Media24Media.com: कलाकारों

Responsive Ad Slot


 

Showing posts with label कलाकारों. Show all posts
Showing posts with label कलाकारों. Show all posts

मांदर बजाते हुए कलाकारों के साथ थिरके मुख्यमंत्री साय

No comments Document Thumbnail

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राज्योत्सव की द्वितीय संध्या को जनसंपर्क विभाग की छायाचित्र प्रदर्शनी का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर वहां मौजूद कलाकारों के पास पहुंचे और मांदर बजाकर अपनी प्रसन्नता का इजहार किया। मुख्यमंत्री साय कलाकारों के साथ मांदर की थाप पर थिरकते हुए आज अलग अंदाज में नजर आए। मुख्यमंत्री का छत्तीसगढ़ी कला-संस्कृति से जुड़ाव और उनके सहज-सरल व्यवहार को देखकर लोग उनके मुरीद हो गए और तालियां बजाकर अपनी खुशी का इजहार किया। मुख्यमंत्री को इस मौके पर रिखी क्षत्रीय ने अपनी ओर से मांदर भेंट किया।

गौरतलब है कि जनसंपर्क विभाग की प्रदर्शनी में राज्य की विभिन्न योजनाओं, विकास कार्यों और जनहितकारी परियोजनाओं को प्रदर्शित किया गया है। मुख्यमंत्री ने प्रदर्शनी में दिखाई गई योजनाओं और उपलब्धियों की सराहना की और इसे जनता के बीच जागरूकता बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम बताया। इस अवसर पर उन्होंने वहां एलईडी टीव्ही के माध्यम से प्रसारित हो रहे पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी द्वारा संयुक्त राष्ट्र महासभा में हिन्दी में दिए गए भाषण को हेडफोन लगाकर सुना।

गौरतलब है 4 अक्टूबर, 1977, भारत के विदेश मंत्री के तौर पर स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी देश का प्रतिनिधित्व करते हुए उन्होंने संयुक्त राष्ट्र महासभा में हिन्दी में अपना भाषण दिया था। उन्होंने अपने भाषण में परमाणु निरस्त्रीकरण, आतंकवाद जैसे कई गंभीर मुद्दे उठाए थे। हिंदी में बोलने की वजह से ही उनका यह भाषण अविस्मरणीय और ऐतिहासिक हो गया। उन्होंने कहा कि भारत सभी देशों से मैत्री चाहता है और भारत विश्व शांति के लिए हमेशा अग्रणी भूमिका निभाएगा। उन्होंने वसुधैव कुटुंबकम की अवधारणा को विश्व मंच पर पुरजोर तरीके से रखते हुए कहा कि मैं भारत की ओर इस महासभा को आश्वासन देता हूं कि हम एक विश्व के आदर्शों की प्राप्ति और मानव के कल्याण तथा उसके गौरव के लिए त्याग और बलिदान की बेला कभी पीछे नहीं रहेंगे।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के भाषण को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह भारत को गौरवान्वित करने वाला है। मुख्यमंत्री साय ने जनसंपर्क विभाग की प्रदर्शनी में प्रश्न माला कार्यक्रम में विजेता रही दानी स्कूल और काली बाड़ी स्कूल के छात्राओं को पुरस्कृत किया और उनका हौंसला बढ़ाया। छात्रा लविना वर्मा, किरण साहू सुमन, महिमा वर्मा, दीपिका धीवर ने मुख्यमंत्री को इस तरह के आयोजन समय-समय पर कराए जाने का आग्रह किया। जनसंपर्क की प्रदर्शनी में रिखी क्षत्रिय भिलाई ने छत्तीसगढ की संस्कृति को संजोकर रखने और उनका प्रचार प्रसार करने के लिए छत्तीसगढ के वाद्ययंत्रों को प्रदर्शित किया गया है।

चक्रधर समारोह-2024 : क्लासिकल आर्ट को बनाए रखने में योगदान दें : जस्टिस संजय अग्रवाल

No comments Document Thumbnail

रायपुर। सुर-ताल, लय तथा छंद और घुंघरू के संगीतबद्ध 39 बरस के इस चक्रधर समारोह में आज आठवें दिन मुम्बई, दिल्ली, कोलकाता और सतना सहित रायगढ़ घराना के कलाकारों द्वारा भरतनाट्यम, कुचिपुड़ी, मणिपुरी और शास्त्रीय गायन ने रसिकजनों व दर्शकों को मत्रमुग्ध कर दिया। इन कलाकारों द्वारा शास्त्रीय संगीत से पिरोए हुए गणपति अराधना, शिववंदना, राधा-कृष्ण के रासलीला और कृष्ण व सखा के माखन चोरी की बेजोड़ एवं जीवंत प्रस्तुति ने दर्शकों को भावविभोर होने पर मजबूर कर दिया। वहीं रायगढ़ घराना के कथक की शानदार प्रस्तुति ने समारोह में विशेष छटा बिखेरा।


चक्रधर समारोह में शामिल हाईकोर्ट जस्टिस संजय अग्रवाल ने कार्यक्रम की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि क्लासिकल आर्ट धीरे-धीरे कम होता जा रहा है। क्लासिकल आर्ट को बनाए रखने के लिए हमें योगदान देने की जरूरत है। कार्यक्रम के माध्यम से मंच देकर क्लासिकल आर्ट को बढ़ावा दिया जाना चाहिए। कार्यक्रम को सफल बनाने में रायगढ़वासियों का बड़ा योगदान है। उन्होंने कहा कि अनुभव और एनर्जी से कला को और आगे बढ़ाया जा सकता है। उन्होंने सभी कलाकारों को शुभकामनाएं और बधाई भी दी। समारोह में हाई कोर्ट जस्टिस संजय अग्रवाल, सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह, प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश जितेंद्र कुमार जैन, कलेक्टर कार्तिकेया गोयल, एसपी दिव्यांग पटेल ने मुंबई की भरतनाट्यम कलाकार कृष्णभद्रा नम्बूदरी, मणिपुरी नृत्यांगना सुश्री पौशाली चटर्जी तथा शास्त्रीय गायक विनोद मिश्रा को सम्मानित किया।

कोलकाता की पौशाली चटर्जी ने राधा-कृष्ण होली, कृष्ण और सखा के माखनचोरी को मणिपुरी नृत्य के माध्यम से दर्शकों के सामने पेश की। वहीं मुंबई की प्रख्यात भरतनाट्यम कलाकार सुश्री कृष्णभद्रा नम्बूदरी ने दक्षिण भारत के मंदिरों में प्रस्तुत गणेश वंदना को नृत्य के माध्यम से जीवंत किया।

कार्यक्रम में सतना से आए विख्यात संगीतकार विनोद मिश्रा ने शास्त्रीय गायन की प्रस्तुति दी। इसी तरह डॉ.रघुपतरुनी श्रीकांत के नेतृत्व में गणपति और शिव वंदना, विवाह के अवसर को बहुत ही द्रुत गति से भावभंगिमाओं के साथ कलाकारों ने मंच पर प्रस्तुति देकर दर्शकों को अपनी ओर लगातार देखने को मजबूर किया। इसी तरह कथक नृत्य के साथ नृत्यांगनाओं ने भी अपनी बेहतरीन प्रस्तुति से मंच पर खुशबू बिखेरी। शिव की उपासना और कृष्ण रास लीला से माहौल भक्तिमय हो गया। नन्हीं कलाकारों ने अपने नृत्य कौशल से दर्शकों को मंत्र मुग्ध कर दिया।

चक्रधर समारोह के आठवें दिन रायगढ़ के कलाकारों ने मंच पर प्रथम प्रस्तुति देकर कार्यक्रम की शुरूआत की। सर्वप्रथम सुश्री अनन्ता पाण्डेय और शाश्वती बनर्जी ने कथक नृत्य कर खूब तालियाँ बटोरी। शाश्वती बनर्जी ने शिव की उपासना को अपने नृत्य में प्रस्तुति दी। इसी सुश्री तब्बू परवीन के नेतृत्व में उनकी शिष्याओं ने कथक को कृष्ण रासलीला के रूप में बहुत ही सुंदर रूप में मंचन किया। नन्हीं कलाकारों ने अपनी खूबसूरती से दर्शकों को अपनी ओर बांधे रखा। सभी ने इस रासलीला की प्रशंसा की। इन सभी कलाकारों का अभिनंदन राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह सहित अन्य अतिथियों ने शॉल, श्रीफल और स्मृति चिन्ह के साथ स्वागत-सम्मान किया।

कार्यक्रम की अगली प्रस्तुति में रायपुर की कथक कलाकार सुश्री संगीता कापसे, गीतिका चक्रधर और राधिका शर्मा ने मंच पर रामलला के जीवन दर्शन को नृत्य में प्रस्तुत किया। वहीं कार्यक्रम की अगली प्रस्तुति में मुंबई की प्रख्यात भरतनाट्यम कलाकार सुश्री कृष्णभद्रा नम्बूदरी ने दक्षिण भारत के मंदिरों में प्रस्तुत गणेश वंदना को नृत्य के माध्यम से जीवंत किया। उन्होंने तकनीकी टीम के सहयोग से भाव भंगिमाओं के साथ आकर्षक भरतनाट्यम की प्रस्तुति दी।

कोलकाता की सुश्री पौशाली चटर्जी ने आकर्षक वेशभूषाओं में अपनी सहयोगियों के साथ मणिपुरी नृत्य की सुंदर प्रस्तुति दी। उन्होंने राधा-कृष्ण और गोपियों के साथ होली खेलने के भाव को जीवंत किया। पौशाली चटर्जी ने कृष्ण के बाल रूप को मंच पर माखनचोरी के दृश्य को मणिपुरी नृत्य के माध्यम से प्रस्तुत किया। सुश्री चटर्जी ने अपनी सहयोगियों के साथ मृदंग वादन और हाथों की तालियों को बहुत ही लयबद्ध ढंग से प्रस्तुत किया। उन्होंने वृंदावन का वर्णन और दशावतार को नृत्य में प्रस्तुत किया। नृत्यांगना पौशाली के साथ उनकी वरिष्ठ शिष्याएँ-श्रीपर्णा सरकार, मौमिता हाजरा, अंकिता घोराई और रत्ना मजूमदार और तन्मना रॉय और सुवरा भौमिक, झिनुक रॉय चक्रवर्ती ने प्रस्तुति दी। सतना से आए विख्यात संगीतकार  विनोद मिश्रा (खयाल और ठुमरी ग्वालियर घराना) ने रागमाला, शास्त्रीय गायन की प्रस्तुति दी। उन्होंने मान जाओ सैंया..आ जा बलम परदेश... जैसे गीत अपने अंदाज में प्रस्तुत की। उनकी प्रस्तुति को श्रोताओं ने तन्मयता से सुना।

श्रीकाकुलम से आये कुचिपुड़ी के नृत्यांगनाओं ने संगीत के धुनों में अपने आपको आत्मसात करते हुए बहुत ही शानदार सामूहिक नृत्य की प्रस्तुति दी। डॉ.रघुपतरुनी श्रीकांत के नेतृत्व में गणपति और शिव वंदना, विवाह के अवसर को बहुत ही द्रुत गति से भावभंगिमाओं के साथ कलाकारों ने मंच पर प्रस्तुति देकर दर्शकों को अपनी ओर लगातार देखने को मजबूर किया। शिवशक्ति उपासना का उनका यह नृत्य मनमोहक भी बना। गणतंत्र दिवस समारोह नई दिल्ली में भी कुचिपुड़ी का प्रदर्शन कर चुके कलाकारों ने दर्शकों की खूब वाहवाहियां बटोरी। कार्यक्रम की अंतिम प्रस्तुति में दिल्ली से आए आलोक श्रीवास ने अपने प्रत्यंग का बेहतरीन इस्तेमाल करते हुए अपने मनमोहक कथक नृत्य की प्रस्तुति दी। इस दौरान उनके साथ पढंत में श्री भूपेंद्र बरेठ, गायन में साहिल सिंह, तबला में देवेंद्र श्रीवास तथा सारंगी में शफीक हुसैन ने साथ दिया।

छत्तीसगढ़िया संस्कृति को संवारने में कलाकारों का महत्वपूर्ण योगदान : मुख्यमंत्री बघेल

No comments Document Thumbnail

रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भेंट-मुलाकात कार्यक्रम की कड़ी में आज छत्तीसगढ़ के कलाकारों से रू-ब-रू हुए। उन्होंने कार्यक्रम में पद्मश्री पुरुस्कार विजेता, राज्य पुरुस्कार विजेता, लोक कलाकार, फ़िल्म आर्टिस्ट, तकनीशियन और निर्माता - निर्देशकों से मुलाकात कर विभिन्न मुददों पर चर्चा की। 
                     

मुख्यमंत्री बघेल ने हरेली तिहार की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ख्यातिलब्ध कलाकार यहां उपस्थित हैं, आप सबका मैं स्वागत अभिनंदन करता हूँ। आया हूँ तो आप सबके साथ सेल्फी खिचवाऊंगा। छत्तीसगढ़ राज्य के सांस्कृतिक एवं पारंपरिक धरोहरों को बचाने और संवारने में कलाकारों का महत्वपूर्ण योगदान है।

                        

मुख्यमंत्री ने नाचा के पुरोधा स्वर्गीय हबीब तनवीर, चन्दैनी गोंदा के संस्थापक स्व. खुमान साव का स्मरण करते हुए उनके अतुलनीय योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा लोक कला के जरिए छत्तीसगढ़ को विशेष पहचान दिलाई। इस मौके पर संस्कृति विभाग के संचालक विवेक आचार्य, पद्मश्री भारती बंधु, पद्मश्री मदन चौहान, पद्मश्री उषा बारले, निर्माता निर्देशक मनोज वर्मा, सतीश जैन, श्रीमती रजनी रजक समेत प्रदेशभर के कलाकार उपस्थित थे।

                         

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में आगे कहा कि कलाकार जब अपनी प्रस्तुति देते हैं तो वह समाज की जनभावना को रेखांकित और प्रस्तुति के माध्यम से अभिव्यक्ति प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि लोक विधा कर्मा के अनेकों शैलियां प्रचलित हैं, अनेक विधाओं में नई शैलियां कलाकारों ने निकाली हैं। छत्तीसगढ़ में गायी जाने वाली पंडवानी पूरे देश में नहीं गायी जाती। भरथरी, पंथी जैसी विधाओं को अंतर्राष्ट्रीय पहचान देने का काम हमारे छत्तीसगढ़ के कलाकारों ने किया है।

                    

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की खानपान, हमारी बोली भाखा, संगीत, गीत, नृत्यशैली सबको उत्तर से दक्षिण तक, पूरब से पश्चिम तक जोड़ने का काम कलाकारों ने किया है। जब एक दौर था जिसमें नाचा मशाल जलाकर किया जाता था। फिर माईक सेट का दौर आया। उन्होंनेे कहा कि रायगढ़ में राष्ट्रीय रामायण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। राम वन गमन परिपथ को विकसित करने का काम सरकार द्वारा किया जा रहा है। उन्होंने प्रदेश के हर विकासखण्ड मुख्यालय में मॉडल जैतखाम बनाने की बात दोहराई।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में अपने बचपन से जुड़े अपने अनुभव भी सुनाए। उन्होंने कहा कि मेरा बचपन कलाकारों से जुड़ा रहा, लोक कला के ज्यादातर विधाओं का प्रभाव मेरे जीवन में पड़ा। छत्तीसगढ़ की पहले जब चर्चा होती थी तो नक्सल घटना, जवानों की शहादत की खबरें आती थी। अब यहां की संस्कृति और परंपरा की चर्चा होती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने हर वर्ग के लोगों को ध्यान में रखते हुए योजनाएं बनाई, कलाकारों को भी इसका लाभ मिल रहा है, मुझे इसकी खुशी है। छत्तीसगढ़िया ओलंपिक में हर वर्ग के लोग बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं, हमने अरपा पैरी के धार को राजगीत बनाया। तीज-तिहार की छुट्टियां घोषित की, अब सब तीज-तिहार मना रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जब जेब में पैसा रहता है तो तीज-तिहार का आनंद ही अलग होता है, इसलिए हमने किसानों को उऋण किया और अब समय-समय पर विभिन्न योजनाओं का पैसा भी दे रहे हैं। पहले लोग बोरे बासी खाने में संकोच करते थे, लेकिन अब श्रमिक दिवस 1 मई को बोरे-बासी दिवस घोषित करने के बाद से सब लोग न केवल बोरे-बासी खाते हैं बल्कि सोशल मीडिया में फ़ोटो भी अपलोड करते हैं।

सिरपुर महोत्सवः तीन दिन रहेगी सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम

No comments Document Thumbnail

महासमुंद। सिरपुर महोत्सव 5 से 7 फरवरी तक आयोजित होगा। तीनों दिन स्थानीय कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जायेंगे। सिरपुर महोत्सव में तीन तक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रहेगी। शुभारम्भ छत्तीसगढ़ खाद्य एवं संस्कृति मंत्री अमरजीत भगत 5 फरवरी शाम को करेंगे। सिरपुर महोत्सव में तीनों दिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा जो इस प्रकार है। कार्यक्रम प्रतिदिन दोपहर 12 : 30 बजे से शुरू होकर रात्रि 10 : 00 बजे तक होंगे। रविवार 5 फरवरी को आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम इस प्रकार है।

दोपहर 12.30 बजे से 01.00 तक दिनेश साहू एवं साथी भोरिंग महासमुन्द द्वारा छत्तीसगढ़ लोक गीत, दोपहर 01.00 बजे से 01.30 तक छत्तीसगढ़ संस्कृति व परम्परा नृत्य नाटिका एकलव्य आवासी आदर्श विद्यालय भोरिंग महासमुन्द द्वारा नृत्य नाटिका, दोपहर 01.30 बजे से 02.30 तक रंजीत चक्रधारी नाचा गम्मत पार्टी सरायपाली द्वारा कोमाखान नाचा गम्मत की प्रस्तुति होगी। इसी प्रकार दोपहर 02.30 बजे से 03.00 तक सत के अंजोर पंथी नृत्य दल सोनदादर द्वारा पंथी नृत्य का प्रदर्शन होगा। दोपहर 03.00 बजे से 03.30 तक फलझरिया कर्मा पार्टी बिलखण्ड द्वारा कर्मा नृत्य, 

दोपहर 03.30 बजे से 04.00 तक योगराज चौहान एवं साथी रेवा मोंगरापाली बागबाहरा द्वारा डण्डा नृत्य तथा सायं 04.00 बजे से 04.50 तक छत्तीसगढ़ी लोक कला मंच लोक रागिनी परिवार ग्राम बरभाठा झलप महासमुन्द द्वारा लोक गीत नृत्य की प्रस्तुति होगी। शाम 04.50 बजे से 06.30 तक सिरपुर महोत्सव का उद्घाटन, सायं 6.30 बजे से 06..40 तक कुमारी भाव्या चन्द्राकर शिक्षक कालोनी रायपुर द्वारा कत्थक एकल नृत्य तथा सायं 6.40 बजे से 10..00 तक अलका चंद्राकर परगनिहा फुलवारी लोक कला मंच रायपुर द्वारा लोक कला मंच की प्रस्तुति होगी।

 इसी प्रकार 6 फरवरी को दोपहर सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं होंगे इस दिन कार्यक्रम शाम 5 बजे से शुरू होंगे जो रात्रि 10ः00 बजे तक चलेंगे। सायं 05.00 बजे से 05.30 तक शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मोंहदा विकासखंड सरायपाली द्वारा कर्मा नृत्य, सायं 05.30 बजे से 06.00 तक शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय दुलारपाली विकासखंड बसना द्वारा डंडा नृत्य की प्रस्तुति देंगे। सायं 6.00 बजे से 06.10 तक कुमारी आस्था पटनायक कक्षा 6वीं की ओडिसी नृत्य एकल नृत्य तथा सायं 6.10 बजे से रात्रि 10.00 बजे तक लोक रंग अर्जुन्दा दुर्ग द्वारा लोक कला मंच की प्रस्तुति होगी।

 सिरपुर महोत्सव के अंतिम दिन 7 फरवरी को कार्यक्रम दोपहर 3  : 00 बजे से शुरू होकर रात्रि 10:00 बजे तक चलेंगे। दोप. 03.00 बजे से 03.30 तक बाल कृष्ण राउत नाचा पिरदा विकासखण्ड महासमुन्द द्वारा राउत नाचा, दोपहर 03.30 बजे से 04.00 तक जय गौरी गौरा सुआ दल छपोराडीह सुवा नृत्य, सायं 04.00 बजे से 04.50 तक कौशिल्याबाई निर्मलकर खुर्शीपार सुरता कला मंच, खुर्सीपार देवरी द्वारा भरथरी गीत की प्रस्तुति होगी। सायं 6.30 बजे से 06..40 तक पूरना राउत द्वारा ओडिसी नृत्य एकल नृत्य तथा सायं 6.40 बजे से रात्रि बजे 10.00 तक ईशिता विश्वकर्मा एवं टीम मुंबई द्वारा बॉलीवुड कलाकार की प्रस्तुति होगी।

राज्य युवा महोत्सव 2023 :साइंस कॉलेज में दिखी बस्तर की संस्कृति की झलक

No comments Document Thumbnail

रायपुर। मोर पंख, गौर सिंग एवं कौडियों से सजे परिधान में युवा कलाकारों ने राजधानी के साइंस कॉलेज परिसर में चल रहे राज्य स्तरीय युवा महोत्सव में बस्तर की संस्कृति पर आधारित नृत्यों की शानदार प्रस्तुति देकर दर्शकों का मन मोह लिया।

युवा कलाकारों ने हल्बी और गोंड़ी गायन के बीच जोश और ऊर्जा से भरे पारंपरिक नृत्यों का प्रदर्शन किया। उनकी वेशभूषा के साथ ही नृत्य में लय और ताल देखते ही बन रहा था। बस्तर की कला और संस्कृति की अनुपम छटा नृत्य और गायन में दिख रही थी। प्रतियोगिता दो आयु वर्ग में आयोजित की गई, जिसमें 15 वर्ष से 40 वर्ष तक और 40 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के दल शामिल थे।

प्रतियोगिता में 15 से 40 वर्ष आयु में रायपुर संभाग की धमतरी जिला, बस्तर संभाग की कोण्डागांव जिला, बिलासपुर संभाग की सक्ती जिला, दुर्ग संभाग की खैरागढ़ जिला, सरगुजा संभाग से कोरिया जिला के कलाकारों ने प्रस्तुति दी। इसी प्रकार 40 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में बस्तर संभाग की नारायणपुर जिला एवं दुर्ग संभाग की मोहला-मानपुर के कलाकारों ने बढ़-चढ़ कर अपनी  कला का प्रदर्शन किया।


झुमका महोत्सव में सांसद श्रीमती महंत ने उड़ाई पतंग, निशानेबाजी की और कोरिया मिलेट्स का उठाया लुत्फ

No comments Document Thumbnail

कोरिया। झुमका जल महोत्सव के रंगारंग कार्यक्रमों और कलाकारों के शानदार प्रस्तुतियों ने जन मानस को नया अनुभव दिया है। आज झुमका महोत्सव के दौरान कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रही सांसद श्रीमती ज्योत्सना महंत झुमका आइलैंड भी पहुंची।

झुमका आइलैंड में सांसद श्रीमती महंत के साथ सभी जनप्रतिनिधियों ने पतंगबाजी का आनंद उठाया। इसके बाद उन्होंने झुमका जल महोत्सव के सुंदर समारोह की तरह ही रंग बिरंगे गुब्बारे उड़ाए। झुमका जल महोत्सव पर आयोजित विभिन्न खेलों के इस दौरान उन्होंने निशानेबाजी में किस्मत आजमाते हुए निशाना भी लगाया।

सांसद श्रीमती महंत के साथ सभी जनप्रतिनिधियों ने झुमका आइलैंड में महिला स्व सहायता समूह की दीदियों द्वारा कोरिया के मिलेट्स रागी लड्डू, ज्वार केक, बाजरा बर्फी, रागी कुकीज, बाजरा सेव, कोदो कुकीज, आदि का स्वाद लिया।

सुरीली आवाज के जादूगर बॉलीवुड सिंगर शान के गानों से मंत्रमुग्ध हुए दर्शक

No comments Document Thumbnail

बलरामपुर। तातापानी महोत्सव के दूसरे दिन आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में स्कूली बच्चों, स्थानीय कलाकारों और बॉलीवुड के कलाकारों ने मंच साझा किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरूआत जिले के स्कूली बच्चों के नृत्य प्रदर्शन से शुरू हुई। छत्तीसगढ़ की कला, संस्कृति व तीज त्यौहारों के साथ ही देशभक्ति गानों की थीम पर थिरकते हुए स्कूली बच्चों की प्रतिभा को देखकर उपस्थित दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साह बढ़ाया।

बालीवुड सिंगर शान ने सजाई गीतों की महफिल, जमकर झूमे दर्शक

सांस्कृतिक कार्यक्रम के दूसरे दिन आकर्षण का केंद्र बालीवुड सिंगर शान रहे। मंच पर आते ही शान ने छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया के नारे के साथ दर्शकों के दिल में अपनी जगह बना ली। शान ने सभी को नए साल की बधाई देते हुए बॉलीवुड के लोकप्रिय गीत ’चार कदम चल दो न साथ मेरे’ के साथ अपनी सुरीली आवाज का जादू चलाना शुरू कर बालीवुड के गानों को गाकर उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस दौरान उन्होंने एक से बढ़कर एक बॉलीवुड गानों की प्रस्तुतियां दीं और दर्शकों के उत्साह को देखते हुए सिंगर शान ने भी घंटों तक लगातार अपने गीतों का जादू चलाया।

जीरो ग्रेविटी डांस एवं सौरभ और बैभव बैंड ने बांधा शमां

आयोजन के दूसरे दिन की सांस्कृतिक संध्या में कोलकाता डांस ग्रुप ने राजस्थानी पारंपरिक घूमर नृत्य से कार्यक्रम का आगाज किया। इसके बाद जीरो ग्रेविटी डांस ग्रुप ने शिव तांडव पर अपने शानदार नृत्य की प्रस्तुति दी। इसी कड़ी में बालीवुड में अपनी जगह बनाने वाले सरगुजा संभाग के मशहूर युवा कलाकार सौरभ और वैभव बैंड ने ’हर हर शंभू’ गाने से शुरुआत कर अलग-अलग बॉलीवुड गानों से श्रोताओं का मन मोह लिया और दर्शकों ने भी पूरी आत्मीयता  से इन सभी कलाकारों का तालियों की आवाज के साथ उनके परफार्मेंस का सम्मान किया।

इस दौरान कार्यक्रम के अंत तक संसदीय सचिव चिंतामणि महाराज, सरगुजा विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष और विधायक बृहस्पत सिंह, कलेक्टर विजय दयाराम के., पुलिस अधीक्षक मोहित गर्ग, जिला पंचायत सीईओ श्रीमती रेना जमील समेत जिले के जनप्रतिनिधिगण एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

महासमुंद जिले के बिरबिरा में बनेगी भव्य फिल्म सिटी, संस्कृति मंत्री अमरजीत भगत ने किया स्थल निरीक्षण

No comments Document Thumbnail

महासमुंद। छत्तीसगढ़ सरकार महासमुंद जिले के ग्राम बिरबिरा में जल्द फिल्म सिटी बनाने जा रही है। छत्तीसगढ़ फिल्म सिटी बनने के बाद प्रदेश में फिल्म उद्योग से जुड़े हजारों कलाकारों,टेक्निशियनों और निर्माता-निर्देशकों सहित स्थानीय लोगों को इसका लाभ मिल सकेगा। राज्य सरकार फिल्म को बढ़ावा देने के लिए अब महासमुंद जिले में फिल्म सिटी बनाने का प्रयास कर रही है। इसके लिए आज संस्कृति मंत्री अमरजीत भगत ने महासमुंद विकासखण्ड के बिरबिरा में फिल्म सिटी के लिए स्थल का निरीक्षण किया।

उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निर्देश पर संस्कृति मंत्री अमरजीत भगत के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ में नई फिल्म नीति 2021 तैयार की गई है। इसी तारतम्य में संस्कृति मंत्री भगत ने आज महासमुंद विकासखण्ड के ग्राम बिरबिरा पहुंचकर प्रस्तावित फिल्म सिटी स्थल का निरीक्षण किया। संस्कृति मंत्री ने निरीक्षण के दौरान कहा कि यहां फिल्म सिटी बनाने के लिए उपयुक्त स्थल है। फिल्म सिटी के माध्यम से संस्कृति एवं पर्यटन को राष्ट्रीय स्तर पर अलग से पहचान मिलेगा। फिल्म सिटी बनने से आस-पास के पर्यटन स्थलों पर भी पर्यटकों की संख्या में बढ़ोत्तरी होगी। साथ ही स्थानीय युवाओं को अधिक-से-अधिक रोजगार का अवसर मिलेगा।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में ऐसे अनेक मनोरम स्थान हैं, जो फिल्मों के शूटिंग के लिए बेहतर हैं। फिल्म नीति के साथ ही राज्य सरकार की नीतियों से अब ऐसा वातावरण तैयार हुआ है, जिससे अन्य प्रदेशों के फिल्मकारों की रुचि भी छत्तीसगढ़ को लेकर बढ़ी है। कलेक्टर  निलेशकुमार क्षीरसागर ने बताया कि यहां राजस्व की लगभग 327 एकड़ जमीन चिन्हांकित किए जा रहे है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग से बिरबिरा लगभग 4-5 किलोमीटर, नवा रायुपर से लगभग 50 किलोमीटर, ऐतिहासिक पर्यटन स्थल सिरपुर, कोडार जलाशय, बारनवापारा सहित अन्य पर्यटन स्थल भी समीप है।

संस्कृति मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार के द्वारा फिल्म सिटी बनाने का मकसद छत्तीसगढ़ी फिल्म निर्माण को बढ़ावा देना, फिल्म शूटिंग के लिए छत्तीसगढ़ को सेंट्रल हब के रूप में डेवलप करना, विनिर्माण क्षेत्र में निवेशकों को आकर्षित करना है। साथ ही फिल्म के क्षेत्र में निजी निवेश को बढ़ावा भी मिलेगा। यहां के कलाकारों द्वारा दर्शकों के मनोरंजन के साथ फिल्मों के माध्यम से अपनी संस्कृति को लेकर गौरव की अनुभूति की अपेक्षा होती है। वहीं, दूसरी ओर प्रदेश की कला, संस्कृति और फिल्म को आगे बढ़ाने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है।

फिल्म नीति के तहत फीचर फिल्म, वेब सीरीज, टीवी सीरियल्स और रियाल्टी शो तथा डाक्यूमेंट्री फिल्म के निर्माण, फिल्मांकन के लिये सुविधा व प्रोत्साहन का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ी फिल्मों का सफर 1965 में ‘‘कहि देबे संदेश’’ और ‘‘घर-द्वार’’ से शुरू हुआ है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के संस्कृति सलाहकार गौरव द्विवेदी, राज्य पशु कल्याण बोर्ड छत्तीसगढ़  के उपाध्यक्ष आलोक चन्द्राकर, मध्य क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण के सदस्य मोहित ध्रुव सहित जनप्रतिनिधिगण, संस्कृति विभाग एवं जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी गण उपस्थित थे।

नशे की लत छोड़ो बाबूजी... सुनकर ठिठक रहे लोगों के पैर

No comments Document Thumbnail

रायपुर। राजधानी रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में राज्योत्सव देखने आए लोगों के पैर ‘नशे की लत छोड़ोे बाबूजी.....नशा खराब चीज है‘ सुनकर एक बारगी ठिठक जाते हैं। समाज कल्याण विभाग के स्टॉल में कला पथक दल के कलाकारों द्वारा किये जा रहे मनोरंजक ढंग से किये जा रहे अनुरोध को सुनकर स्कूली बच्चों, महिलाओं से लेकर बड़े-बूढ़े तक एक बारगी बात सुनने ठहर जाते हैं। ये कलाकार गा-बजाकर और अपने रोचक अभिनय से सहज ही लोगों को नशे के दुष्परिण बता रहे हैं। इसे बच्चों से लेकर बड़ों तक खूब पसंद किया जा रहा है।



समाज कल्याण मंत्री श्रीमती अनिला भेंड़िया भी स्टॉल निरीक्षण में पहुंची और उन्होंने कलाकारों की हौसला अफजाई की। उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा शराब व्यसन मुक्ति अभियान के अंतर्गत 2060 भारत माता वाहिनी गठित की गई है और 07 नशा मुक्ति केन्द्रों का संचालन किया जा रहा है। भारत माता विहिनी के माध्यम से गांव-गांव में प्रचार-प्रसार कर लोगों को व्यसन मुक्त स्वस्थ जीवन शैली के लिए प्रेरित किया जाएगा।



मुख्य कलाकार संतोष चंद्राकर के साथ रमेश कुमार ठाकुर, संदीप कुलदीप और दुर्याधन साहू समाज कल्याण विभाग की बुजुर्गों, दिव्यांगों और तृतीय लिंग के समुदाय के सदस्यों के लिए संचालित योजनाओं को रोचक ढंग से लोगों तक पहुंचा रहे हैं। चंद्राकर ने बताया कि लगभग 33 वर्षां से वह लोगों के बीच योजनाओं का प्रचार-प्रसार कर रहे हैं। रोचक और मनोरंजक ढंग से बात कहने से लोगों के अंदर कब सीख चली जाती है, उन्हें पता भी नहीं चलता और इसके सकारात्मक परिणाम देखने को मिलते हैं।

वे लोग नशाबंदी के खिलाफ प्रचार करतेे हैं, और स्वस्थ जीवन चर्या के लिए लोगों से योग को अपनाने की अपील करते हैं। वे लोगों को बताते हैं कि समाज कल्याण विभाग द्वारा नशामुक्ति केन्द्रों का संचालन किया जा रहा है, जहां जाकर एक महीने में नशे की लत छोड़ सकते हैं।

राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव का रंगारंग समापन

No comments Document Thumbnail

रायपुर। तीसरे राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव में देश-विदेश के कलाकारों ने एक साथ मंच साझा किया। तीन दिवसीय महोत्सव में बड़ी संख्या में आदिवासी कलाकारों ने अपनी कला और संस्कृति को नृत्य के माध्यम से प्रस्तुत किया। फसल कटाई की श्रेणी में प्रथम स्थान पर छत्तीसगढ़ के करमा नृत्य को, दूसरे स्थान पर ओडिशा के ढेंगसा नृत्य को और तीसरे स्थान पर हिमाचल प्रदेश के गद्दी नृत्य को पुरस्कृत किया गया। तो वहीं विवाह संस्कार एवं अन्य श्रेणी में पहला स्थान सिक्किम को, दूसरा स्थान ओडिशा को और तीसरा स्थान झारखंड को मिला। विशेष ज्यूरी सांत्वना सम्मान असम और गुजरात को मिला। 



इसके अलावा विदेश से आये कलाकारों का भी मुख्यमंत्री भूपेश बघेल एवं झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सम्मान किया। पुरुस्कार वितरण के बाद देश के साथ-साथ विदेशों से आये कलाकारों का नृत्य हुआ। आदिवासी कलाकारों ने अपनी संस्कृति और लोक नृत्य की झलक पेश की है। छत्तीसगढ़ में गुलाबी ठंड ने दस्तक दे दी है। गुलाबी ठंड के बीच राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव में आए लोग देर रात तक जमे रहे हैं। गीत, संगीत और नृत्य ने अतिथियों को कार्यक्रम में डटे रहने के लिए मजबूर किया। आदिवासी कलाकारों ने नृत्य के जरिए पूरे कार्यक्रम में समां बांध दिया। 

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कार्यक्रम का लुत्फ उठाया है। इस दौरान देश-विदेश से आए आदिवासी कलाकारों ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुति दी है। रसियन दल ने वरेन्का नृत्य के साथ शानदार शुरुआत की, इस नृत्य के जरिए रूसी संस्कृति को प्रस्तुत किया गया। रशियन कलाकारों ने गालिया और कोसेंग सूट नृत्य की प्रस्तुति दी। कोसेंग नृत्य विजय के बाद अपनी परंपरा और शौर्य को दर्शाने के लिए किया जाता है। रशियन कलाकारों ने प्रेम, संगीत, परिधान और परंपरा चारो एक ही डांस में और शारीरिक संतुलन का अद्भूत प्रदर्शन किए। आदिवासी नृत्य महोत्सव में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले सिक्किम के कलाकारों द्वारा तमांग सेलो नृत्य की शानदार प्रस्तुति दी गयी। पारंपरिक अवसर और अनुष्ठानों में किये जाने वाले इस नृत्य से दर्शकों में उत्साह भर दिया।

टोगो से आये कलाकारों ने पारंपरिक वाद्य यंत्रों पर अनोखी प्रस्तुति दी। फसल कटाई के अवसर पर किए जाने वाले श्रेणी में छत्तीसगढ़ के जिस नृत्य दल को करमा नृत्य को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ उसकी प्रस्तुति देखकर दर्शको में उत्साह दिखा। फ्यूज़न डांस में देश-विदेश के कलाकारों के साथ संस्कृति मंत्री अमरजीत भगत के साथ साथ जनप्रतिनिधियों ने बस्तरिया और छत्तीसगढ़िया गाना में जमकर नाचे। राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव में करीब 4 हजार किलोमीटर दूर सर्बिया से आये  कलाकारों द्वारा प्रस्तुत नृत्य कौशल को देख दर्शक काफी उत्साहित हूये। सर्बिया के कलाकार ट्रेडिशनल डांस का प्रदर्शन किए। राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव 2022 में अंतिम प्रस्तुति के रूप में मोजांबिक के कलाकार अपनी सांस्कृतिक नृत्य की प्रस्तुति दी।

झूम खेती की तैयारी का दृश्य दिखाया मणिपुर के कलाकारों ने खरिमखरा नृत्य से

No comments Document Thumbnail

रायपुर। जनजातीय क्षेत्रों में झूम खेती होती थी। झाड़ियों को आग लगाकर साफ किया जाता था और खेती की जमीन तैयार होती थी। यह पूरी प्रक्रिया श्रमसाध्य थी लेकिन उत्सव का प्रतीक भी थी क्योंकि खेती ही लाइवलीहुड का अवसर प्रदान करती थी। राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव ने मणिपुर के कलाकारों ने खरिमखरा नृत्य के माध्यम से झूम खेती की तैयारी को सजीव किया। इसे डांस आफ लाइवलीहुड भी कहा जाता है। नृत्य में दिखाया गया कि कैसे खेती के लिए उपयोगी जमीन चिन्हांकित होती थी,



फिर इसे तैयार किया जाता था और बीज रोपा जाता था। इस पूरी प्रक्रिया को खरिमखरा नामक सुंदर नृत्य से मणिपुर के लोककलाकारों ने प्रस्तुत किया। यह खुखरई जिले के निवासी हैं। नृत्य की खास विशेषता है कि इसमें घुटने में पहने हुए आभूषणों से तालबद्ध धुन निकलती है। 



स्टेप्स जितने सटीक बैठते हैं आभूषण से निकलने वाली धुन भी उतनी ही सटीक होती है। खरिमखरा नृत्य कृषि संस्कृति का उत्सव है और अपने श्रम के माध्यम से जमीन तैयार करने का अद्भुत उत्साह भी इससे झलकता है जो नृत्य रूप में और भी आकर्षक हो जाता है।


पहली बार आदिवासियों को मिला इतना बड़ा मंच : तेलंगाना के आदिवासी कलाकार

No comments Document Thumbnail

रायपुर। राज्योत्सव के दूसरे दिन राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव में पहुंचे कलाकारों में शामिल हुए तेलंगाना के कलाकारों ने लंबाड़ी नृत्य प्रस्तुत किया। लंबाड़ी तेलंगाना के नालगोंडा जिले में किया जाता है। लंबाड़ी नृत्य नालगोंडा के बंजारा समुदायों द्वारा किया जाता है। इस नृत्य के माध्यम से बंजारा लोग अपनी जीवनशैली का प्रदर्शन करते हैं।



लंबाड़ी नृत्य को करने वाली महिला कलाकार तेलंगाना का प्रसिद्ध घाघरा-चोली पहनती हैं। पारंपरिक रूप से ये महिलाएं पैरों में गज्जल यानी कि घुंघरू, गले में कंटल (माला) और हाथों में सफेद रंग का चूड़ी पहनती हैं। ये चूड़ी हाथी दांत के बने होते हैं।  इन्हें गाजरू कहा जाता है। बतादें अपनी बारी का इंतजार कर रहे तेलंगाना के इन कलाकारों ने छत्तीसगढ़ में आयोजित आदिवासी नृत्य महोत्सव से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। तेलंगाना के नालागोंडा जिले से पहुंचे इन कलाकारों के टीम लीडर सी एच नागार्जुन ने कहा कि पहली बार आदिवासियों को इतना बड़ा मंच देना सम्मान की बात है, 

मुझे छत्तीसगढ़ आकर खुशी हो रही है। भारत के दूसरे राज्यों को भी ऐसा कुछ करना चाहिए।“उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में आकर उन्हें अच्छा लग रहा है। ऐसा पहला मौका है जब उन्हें दूसरे राज्यों और देश के कलाकारों के कला के बारे में जानने का अवसर मिल रहा है। आदिवासी कलाकारों को मौका देने का यह एक अच्छा माध्यम है। बहुत कम होता है कि आदिवासियों को मौका मिले। वेस्टर्न कल्चर की वजह से आदिवासी कला संस्कृति सिमट रही थी। जिनके संरक्षण का काम छत्तीसगढ़ सरकार कर रही है।” छत्तीसगढ़ सरकार का धन्यवाद देते हुए नागार्जुन ने कहा कि हर ग्रामीण, हर आदिवासी को मौका मिलना चाहिए।

आदिवासी नृत्य महोत्सव में 9 देशों के जनजातीय कलाकारों की होगी प्रस्तुति

No comments Document Thumbnail

रायपुर। राजधानी रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में आगामी एक से तीन नवंबर तक राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। महोत्सव में नौ देशों के जनजातीय कलाकारों सहित अट्ठाईस राज्यों और आठ केंद्रशासित प्रदेशों के डेढ़ हजार से अधिक कलाकार शामिल होंगे। राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव में इस बार दो थीम रखी गई है। पहली थीम है ‘फसल कटाई पर होने वाले आदिवासी नृत्य’ और दूसरी ‘आदिवासी परम्पराएं तथा रीति-रिवाज’। विजेताओं को कुल बीस लाख रुपए के पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। आदिवासी नृत्य महोत्सव के माध्यम से न केवल राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर जनजातीय कलाकारों के बीच उनकी कलाओं की साझेदारी होगी।



बल्कि वे एक-दूसरे के खान-पान, रीति-रिवाज और शिल्प-शैली को भी देख तथा समझ सकेंगे। छत्तीसगढ़ की ओर से नौ देशों को आमंत्रण पत्र भेजा गया है। ये सभी देश पहली बार रायपुर में अपनी प्रस्तुति देंगे। इस महोत्सव में मोजांबिक, मंगोलिया, टोंगो, रशिया, इंडोनेशिया, मालदीव, सर्बिया, न्यूजीलैंड और इजिप्ट के जनजातीय कलाकार हिस्सा लेंगे।

 

छत्तीसगढ़ में तीन दिनों तक दिखेगी आदिवासी संस्कृति की झलक

No comments Document Thumbnail

रायपुर। में राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम एक से तीन नवम्बर तक साइंस कॉलेज ग्राउंड में आयोजित होगा। महोत्सव में नौ देशों के जनजातीय कलाकारों सहित 28 राज्य और 8 केंद्र शासित प्रदेशों के 1500 से अधिक कलाकार भाग लेंगे। ई दिल्ली में आयोजित टूरिज्म कॉन्क्लेव के दौरान छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि इस महोत्सव के माध्यम से न केवल राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर जनजातीय कलाकारों के बीच उनकी कलाओं की साझेदारी होगी, बल्कि वे एक-दूसरे के खान-पान, रीति-रिवाज, शिल्प-शैली को भी देख-समझ सकेंगे।



इन प्रयासों के क्रम में हमने नेशनल ट्राइबल डांस फेस्टिवल के रूप में एक बहुत महत्वपूर्ण परंपरा की शुरुआत छत्तीसगढ़ में की है। हमारा यह प्रयास न केवल छत्तीसगढ़ के लिए, बल्कि देश और पूरी दुनिया के जन-जातीय समुदायों के विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। बघेल ने कहा कि वनवासियों, आदिवासियों, किसानों, ग्रामीणों और वंचित वर्ग के लोगों के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण में कला, संस्कृति और पर्यटन को हमने एक मजबूत संसाधन के तौर पर इस्तेमाल किया है, और इसके बढ़िया परिणाम भी हमें मिले हैं।



आयोजन के दौरान बघेल ने जानकारी दी कि छत्तीसगढ़ की ओर से नौ देशों को आमंत्रण पत्र भेजा गया है। ये सभी देश पहली बार रायपुर में अपनी प्रस्तुति देंगे। इस आयोजन में मोजांबिक, मंगोलिया, टोंगो, रशिया, इंडोनेशिया, मालदीव, सर्बिया, न्यूजीलैंड और इजिप्ट के जनजातीय कलाकार हिस्सा लेंगे। विदेशी मेहमानों को छत्तीसगढ़ तक लाने-ले जाने और उनकी मेहमान-नवाजी में इंडियन काउंसिल ऑफ कल्चरल रिलेशन, दिल्ली (आई.सी.सी.आर) सहयोगी होगा। इस दौरान श्रम एवं समाज कल्याण मंत्री डॉ. शिव कुमार डहरिया, छत्तीसगढ़ पर्यटन मण्डल के अध्यक्ष अनिल साहू सहित छत्तीसगढ़ के अन्य अधिकारी शामिल रहे।



राज्यों के मुख्यमंत्रियों को भेजा गया न्योता

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की पहल पर विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री एवं राज्यपालों को आमंत्रित करने के लिए छत्तीसगढ़ के मंत्रीगण एवं प्रशासनिक अधिकारियों को व्यक्तिगत रूप से भेजा जा रहा है।

राष्ट्रीय महोत्सव के लिए दो थीम तय

इस बार आदिवासी नृत्य महोत्सव में दो थीम रखी गई है। पहली थीम है ‘फसल कटाई पर होने वाले आदिवासी नृत्य’ और दूसरी थीम है ‘आदिवासी परम्पराएँ और रीति- रिवाज’। विजेताओं को कुल 20 लाख रुपए के पुरस्कारों का वितरण किया जाएगा। प्रथम स्थान के लिए 05 लाख रुपए, द्वितीय स्थान के लिए 03 लाख रुपए और तृतीय स्थान के लिए 02 लाख रुपए के पुरस्कार दिए जाएंगे।

मेडिकल कॉलेज की सौगात मिलने पर संसदीय सचिव का ग्रामीणों ने किया अभिनंदन

No comments Document Thumbnail

महासमुंद। सार्वजनिक दुर्गाउत्सव समिति खरोरा द्वारा गुरुवार की रात आयोजित माता के जगराता कार्यक्रम में संसदीय सचिव व विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर शामिल हुए। इस दौरान मेडिकल कॉलेज की सौगात मिलने पर ग्रामवासियों ने संसदीय सचिव चंद्राकर का स्मृति चिन्ह भेंटकर अभिनंदन किया। गुरूवार की रात सार्वजनिक दुर्गोत्सवस समिति खरोरा द्वारा माता का जगराता कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम में कविता वासनिक एवं ग्रुप की शानदार प्रस्तुति दी।

      दुर्गाेत्सव समिति खरोरा द्वारा आयोजित जगराता कार्यक्रम में हुए शामिल

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संसदीय सचिव व विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर थे। अध्यक्षता कृषि उपज मंडी के अध्यक्ष हीरा बंजारे ने की। विशेष अतिथि के रूप में सरपंच सुनीता चंद्राकर, देवव्रत चंद्राकर, दिलीप चंद्राकर मौजूद थे। संसदीय सचिव चंद्राकर ने ग्रामवासियों को नवरात्रि पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नवरात्र में पूरे नौ दिनों तक अनेक धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन होता है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की कला संस्कृति हमारी धरोहर है। ऐसे आयोजनों से कलाकारों को भी मंच मिलता है।

उन्होंने कहा कि जब से प्रदेश में भूपेश बघेल मुख्यमंत्री बने हैं तब से प्रदेश में यहां की संस्कृति को आगे बढ़ाने का काम किया जा रहा है। देश में छत्तीसगढ़ की संस्कृति की अलग पहचान बनी है। संसदीय सचिव चंद्राकर ने कहा कि खरोरा में मेडिकल कॉलेज की सौगात मिली है। इससे निश्चित तौर पर गांव को पहचान मिलने के साथ ही विकास होगा। उन्होंने बताया कि मेडिकल कॉलेज के लिए हरसंभव प्रयास किया गया तब कहीं जाकर इसकी सौगात मिल सकी है।

कार्यक्रम के दौरान सरपंच व ग्रामवासियों द्वारा खरोरा में मेडिकल कॉलेज की सौगात मिलने पर मुख्य अतिथि संसदीय सचिव चंद्राकर को स्मृति चिन्ह भेंट कर अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से हेमेंद्र चंद्राकर, दुर्गेश चंद्राकर, भास्कर चंद्राकर, लक्की चंद्राकर, महेंद्र सूर्यवंशी, रामाधर चंद्राकर, कोमल चंद्राकर, भीखम चंद्राकर, लोकेश चंद्राकर, चंद्रशेखर चंद्राकर, संदीप चंद्राकर, विष्णु यादव, पोखन धीवर, बद्री पटेल, भीखम धीवर, हेमलता चंद्राकर, लता चंद्राकर, कंुती यादव, मनोज चंद्राकर, संजय साहू, चिंताराम पटेला, पंचराम पटेला, कमला धीवर, प्रेमिन बांदे, राहुल पटेला, तेजराम चंद्राकर, रामधन चंद्राकर, हरिशंकर चंद्राकर, किशनलाल चंद्राकर, मयाराम चंद्राकर आदि मौजूद थे।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.