Media24Media.com: #KanjarGang

Responsive Ad Slot


 

Showing posts with label #KanjarGang. Show all posts
Showing posts with label #KanjarGang. Show all posts

रायपुर में 2 करोड़ की iPhone चोरी का खुलासा तेज, कंजर गिरोह के दो और सदस्य गिरफ्तार

No comments Document Thumbnail

 रायपुर। राजधानी रायपुर के मरीन ड्राइव स्थित एप्पल स्टोर में हुई करीब 2 करोड़ रुपये की चोरी के मामले में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। अंतरराज्यीय कंजर गिरोह के फरार चल रहे दो आरोपियों राज झाला और राजेश लोधी को पुलिस ने मध्यप्रदेश के देवास से गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की दो एप्पल वॉच और एक एयरपॉड बरामद किया गया है। इस कार्रवाई के बाद मामले में अब तक कुल चार आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।


पुलिस के मुताबिक, 31 अक्टूबर और 1 नवंबर 2026 की दरम्यानी रात मरीन ड्राइव स्थित आई नैक्स्ट इनोवेशन प्राइवेट लिमिटेड के एप्पल स्टोर को निशाना बनाया गया था। चोरों ने दुकान का शटर उठाकर अंदर प्रवेश किया और 173 आईफोन समेत एप्पल वॉच, हेडफोन और एयरपॉड चोरी कर लिए थे। चोरी गए इलेक्ट्रॉनिक सामान की कुल कीमत करीब 2 करोड़ रुपये आंकी गई थी। वारदात के दौरान आरोपियों ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी चोरी कर लिया था।

घटना के बाद स्टोर के संचालक ऋषभ डागा ने 1 नवंबर को तेलीबांधा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने अपराध क्रमांक 487/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4) और 305 में मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

पहले सरगना समेत दो आरोपी हो चुके हैं गिरफ्तार

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और तेलीबांधा पुलिस की संयुक्त टीम बनाई गई थी। जांच के दौरान पुलिस ने अंतरराज्यीय कंजर गिरोह की संलिप्तता का पता लगाया। इससे पहले गिरोह के सरगना राजेश झाला और उसके साथी समेत चोरी के आईफोन खपाने वाले बड़वानी निवासी सफान खान को गिरफ्तार किया जा चुका है।

पुलिस ने पूर्व कार्रवाई में आरोपियों के कब्जे से 125 आईफोन और वारदात में इस्तेमाल एक दोपहिया वाहन जब्त किया था। जब्त सामान और वाहन की कुल कीमत करीब 1 करोड़ 50 लाख रुपये बताई गई थी।

लगातार बदल रहे थे ठिकाने, देवास में पुलिस ने दी दबिश

पुलिस के अनुसार, वारदात में शामिल फरार आरोपियों की तलाश लगातार की जा रही थी। इस दौरान पता चला कि राज झाला और राजेश लोधी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहे थे। पुलिस टीम ने मध्यप्रदेश में संभावित स्थानों पर दबिश दी और आखिरकार दोनों को देवास जिले से गिरफ्तार कर लिया।

दोनों आरोपियों के पास से चोरी की दो एप्पल वॉच और एक एयरपॉड बरामद हुआ है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर चोरी के बाकी सामान और गिरोह के अन्य सदस्यों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.