Media24Media.com: उन्नति

Responsive Ad Slot


 

Showing posts with label उन्नति. Show all posts
Showing posts with label उन्नति. Show all posts

कृषक उन्नति योजना किसानों के समृद्धि की बनी नई राह

No comments Document Thumbnail

रायपुर। किसानों को भारत की आत्मा और अर्थव्यवस्था की रीढ़ कहा जाता है। जब उनके खेत लहलहाते हैं, तो देश की समृद्धि अपने चरम पर होती है। छत्तीसगढ़ की सरकार किसानों की इस ताकत को पहचानते हुए उनकी उन्नति और सशक्तिकरण के लिए सतत् कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में लागू कृषक उन्नति योजना न केवल किसानों के जीवन को बदल रही है, बल्कि उनकी मेहनत को सम्मान और सही मूल्य भी दे रही है।

कवर्धा जिले के मोटियारी गांव के किसान गंगाराम पटेल इस योजना के लाभार्थियों में से एक हैं। उन्होंने बताया कि योजना के तहत मिले एक लाख रुपये के बोनस ने उनके रुके हुए काम पूरे करने में मदद की। इस राशि से उन्होंने अपना अधूरा घर पूरा किया, जो अब बनकर तैयार है। इसके साथ ही, उनके बच्चों को अच्छे स्कूल में पढ़ाई कराने की उनकी चिंता भी खत्म हो गई।

गंगाराम बताते है कि उनके पास 7 एकड़ जमीन है, जिसमें से 5 एकड़ में वे धान की खेती करते हैं। पिछले साल उन्होंने 118 क्विंटल धान बेचा था, जिसका समर्थन मूल्य उन्हें तुरंत उनके खाते में प्राप्त हो गया। वहीं कृषक उन्नति योजना के तहत एक लाख रुपये एक मुश्त मिलने से उसका सही उपयोग कर पाए। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा धान का समर्थन मूल्य 3100 रूपये प्रति क्विंटल तय किए जाने से खेती अब लाभकारी हो गई है। इसके अलावा, धान खरीदी केंद्रों पर बेहतर सुविधाएं और टोकन प्रक्रिया की सरलता ने किसानों का समय और मेहनत बचाई है।

गंगाराम ने कहा कि कृषक उन्नति योजना से मिली राशि का उपयोग वे खेती के लिए आधुनिक उपकरण खरीदने और उत्पादन बढ़ाने में के रहे है। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और राज्य सरकार को किसानों के हित में उठाए गए कदमों के लिए धन्यवाद दिया। छत्तीसगढ़ सरकार के ये प्रयास यह साबित करते हैं कि जब योजनाएं और नीतियां सही दिशा में होती हैं, तो किसानों की उन्नति और समृद्धि सुनिश्चित होती है।

किसानों की प्रगति के लिए हर संभव प्रयास करेगी हमारी सरकार : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

No comments Document Thumbnail

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि किसान हमारे अन्नदाता हैं, हमारी सरकार किसानों की चिंता करने वाली सरकार है। राज्य सरकार किसानों की उतरोत्तर उन्नति के लिए हर संभव प्रयास करेगी। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान भारत के प्रमुख धान उत्पादक राज्य के रूप में होती है। किसानों की मेहनत और परिश्रम के कारण ही यहां धान का विपुल उत्पादन होता है और छत्तीसगढ़ को ‘धान के कटोरे’ के नाम से जाना जाता है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज दुर्ग जिले के ग्राम खपरी (कुम्हारी) में आयोजित ‘राष्ट्रीय कृषि मेला और संगोष्ठी’ को सम्बोधित कर रहे थे। कृषि मंत्री रामविचार नेताम, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, विधायक डोमलाल कोर्सेवाड़ा भी इस अवसर पर उपस्थित थे। मुख्यमंत्री साय ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि हमारे यशस्वी पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने देश के किसानों की चिंता की। उन्होंने किसानों को साहूकारों से मुक्ति दिलाने के लिए किसान क्रेडिट कार्ड योजना शुरू की।

उन्होंने देश और प्रदेश के करोड़ों किसानों को कम ब्याज पर ऋण उपलब्ध कराने का काम किया। इससे किसानों को काफी राहत मिली। मुख्यमंत्री ने कहा कि 15 साल की हमारी डॉ. रमन सिंह जी की राज्य सरकार के समय से ही प्रदेश के किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज पर ऋण देने का काम शुरू किया गया। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने किसानों की आय दोगुनी करने के लिए प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना सहित अनेक योजनाएं शुरू की। किसानों को जागरूक करने के उद्देश्य से किसान चैनल प्रारम्भ किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी की गारंटी को पूरा करते हुए हमारी सरकार के किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल के हिसाब से धान खरीदने का वादा पूरा किया।

हमने किसानों को दो साल का बकाया धान बोनस देने का वायदा किया था, हमने यह वादा पूरा किया। किसानों को मोदी जी की गारंटी में 3100 रूपए प्रति क्विंटल में धान की खरीदी का वायदा पूरा करने के लिए समर्थन मूल्य से अंतर की राशि किसानों को जल्द ही एकमुश्त दी जाएगी। विगत 15 वर्षों में जब हमारी सरकार रही हमने किसानों को आर्थिक और तकनीकी रूप से मजबूत करने का काम किया। आज युवाओं के आदर्श स्वामी विवेकानंद जी की जयंती है, मैं आप सभी को बधाई देता हूं।

मुख्यमंत्री साय ने इस मौके पर भगवान श्रीराम जी के प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं के लिए किसान संघ की ओर से लगभग 20 क्विंटल हरी सब्जियों से भरे दो ट्रकों को हरी झंडी दिखाकर अयोध्या धाम के लिये रवाना किया। उन्होंने इसके लिए किसान संघ को बधाई दी। उन्होंने कार्यक्रम में अंचल के उन्नत और प्रगतिशील किसानों को सम्मानित भी किया। मुख्यमंत्री साय ने किसान मेला में लगे विभिन्न स्टालों का अवलोकन करते हुए किसानों और विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों से चर्चा की। 

उन्होंने इस मौके पर उद्यानिकी विभाग के स्टॉल में प्रदर्शित एग्जॉटिक फ्रूट्स जैसे रोज़ वैक्स एप्पल, कश्मीरी एप्पल बेर एवं पैशन फ्रूट की जानकारी प्राप्त की। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने स्टॉल भ्रमण के दौरान रोज़ वैक्स एप्पल का और कृषि मंत्री राम विचार नेताम ने कश्मीरी एप्पल बेर का स्वाद चखा। साथ ही मुख्यमंत्री ने ऑयल पाम की खेती के बारे में जानकारी प्राप्त की।कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए छत्तीसगढ युवा प्रगतिशील किसान संघ के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि शपथ ग्रहण के बाद यह पहला कार्यक्रम है, 

जिसमें किसानों के बीच आने का मौका मिला। किसानों के परिश्रम और प्रगतिशील सोच का परिणाम है, जिसके कारण हमारे किसान खेती-किसानी में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। प्रदेश के प्रगतिशील किसानों को अनेक मंचों पर सम्मानित किया गया। यह बहुत ही गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि यह किसानों की मेहनत और तकनीकी ज्ञान का ही फल है जिसके कारण छत्तीसगढ़ में उत्पादित फल, सब्जी, दुग्ध की दूसरे प्रदेशों में भी मांग हो रही है। किसानों को संबोधित करते हुए कहा नेताम ने कहा कि आप तकनीकी ज्ञान का उपयोग कर और आगे बढ़े हम सब छत्तीसगढ़ को उन्नत प्रदेश बनाना चाहते हैं, इसमें आप सभी का सहयोग आवश्यक है।

कार्यक्रम को स्थानीय विधायक डोमनलाल कार्सेवाड़ा ने भी सम्बोधित किया। उन्होंने अंचल में फ़ूड प्रोसेसिंग यूनिट की स्थापना की आवश्यकता बतायी। इस अवसर पर वित्त मंत्री ओपी चौधरी सहित कृषि उत्पादन आयुक्त श्रीमती शहला निगार, कलेक्टर दुर्ग सुश्री ऋचा प्रकाश चौधरी, संचालक कृषि श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी, संचालक उद्यानिकी व्ही. माथेश्वरन, इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल, महात्मा गांधी उद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय के कुलपति आर. एस. कुरील सहित कृषि संघ के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में किसान तथा ग्रामीण उपस्थित थे।

श्रमिकों की उन्नति एवं समृद्धि के लिए कार्य कर रही है राज्य सरकार : सत्यनारायण शर्मा

No comments Document Thumbnail

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य श्रम कल्याण मण्डल द्वारा आयोजित राजधानी रायपुर के खमतराई स्थित पाटीदार भवन में आयोजित श्रमिक सम्मेेलन को सम्बोधित करते विधायक सत्यनारायण शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार श्रमिकों की उन्नति एवं समृद्धि के लिए श्रमिक सुरक्षा और कल्याण हेतु अनेक जन कल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है। हम सबका दायित्व है कि श्रमिकों को शासन की इन योजनाओं को ज्यादा से ज्यादा लाभ पहुंचानें में मदद करें। उन्होंने कहा कि श्रम कल्याण मण्डल संगठित मजदूरों और नियोजकों के हित में काम करती है, यदि नियोजक और श्रमिक समन्वय से काम करें तो बड़ी से बड़ी समस्याएं आसानी से हल हो जाएगी। उन्होंने गरीब, मजदूर की पीड़ा को महसूस करने हुए उनके विकास में सहभागी बनने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों व कर्मचारियों से अपील की।

छत्तीसगढ़ राज्य श्रम कल्याण मण्डल के अध्यक्ष शफी अहमद खान ने श्रमिक सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि भले ही हम श्रमिकों को कलेक्टर-एसपी ना बना पाएं, लेकिन मण्डल द्वारा संचालित शिक्षा प्रोत्साहन सहित अन्य हितकारी योजनाओं के माध्यम से श्रमिकों के बच्चों को कलेक्टर और एसपी जरूर बना सकते हैं। इसके लिए  हम सबको श्रमिक कल्याण के लिए काम करने की जरूरत है। खान ने श्रम विभाग के अंतर्गत अलग-अलग विंग में राज्य सरकार द्वारा श्रमिकों के उत्थान के लिए किए जा कार्यों एवं संचालित योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पूर्ववती सरकार के समय श्रम कल्याण मण्डल में केवल 3355 संस्थान तथा लगभग दो लाख श्रमिक ही पंजीकृत थे। हमारी सरकार आने के बाद विगत साढ़े चार वर्षों में व्यापक जन जागरूता एवं श्रमिक हितैषी निर्णयों से 9065 से अधिक संस्थाओं और 4.5 लाख से अधिक श्रमिकों का पंजीजन किया गया है। 

उन्होंने श्रम कल्याण मण्डल में संचालित योजनाओं का लाभ लेने अधिक से अधिक श्रमिकों को मण्डल में पंजीयन करवाने की अपील की। उन्होंने इस मौके विधायक सत्यनारायण के सुझाव पर बिरगांव में श्रमिक अन्न केन्द्र व सिलाई प्रशिक्षण केन्द्र प्रारंभ करने की घोषणा की। कार्यक्रम में अन्य सदस्यों ने भी श्रमिक सम्मेलन को संबोधित किया। कार्यक्रम में श्रमिकों के बच्चों को शिक्षा प्रोत्साहन की राशि का चेक व सायकल वितरित किया गया। इस अवसर पर नगर निगम बिरगांव के महापौर नंदलाल देवांगन, मण्डल के सदस्यगण सर्वश्री मनोज सिंह ठाकुर, मदन तालेड़ा, शारिक खान, नरेश गढ़वाल, सुरेश मसीह, इंटक रायपुर के अध्यक्ष आशीष दुबे, मण्डल के आयुक्त एस.एल. जांगड़े, वरिष्ठ सामाज सेवी के.के. शर्मा, उधोलाल वर्मा, योगेश सोलंकी, गिरिश दुबे सहित बड़ी संख्या में नियोजक और श्रमिक उपस्थित थे।      

माँ के आदर्शों पर चलकर छत्तीसगढ़ के चहुंमुखी विकास के लिए कर रहा हूं निरंतर कार्य : मुख्यमंत्री बघेल

No comments Document Thumbnail

रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि उनकी माता स्वर्गीय श्रीमती बिंदेश्वरी देवी हमेशा कहा करती थी कि गांव, गरीब एवं किसानों के उन्नति से ही छत्तीसगढ़ एवं देश की उन्नति होगी। बघेल ने कहा कि माँ के आदर्शों को आत्मसात् कर वे छत्तीसगढ के चहुंमुखी विकास एवं समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज बालोद जिले के डौण्डीलोहारा विकासखण्ड के ग्राम भरदा टटेंगा में आयोजित माता बिंदेश्वरी देवी बघेल पार्क के लोकार्पण एवं प्रतिमा के अनावरण समारोह के अवसर पर अपने उद्गार व्यक्त कर रहे थे।

बघेल कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के अनेक जन कल्याणकारी योजनाओं के सफल क्रियान्वयन के फलस्वरूप आज छत्तीसगढ़ पूरे देश में एक आत्मनिर्भर एवं खुशहाल राज्य के रूप में उभरा है। बघेल ने कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को पवित्र सावन माह के पहले सोमवार के अवसर पर बधाई एवं शुभकामनाएं भी दी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री बघेल ने ग्राम भरदा टटेंगा में नव निर्मित माता बिंदेश्वरी बघेल पार्क के समीप खरखरा नदी में पचरी निर्माण, बोटिंग व्यवस्था एवं सौंदर्यीकरण तथा बिंदेश्वरी बघेल पार्क में सामुदायिक हॉल के निर्माण हेतु 50-50 लाख रुपये, भरदा पुल से मुख्य मार्ग जेवरतला तक 3.50 किलोमीटर सड़क निर्माण हेतु 65 लाख रुपये की राशि स्वीकृत करने की घोषणा की। 

इसी तरह उन्होंने ग्राम भरदा में कैलाश धाम से मुक्ति धाम मार्ग के सीमेंटीकरण तथा शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला टटेंगा के उन्नयन करने की भी घोषणा की। उल्लेखनीय है कि ग्राम भरदा टटेंगा के ग्रामीणों द्वारा राज्य में लागू की गई किसान हितैषी एवं जन कल्याणकारी योजनाओं के लिए मुख्यमंत्री बघेल के प्रति आभार व्यक्त करने हेतु राशि एकत्र कर माता बिंदेश्वरी बघेल पार्क एवं मूर्ति का निर्माण कराया गया है। मुख्यमंत्री बघेल ने ग्राम भरदा टटेंगा के ग्रामीणों को उनकी माता स्वर्गीय श्रीमती बिंदेश्वरी देवी के नाम से पार्क एवं प्रतिमा निर्माण करने के लिए हृदय से धन्यवाद ज्ञापित किया। 

उन्होंने ग्राम भरदा टटेंगा में बिंदेश्वरी पार्क एवं प्रतिमा की स्थापना के लिए ग्राम वासियों के साथ-साथ जनपद सदस्य राजेश साहू के महत्वपूर्ण योगदान का उल्लेख करते हुए उन्हें हृदय से धन्यवाद दिया। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती अनिला भेंड़िया, संसदीय सचिव एवं क्षेत्रीय विधायक कुंवर सिंह निषाद, संजारी बालोद की विधायक श्रीमती संगीता सिन्हा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सोनादेवी देशलहरा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष मिथलेश निरोटी, जनपद अध्यक्ष जागृत सोनकर, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती चंद्रप्रभा सुधाकर एवं श्रीमती मीना सत्येंद्र साहू, नगर पालिका बालोद के अध्यक्ष विकास चोपड़ा सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री बघेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा पिछले साढ़े चार वर्षों से समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि दो वर्षों के कोरोना काल के विभीषिका के दौरान भी राज्य में विकास की गति बाधित नहीं हुई। हमारी सरकार ने अन्नदाता किसानों का सम्मान करते हुए सत्ता की बागडोर संभालने के तुरंत बाद प्रति क्विंटल 2500 रुपये में धान खरीदी करने का साहसिक निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में समर्थन मूल्य की दर बढ़ने के साथ-साथ धान खरीदी की दर में भी स्वभाविक रूप से बढ़ोतरी हो जाएगी।

बघेल ने कहा कि वर्तमान समय में वैश्विक भाषा अंग्रेजी की महत्ता एवं उपयोगिता को देखते हुए तथा सभी वर्गों के बच्चों को गुणवत्तायुक्त शिक्षा प्रदान करने हेतु हमारी सरकार द्वारा स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी एवं हिन्दी माध्यम उत्कृष्ट विद्यालयों की स्थापना की गई है। इसके अलावा वनोपज संग्रहण के कार्य में लगे लोगों को आत्मनिर्भर बनाने एवं उन्हें उनके मेहनत का वाजिब दाम दिलाने हेतु राज्य में 65 प्रकार के लघु वनोपजों की समर्थन मूल्य पर खरीदी की जा रही है। इसके साथ-साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा ग्रामीणों एवं स्वसहायता समूह की महिलाओं के लिए गांव में ही रोजगार की व्यवस्था कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने हेतु राज्य में महत्वाकांक्षी नरवा, गरवा, घुरूवा एवं बाड़ी योजना लागू की गई है।

उन्होंने कहा कि राज्य में इस योजना का क्रांतिकारी परिणाम देखने को मिल रहा है। इसके अलावा राज्य में राजीव गांधी भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना लागू कर इस योजना से लाभान्वित लोगों को प्रतिवर्ष 07 हजार रुपये की राशि प्रदान की जा रही है। उन्होंने कहा कि गांवों को उत्पादन का केंद्र बनाने हेतु धान, फल-फूल एवं शाक-सब्जियों के उत्पादन के साथ-साथ गांवों में महात्मा गांधी ग्रामीण औद्योगिक पार्क की स्थापना की गई है। महात्मा गांधी ग्रामीण औद्योगिक पार्क में आधुनिक व्यापार-व्यवसाय की शुरूआत हेतु बिजली, पानी, सड़क आदि जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही है। राज्य के शिक्षित बेरोजगारों को मदद करने हेतु बेरोजगारी भत्ता योजना लागू की गई है।

उन्होंने कहा कि मात्र 03 महीने के अल्प अवधि में ही बेरोजगारी भत्ता योजना अंतर्गत पात्र हितग्राहियों के खाते में 80 करोड़ से अधिक की राशि अंतरित कर दी गई है। बघेल ने कहा कि राज्य के नवयुवकों को शासकीय सेवा में नियुक्ति का अधिक से अधिक अवसर प्रदान करने हेतु विभिन्न विभागों में बड़े पैमाने पर भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ की गई है। बघेल ने कलेक्टर कुलदीप शर्मा की सराहना की। कार्यक्रम स्थल में पहुंचने के बाद सर्वप्रथम मुख्यमंत्री बघेल ने ग्राम भरदा टटेंगा में कार्यक्रम स्थल के समीप स्थित शिव मंदिर में पहुंचकर भगवान शंकर की पूजा-अर्चना कर प्रदेश वासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

इस अवसर पर संसदीय सचिव एवं क्षेत्रीय विधायक कुंवर सिंह निषाद ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के कुशल नेतृत्व में छत्तीसगढ़ के साथ-साथ अंचल में हुए विभिन्न विकास कार्यों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के द्वारा बहुत ही सहृदयता से अंचल के लगभग सभी मांगों को पूरा किया गया है। उन्होंने कहा कि बघेल के पिछले 04 वर्षों के सफल कार्यकाल के दौरान ग्राम जेवरतला में शासकीय महाविद्यालय के सौगात के साथ-साथ मार्री-बंगला-देवरी में नये तहसील का निर्माण ग्राम पिनकापार में महात्मा गांधी ग्रामीण औद्योगिक पार्क की स्थापना आदि विभिन्न विकास कार्यों की सौगात दी गई है। इस अवसर पर निषाद ने अंचल की प्रमुख मांगों की ओर मुख्यमंत्री बघेल का ध्यान आकृष्ट कराया। 

कार्यक्रम का स्वागत भाषण प्रस्तुत करते हुए डौण्डीलोहारा के जनपद अध्यक्ष जागृत सोनकर ने राज्य सरकार द्वारा समाज के सभी वर्गों के कल्याण हेतु राज्य में संचालित जन कल्याणकारी योजनाओं के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। ग्रामीणों द्वारा मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को उनकी माता स्वर्गीय श्रीमती बिंदेश्वरी देवी का स्केच भी भेंट किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री एवं अतिथियों के द्वारा नवनिर्मित पार्क में पौधारोपण भी किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर कुलदीप शर्मा, पुलिस अधीक्षक जितेंद्र यादव, वनमण्डलाधिकारी आयुष जैन, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. रेणुका श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारियों के अलावा जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

बदलता दंतेवाड़ाः नई तस्वीर : आदिवासी अंचलों में आवर्ती चराई केंद्रों से ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक सशक्तिकरण का मिला मार्ग

No comments Document Thumbnail

दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ राज्य में कृषि, अधिकांश क्षेत्रों में लोगों के लिए आजीविका का महत्वपूर्ण स्त्रोत है। बदलते समय के साथ व्यावसायिक विकल्प होने पर भी आज कई लोग पीढ़ी दर पीढ़ी अपनी आय के लिए खेती पर ही निर्भर है। इसी को देखते हुए मुख्यमंत्री ने किसानों और ग्रामीणों की आय में बढ़ोतरी के लिए विभिन्न योजनाओं को शुरू किया है। इन्ही योजनाओं में से एक है आवर्ती चराई योजना। इस योजना में वन विभाग  द्वारा गौठान के माध्यम से गांव के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को रोजगार से जोड़ा जा रहा है। अब पशुपालक, ग्रामीण महिलाओं को अब जमीनी स्तर में लाभ मिलना शुरू हो गया है।



इसी तरह जिले में भी छत्तीसगढ़ सरकार की आवर्ती चराई योजना के कार्यक्रम अंतर्गत गौठान में पशुधन के संरक्षण और संवर्धन के कार्य किये जा रहे है। वन विभाग के द्वारा जिले में कुल 30 आवर्ती चराई केन्द्र संचालित है। जहाँ  गोधन न्याय योजना के अंतर्गत गोबर क्रय किया जा रहा है। साथ ही गोबर से वर्मी कंपोस्ट खाद का निर्माण भी किया जा रहा है। दंतेवाड़ा विकासखण्ड अंतर्गत कुम्हाररास ग्राम पंचायत में आवर्ती चराई केन्द्र संचालित है। वहां कार्यरत सरस्वती महिला स्व सहायता समूह की दीदियां बताती हैं कि उनके द्वारा गौठानों में संचालित आयमूलक गतिविधियों से अच्छी राशि अर्जित कर रही है।

इस समूह में 13 से 15 दीदियां काम कर रही हैं। वे बताती हैं कि अब वर्मी कंपोस्ट का उत्पादन कर 65 से 70 हज़ार रुपए का आय अर्जित कर चुकी है। साथ ही निर्मित खाद से ही गौठान में सब्जी का उत्पादन कर 7 से 10 हज़ार रुपए का लाभ ले चुकी है। आवर्ती चराई केंद्रों में अन्य गतिविधियां कर दीदियां आय प्राप्त कर रही है। आवर्ती चराई केन्द्र के अतंर्गत पशुओं के लिए चारा ,पानी  उपलब्ध कराया जा रहा है साथ ही छायादार आश्रय निर्मित किया गया है। फलस्वरूप यहां के पशुपालकों और महिलाओं को सीधा लाभ मिल रहा है। गांव के पशुपालक अपने मवेशियों को चराई केंद्र में लाते हैं, जिससे वे निश्चिंत होकर कृषि कार्यों में अपना समय लगा पाते हैं। स्वसहायता समूह की महिलाएं एकता और आत्मविश्वास से स्वावलंबन के दिशा में बढ़ते हुए उन्नति की ओर अग्रसर हो रही हैं साथ ही क्षेत्र के ग्रामीणों को रोजगार के नए साधन उपलब्ध होने से आर्थिक विकास में उन्नति भी सुनिश्चित हुई है।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.