Media24Media.com: #SkillTraining

Responsive Ad Slot


 

Showing posts with label #SkillTraining. Show all posts
Showing posts with label #SkillTraining. Show all posts

केंद्रीय जेल रायपुर के 70 बंदियों को मिला कौशल प्रशिक्षण का प्रमाण-पत्र

No comments Document Thumbnail

40 पुरुष बंदियों ने सीखी कंप्यूटर की बारीकियां, 30 महिला बंदियों को ब्यूटी पार्लर एवं हेयर ड्रेसिंग का प्रशिक्षण

निश्चय कार्यक्रम’ से बंदियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव, कौशल प्रशिक्षण से खुल रहे आत्मनिर्भरता के नए द्वार

रायपुर- छत्तीसगढ़ की जेलों में बंदियों के सुधार, पुनर्वास एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में संचालित ‘निश्चय कार्यक्रम’ के अंतर्गत शिक्षा और कौशल विकास को विशेष प्रोत्साहन दिया जा रहा है। इसी कड़ी में केंद्रीय जेल रायपुर में रविवार को आयोजित कार्यक्रम में कंप्यूटर शिक्षा एवं ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण करने वाले 70 बंदियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। यह पहल बंदियों को रिहाई के बाद सम्मानजनक आजीविका के अवसरों से जोड़ने और समाज की मुख्यधारा में पुनर्स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास है।

भारत सरकार के कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्रालय के जन शिक्षण संस्थान निदेशालय तथा जेल एवं सुधारात्मक सेवाएं, छत्तीसगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत 40 पुरुष बंदियों को ‘कोर्स ऑन कंप्यूटर कॉन्सेप्ट’ तथा 30 महिला बंदियों को ‘असिस्टेंट हेयर ड्रेसर (एडवांस)’ के अंतर्गत ब्यूटी पार्लर संबंधी प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

बंदियों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन का माध्यम बन रहा ‘निश्चय कार्यक्रम’ : जेल महानिदेशक गुप्ता

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जेल एवं सुधारात्मक सेवाएं, छत्तीसगढ़ के महानिदेशक हिमांशु गुप्ता ने प्रशिक्षण प्राप्त बंदियों को प्रमाण-पत्र प्रदान करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि जेलों में बंदियों को शिक्षा, प्रशिक्षण और कौशल विकास के अवसर उपलब्ध कराना सुधारात्मक प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। ‘निश्चय कार्यक्रम’ इसी उद्देश्य को साकार करने की दिशा में सार्थक पहल है।

गुप्ता ने कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में कंप्यूटर शिक्षा रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसरों का महत्वपूर्ण आधार बन गई है। कंप्यूटर प्रशिक्षण से बंदियों में डिजिटल साक्षरता, तकनीकी दक्षता और आत्मविश्वास का विकास होगा। वहीं महिला बंदियों को हेयर ड्रेसिंग एवं ब्यूटी पार्लर संबंधी प्रशिक्षण प्रदान करने से उन्हें रिहाई के पश्चात स्वरोजगार प्रारंभ करने और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने में सहायता मिलेगी।

उन्होंने कहा कि कौशल विकास केवल रोजगार प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्ति के आत्मसम्मान, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच को विकसित करने का भी सशक्त जरिया है। बंदियों को उपयोगी हुनर से जोड़कर उनके जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाना तथा उन्हें समाज की मुख्यधारा में सम्मानपूर्वक पुनर्स्थापित करना इस कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य है।

शिक्षा और हुनर से मजबूत होगी आत्मनिर्भरता की नींव

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जन शिक्षण संस्थान रायपुर के अध्यक्ष एवं सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी ठाकुर राम सिंह ने प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण करने वाले बंदियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि शिक्षा और कौशल विकास व्यक्ति को आत्मनिर्भर बनाने के साथ जीवन में नई संभावनाओं के द्वार खोलते हैं। तकनीकी ज्ञान एवं व्यावसायिक दक्षता के माध्यम से बंदी भविष्य में रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों का लाभ उठा सकेंगे।

जेलों को सुधार एवं पुनर्वास के केंद्र के रूप में विकसित करने की पहल

उल्लेखनीय है कि ‘निश्चय कार्यक्रम’ के माध्यम से बंदियों को शिक्षा एवं व्यावसायिक प्रशिक्षण से जोड़कर उनके व्यक्तित्व विकास, व्यवहार में सकारात्मक बदलाव और पुनर्वास के प्रयासों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। इस प्रकार के प्रशिक्षण से बंदियों को जेल में बिताए जा रहे समय का रचनात्मक उपयोग करने के साथ रिहाई के बाद आत्मनिर्भर जीवन की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर प्राप्त हो रहा है।

कार्यक्रम में केंद्रीय जेल रायपुर के अधीक्षक योगेश सिंह क्षत्री, जन शिक्षण संस्थान रायपुर के निदेशक अतुल सिंह तथा नेशनल स्किल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन, नई दिल्ली के छत्तीसगढ़-झारखंड स्टेट एंगेजमेंट ऑफिसर वैभव अग्रवाल विशेष रूप से उपस्थित रहे।


ग्रामीण युवाओं के लिए बड़ी खबर: अक्टूबर से शुरू होंगे DDU-GKY 2.0 के नए ट्रेनिंग बैच

No comments Document Thumbnail

नई दिल्ली- ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को रोजगारपरक कौशल प्रशिक्षण देने की दिशा में दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना (DDU-GKY) 2.0 के तहत नए प्रशिक्षण बैच अक्टूबर 2026 से शुरू किए जाएंगे। ग्रामीण विकास मंत्रालय के अनुसार, अधिकांश राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में योजना के नए बैच शुरू करने की तैयारी की जा रही है।

रोजगार के लिए युवाओं को मिलेगा कौशल प्रशिक्षण

DDU-GKY का उद्देश्य ग्रामीण युवाओं को विभिन्न क्षेत्रों में कौशल प्रशिक्षण देकर रोजगार के लिए तैयार करना है। योजना के तहत प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले युवाओं को उनकी योग्यता और बाजार की जरूरतों के अनुरूप रोजगार के अवसरों से जोड़ने पर जोर दिया जाता है।

नई व्यवस्था के तहत प्रशिक्षण पर जोर

DDU-GKY 2.0 के माध्यम से प्रशिक्षण व्यवस्था को और प्रभावी बनाने तथा युवाओं को उद्योग की जरूरत के अनुसार कौशल प्रदान करने पर ध्यान दिया जा रहा है। नए प्रशिक्षण बैचों के शुरू होने से ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं के लिए कौशल विकास और रोजगार के नए अवसर उपलब्ध होने की उम्मीद है।

अक्टूबर 2026 से शुरू होंगे नए बैच

मंत्रालय के अनुसार, अक्टूबर 2026 से अधिकांश राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में DDU-GKY 2.0 के नए प्रशिक्षण बैच शुरू किए जाएंगे। इससे ग्रामीण युवाओं को प्रशिक्षण के माध्यम से रोजगार की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।


Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.