नगरी- पीपला वेलफेयर फाउंडेशन के संयोजन और नगर पंचायत नगरी के तत्वावधान में रविवार को राजा बाड़ा में सप्त ऋषियों पर संगोष्ठी आयोजित हुई।
संगोष्ठी में श्रृंगी, अगस्त, अंगिरा, गौतम, मुचकुंद, शरभंग और कंक ऋषि के जीवन, तप और कथाओं पर विद्वानों ने प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि छत्तीसगढ़ ऋषियों की तपोभूमि रही है और यहां की ऋषि परंपरा को आने वाली पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी है।
कार्यक्रम में कैप्टन ओ.के. तिवारी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि अध्यक्षता नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा ने की। वरिष्ठ पुराविद् जी.एल. रायकवार, वरिष्ठ पत्रकार एवं फाउंडेशन के संरक्षक आनंदराम पत्रकार, आकाशवाणी-दूरदर्शन के उद्घोषक शशांक खरे, लोकेश्वर साहू तथा राज्यपाल पुरस्कृत शिक्षक महेन्द्र कुमार पटेल ने सप्त ऋषियों और छत्तीसगढ़ की ऋषि परंपरा पर अपने विचार व्यक्त किए।
संगोष्ठी में नगरी में सप्त ऋषियों की प्रतिमा स्थापित कर चौक का नाम सप्त ऋषियों के नाम पर रखने का प्रस्ताव रखा गया।
मुख्य अतिथि कैप्टन ओ.के. तिवारी ने कहा कि भारत ऋषि-मुनियों की भूमि है और हमारी संस्कृति को आगे बढ़ाना हम सबका दायित्व है। उन्होंने सप्त ऋषियों की प्रतिमाएं अपने व्यय से प्रदान करने की घोषणा की, जिस पर उपस्थित जनों ने करतल ध्वनि से उनका अभिनंदन किया।
वहीं नगर पंचायत अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा ने सभी अतिथियों के विचार और प्रस्ताव का स्वागत करते हुए जल्द से जल्द नगर के किसी चौक का चयन कर सप्त ऋषियों की प्रतिमा स्थापित करने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर नगर पंचायत के उपाध्यक्ष विकास बोहरा, मदन पटेल, ओमप्रकाश पटेल, नारायण पटेल, शैलेन्द्र कौशल, दुर्गा प्रजापति, दिनेश पटेल, हेमलाल सेन, रूपनारायण पटेल, नरेंद्र प्रजापति सहित बड़ी संख्या में प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे।


