Media24Media.com: #MakeInIndiaDefence

Responsive Ad Slot


 

Showing posts with label #MakeInIndiaDefence. Show all posts
Showing posts with label #MakeInIndiaDefence. Show all posts

रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ वर्ल्ड डिफेंस शो 2026 में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे

No comments Document Thumbnail

नई दिल्ली- रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ 8–9 फरवरी 2026 को सऊदी अरब के किंगडम में आयोजित होने वाले तीसरे वर्ल्ड डिफेंस शो (WDS) 2026 में भाग लेने के लिए एक उच्चस्तरीय भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे। इस वैश्विक रक्षा प्रदर्शनी में 700 से अधिक प्रदर्शकों और लगभग 400 आधिकारिक प्रतिनिधिमंडलों के शामिल होने की संभावना है। भारतीय प्रतिनिधिमंडल में रक्षा उत्पादन विभाग और सशस्त्र बलों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे।

भारत की भागीदारी के तहत रक्षा राज्य मंत्री वर्ल्ड डिफेंस शो में पहली बार भारत पवेलियन का उद्घाटन करेंगे। लगभग 400 वर्ग मीटर में फैले इस पवेलियन में रक्षा विनिर्माण और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में भारत की स्वदेशी क्षमताओं को प्रदर्शित किया जाएगा।

भारत पवेलियन में देश की प्रमुख सार्वजनिक क्षेत्र की रक्षा कंपनियाँ भाग लेंगी, जिनमें आर्मर्ड व्हीकल्स निगम लिमिटेड (AVNL), एडवांस्ड वेपन्स एंड इक्विपमेंट इंडिया लिमिटेड (AWEIL), म्यूनिशंस इंडिया लिमिटेड (MIL), भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (BEL), इंडिया ऑप्टेल लिमिटेड (IOL), भारत डायनेमिक्स लिमिटेड (BDL) और यंत्र इंडिया लिमिटेड (YIL) शामिल हैं। ये कंपनियाँ टैंक, आर्टिलरी गन सिस्टम, मिसाइलें, गोला-बारूद, रडार सहित अपने उन्नत उत्पादों का प्रदर्शन करेंगी।

WDS 2026 के दौरान, रक्षा राज्य मंत्री और उनके सऊदी अरब समकक्ष के बीच एक द्विपक्षीय बैठक भी प्रस्तावित है। इसके अलावा, संजय सेठ सऊदी अरब के प्रमुख औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात करेंगे, जिससे दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग और औद्योगिक साझेदारी को और मजबूत किया जा सके।

वर्ल्ड डिफेंस शो सऊदी अरब द्वारा आयोजित एक द्विवार्षिक अंतरराष्ट्रीय रक्षा प्रदर्शनी है। यह भारतीय रक्षा उद्योग के लिए रणनीतिक रूप से अत्यंत महत्वपूर्ण मंच है, जहाँ भारत की आत्मनिर्भर रक्षा पहल, उन्नत तकनीकों और विनिर्माण क्षमताओं को वैश्विक स्तर पर प्रदर्शित करने के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय रक्षा साझेदारियों को बढ़ावा मिलता है।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.