Media24Media.com: #IndiaMozambiqueFriendship

Responsive Ad Slot


 

Showing posts with label #IndiaMozambiqueFriendship. Show all posts
Showing posts with label #IndiaMozambiqueFriendship. Show all posts

आईएनएस सावित्री मोज़ाम्बिक के पोर्ट बेइरा पहुंचा, भारत-मोज़ाम्बिक नौसेनाओं के बीच सहयोग को करेगा मजबूत

No comments Document Thumbnail

भारतीय नौसेना का ऑफशोर पेट्रोल पोत (OPV) आईएनएस सावित्री हिंद महासागर क्षेत्र (IOR) में अपनी तैनाती के हिस्से के रूप में मोज़ाम्बिक के पोर्ट बेइरा पहुँचा। पोत का स्वागत मोज़ाम्बिक नौसेना के कर्मियों द्वारा गर्मजोशी और औपचारिकता के साथ किया गया, जो दोनों देशों के गहरे ऐतिहासिक संबंधों और सशक्त समुद्री सहयोग को दर्शाता है।

अपनी यात्रा के दौरान, दोनों नौसेनाओं के कर्मी संयुक्त प्रशिक्षण और पेशेवर आदान-प्रदान में भाग लेंगे, जिनका उद्देश्य पारस्परिक सहयोग और भविष्य की संयुक्त तैनातियों के लिए इंटरऑपरेबिलिटी को बढ़ाना है। प्रशिक्षण सत्रों में नेविगेशन, विशेष आर्थिक क्षेत्र (EEZ) निगरानी, VBSS अभ्यास, क्षति नियंत्रण और अग्निशमन अभ्यास पर चर्चा और व्यावहारिक अनुभव शामिल होंगे।

पोत की सामुदायिक पहुंच गतिविधियों के तहत, आईएनएस सावित्री स्थानीय नागरिकों के लिए ओपन शिप विजिट आयोजित करेगा, जिससे उन्हें भारतीय नौसेना की परिचालन क्षमताओं और समृद्ध समुद्री परंपराओं को जानने का अवसर मिलेगा। इसके अलावा, स्थानीय समुदाय के लिए निःशुल्क चिकित्सा शिविर भी आयोजित किया जाएगा, जिससे मित्रता और सद्भावना के संबंध और मजबूत होंगे।

यात्रा का समापन संयुक्त योग सत्रों और फुटसाल (इनडोर फुटबॉल) जैसे मैत्रीपूर्ण खेल मुकाबलों के साथ होगा, जिससे दोनों नौसेनाओं के कर्मियों के बीच सौहार्द और टीम भावना को प्रोत्साहन मिलेगा।

यह बंदरगाह यात्रा हिंद महासागर क्षेत्र में भारत की भूमिका को एक विश्वसनीय और प्राथमिक सुरक्षा साझेदार (Preferred Security Partner) के रूप में पुनः स्थापित करती है।

Don't Miss
© Media24Media | All Rights Reserved | Infowt Information Web Technologies.