Media24Media.com: #WomenInCricket

Responsive Ad Slot


 

Showing posts with label #WomenInCricket. Show all posts
Showing posts with label #WomenInCricket. Show all posts

भारत की महिला क्रिकेट टीम ने रचा इतिहास, लॉर्ड्स में टेस्ट मैच जीतकर बनाया नया कीर्तिमान

No comments Document Thumbnail

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड में खेले गए एकमात्र टेस्ट मैच में इंग्लैंड को 270 रन से हराकर ऐतिहासिक जीत दर्ज करने पर भारतीय महिला क्रिकेट टीम को हार्दिक बधाई दी है।

'क्रिकेट के मक्का' कहे जाने वाले लॉर्ड्स में टेस्ट मैच जीतना किसी भी क्रिकेटर के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि होती है। भारतीय महिला टीम की यह शानदार जीत देश में महिला क्रिकेट के निरंतर विकास, खिलाड़ियों के अदम्य साहस, कौशल, दृढ़ संकल्प और उत्कृष्ट चरित्र का प्रमाण है।

यह ऐतिहासिक विजय भारतीय क्रिकेट के गौरवशाली इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ती है तथा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भारतीय महिला टीम की बढ़ती प्रतिष्ठा को और मजबूत करती है। साथ ही, यह उपलब्धि उन लाखों युवा लड़कियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी, जो भारत का प्रतिनिधित्व करने का सपना देखती हैं।

बीसीसीआई अध्यक्ष मिथुन मनहास ने कहा:

"यह भारतीय महिला क्रिकेट के इतिहास के सबसे गौरवपूर्ण क्षणों में से एक है। लॉर्ड्स में टेस्ट मैच जीतना अत्यंत विशेष उपलब्धि है और यह इस टीम के साहस, अनुशासन और आत्मविश्वास का परिचायक है। खिलाड़ियों ने इस चुनौती को शानदार ढंग से स्वीकार किया और पूरे देश को गौरवान्वित किया। मैं बीसीसीआई के पूर्व मानद सचिव एवं वर्तमान आईसीसी अध्यक्ष जय शाह के दूरदर्शी नेतृत्व और महिला क्रिकेट के विकास के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता की भी सराहना करता हूँ, जिसने ऐसी उपलब्धियों की मजबूत नींव रखी है। बीसीसीआई की ओर से मैं हरमनप्रीत कौर, सभी खिलाड़ियों, कोचों और सहयोगी स्टाफ को इस अविस्मरणीय उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई देता हूँ।"

बीसीसीआई के मानद सचिव देवजीत सैकिया ने कहा:

"यह ऐतिहासिक जीत महिला क्रिकेट में वर्षों से किए गए सतत निवेश और विश्वास का परिणाम है। बीसीसीआई ने मजबूत घरेलू ढाँचे, बेहतर अवसरों और पेशेवर सहयोग के माध्यम से महिला क्रिकेटरों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने की दिशा में लगातार कार्य किया है। मैं बीसीसीआई के पूर्व मानद सचिव एवं वर्तमान आईसीसी अध्यक्ष श्री जय शाह के दूरदर्शी नेतृत्व को भी श्रेय देना चाहता हूँ। उनके ऐतिहासिक निर्णय—केंद्रीय अनुबंधित महिला खिलाड़ियों के लिए समान वेतन, घरेलू महिला क्रिकेटरों की मैच फीस में वृद्धि तथा महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) की शुरुआत—ने भारत में महिला क्रिकेट की तस्वीर बदल दी है। लॉर्ड्स में मिली यह ऐतिहासिक जीत उन्हीं प्रयासों और सबसे बढ़कर खिलाड़ियों एवं सहयोगी स्टाफ की कड़ी मेहनत और समर्पण का परिणाम है।"

बीसीसीआई भारतीय महिला क्रिकेट टीम के सभी खिलाड़ियों, कोचों, सहयोगी स्टाफ और उनसे जुड़े प्रत्येक व्यक्ति को इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई देता है। यह जीत आने वाली पीढ़ियों की महिला क्रिकेटरों को प्रेरित करेगी तथा भारत में महिला क्रिकेट के विकास को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

इचकेला की बेटियों ने क्रिकेट में रचा इतिहास

No comments Document Thumbnail

मुख्यमंत्री साय ने किया सम्मानित, किट देकर बढ़ाया हौसला

रायपुर- सीमित संसाधनों के बीच बड़े सपने देखने वाली जशपुर जिले के इचकेला की बेटियों ने क्रिकेट के मैदान में ऐसा प्रदर्शन किया कि आज वे जिले ही नहीं, पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणा बन गई हैं। उनकी इसी उपलब्धि पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शनिवार को जशपुर नगर के मल्टीपरपज इंडोर बास्केटबॉल स्टेडियम में उनसे मुलाकात कर उन्हें क्रिकेट किट प्रदान की और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

ग्राम इचकेला के शासकीय प्री-मैट्रिक कन्या छात्रावास की 16 बालिका खिलाड़ियों ने क्रिकेट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिले को राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। मुख्यमंत्री ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि उनकी मेहनत, अनुशासन और लगन ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया है और वे आगे भी इसी तरह राज्य और देश का नाम रोशन करती रहें।

इचकेला एमसीसी एक क्रिकेट अकादमी के रूप में उभरकर सामने आई है, जहां से वर्तमान में 40 बालिकाएं नियमित रूप से क्रिकेट का प्रशिक्षण ले रही हैं। इनमें से 17 खिलाड़ी अंडर-17 और अंडर-19 वर्ग में राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में छत्तीसगढ़ टीम का प्रतिनिधित्व कर रही हैं और बोर्ड मैचों में लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रही हैं।

वर्ष 2025 में सरगुजा संभाग ने 25 वर्षों बाद राज्य स्तरीय अंडर-17 क्रिकेट प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक हासिल किया। इस ऐतिहासिक जीत में इचकेला एमसीसी की भूमिका निर्णायक रही। विजेता टीम के 11 खिलाड़ियों में से 9 खिलाड़ी इसी अकादमी की थीं। वहीं अंडर-19 वर्ग में भी सरगुजा संभाग ने रजत पदक जीता, जिसमें 11 में से 8 खिलाड़ी इचकेला एमसीसी से थीं। रायगढ़ में आयोजित वर्ष 2025 के इंटर-स्टेट क्रिकेट टूर्नामेंट में देशभर की टीमों के बीच इचकेला की बेटियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। अब तक इस समूह की 11 खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेकर जिले और राज्य का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। इन उपलब्धियों के पीछे कोच संतोष शंकर सोनी और पंडरी बाई का समर्पण और मार्गदर्शन प्रमुख रहा है।इचकेला की बेटियों की सफलता इस बात का सबूत है कि अगर मन में जुनून हो और सही मार्गदर्शन मिले तो संसाधनों की कमी भी सफलता के रास्ते में बाधा नहीं बनती।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.