Media24Media.com: आयुर्वेद महाविद्यालय

Responsive Ad Slot


 

Showing posts with label आयुर्वेद महाविद्यालय. Show all posts
Showing posts with label आयुर्वेद महाविद्यालय. Show all posts

आयुर्वेद महाविद्यालय चिकित्सालय में 2046 बच्चों का स्वर्णप्राशन

No comments Document Thumbnail

रायपुर। बच्चों के व्याधिक्षमत्व, पाचन शक्ति, स्मरण शक्ति, शारीरिक शक्तिवर्धन एवं रोगों से बचाव के लिए शासकीय आयुर्वेद महाविद्यालय चिकित्सालय, रायपुर में आज 2046 बच्चों को स्वर्णप्राशन कराया गया। विभिन्न रोगों से रोकथाम और इम्युनिटी बढ़ाने 560 बच्चों को पांच दवाईयों से बने बाल रक्षा किट का भी वितरण किया गया। स्वर्णप्राशन के साथ ही डॉ. लवकेश चंद्रवंशी ने बच्चों के स्वास्थ्य का परीक्षण भी किया।

आयुर्वेद महाविद्यालय चिकित्सालय के कौमारभृत्य विभाग द्वारा हर पुष्य नक्षत्र तिथि में शून्य से 16 वर्ष के बच्चों को स्वर्णप्राशन कराया जाता है। शासकीय आयुर्वेद महाविद्यालय चिकित्सालय परिसर में आयुष विभाग की संचालक सुश्री इफ्फत आरा, प्राचार्य प्रो. डॉ. जी.आर. चतुर्वेदी, चिकित्सालय अधीक्षक प्रो. डॉ. प्रवीण कुमार जोशी और कौमारभृत्य विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. नीरज अग्रवाल के निर्देशन में स्वर्णप्राशन कराया गया।

स्वर्णप्राशन समन्वयक डॉ. लवकेश चन्द्रवंशी ने बताया कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए यह काफी लाभदायक है। महाविद्यालय के कौमारभृत्य विभाग की व्याख्याता डॉ. सत्यवती राठिया तथा स्नातकोत्तर एवं स्नातक छात्र-छात्राएं हर महीने स्वर्णप्राशन में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। आयुर्वेद महाविद्यालय चिकित्सालय द्वारा इस वर्ष की अन्य पुष्य नक्षत्र तिथियों 25 जनवरी को 1235, 21 फरवरी को 1420, 18 मार्च को 1720, 16 अप्रैल को 1410, 13 मई को 1256, 10 जून को 1802, 8 जुलाई को 1342, 3 अगस्त को 1370 और 30 अगस्त को 1660 बच्चों को स्वर्णप्राशन कराया गया था।

एनएबीएच प्रमाणीकरण के लिए आयुर्वेद महाविद्यालयों और संबद्ध संस्थाओं के अधिकारियों एवं डॉक्टरों का प्रशिक्षण

No comments Document Thumbnail

रायपुर। राज्य शासन के आयुष संचालनालय द्वारा शासकीय आयुर्वेद महाविद्यालय रायपुर एवं बिलासपुर से संबद्ध अस्पतालों को एन‌एबीएच (National Accreditation Board for Hospitals & Healthcare Providers) प्रमाणीकरण के लिए वहां के शिक्षकों, चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल स्टाफ को प्रशिक्षित करने के लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम छत्तीसगढ़ प्रशासनिक अकादमी निमोरा में आयोजित किया गया है।

आयुष विभाग की संचालक सुश्री नम्रता गांधी ने बताया कि केन्द्रीय आयुष मंत्रालय के निर्देशानुसार देश के आयुर्वेद कॉलेजों के अस्पतालों को एन‌एबीएच सर्टिफाइड होना आवश्यक है ताकि जनसामान्य को गुणवत्तापूर्ण सुगम चिकित्सा सेवा प्राप्त हो सके। साथ ही महाविद्यालय के छात्रों को भी उच्च स्तरीय चिकित्सकीय शिक्षण और प्रशिक्षण मिल सके। आयुर्वेद महाविद्यालय रायपुर और बिलासपुर तथा संबद्ध संस्थाओं के अधिकारियों और डॉक्टरों को न‌ई दिल्ली के विशेषज्ञ एवं परामर्शदाता डॉ. अनूप निगवेकर एवं डॉ. किरण पंडित प्रशिक्षण दे रहे हैं। शासकीय आयुर्वेद कॉलेज रायपुर के प्राचार्य डॉ. जी.आर. चतुर्वेदी एवं बिलासपुर के प्राचार्य डॉ. आर.पी. गुप्ता, आयुष विभाग के संयुक्त संचालक डॉ. सुनील दास और राष्ट्रीय आयुष मिशन के डाॅ. मुकुंद अग्रवाल सहित 54 विषय विभागाध्यक्ष, शिक्षक एवं चिकित्सक भाग ले रहे हैं।

तीन दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान विभिन्न सत्रों में प्रशिक्षार्थियों को अस्पताल प्रबंधन में शामिल विषयों जैसे ओपीडी व आईपीडी में मरीजों की देखभाल, परामर्श, इमरजेंसी सर्विसेज, नर्सिंग केयर, औषधि वितरण, नैदानिक व्यवस्था, दस्तावेजीकरण, स्वच्छता, सूचना, अग्निशमन, बायोमेडिकल वेस्ट निष्पादन इत्यादि के बारे में जानकारी दी जाएगी जो जनसामान्य और छात्रों के लिए उपयोगी होगा।उल्लेखनीय है कि शासकीय आयुर्वेद कॉलेज रायपुर में 165 बिस्तर क्षमता वाला अस्पताल संचालित है जिसमें 10 ओपीडी, फिजियोथेरेपी, जेरिएट्रिक क्लिनिक आदि की सुविधाएं हैं। अस्पताल के एन‌एबीएच सर्टिफाइड होने से शहर के साथ राज्य के लोगों को स्तरीय आयुर्वेद चिकित्सा मिल सकेगी। वहीं इससे संस्था की शैक्षणिक और शोध गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। 

रायपुर आयुर्वेद कॉलेज में शुरू होगा पंचकर्म सहायक प्रशिक्षण पाठ्यक्रम

No comments Document Thumbnail

रायपुर। उप मुख्यमंत्री तथा चिकित्सा शिक्षा मंत्री टी.एस. सिंहदेव की अध्यक्षता में आज शासकीय आयुर्वेद महाविद्यालय रायपुर एवं बिलासपुर की स्वशासी साधारण सभा एवं कार्यकारणी समिति की बैठक हुई। रायपुर के नवीन विश्राम भवन में आयोजित बैठक में दोनों महाविद्यालयों के कार्यकारिणी समिति द्वारा पूर्व में पारित सभी निर्णयों का अनुमोदन किया गया। 

बैठक में शासकीय आयुर्वेद महाविद्यालय रायपुर में पांच क्लास-रूम को स्मार्ट क्लास-रूम के रूप में उन्नयन के लिए 25 लाख रुपए की स्वीकृति प्रदान की गई। शासकीय और निजी आयुर्वेद चिकित्सालयों में पंचकर्म सहायकों की मांग और युवाओं के रोजगार के दृष्टिगत रायपुर के आयुर्वेद कॉलेज में एक वर्षीय पंचकर्म सहायक प्रशिक्षण पाठ्यक्रम शुरू करने का निर्णय लिया गया।

बैठक में आयुर्वेद कॉलेज रायपुर और बिलासपुर के छात्रों के प्रशिक्षण और प्रायोगिक अध्ययन के लिए मेनिकेन (आधुनिक मॉडल) की खरीदी के लिए 53 लाख रुपए की स्वीकृति दी गई। महाविद्यालय और चिकित्सालय में निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए ट्रांसफार्मर व डीजल जेनरेटर सेट खरीदने तथा अग्नि शमन व्यवस्था के लिए स्वीकृति प्रदान की गई। आयुष विभाग एवं महाविद्यालय चिकित्सालय द्वारा संचालित स्वास्थ्य सुविधाओं और योजनाओं की जानकारी से जनसामान्य को अवगत कराने के लिए राजधानी के प्रमुख चौराहों पर एल‌ईडी बोर्ड किराए से लेने की स्वीकृति भी बैठक में प्रदान की गई।

उप मुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव ने आम जनता को आयुर्वेद महाविद्यालय चिकित्सालय में आयुर्वेद के साथ होमियोपैथी और यूनानी पद्धति से चिकित्सा परामर्श और उपचार सुलभ हो, इसके लिए इन चिकित्सालयों में होम्योपैथी और यूनानी चिकित्सा की भी ओपीडी शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने रायपुर आयुर्वेद कॉलेज में स्नातकोत्तर कन्या छात्रावास और सेमिनार हॉल के निर्माण लिए अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही करने को कहा। सिंहदेव ने आयुर्वेद और एलोपैथी के समन्वित प्रभावों पर अनुसंधान को प्रोत्साहित करने भी कहा। इससे मरीजों को दोनों पद्धतियों का ज्यादा से ज्यादा लाभ मिल सकेगा।

शासकीय आयुर्वेद महाविद्यालय रायपुर और बिलासपुर की स्वशासी साधारण सभा एवं कार्यकारणी समिति की बैठक में रायपुर के महापौर एजाज ढेबर, चिकित्सा शिक्षा विभाग की अपर मुख्य सचिव श्रीमती रेणु जी. पिल्लै, चिकित्सा शिक्षा विभाग के सचिव पी. दयानंद, आयुष विभाग की संचालक सुश्री नम्रता गांधी, रायपुर संभाग के आयुक्त डॉ. संजय अलंग, बिलासपुर संभाग के आयुक्त भीम सिंह, आयुष विभाग के संयुक्त संचालक डॉ. सुनील दास, शासकीय आयुर्वेद महाविद्यालय रायपुर के प्राचार्य डॉ. जी.आर. चतुर्वेदी, रजिस्ट्रार डॉ. संजय शुक्ला और शासकीय आयुर्वेद महाविद्यालय बिलासपुर के प्राचार्य डॉ. आर.पी. गुप्ता सहित दोनों समितियों के सदस्य एवं विभागीय अधिकारी मौजूद थे।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.