियों ने राज्यपाल की बातों को पूरे उत्साह से ध्यानपूर्वक सुना।

राज्यपाल ने विद्यार्थियों से उनके सपनों और हॉबी पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि अनुशासन और धैर्य सफलता की कुंजी हैं। यदि किसी परीक्षा में सफलता न मिले तो उसके विकल्प तैयार रखें। विद्यार्थी यूपीएससी की परीक्षा देना चाहते हैं, उसके लिए पूरी लगन के साथ तैयारी करें लेकिन अन्य विकल्पों पर भी ध्यान दें।

डेका ने कहा कि हर विद्यार्थी को अपनी हॉबी विकसित करना चाहिए क्योंकि यह व्यक्तित्व निर्माण में सहायक होते हैं। एक छात्रा ने संगीत से जुड़े अपने हॉबी का जिक्र किया। इस पर राज्यपाल ने कहा कि संगीत जीवन के लिए महत्वपूर्ण है, इसमें विज्ञान भी निहित है। विद्यार्थियों ने जब राजनीति के बारे में पूछा तो राज्यपाल ने कहा कि अच्छे लोगों को राजनीति में आना चाहिए। उन्होंने कहा कि चुनौतियों का समाधान करने के लिए सही समय पर सही निर्णय लेना जरूरी है और गुस्से में कोई निर्णय नहीं लेना चाहिए। उन्होंने अनुभव, तर्कशक्ति और निर्णय क्षमता को जीवन में सफलता के लिए अहम बताया।

डेका ने कहा कि सतत् विकास सबसे जरूरी विषय है। हमें अपनी पृथ्वी और पर्यावरण को बचाने के लिए काम करना होगा। हमें अपने वातावरण को स्वच्छ रखना होगा। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में 45 प्रतिशत वन क्षेत्र है यह बात उन्हें बहुत प्रभावित करती है। राज्यपाल ने विद्यार्थियों से कहा कि वे मेहनत और लगन के साथ पढ़ाई करें और टॉपर बनने का लक्ष्य रखें। उन्होंने बताया कि इस वर्ष के बोर्ड परीक्षाओं के टॉपर विद्यार्थियों को उनके द्वारा 5 हजार रूपये की प्रोत्साहन राशि भी दी गई है। इस अवसर पर रेयान इंटरनेशनल स्कूल के प्राचार्य श्रीमती धनेश्वरी शर्मा, मैनेजर एवं अन्य स्टॉफ के साथ विद्यार्थियों को राजभवन का भ्रमण भी कराया गया।


बच्चों को शिक्षा देने के लिए सरल और रोचक तरीके का करे उपयोग : कलेक्टर डॉ भुरे

No comments Document Thumbnail

रायपुर। बच्चों को बचपन में यदि कोई सीख दी जाती है। उसे इस समय जो पढ़ाया-सिखाया जाता है और वह उसे बेहतर कैरियर बनाने के काम आता है। वहीं अच्छे भविष्य की नींव रहती है। बच्चे को सरल ढंग से कुछ सिखाया जाता है वह आसानी से सीखता है, इसलिए बच्चों को शिक्षा देने के लिए सहज और रोचक तरीके का उपयोग करना चाहिए। यह बात कलेक्टर डॉ सर्वेश्वर नरेन्द्र भुरे ने सम्पर्क फाउंडेशन के रेडक्रास सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम में कही। इस अवसर पर उन्होंने सम्पर्क फाउंडेशन के ब्रोशर और ग्रेड 1 से 3 की गणित और अंग्रेजी के पुस्तकों का विमोचन भी किया।

कलेक्टर डॉ भुरे ने कहा कि संपर्क फाउडेंशन द्वारा जो किट और टूल्स स्कूलों में दिए जा रहे है। उससे बच्चों को उनके पढ़ाई अच्छा सहयोग मिलेगा। साथ ही वे पाठ्यक्रम को आसानी से समझ सकेंगे। शिक्षकों को भी इससे पढ़ाने में मदद मिलेगी और हमें बेहतर परिणाम मिलने में सहायता मिलेगी। उन्होंने कहा कि सामान्यतः यह भी अनुभव किया गया है कि शासकीय संस्थाओं के साथ अशासकीय संस्थांऐ मिलकर कार्य करती है तो नई तकनीक सीखने मिलती है और दक्षता भी आती है।

नीति आयोग के पूर्व विशेष सचिव एवं सम्पर्क फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ. के राजेश्वर राव ने कहा कि हमारी संस्था का उद्देश्य शिक्षा का नवाचार लाना है। हमारे द्वारा स्कूलों में सम्पर्क टी.वी. ऑडियो बॉक्स, अंग्रेजी और गणित के किट प्रदान किये जा रहे है। सम्पर्क टी.वी ऐसा डिवाइस है जो बिना इंटरनेट के चल सकता है आसानी से टी.वी से कनेक्ट किया जा सकता है। इसमें कक्षावार विषयवार वीडियो विजुअल डाले गए है। यहां बच्चों पर केंद्रित पाठ्यक्रम को शामिल किया गया है, जो बच्चों को आसानी से सिखने में मदद करती है। साथ ही एक ऑडियो बॉक्स भी शामिल है जिसमें पाठ्क्रम की रिकॉडिंग रहती है। जिसे सुनकर बच्चा आसानी से सीख सकता है।

गौरतलब संस्था के प्रतिनिधियों ने बताया कि पायलेट प्रोजेक्ट के रुप में इसे रायपुर जिले में संचालित किया जा रहा है। संस्था के संपर्क टीवी और गणित, अंग्रेजी के किट जिले के 80 स्कूलों प्रदाय किये गए हैं। साथ ही संस्था के प्रतिनिधि शिक्षकों के साथ समन्वय बनाकर कार्य कर रहे हैं।

बच्चों की रूचि को पहचानकर कैरियर चुनने के लिए दें मार्गदर्शन: स्कूल शिक्षा सचिव डॉ. दासन

No comments Document Thumbnail

रायपुर। स्कूल शिक्षा सचिव डॉ. एस भारती दासन ने कहा कि शिक्षक बच्चों को अपने कैरियर का चुनाव करने के लिए उनकी रूचि को पहचाने और मार्गदर्शन करें। डॉ. भारती दासन उजियारा कैरियर मार्गदर्शन एवं परामर्श कार्यक्रम के तहत राज्य से चयनित मास्टर ट्रेनर के प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

स्कूल शिक्षा सचिव डॉ. एस भारती दासन और प्रबंध संचालक समग्र शिक्षा श्रीमती इफ्फत आरा उजियारा कार्यक्रम का शुभारंभ भी किया। राज्य स्तरीय कार्यक्रम के शुभारंभ के पश्चात जिलों एवं स्कूलों में कार्यक्रम का संचालन होगा जिसमें प्रत्येक हाईस्कूल एवं हायरसेकेण्डरी स्कूल से एक-एक शिक्षक का कैरियर काउंसलर के रूप में चयन कर उन्हें मास्टर ट्रेनर द्वारा प्रशिक्षण दिया जाएगा। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शासकीय स्कूलों के बच्चों के कैरियर के चुनाव एवं उज्जवल भविष्य के निर्माण से संबंधित था। कार्यशाला में 500 कैरियर कार्ड से संबंधित रिव्यू एवं चर्चा हुई। कार्यशाला का आयोजन यूनिसेफ और समग्र शिक्षा द्वारा 19 से 22 जून तक संयुक्त रूप से किया गया। कार्यशाला में राज्य से चयनित 66 हाईस्कूल और हायरसेकेण्डरी के शिक्षकों को मास्टर ट्रेनर का प्रशिक्षण दिया गया।

स्कूल शिक्षा सचिव डॉ. एस भारती दासन ने कार्यशाला में उपस्थित मास्टर ट्रेनर शिक्षकों से कहा कि बच्चें अपने आसपास में जिनके संपर्क में आते हैं वे उसी को अपने कैरियर के लिए चुन लेते हैं, जैसे- डाक्टर, शिक्षक, पुलिस इत्यादि। उन्होंने कहा कि हमें बच्चों को उनके कैरियर के चुनाव के लिए अलग-अलग विकल्पों के बारे में चर्चा करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि शिक्षक के रूप में आप सब की यह भूमिका होनी चाहिए कि दसवीं के बाद विषय का चुनाव और बारहवीं कक्षा के बाद बच्चों को अपने कैरियर के चुनाव करने केे लिए उनकी रूचि को पहचाने तथा मार्गदर्शन करें।

स्कूल शिक्षा सचिव ने कहा कि ज्यादातर बच्चों को विज्ञान या गणित विषय का चुनाव कर डाक्टर या इंजीनियर बनने का सुझाव दिया जाता है। उन्होंने कहा कि कला (आर्ट्स) विषय के माध्यम से भी बच्चें अपने कैरियर का चुनाव किन-किन क्षेत्रों में कर सकते हैं, इसकी जानकारी बच्चों को देना आवश्यक है। बच्चों के साथ-साथ उनके माता-पिता क साथ भी चर्चा करना आवश्यक है, जिससे बच्चों की रूचि एवं भविष्य में उनके द्वारा चयन किए जाने वाले कैरियर के बारे में चर्चा हो। माता-पिता को उस बात के लिए भी प्रेरित करना आवश्यक है कि वह अपनी इच्छा को बच्चों पर न थोपें बल्कि बच्चों की रूचि को ध्यान में रखते हुए उनका सहयोग करें।

एविएशन के क्षेत्र में छात्राओं के लिए हैं बहुत से अवसर

No comments Document Thumbnail

रायपुर। एविएशन के क्षेत्र में बहुत से मौके और अवसर हैं छात्राएं इस क्षेत्र में अपना कैरियर चुन सकती हैं। राजधानी रायपुर के शासकीय डी. बी. गर्ल्स कॉलेज रायपुर में एविएशन के क्षेत्र में छात्राओं को कैरियर चयन और मार्गदर्शन देने के लिए कल सेमिनार का आयोजन कैरियर काउंसलिंग एवं प्लेसमेंट सेल तथा आई.क्यू.ए.सी. के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।



इंटरनेशनल इंस्टिट्यूट ऑफ एविएशन की स्पीकर ने छात्राओं को एविएशन में रोजगार की संभावनाओं, व्यक्तित्व विकास, संप्रेषण कौशल और ग्राउंड जॉब, तकनीकी जॉब व अन्य अवसरों की जानकारी दी। उन्होंने इस क्षेत्र में चयन में आने वाली मुश्किलों पर भी बात की। उन्होंने सभी एयरलाइंस के बारे में विस्तार से बताया। इस क्षेत्र में कम उम्र से ही आय की शुरुआत के बारे में बताया। छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रश्न किए और अपनी शंकाएं रखीं।


सेमिनार में राधा यादव, सुभाष चौरे और सौरभ दुबे ने अपने इंस्टिट्यूट में संचालित विभिन्न कोर्स के विषय में जानकारी देते हुए बताया कि छात्राएं बी.ए. इन ट्रैवल एंड टूरिज्म, बी.कॉम. इन लॉजिस्टिक एंड कार्गाे, बी.बी.ए. एविएशन के साथ-साथ एयरपोर्ट ग्राउंड मैनेजमेंट, डिप्लोमा इन ट्रैवल टूरिज्म एंड हॉस्पिटैलिटी के साथ-साथ एडवांस डिप्लोमा इन एयरलाइंस, केबिन क्रू की पढ़ाई व प्रशिक्षण भी ले सकती हैं। यहां ऐड ऑन कोर्सेज इन एविएशन भी चलाया जाता है। शासकीय डी. बी गर्ल्स कॉलेज की प्राचार्य डॉ किरण गजपाल ने सेमिनार में कहा कि छात्राओं को एवियेशन इंडस्ट्री की जानकारी देने से उनका कमर्शियल इंडस्ट्री वैल्यू भी बढ़ता है जो कि आने वाले समय में छात्राओं को कैरियर बनाने में सहायता देगा।

इस अवसर पर कैरियर एवं काउंसलिंग प्रकोष्ठ की संयोजिका डॉ. वासु वर्मा, आई.क्यू.ए.सी. प्रभारी डॉ. उषा किरण अग्रवाल, वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. श्रद्धा गिरोलकर एवं कैरियर गाइडेंस सेल की डॉ.रागिनी पांडे, डॉ.रमा सरोजिनी, डॉ. रेखा दीवान, डॉ. कल्पना मिश्रा, डॉ. गौतमी भतपहरी, डॉ रितु मारवाह, के साथ-साथ वरिष्ठ  प्राध्यापक डॉ प्रीति शर्मा, डॉ शंपा चौबे, डॉ. अनुभा झा, डॉ. नंदा गुरवारा, प्रमिला नागवंशी, ज्योति मिश्रा एवं महाविद्यालय के प्राध्यापक गण उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. कल्पना मिश्रा ने किया। अंत में डॉ रेखा दीवान ने आभार व्यक्त किया। सेमिनार में बड़ी संख्या में छात्राएं शामिल हुईं।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.