Media24Media.com: आयुष्मान भारत

Responsive Ad Slot


 

Showing posts with label आयुष्मान भारत. Show all posts
Showing posts with label आयुष्मान भारत. Show all posts

शहीद वीर नारायण सिंह आयुष्मान स्वास्थ्य योजना में निजी अस्पतालों द्वारा लापरवाही का मामला, कई अस्पतालों का योजना के अंतर्गत किया गया पंजीयन निरस्त

No comments Document Thumbnail

रायपुर। राज्य नोडल एजेंसी छत्तीसगढ़ द्वारा आयुष्मान भारत जन आरोग्य योजना शहीद वीर नारायण सिंह आयुष्मान स्वास्थ्य योजनांतर्गत नियम विरूद्ध कार्य करने वाले अस्पतालों पर नियमित रूप से कार्यवाही की जा रही है। राज्य नोडल एजेंसी को अस्पतालों के विरूद्ध अनावश्यक पैकेज ब्लॉक करने, अनावश्यक आई.पी.डी. एवं आई.सी.यू. के पैकेज ब्लॉक करने, योजनांतर्गत लाभ देने से मना करने, अतिरिक्त नगद राशि लिए जाने इत्यादि की शिकायतें प्राप्त हुई थीं। जिसके कारण अस्पतालों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। अस्पतालों द्वारा दिए गए स्पष्टीकरण संतोषजनक नही होने अथवा स्पष्टीकरण प्राप्त नहीं होने वाले अस्पतालों पर कार्यवाही की गई है।

इसके अंतर्गत बाबूजी केयर हॉस्पिटल रायपुर एवं समता हॉस्पिटल डोण्डी लोहारा बालोद द्वारा अनावश्यक रूप से पैकेज ब्लॉक करने व उच्चाधिकारियों के आदेश पर कोई प्रतिक्रिया नहीं देने के कारण इनका योजनांतर्गत पंजीयन निरस्त कर दिया गया है। जय अम्बे मल्टी स्पेशिलिटी हॉस्पिटल रायपुर द्वारा गलत तरीके से आई.सी.यू. के पैकेज ब्लॉक करने के कारण जारी स्पष्टीकरण का जवाब संतोषजनक नहीं होने पर राशि 31 लाख 32  हजार रूपए का जुर्माना लगाया गया एवं तीन माह के लिए अस्पताल को योजना से निलंबित किया गया है।

 

बीपीएल और एपीएल राशन कार्डधारी अब घर पर ही बना सकेंगे अपना निःशुल्क आयुष्मान कार्ड

No comments Document Thumbnail

बेमेतरा। आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजनान्तर्गत बीपीएल और एपीएल राशन कार्डधारी अब स्वयं घर पर ही अपना आयुष्मान कार्ड निःशुल्क बना सकेंगे। इसके लिए उन्हें नजदीकी च्वाइस सेंटर या संबंधित अस्पताल या दफ्तर का चक्कर नही लगाना पड़ेगा। इस हेतु स्वास्थ्य विभाग की ओर से एक पोर्टल (https://beneficiary.nha.gov.in/) व मोबाइल एप्प  Ayushman App लॉन्च किया गया है अब उस पोर्टल व एप्प के माध्यम से सीधे हितग्राही खुद पंजीयन कर सकते है और अपने व अपने परिवार के सदस्यों का स्वयं आयुष्मान कार्ड बना सकते हैं। इसके लिये आवश्यक दस्तावेज राशनकार्ड व आधार कार्ड होना जरूरी है।
               

सर्वप्रथम अपने एंड्रॉयड मोबाइल के प्ले स्टोर से आयुष्मान एप व आधार फेस रीड (आरडी) एप डाउनलोड करना है। इसके बाद की प्रक्रिया निम्न बिंदुओं पर आधारित है। शुरुआत में आयुष्मान ऐप में लॉगिन पर जाएं बेनिफिसरी विकल्प चुनें, अपना रजिस्टर्ड मोबाइल नम्बर दर्ज करें एवं ओटीपी डालकर लॉगिन करें। इसके बाद स्टेट-छत्तीसगढ़, स्कीम-राशन कार्ड विकल्प का चयन करें, फिर सर्च बाई-फैमिली आईडी, डिस्ट्रिक्ट अपना जिला चुनें। फैमिली आईडी- राशन कार्ड नम्बर दर्ज कर सर्च करें। इसके पश्चात परिवार के सभी सदस्यों की जानकारी प्रदर्शित होगी। जिन सदस्यों का नाम हरे रंग में होगा उनका आयुष्मान कार्ड बन चुका है उसे स्वयं डाउनलोड कर सकते हैं एवं जिन सदस्यों का नाम नारंगी रंग में होगा उनका कार्ड बनाना होगा।

उनके नाम के सामने ’डू-ईकेवायसी’ विकल्प प्रदर्शित होगा, तो ’डू-ईकेवायसी’ विकल्प का चयन करें, आगे आधार एथेंटिकेशन-सत्यापन हेतु 4 विकल्प प्रदर्शित होंगे। आधार ओटीपी या फिंगर प्रिंट या ईरीस स्केन या फेस एथेंटिकेशन। यदि आधार कार्ड से मोबाइल नम्बर लिंक है तो आधार ओटीपी विकल्प का चयन करें और यदि आधार से मोबाइल नम्बर लिंक नहीं है तो फेस एथेंटिकेशन विकल्प का चयन करें। यदि आपके पास फिंगरप्रिंट बायोमेट्रिक डिवाइस उपलब्ध है तो फिंगर प्रिंट विकल्प का चयन कर आधार एथेंटिकेशन पूर्ण करें। अब कैप्चर फोटो विकल्प पर जाकर अपना पासपोर्ट- क्लोज अप जिसमें चेहरा सीधा दिख रहा हो, को फोटो खींचना होगा। फिर पता व मोबाइल नम्बर की जानकारी भरकर सबमिट बटन पर क्लिक करें।

इस प्रकार सबमिट करते ही आपका केवाईसी पूर्ण हो जाएगा। इस प्रकार केवाईसी आटो स्वीकृत भी हो सकता है। आटो स्वीकृत होने पर कार्ड डाउनलोड करें। आटो स्वीकृत नहीं होने पर अप्रूवल होने की प्रतीक्षा करें, अप्रूवल हो जाने के बाद अपना आयुष्मान कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। जिले के स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने इस संबंध में जानकारी दी है। लोगों के लिए यह राहत भरी खबर है कि अब उन्हें च्वाइस सेंटर व निकाय दफ्तरों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं है, नए आयुष्मान कार्ड बनाने तथा ई.के. वाई.सी. अपडेशन के कार्य घर बैठे निःशुल्क किया जा सकता है।

शासकीय योजनाओं के तहत इलाज के लिए अस्पतालों के इम्पैनलमेंट का बदलेगा मापदंड

No comments Document Thumbnail

रायपुर। आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना डॉ. खूबचंद बघेल स्वास्थ्य सहायता योजना और मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के अंतर्गत अस्पतालों के इम्पैनलमेंट की पात्रता में बदलाव किया जाएगा। इन शासकीय योजनाओं के तहत इलाज के लिए रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर शहर में न्यूनतम 50 बिस्तर वाले दो वर्ष पुराने अस्पताल अनुबंध के लिए पात्र होंगे।

प्रदेश के गैर-अधिसूचित विकासखंडों में न्यूनतम 30 बिस्तर और एक वर्ष पुराना तथा अधिसूचित विकासखंडों में कम से कम छह माह पुराने 15 बिस्तर वाले अस्पतालों को इम्पैनलमेंट की पात्रता होगी। सुपरस्पेशियालिटी अस्पतालों के इम्पैनलमेंट के लिए अलग से नए मापदंड तय किए जाएंगे। उप मुख्यमंत्री तथा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री टी.एस. सिंहदेव ने आज अपने निवास कार्यालय में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ स्वास्थ्य विभाग, चिकित्सा शिक्षा विभाग, स्टेट नोडल एजेंसी और सीजीएमएससी के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने बैठक में मौजूद वरिष्ठ विभागीय अधिकारियों के साथ वर्तमान व्यवस्था की समीक्षा कर इसके निर्देश दिए।

बैठक में शासकीय योजनाओं के तहत इलाज की सुचारू व्यवस्था, गुणवत्तापूर्ण इलाज सुनिश्चित करने तथा उपचार के क्लेम के अस्पतालों को भुगतान में तेजी लाने मरीजों और डॉक्टरों के लिए जीपीएसयुक्त बायोमीट्रिक सिस्टम लागू करने का निर्णय लिया गया। आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना डॉ. खूबचंद बघेल स्वास्थ्य सहायता योजना के अंतर्गत उपचार के लिए प्रदेश भर में अभी 1567 अस्पताल अनुबंधित हैं। इनमें 549 निजी क्षेत्र के और 1018 शासकीय अस्पताल हैं। स्वास्थ्य विभाग की अपर मुख्य सचिव श्रीमती रेणु जी. पिल्लै और चिकित्सा शिक्षा विभाग के सचिव श्री पी. दयानंद भी समीक्षा बैठक में शामिल हुए।

उप मुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव ने बैठक में शासकीय योजनाओं के अंतर्गत अनुबंधित अस्पतालों द्वारा मरीजों के इलाज से मना करने या निर्धारित पैकेजों के अनुरूप उपचार नहीं करने पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने इस तरह की शिकायतों पर त्वरित कार्यवाही के निर्देश दिए। उप मुख्यमंत्री ने आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना डॉ. खूबचंद बघेल स्वास्थ्य सहायता योजना और मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के अंतर्गत अस्पतालों में विभिन्न बीमारियों के इलाज के लिए निर्धारित पैकेजों की विशेषज्ञ चिकित्सकों की समिति द्वारा समीक्षा कराने को कहा।

उन्होंने समिति की रिपोर्ट के आधार पर सुपरस्पेशियालिटी अस्पतालों की अनुबंध के लिए पात्रता, शासकीय अस्पतालों के लिए आरक्षित पैकेजों के पुनर्निर्धारण तथा अनुबंधित निजी व शासकीय अस्पतालों में विभिन्न बीमारियों के उपचार के लिए पैकेज की दर का युक्तियुक्तकरण करने को कहा। उन्होंने स्टेट नोडल एजेंसी के अधिकारियों को शासकीय योजनाओं के अंतर्गत निजी व शासकीय अस्पतालों द्वारा किए जा रहे इलाज, क्लेम प्रकरणों, अनुबंध के लिए अस्पतालों की पात्रता और पैकेज की दर की हर छह महीने में समीक्षा करने के भी निर्देश दिए।

 सिंहदेव ने स्टेट नोडल एजेसी को अस्पतालों को इलाज की क्लेम राशि के भुगतान की थर्ड पार्टी ऑडिट के लिए एजेंसी तय करने दोबारा निविदा जारी करने को कहा। उन्होंने एजेंसी तय होने तक स्वास्थ्य विभाग के डॉक्टरों के माध्यम से इसकी नियमित ऑडिट की व्यवस्था करने को कहा। उन्होंने मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के तहत उपचार के लिए राशि की स्वीकृति प्रक्रिया में तेजी लाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने इसके लिए गठित विभिन्न समितियों को रोज प्राथमिकता से काम करने को कहा।

उप मुख्यमंत्री सिंहदेव ने बैठक में शासकीय मेडिकल कॉलेजों में मेडिकल उपकरणों की खरीदी, उनकी स्थापना और निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने मेडिकल कॉलेजों के लिए उपकरणों और मशीनों के मानक व स्पेशिफिकेशन तय कर इसके अनुसार ही खरीदी करने को कहा। सिंहदेव ने जिला अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में भी मशीनों की स्थापना और निर्माण कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने सीजीएमएससी को इन कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। सिंहदेव ने सभी जिला चिकित्सालयों में सिटी स्कैन की सुविधा सुनिश्चित करने को कहा।

स्वास्थ्य सेवाओं के संचालक एवं स्टेट नोडल एजेंसी के सीईओ जयप्रकाश मौर्य, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के संचालक भोसकर विलास संदिपान, सीजीएमएससी के प्रबंध संचालक चंद्रकांत वर्मा, डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति चिकित्सालय के अधीक्षक डॉ. एस.बी.एस. नेताम, स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त संचालक डॉ. एस.के. पामभोई और उप संचालक डॉ. के.आर. सोनवानी सहित स्वास्थ्य विभाग, स्टेट नोडल एजेंसी एवं सीजीएमएसी के अधिकारी तथा पंडित जवाहर लाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय के प्राध्यापक भी बैठक में मौजूद थे।

आयुष्मान कार्ड पंजीयन में उत्कृष्ट कार्य करने पर कांकेर जिला पुरस्कृत

No comments Document Thumbnail

उत्तर बस्तर कांकेर। आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना डा खूबचंद बघेल स्वास्थ्य सहायता योजना अंतर्गत कांकेर जिले में आयुष्मान कार्ड पंजीयन कार्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए कांकेर जिले को पुरस्कृत किया गया है। राजधानी रायपुर में आयोजित कार्यक्रम में आज प्रदेश के  स्वास्थ्य  एवं  परिवार कल्याण मंत्री टी.एस. सिंहदेव द्वारा कांकेर जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खरे एवं जिला परियोजना समन्वयक आयुष्मान भारत कांकेर सनत पटेल को आज मोमेन्टों एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

उल्लेखनीय है कि आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना डॉ. खूबचंद बघेल स्वास्थ्य सहायता योजनांतर्गत कांकेर जिले में 7,36,886 हितग्राहियों का आयुष्मान कार्ड पंजीयन किया जाना है, जिसके विरूद्ध 6,32,540 हितग्राहियों का आयुष्मान कार्ड पंजीयन किया जा चुका है, जो लक्ष्य का 86.09 प्रतिशत तथा छत्तीसगढ़ राज्य में सर्वाधिक है। आयुष्मान कार्ड पंजीयन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर कांकेर जिले को आज राज्य स्तरीय कार्यक्रम में पुरूस्कृत किया गया। जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खरे और जिला परियोजना समन्वयक आयुष्मान भारत कांकेर सनत पटेल ने यह पुरस्कार प्राप्त किया। 

कलेक्टर डॉ. प्रियंका शुक्ला ने उन्हें अपनी बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित अन्य योजनाओं में भी बेहतर प्रदर्शन किया जावे। गौरतलब है कि आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना डॉ. खूबचंद बघेल स्वास्थ्य सहायता योजनांतर्गत सामाजिक, आर्थिक एवं जातीय जनगणना  (SECC)-2011  की चयनित श्रेणियों में सूचीबद्ध परिवारों तथा डॉ. खूबचंद बघेल स्वास्थ्य योजना अंतर्गत अन्त्योदय एवं प्राथमिकता राशन कार्डधारी परिवारों को 05 लाख रुपये तक एवं शेष ए.पी.एल. परिवारों को 50 हजार रूपये तक की निःशुल्क स्वास्थ्य सहायता प्रदान किए जाने का प्रावधान है। इस योजनांतर्गत कांकेर जिले में अब तक 6,32,540 हितग्राहियों का आयुष्मान कार्ड पंजीयन किया जा चुका है।

विकासखंड चारामा में 99,962 हितग्राही, नरहरपुर में 97,811 हितग्राही, कांकेर विकासखण्ड में 1,03,781 हितग्राही, भानुप्रतापपुर में 80,576 हितग्राही, कोयलीबेड़ा में 1,41,389 हितग्राही, दुर्गूकोंदल में 51,673 एवं अंतागढ़ विकासखण्ड में 57,348 हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड बनाये जा चुके हैं तथा पंजीयन के कार्य जारी है। जिले में पंजीयन से छूटे हुये पात्र हितग्राहियों का आयुष्मान कार्ड पंजीयन के लिए आपके द्वार आयुष्मान अभियान एवं आयुष्मान भारत पखवाड़ा जैसे कार्यक्रमों का आयोजन कर आयुष्मान कार्ड पंजीयन किये जा रहे हैं। आयुष्मान कार्ड बनाने हेतु शिविर स्थल एवं तिथि की जानकारी के लिए मितानिन, स्वास्थ्य कार्यकर्ता, रोजगार सहायक, ग्राम पंचायत सचिव के माध्यम से प्रचार प्रसार किया जा रहा है, इसके साथ ही बैनर पोस्टर लगाये गये हैं। नगरीय क्षेत्रों में वाहनों के माध्यम से माकिंग कराया जा रहा है और ग्रामीण क्षेत्रों में कोटवारों के माध्यम से मुनादी कराई जा रही है।

पंजीकृत अस्पतालों में 5536.68 लाख रुपये से 78 हजार 165 मरीजों का निःशुल्क उपचार

आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना डॉ. खूबचंद बघेल स्वास्थ्य सहायता योजनांतर्गत पंजीकृत 45 अस्पतालों जिसमें 36 शासकीय अस्पताल एवं 09 निजी अस्पतालों द्वारा वर्ष 2020-21 से 2022-23 तक 78 हजार 165 मरीजों को 5536.68 लाख रूपये से निःशुल्क उपचार कर लाभान्वित किया गया है। वर्ष 2020-21 में 18177 मरीजों को  1214.79 लाख रुपये, वर्ष 2021-22 में 26,052 मरीजों को 1828.56 लाख रुपये तथा वर्ष 2022-23 में 33,936 मरीजों को 2493.33 लाख रुपये तक निःशुल्क उपचार की सुविधा प्रदान किया गया है।

Ayushman Bharat Yojna 2 : मध्य आय वाले लोगों को मिलेगा एक और उपहार, मोदी सरकार कर रही आयुष्मान भारत-2 लाने की तैयारी

No comments Document Thumbnail

Ayushman Bharat Yojna 2 : आम चुनाव से पहले केंद्र सरकार एक बड़ी प्लानिंग कर रही हैं। केंद्र सरकार देश में आयुष्मान भारत-2 की तैयारी कर रही है। इसके तहत 40 करोड़ नए मध्य आय वाले लोगों को स्वास्थ्य बीमा देने की योजना है। नीति आयोग और स्वास्थ्य मंत्रालय जनसंख्या के इस वर्ग को स्वास्थ्य कवर प्रदान करने के लिए प्रस्तावित योजना की रूपरेखा पर काम कर रहे हैं।


अधिकारी ने बताया कि योजना लागू करने में सरकार कई विकल्पों की जांच कर रही है। वित्तीय बोझ के साथ, सरकार योजना को लागू करने की चुनौतियों पर भी विचार कर रही है। इस योजना के पहले चरण में 50 करोड़ लोगों को कवर किया गया था। इस तरह से दोनों चरणों में कुल 90 करोड़ लोगों तक इसे पहुंचाने की कोशिश हो रही है जो देश की कुल आबादी का 75 फीसदी हिस्सा होगा। इस योजना के तहत शामिल व्यक्तियों से आंशिक योगदान या टॉप-अप प्राप्त करने के विकल्प भी सरकार तलाश रही है।

2018 में हुई आयुष्मान भारत की शुरुआत

निजी कंपनियां इस सेगमेंट को पूरा करने के लिए एक नया समर्पित उत्पाद विकसित करने को तैयार हैं, बशर्ते सरकार उन्हें इसे व्यवहार्य बनाने के लिए उच्च मात्रा में कवरेज का आश्वासन दे। इसके लिए नीति आयोग पहले ही बीमा कंपनियों के साथ कई दौर की बातचीत कर चुका है और इससे संबंधित मसौदा नीति जल्द ही विचार के लिए आ सकती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2018 में आयुष्मान भारत की शुरुआत की थी। यह योजना पूरी तरह से सरकार द्वारा वित्त पोषित है।

इलाज के लिए मरीजों से अतिरिक्त राशि लेने और ऑडिट में गड़बड़ी पाए जाने पर पांच अस्पतालों के विरूद्ध कार्रवाई

No comments Document Thumbnail

रायपुर। आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना डॉ. खूबचंद बघेल स्वास्थ्य सहायता योजना के अंतर्गत पंजीकृत अस्पतालों का ऑनलाइन सिस्टम के माध्यम से उपचार लेने वाले मरीजों का ऑडिट किया जाता है। ऑडिट के दौरान विगत दिनों कुछ अनुबंधित निजी अस्पतालों में गड़बड़ियां पाई गई थीं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा रायपुर और बिलासपुर के ऐसे पांच अस्पतालों के खिलाफ निलंबन एवं अर्थदण्ड की कार्रवाई की गई है।

संचालक, स्वास्थ्य सेवाएं-सह-मुख्य कार्यपालन अधिकारी आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना डॉ. खूबचंद बघेल स्वास्थ्य सहायता योजना राज्य नोडल एजेंसी, रायपुर के द्वारा ऑडिट में गड़बड़ी पाए जाने वाले अस्पतालों पर कार्रवाई के आदेश जारी किए गए हैं। नवापारा रायपुर के अंजलि नर्सिंग होम, माहेर हॉस्पिटल व शाह नर्सिंग होम, बिलासपुर के श्रीबालाजी हॉस्पिटल और रायपुर के रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल के विरूद्ध कार्रवाई की गई है।

स्वास्थ्य विभाग ने बिलासपुर के श्रीबालाजी हॉस्पिटल को एक साल के लिए निलंबित किया है। नवापारा रायपुर के अंजलि नर्सिंग होम के खिलाफ तीन लाख रूपए के अर्थदण्ड व एक साल के निलंबन, माहेर हॉस्पिटल के खिलाफ पांच लाख रूपए के अर्थदण्ड व एक साल के निलंबन तथा शाह नर्सिंग होम के खिलाफ तीन लाख रूपए के अर्थदण्ड व एक साल के निलंबन की कार्रवाई की गई है। रायपुर के रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल में आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना डॉ. खूबचंद बघेल स्वास्थ्य सहायता योजना के अंतर्गत उपचारित मरीजों से अतिरिक्त राशि लिए जाने के मामले में छह लाख 16 हजार 834 रूपए का अर्थदण्ड लगाया गया है। साथ ही इतनी ही राशि संबंधित मरीजों को वापस दिलाया गया है।

टोल-फ्री नंबर पर कर सकते हैं शिकायत

आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना डॉ. खूबचंद बघेल स्वास्थ्य सहायता योजना के अंतर्गत पंजीकृत अस्पतालों में इलाज में किसी भी तरह की दिक्कत होने पर मरीज या उसके परिजन सीधे टोल-फ्री नंबर 104 या 14555 में शिकायत कर सकते हैं। शिकायत के आधार पर त्वरित कार्यवाही की जाती है। साथ ही उपचारित मरीजों का ऑनलाइन सॉफ्टवेयर में उपलब्ध डेटा का ऑडिट भी लगातार संबंधित चिकित्सकों के द्वारा किया जाता है। गड़बड़ी पाए जाने पर राज्य नोडल एजेंसी द्वारा समय-समय पर कार्यवाही की जाती है ताकि मरीजों को निःशुल्क व समुचित उपचार मिल सके।

एक साथ-एक समय पर प्रदेश के सभी जिलों में होगी सायकल रैली

No comments Document Thumbnail

रायपुर। आयुष्मान पखवाड़े के अंतर्गत 02 अक्टूबर गांधी जयंती के अवसर पर राज्य के सभी जिलों में प्रातः 10 बजे भव्य सायकल रैली निकाली जाएगी। आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, डॉ. खूबचंद बघेल स्वास्थ्य सहायता योजना व मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना की जानकारी आम जनमानस तक पहुंचाने तथा आयुष्मान कार्ड पंजीयन के लिए लोगों को प्रेरित करने के उद्देश्य से आयोजित इस सायकल रैली में उच्चतर माध्यमिक शालाओं के विद्यार्थी भाग लेंगे।



राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्राधिकरण के निर्देशों के अनुसार देश के सभी राज्यों में आयुष्मान पखवाड़े का आयोजन किया जा रहा है। इसी तारतम्य में छत्तीसगढ़ में 23 सितम्बर से 07 अक्टूबर तक आयुष्मान पखवाड़े के दौरान विविध आयोजन किये जा रहे हैं। 02 अक्टूबर को राज्य के सभी जिलों में योजना की जागरूकता को लेकर सायकल रैली आयोजित है। स्कूली छात्र-छात्राओं की सहभागिता से आयोजित होने वाली सायकल रैली को लेकर सभी जिलों में तैयारियां पूरी हो गई है।

सायकल रैली को लेकर छात्र-छत्राओं में जबरदस्त उत्साह है। जिला प्रशासन भी इस आयोजन में बढ़-चढ़कर अपनी भूमिका निभा रहा है। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल एवं स्वास्थ्य मंत्री टी.एस. सिंहदेव के मार्गदर्शन में राज्य में बीते पौने चार सालों में स्वास्थ्य सुविधाओं का सुदृढ़ करने के साथ ही मुख्यमंत्री हाट बाजार क्लिनिक, दाई-दीदी क्लिनिक, मुख्यमंत्री स्लम स्वास्थ्य जैसी अभिनव योजनाओं के माध्यम से स्वास्थ्य सुविधाओं को आमजन तक सहजता से पहुंचाने को लेकर उल्लेखनीय कार्य हुए है। 

मलेरिया मुक्त बस्तर के बाद मलेरिया मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान के चलते वनांचल में मलेरिया से मौत के आंकड़े में बेहद कमी आयी है। कुपोषण और एनीमिया के चक्र से बच्चों और महिलाओं बाहर निकालने में मदद मिली है। यही वजह है कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ राष्ट्रीय स्तर पर लगातार अपनी मजबूत स्थिति दर्ज करा रहा है। छत्तीसगढ़ राज्य को बीते वर्ष राष्ट्रीय स्तर के चार पुरस्कार एवं अभी हाल ही में 26 सितम्बर 2022 को राष्ट्रीय स्तर के दो पुरस्कार मिले हैं। 

उल्लेखनीय है कि आयुष्मान कार्ड के पंजीयन की महत्ता के बारे में लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से बीते 23 सितंबर को स्वास्थ्य मंत्री टी.एस. सिंहदेव के मार्गदर्शन में अंबिकापुर में स्कूली छात्र-छात्राओं की सायकल रैली का आयोजन किया था। इस दौरान आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना डॉ. खूबचंद बघेल स्वास्थ्य सहायता योजना व मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना से उपचार लाभ लेने के लिये आयुष्मान कार्ड पंजीयन की अनिवार्यता के लिये जागरूकता लाने व उत्साहवर्धन के लिये आयोजन में शामिल हुये।

 आयुष्मान पखवाड़े के परिप्रेक्ष्य में 23 सिंतबर से लेकर 7 अक्टूबर तक सभी जिलों में ब्लॉक स्तरीय हेल्थ कैम्प आयोजित किये जा रहे है। कैम्प में आने वाले लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण करने के साथ ही उनका आयुष्मान कार्ड पंजीयन किया जा रहा है। स्वास्थ्य परीक्षण में किसी तरह की बीमारी सामने आने पर योजना के माध्यम से मरीजों को निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। गंभीर बीमारी होने की स्थिति में उच्च चिकित्सा संस्थानों में मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के माध्यम से भी निःशुल्क उपचार की व्यवस्था की गई है।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.