Media24Media.com: #SameerchandraPradhan

Responsive Ad Slot


 

Showing posts with label #SameerchandraPradhan. Show all posts
Showing posts with label #SameerchandraPradhan. Show all posts

पूर्व प्राचार्य समीरचंद्र प्रधान ने प्राथमिक विद्यालय सलिहाभांठा के बच्चों को कराया न्योता भोज

No comments Document Thumbnail

57 बच्चों और 34 पालकों के साथ बैठकर किया भोजन, विज्ञान के रोचक प्रयोगों से दिया समय प्रबंधन और अनुशासन का संदेश

पटेवा- प्राथमिक विद्यालय सलिहाभांठा में पूर्व प्राचार्य समीरचंद्र प्रधान द्वारा बच्चों के उत्साहवर्धन और उनके साथ खुशियां साझा करने के उद्देश्य से न्योता भोज का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के 57 बच्चों और 34 पालकों को आमंत्रित कर स्वादिष्ट खीर-पूड़ी, फल एवं मिठाई परोसी गई। प्रधान ने बच्चों और पालकों के साथ एक ही पंक्ति में बैठकर भोजन किया और सभी को शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम की शुरुआत भोजन मंत्र के पश्चात एक बच्ची को अपने हाथों से फल खिलाकर की गई। इसके बाद प्रधान ने स्वयं बच्चों को भोजन परोसा। पालकों ने भी आयोजन में सहयोग किया और बच्चों के साथ बैठकर भोजन का आनंद लिया। आत्मीयता और अपनत्व से भरे इस आयोजन में बच्चे, पालक एवं शिक्षक काफी उत्साहित नजर आए।

विज्ञान के रोचक प्रयोगों से बच्चों को दिया सीखने का संदेश

न्योता भोज से पहले श्री प्रधान ने बच्चों की कक्षा में पहुंचकर 'हमारे जीवन में विज्ञान के चमत्कार' विषय पर रोचक चर्चा की। उन्होंने विभिन्न प्रयोगों के माध्यम से विज्ञान के सिद्धांतों को सरल और मनोरंजक तरीके से समझाया। साथ ही बच्चों को समय प्रबंधन, अनुशासन, नियमित दिनचर्या और व्यवस्थित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।

सिक्के को पानी में तैराने वाले प्रयोग के माध्यम से उन्होंने समझाया कि जिस प्रकार पानी में रखा कागज सिक्के को डूबने से बचाने में आधार का काम करता है, उसी प्रकार प्राथमिक शिक्षा भी आगे की शिक्षा का मजबूत आधार होती है। प्राथमिक स्तर पर जितनी मजबूत नींव तैयार होगी, भविष्य में सीखने और आगे बढ़ने की क्षमता उतनी ही सशक्त होगी।

इसी तरह दो गिलासों के बीच से कागज निकालने के प्रयोग में कक्षा चौथी की छात्रा राखी ने सफलतापूर्वक प्रयोग करके दिखाया। इस पर श्री प्रधान ने बच्चों को समझाया कि किसी भी कार्य को करने से पहले सोच-विचार करना, स्वयं से तर्क करना और सही निर्णय लेना सफलता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। जीवन में आगे बढ़ने के लिए सही सोच, तर्कशक्ति और आत्मविश्वास बेहद जरूरी हैं।

विद्यालय परिवार ने जताया आभार

पूर्व प्राचार्य प्रधान के इस आत्मीय प्रयास से बच्चों में काफी उत्साह देखने को मिला। विद्यालय परिवार एवं इको क्लब के बच्चों ने स्वादिष्ट न्योता भोज और ज्ञानवर्धक मार्गदर्शन के लिए उनका आभार व्यक्त किया। इस आयोजन ने बच्चों को न केवल सामूहिक भोजन और सहभागिता का आनंद दिया, बल्कि विज्ञान, शिक्षा, अनुशासन और जीवन मूल्यों की महत्वपूर्ण सीख भी दी।

कार्यक्रम में एसएमसी अध्यक्ष पिरीत राम साहू, पंचराम ध्रुव, भोजराम साहू, त्रिलोकी साहू, हेमलता साहू, देवकी सिन्हा, जिज्ञासा साहू, नीरा दीवान, कुसुमलता दीवान, लक्ष्मी साहू, बिंदा ध्रुव, बिसनी दीवान, प्रीति सिन्हा, हेमलता ध्रुव, अमरीका ध्रुव, उमठी बाई यादव, सुनीता दीवान, पिलेश्वर सिन्हा, अभिषेक दीवान, हेतराम ध्रुव, हरिशंकर निषाद, दल्लूराम यादव, गुलाब ध्रुव, संतुराम ध्रुव, डगेश्वर साहू, रामचरण यादव, खिलेश्वरी यादव सहित अन्य पालक उपस्थित रहे।

इसके अलावा गत वर्ष एकलव्य विद्यालय में चयनित पूर्व छात्रा रुखमणी एवं मुकेश तथा शिक्षक रामेश्वर ढीढी सहित विद्यालय के बच्चे और पालक बड़ी संख्या में मौजूद थे।

न्योता भोज के इस आयोजन ने शिक्षा के साथ संस्कार, विज्ञान के साथ तर्कशक्ति और सामूहिक सहभागिता के माध्यम से बच्चों के उज्ज्वल भविष्य का प्रेरक संदेश दिया।


Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.